टीम एबीएन, रांची। देश के 77वें गणतंत्र दिवस पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन, रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन, मारवाड़ी सहायक समिति तथा अग्रवाल सभा के तत्वावधान में विभिन्न स्थानों पर गरिमामय ढंग से झंडोत्तोलन एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर समाज के गणमान्य पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय कार्यालय मारवाड़ी भवन, रांची में प्रांतीय वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार एवं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सज्जन पाड़िया ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
वहीं मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने भी मारवाड़ी भवन परिसर में ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके अतिरिक्त अग्रवाल सभा के अध्यक्ष प्रमोद कुमार अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन भवन में झंडोत्तोलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। झंडोत्तोलन के पश्चात सभी अध्यक्षों ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर अपने-अपने विचार व्यक्त किये।
वक्ताओं ने कहा कि 26 जनवरी केवल एक तिथि नहीं, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों का प्रतीक है। उन्होंने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गयी।
मौके पर बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिनमें उन्हें गिफ्ट, मिठाइयां एवं टॉफियां वितरित की गयीं। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया अग्रवाल सभा द्वारा महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित रक्तदान शिविर इस समारोह का विशेष आकर्षण रहा।
शिविर में कुल 50 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इसमें भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रमों में समाज के वरिष्ठ सदस्य, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लिया। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम तेजी से बदल रहा है। बीते कुछ दिनों से दोपहर के समय तेज धूप निकलने लगी है, जिससे ठंड का असर काफी कम हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में कड़ाके की सर्दी अब लगभग खत्म हो चुकी है।
राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 16 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है। आज सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर बने रहने की संभावना है, जिससे ठंड से राहत बनी रहेगी।
रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला और बोकारो में आज अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच बना रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इन इलाकों में ठंड से काफी हद तक राहत मिलेगी।
दक्षिणी झारखंड के जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान भी 16 डिग्री तक रहने की संभावना है, जिससे शाम के समय भी ठंड ज्यादा महसूस नहीं होगी।
उत्तर-पूर्वी झारखंड में तापमान 28 से 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान 30 डिग्री तक जा सकता है। फिलहाल झारखंड में ठंड से राहत मिल चुकी है। अब हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में स्वेटर पहनने की जरूरत भी नहीं पड़ रही है।
टीम एबीएन, रांची। ब्रज किशोर नेत्रहीन बालिका विद्यालय में गणतंत्र दिवस बना आत्मबल, समानता और सम्मान का प्रतीक गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ब्रज किशोर नेत्रहीन बालिका विद्यालय, बड़गई, रांची के प्रांगण में एक ऐसा आयोजन संपन्न हुआ, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि राष्ट्र की सच्ची शक्ति बाहरी दृष्टि में नहीं, बल्कि आंतरिक चेतना, अनुशासन और आत्मसम्मान में निहित होती है।
कार्यक्रम की शुरुआत नेत्रहीन बालिकाओं द्वारा अनुशासित एवं आत्मविश्वास से भरे मार्च पास्ट तथा ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगे के आरोहण के साथ गूंजता राष्ट्रगान पूरे परिसर को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर गया। इसके उपरांत प्रस्तुत किये गये।
देशभक्ति गीत, कविताएं और सांस्कृतिक नृत्य न केवल मनोरंजक थे, बल्कि संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और गरिमा के मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर रहे थे। इस गरिमामय आयोजन को विद्यालय की निदेशक नीलू वर्मा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूम में रूपेश रजक भी उपस्थित रहे। कार्यवाहक प्रधानाचार्य संजय के नेतृत्व में कार्यक्रम का सुचारु संचालन हुआ।
प्रधान अध्यापिका रेणु ने अपने संबोधन में बच्चों के आत्मबल और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि ये बालिकाएं समाज के लिए प्रेरणा हैं। विद्यालय की छात्रावास वार्डन तारा की देखरेख में बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। शिक्षिकाएं आरती एवं बसु ने बच्चों को हर गतिविधि में मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के समन्वय में समन्वयक एवं शिक्षिका रीटिका जैन की भूमिका महत्वपूर्ण रही, जबकि संगीत शिक्षिका परिक्रमा साहू के निर्देशन में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत प्रभावशाली रहे। विद्यालय के सहयोगी स्टाफ प्रभुराम (गार्ड), रामअवतार (ड्राइवर) एवं बिंदा (हेल्पर एवं गार्ड) ने भी पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस को कैरव गांधी अपहरण मामले में बड़ी सफलता मिली है। जमशेदपुर एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम को यह सफलता एनएच- 19 पर एक स्थान से मिली है।
पुलिस ने अहले सुबह करीब 4.30 बजे सुरक्षित अपहृत कारोबारी कैरव को बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। इसकी पुष्टि करते हुए एसएसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि पुलिस अपराधियों की धर पकड़ के लिए प्रयासरत है। फिलहाल कारोबारी कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
जमशेदपुर में पहली बार पहुंची झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शहर की विधि-व्यवस्था के विभिन्न रूटों पर भौतिक निरीक्षण किया।
इस दौरान डीजीपी ने 14 दिनों से लापता उद्यमी पुत्र कैरव गांधी के अपहरण स्थल का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल पर अधिकारियों से जांच का अपडेट लिया। उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए थे।
टीम एबीएन, रांची। गणतंत्र दिवस के मौके पर झारखंड सरकार ने राज्य की लड़कियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का बड़ा कदम उठाने की घोषणा की है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू में आयोजित मुख्य समारोह में बताया कि राज्य की सभी लड़कियों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि इस योजना का प्रस्ताव पहले ही तैयार कर लिया गया है और इसे लागू करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा जाएगा। उन्होंने बताया कि बिहार समेत अन्य राज्यों में इस तरह की योजना सफल रही है और झारखंड में भी इसे लागू करने की तैयारी है।
साथ ही, राधाकृष्ण किशोर ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सम्मान की बात भी कही। उन्होंने कहा कि गुरु को पद्म विभूषण दिया जाना गर्व की बात है, लेकिन उन्हें भारत रत्न मिलने चाहिए। इस संबंध में झारखंड विधानसभा पहले ही केंद्र को प्रस्ताव भेज चुकी है।
धान की खरीद प्रक्रिया को लेकर मंत्री ने चिंता जताई और जिला प्रशासन को पड़ोसी राज्यों और मिल मालिकों से समन्वय कर काम तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पलामू क्षेत्र की विशेष केंद्रीय सहायता रोक दी है, जिसे दोबारा शुरू किया जाना चाहिए। वित्त मंत्री ने झारखंड की कृषि स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य में कुल 24 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि है, लेकिन केवल 12 लाख हेक्टेयर में ही सिंचाई की सुविधा है।
पलामू क्षेत्र की औसत आय 60-65 हजार रुपये है, जिसे बढ़ाना जरूरी है। गणतंत्र दिवस समारोह पलामू पुलिस स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां वित्त मंत्री ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, डीआईजी किशोर कौशल, डीसी समीरा एस, एसपी रीष्मा रमेशन और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
टीम एबीएन, रांची। अगर आप 27 जनवरी को किसी काम से बैंक जाने का प्लान कर रहे हैं, तो पहले ये जान लें कि कहीं आपका भी बैंक मंगलवार को बंद तो नहीं है।
बैंक कर्मचारियों की यूनियनों ने अपनी लंबे समय से लंबित 5-डे वर्क वीक की मांग को लेकर 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल का आह्वान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने किया है। ऐसे में देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
यूनियनों की मुख्य मांग है कि बैंकों में भी सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की व्यवस्था लागू की जाए। यूएफबीयू का कहना है कि मार्च 2024 में भारतीय बैंक संघ के साथ हुए वेतन संशोधन समझौते में सभी शनिवारों को छुट्टी देने पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। इसी देरी के विरोध में बैंक कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं।
वर्तमान में बैंक कर्मचारियों को हर महीने दूसरे और चौथे शनिवार को ही छुट्टी मिलती है। इसके अलावा बाकी शनिवारों में बैंकों में कामकाज होता है, जिससे महीने में दो हफ्ते कर्मचारियों को छह दिन काम करना पड़ता है। यूनियनों का कहना है कि यह व्यवस्था अब समय के साथ उचित नहीं रह गई है।
इस हड़ताल में देशभर के सभी प्रमुख सरकारी बैंक शामिल होंगे, जिनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, इंडियन बैंक सहित अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक शामिल हैं। कई शहरों में पहले से ही बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं और चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयुक्त, पलामू प्रमंडल, पुलिस महानिरीक्षक, पलामू प्रक्षेत्र एवं पुलिस उप महानिरीक्षक, पलामू क्षेत्र पलामू के संयुक्त कार्यालय भवन परिसर में पुलिस महानिरीक्षक, पलामू प्रक्षेत्र पलामू शैलेंद्र कुमार सिन्हा राष्ट्रीय ध्वज फहराये।
मौके पर पुलिस महानिरीक्षक किशोर कौशल, पलामू की उपायुक्त समीरा एस, पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा सहित प्रमंडलीय प्रशासन, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारीगण एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिमी सिंहभूम। जिले में 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामला जिले के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत कराईकेला पुलिस थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि रविवार रात डेढ़ दो बजे चारों युवा एक ही बाइक में सवार थे जिसमें दो युवतियां भी थीं। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ट्रक से आगे निकलना चाह रहे थे जिससे दोनों की आपस में टक्कर हो गई। घटना में सभी बाइक सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के केरा में एक दूसरी दुर्घटना भी हुई, जिसमें एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सड़क पर खड़े व्यक्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल व्यक्ति को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse