झारखंड

View All
Published / 2026-03-26 20:58:23
मजदूरों पर हो रहे शोषण को इंटक यूनियन नहीं करेगा बर्दाश्त : आलोक साहू

हिंडालको कंपनी को प्रशासन का कोई डर नहीं, हिंडालको मानवता को शर्मसार कर रहा है 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। हिंडालको द्वारा संचालित लोहरदगा डंपिंग यार्ड में कल एक मजदूर बिंदेश्वर लोहरा का काम के दौरान मौत हो गयी थी। इसकी जानकारी मिलते ही इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के जिलाध्यक्ष आलोक साहू आज हेसल डंपिंग यार्ड पहुंचकर पार्थिव शरीर को नमन करते हुए इंटक की ओर से गहरी संवेदना प्रकट किये। 

मौके पर वहां पर उपस्थित मजदूरों ने बताया कि कल 11 बजे बिंदेश्वर लोहरा का डंपिंग यार्ड में मौत हो गयी, लेकिन 24 घंटा बीत जाने के बावजूद अभी तक मृतक के परिजनों को समुचित मुआवजा एवं अन्य सुविधा दिलाने हेतु हिंडालको कंपनी से कोई पहल नहीं किया है। मजदूर का बॉडी अभी डंपिंग यार्ड में ही मौजूद है।

साथ ही मजदूरों ने बताया कि यहां कंपनी द्वारा मजदूरों को कोई सुविधा नहीं मिलता ना मजदूरों के लिए शेड निर्माण कराया गया है न ही मेडिकल, पेयजल, हेलमेट ग्लास, गुड़, शौचालय की व्यवस्था है। मौके पर इंटक अध्यक्ष आलोक कुमार साहू ने कहा कि मजदूरों के ऊपर हो रहे शोषण को इंटक यूनियन बर्दाश्त नहीं करेगा। 

मजदूर का लाश अभी डंपिंग यार्ड में पड़ा है लेकिन हिंडालको कंपनी समुचित मुआवजा दिलाने के लिए कोई पहल नहीं कर रही है जो मानवता को शर्मसार करने वाला है। श्री साहू ने मजदूरों के समक्ष से ही लोहरदगा उपायुक्त से वार्ता कर कहा कि हिंडालको ने अभी तक मजदूर का मुआवजा दिलाने की कोई पहल नहीं कर तानाशाह बनी हुई है। 

प्रशासन का कोई डर हिंडालको कंपनी को नहीं है। उन्होंने शीघ्र मजदूर के परिवारों को समुचित मुआवजा दिलाने की मांग की। साथ ही श्री साहू ने अनुमंडल पदाधिकारी, श्रम अधिकारी लोहरदगा एवं हिंडालको पदाधिकारी से भी वार्ता कर मामला को शीघ्र समाधान करने को कहा। श्री साहू ने कहा कि डंपिंग यार्ड में कोई सुविधा मजदूरों को नहीं दिया जा रहा है। 

रामनवमी पूजा के बाद इंटक यूनियन मजदूरों से मिलकर उनकी समस्याओं का निदान करने का प्रयास करेगा। उपायुक्त ने श्री साहू को बताया कि हिंडालको सारी हठधर्मिता पार कर गयी है। हिंडाल्को मामला को नहीं निपटारा करता है तो हिंडालको पर प्राथमिकी भी दर्ज करवाया जायेगा। मौके पर कांग्रेस नेता रफीक अंसारी सहित काफी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।

Published / 2026-03-26 20:57:15
वर्तमान हालात के मद्देनजर केंद्र सरकार पर भड़के लोहरदगा सांसद

संकट है तो सच बताइये, देश को गुमराह करना बंद कीजिये : सुखदेव भगत 

न समय-सीमा, न रोडमैप... आखिर सरकार छुपा क्या रही है? 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, दिल्ली/लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने राष्ट्रीय संकट की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुई घटना के समय पूरा देश और विपक्ष सरकार के साथ मजबूती से खड़ा था, लेकिन वर्तमान हालात में सरकार की कार्यशैली गंभीर सवालों के घेरे में है। 

सांसद भगत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश आज एक बड़े संकट का सामना कर रहा है, बावजूद इसके सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि कोई संकट नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि मिडल ईस्ट में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के मुद्दे पर सरकार ने अब तक कोई तय समय-सीमा क्यों नहीं बतायी है। उनके अनुसार, जमीनी स्थिति और सरकारी दावों में स्पष्ट अंतर दिखाई दे रहा है, जो चिंताजनक है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर कोई ठोस योजना सामने नहीं रख पा रही है। संकट के समय पारदर्शिता और स्पष्ट रणनीति बेहद जरूरी होती है, लेकिन सरकार इस दिशा में विफल नजर आ रही है। सुखदेव भगत ने कहा कि देश के नागरिक हमेशा देश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते हैं और हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन उन्हें सच्चाई से अवगत कराना सरकार की जिम्मेदारी है। 

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार को अपनी अल्पकालिक नीति, जिसमें तत्काल उठाये जाने वाले कदम शामिल हों, और दीर्घकालिक रणनीति, जिसमें देश को आगे किस दिशा में ले जाना है, दोनों को स्पष्ट रूप से जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने अंत में कहा कि देश के सामने वास्तविक स्थिति प्रस्तुत करना समय की मांग है, ताकि लोग सही जानकारी के आधार पर स्थिति को समझ सकें और सरकार के साथ मजबूती से खड़े रहें।

Published / 2026-03-26 20:55:18
लोहरदगा : मजदूर के परिजनों ने मांगा उचित मुआवजा

छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन (इंटक) के प्रयास से हेसल डंपिंग यार्ड में मृत मजदूर विंदेशर लोहार के परिजनों को मिला उचित मुआवजा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। यूनियन के अध्यक्ष निशिथ जायसवाल की पहल और जिला प्रशासन के सहयोग से प्रबंधन ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। मुआवजा राशि अध्यक्ष निशिथ जायसवाल के हाथों परिजनों को दिलायी गयी, जिससे परिवार को कुछ राहत मिली। 

मौके पर अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करना यूनियन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी मजदूर के साथ दुर्घटना होने पर प्रबंधन को तुरंत जिम्मेदारी लेते हुए उचित मुआवजा देना चाहिए। 

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में अगर किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो यूनियन आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। परिजनों ने यूनियन और अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही उन्हें न्याय मिल सका। इस घटना के बाद क्षेत्र के मजदूरों में भी यूनियन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

Published / 2026-03-26 18:10:36
महासप्तमी पर नवयुवक मोटिया संघ ने किया गया अस्त्र शस्त्र चालन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

युवा शक्ति ही राष्ट्र की ताकत है: श्रद्धा केरकेट्टा (एसडीपीओ) 

प्रभु श्रीराम का जीवन हमें कर्तव्य, एकता और साहस की प्रेरणा देता है : निशीथ जायसवाल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। रामनवमी महासप्तमी के पावन अवसर पर नवयुवक मोटिया संघ बरवाटोली द्वारा भव्य अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, विशिष्ट अतिथि डॉ. गणेश प्रसाद, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, केंद्रीय महावीर मंडल के अध्यक्ष विपुल तमेड़ा, लोहरदगा सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, दीपक जायसवाल, विशाल डुंगडुंग, निश्चय वर्मा, रितेश कुमार, योगी सेना अध्यक्ष प्रवीण ठाकुर एवं कुमार अभिषेक सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रामभक्तों, अखाड़ा समितियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा बरवाटोली क्षेत्र राममय माहौल में डूबा नजर आया। कार्यक्रम का मंच संचालन अजय कुमार प्रजापति जी ने किया। 

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं समस्त अतिथियों ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ की। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने स्वर्गीय प्राण प्रसाद जायसवाल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया और उनके सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को याद किया। आयोजन स्थल पर पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र चालन, बाजा और अखाड़ों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। युवाओं ने अनुशासन और साहस के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए रामनवमी की परंपरा को जीवंत कर दिया। 

प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए सबसे पहले समय पर उपस्थित होकर अनुशासन का परिचय देने वाले महादेव टोली अखाड़ा को 5100 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में नवयुवक संघ सेरेंगहातू तोड़ार ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 21000 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप अपने नाम किया। द्वितीय स्थान बाबा अंबेडकर नगर को 15000 रुपये का नगद पुरस्कार तथा तृतीय स्थान शिव मंदिर बरवाटोली को 7100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप देकर सम्मानित किया गया। 

जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता में रघुनंदन लेन नारी सेना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 7100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप हासिल किया, जबकि दुर्गा वाहिनी बाबा अंबेडकर नगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप प्राप्त किया। बाजा प्रतियोगिता में शास्त्री चौक को प्रथम स्थान मिलने पर एक नगाड़ा तथा बाबा अंबेडकर नगर को द्वितीय स्थान मिलने पर एक ढोलक देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी। 

मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि रामनवमी जैसे पावन पर्व पर इस प्रकार के पारंपरिक आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही समाज की असली ताकत है और ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से शांति, अनुशासन और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की तथा मोटिया संघ के प्रयासों की सराहना की। 

विशिष्ट अतिथि डॉ. गणेश प्रसाद एवं अन्य अतिथियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं में ऊर्जा एवं संस्कार का संचार करते हैं। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नवयुवक मोटिया संघ के अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों एवं रामभक्तों का स्वागत करते हुए कहा कि रामनवमी का महा त्योहार हम सभी के लिए आस्था, अनुशासन और एकता का प्रतीक है। 

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समाजसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने पूजनीय पिता स्वर्गीय प्राण प्रसाद जायसवाल को याद करते हुए कहा कि इस आयोजन की नींव उन्हीं ने रखी थी और उनके सामाजिक कार्य आज भी हमें प्रेरित करते हैं। मोटिया संघ के सभी साथियों के सहयोग से यह आयोजन लगातार भव्य रूप ले रहा है और आने वाले समय में इससे भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 

कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा रामनवमी महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अखाड़ा समितियों, अतिथियों, युवाओं जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मौके पर नवयुवक मोटीया संघ के महासचिव रंजीत महली उर्फ गोलू, उदय नायक, विनोद, सुरेंद्र नायक शुभम नायक, मोनू आदि लोग उपस्थित थे।

Published / 2026-03-26 18:06:26
रांची : डीएवी कपिलदेव में दिखा संस्कार, शिक्षा और संवाद का समन्वय

डीएवी कपिलदेव में चार दिवसीय अभिभावक उन्मुखीकरण का सफल समापन 

टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल, कडरू, रांची में नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए आयोजित चार दिवसीय उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधुनिक शिक्षण-पद्धति तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की योजनाओं से अवगत कराना था। 

समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी एमके सिन्हा ने शिक्षा के साथ संस्कारों एवं मानवीय मूल्यों के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने गायत्री मंत्र के गूढ़ अर्थ को सरल शब्दों में समझाते हुए इसे बच्चों के बौद्धिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि डीएवी परंपरा वैदिक आदर्शों और आधुनिक शिक्षा का अद्भुत संगम है, जो विद्यार्थियों को केवल सफल ही नहीं, बल्कि एक श्रेष्ठ इंसान बनने की दिशा में प्रेरित करती है। 

प्राचार्य ने शिक्षक की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदाता नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण के मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाये रखें, उनके साथ समय बितायें तथा उनके अध्ययन, मित्रों और दिनचर्या पर ध्यान दें। साथ ही पंचतंत्र की प्रेरक कहानियों के माध्यम से नैतिक मूल्यों का संचार करने एवं बच्चों को बड़ों का सम्मान करना सिखाने पर जोर दिया। 

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों द्वारा पाठ्यक्रम, मूल्यांकन प्रणाली, अनुशासन एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गयी। संवाद सत्र में शिक्षिका जयीता नियोगी, ज्योति कुमारी, मंजु राणा,नागेंद्र झा,संजय सिंह, विशाल द्विवेदी, जीवन कुमार सिंह एवं सुभाष महतो ने अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। मौके पर वरिष्ठ शिक्षक एसके राणा, डॉ एन के पांडेय एवं काकोली दत्ता सहित अन्य शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। 

अभिभावकों ने इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की। यह आयोजन विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच सशक्त समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी आलोक इंद्रगुरु ने दी। 

Published / 2026-03-25 21:23:59
आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति में लायें सुधार : कमिश्नर

  • आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति में लायें सुधार : कमिश्नर
  • बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने व स्वच्छता सुनिश्चित करने के दिये सख्त निर्देश
  • प्रमंडलीय आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, समस्याओं पर हुई सख्त 
  • आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंगरा कला में अनुपस्थित मिले स्वास्थ्य कर्मी

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। आंगनबाड़ी केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना का हिस्सा है। इसके माध्यम से बच्चों को शिक्षा और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को मजबूत किया जाता है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही न केवल कर्तव्यहीनता है, बल्कि यह समाज के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। पलामू प्रमंडल के आंगनबाड़ी केन्द्रों की बदहाल स्थिति व कमियों को दूर करने के लिए सेविका, सहायिका, सीडीपीओ और पर्यवेक्षिका को जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता है।  

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी भी समय-समय पर केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरूस्त करने संबंधी कार्य करवाने में अपनी भूमिका निभाएं। यह बातें प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने कही। आयुक्त आज शहरी क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा ले रहीं थी।
आयुक्त ने हमीदगंज-1, हमीदगंज-3, न्यू एरिया हमीदगंज-3, सिंगरा खुर्द टांड़ पर एवं सिंगरा कला आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने पाया कि कई आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पहचान हेतु बोर्ड तक नहीं लगे हैं, जिससे केन्द्रों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल सभी केंद्रों पर स्पष्ट एवं मानक के अनुरूप बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा कई केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई। इसपर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है, लेकिन कम उपस्थिति इस उद्देश्य को प्रभावित कर रही है। उन्होंने सेविका एवं सहायिका को अपने-अपने पोषक क्षेत्र में अवस्थित घरों में लोगों से संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान बच्चों की साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पायी गयी। इसपर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने केन्द्रों में नियमित साफ-सफाई, बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता एवं पोषण आहार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र की सेविका एवं सहायिका के बीच बेहतर तालमेल व समन्वय बनाकर बच्चों एवं महिलाओं के हित में कार्य करना सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। 
आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित पर्यवेक्षिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को प्रत्यक्ष स्थिति की ओर इंगित करते स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी ही स्थिति पाई गई, तो संबंधित सेविका एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।

आयुक्त ने पदाधिकारियों को अपने अधीन के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित भ्रमण एवं प्रवेक्षण सुनिश्चित करने तथा कमियों को शीघ्र दूर करने की व्यवस्था करने का सख्त निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उपस्थित बच्चों से बातचीत की और उनके बीच टॉफी और बिस्किट का वितरण कर पढ़ाई के प्रति उनका हौसला बढ़ाया। 

सिंगरा कला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान इसी भवन में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 11 बजे तक कोई भी स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित नहीं पाया गया। आयुक्त ने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी देते हुए कार्य में तत्परता बरतने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण. पदाधिकारी नीता चौहान एवं समाज कल्याण से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Published / 2026-03-25 21:21:13
जनता की समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करें : आयुक्त

  • जनता को समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करें : आयुक्त
  • राजस्व संग्रहण में लायें तेजी
  • आयुक्त ने सदर अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज मेदिनीनगर सदर अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दाखिल-खारिज मामलों की अद्यतन स्थिति की विस्तार से जानकारी ली और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

आयुक्त ने कार्यालय में संधारित विभिन्न अभिलेखों एवं पंजियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने आगत-निर्गत पंजी, गार्ड फाइल, रोकड़ बही सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। साथ ही सब्सिडयरी कैश बुक की जानकारी ली।उन्होंने पंजियों एवं अभिलेखों की सुव्यवस्थित संधारण पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी रिकॉर्ड अद्यतन, पारदर्शी एवं व्यवस्थित होने चाहिए, ताकि किसी भी स्तर पर प्रशासनिक कार्य में बाधा उत्पन्न नहीं हो।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आम जनता से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से और निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादित करने, जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी जागो महतो उपस्थित थे। 

Published / 2026-03-25 21:16:15
रामनवमी में बाल सखा मंडल निकालेगी भव्य शोभायात्रा

  • रामनवमी में बाल सखा मंडल निकालेगी भव्य शोभायात्रा

टीम एबीएन, रांची। मर्यादा पुरुषोत्तम राजा श्री रामचन्द्र के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर राजस्थान मित्र मंडल की इकाई बाल सखा मंडल द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी। शोभायात्रा यात्रा में 25 सदस्यीय ताशा पार्टी टीम विशेष रूप से बरही से बुलाया गया है जो अपने अद्भुत अंदाज में अपनी प्रस्तुति देंगे।

बाल सखा मंडल प्रत्येक वर्ष रामनवमी पर्व अवसर में भव्य शोभायात्रा, सदस्यों की टोली, महिला  बहनों साथियों एवं युवा साथी परंपरागत राजस्थानी भेष परिवेश में,  साथ ही विशाल झांकी जिसमे आदि योगी के रूप एवं सालासर बालाजी महाराज जी की दो झाकियां निकाली जायेगी। 

उपरोक्त जानकारी प्रवक्ता मनोज बजाज ने देते हुए कहा कि बाल सखा मंडल के पदाधिकारीगण जिसमें मुख्य संरक्षक अशोक पुरोहित, संरक्षक अंकित शर्मा, मुख्या सलाहकार किशन शर्मा, मानु शर्मा, अध्यक्ष रौशन सिंह, संस्थापक शशांक शर्मा, मंत्री आदित्य शर्मा, संयोजक  नमन चांगल, उपमंत्री हिमांशु खेतान, उपाध्यक्ष निशांत चौधरी, शुभम पुरोहित, आकाश शर्मा (बाबा), आकाश शर्मा, अभिषेक शर्मा, प्रतीक शर्मा, अंशु जयसवाल, प्रभात प्रभाकर, यश डिडवानिया, आयुष शर्मा, सहमंत्री कुणाल शर्मा, मयंक शर्मा, शैलेश चौधरी, करन तिवारी, गोलू तिवारी, प्रवक्ता मनोज बजाज लगे हुए हैं। विदित हो कि अष्टमी को झांकी प्रतियोगिता में भी बाल सखा मंडल भाग लेती है। उक्त जानकारी मुख्य संरक्षक अशोक पुरोहित ने दी।

Page 71 of 1652

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse