झारखंड

View All
Published / 2026-05-11 20:38:38
जमशेदपुर : रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी ने पत्नी, गर्भवती बेटी और जवान बेटे को मौत के घाट उतारा

जमशेदपुर में खूनी खेल 

जमशेदपुर दहला, आरोपी बोला -हम इन सबको मार दिए हैं 

हत्या कर घर के कमरे में बैठा था आरोपी रवींद्र प्रसाद सिंह 

घर से कुल्हाड़ी और हथौड़ा बरामद 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जमशेदपुर के एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या एल-3/13 में सोमवार सुबह हुए दिल दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी रवींद्र प्रसाद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी सरिता प्रसाद सिंह, गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह और बेटे आइटी प्रोफेशनल बेटे रविकेश सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। 

पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल एक कुल्हाड़ी नुमा हथियार और हथौड़ा बरामद किया गया है। जमशेदपुर के एएसपी ऋषभ द्विवेद्वी ने घटना स्थल का मुआयना करने के पश्चात बताया कि शुरूआती जांच में पता चला है कि घटना के वक्त पत्नी रसोई में थी, जबकि बेटी और बेटा सो रहे थे। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब घर में गैस चूल्हा चालू था, जिसे बाद में बंद कराया गया।

एएसपी ने बताया कि मृतका सुप्रिया सिंह की शादी करीब छह माह पूर्व हुई थी और वह गर्भवती थीं। इसकी पुष्टि उनके पति ने भी की है। वहीं बेटा रविकेश सिंह टीसीएस में कार्यरत था। आरोपी रवींद्र प्रसाद सिंह एक माह पूर्व ही टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। एएसपी ऋषभ द्विवेद्वी के मुताबिक आरोपी खुद को मानसिक रोगी बता रहा है और फिलहाल किसी सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है। 

घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह परिवार के फोन नहीं उठाने पर रिश्तेदारों और पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने पीछे की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया तो अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। तीनों के शव खून से लथपथ पड़े थे, जबकि आरोपी घर के अंदर मौजूद था। पुलिस ने घर से सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, लेकिन सभी मोबाइल लॉक हैं। आरोपी पासवर्ड बताने से इनकार कर रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल डेटा से हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकती है। 

तुमलोग जाओ, हम इन सबको मार दिये हैं... 

पड़ोसी गंगाधर पांडेय ने बताया कि सुबह आरोपी की बेटी का फोन आया था कि घर में कोई फोन नहीं उठा रहा है। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई बाहर नहीं निकला तो वे लोग पीछे की दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। अंदर जाते ही रवींद्र सिंह ने कहा — तुमलोग जाओ, हम इन सबको मार दिये हैं, अंदर मत आओ। यह सुनकर सभी के होश उड़ गये। 

ऐसे व्यक्ति को नरक में भी जगह नहीं मिलेगी : पूर्णिमा साहू, विधायक 

घटनास्थल पर पहुंची जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी गर्भवती बेटी तक की हत्या कर दे, उसके लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोपी को फांसी जैसी कठोर सजा देने की मांग की।

Published / 2026-05-11 18:21:36
रांची से फिर बच्ची गायब, सूचना दें मिलेगा 50,000 ईनाम

18 महीने की बच्ची के गायब होने से इलाके में हड़कंप, सुराग देने वाले को 50 हजार का इनाम देगी पुलिस 

टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस ने दो दिन पहले खोड़ा कॉलोनी स्थित अपने घर से लापता हुई 18 महीने की बच्ची के बारे में जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। बच्ची शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपने घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी थी।  

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि पुलिस को बच्ची के उसके घर के पास से बहने वाले किसी नाले में गिर जाने की आशंका है। पुलिस बच्ची का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की भी बारीकी से जांच कर रही है। 

रांची शहर के पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया, बच्ची अपने घर से लापता हुई है और अब तक उसका पता नहीं चल पाया है। हमने उसकी जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। कई थानों को अलर्ट पर रखा गया है और बच्ची की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

Published / 2026-05-11 18:17:49
संस्कार भारती रांची महानगर की साधारण सभा की बैठक संपन्न

कलमकारों और कलाकारों ने मातृशक्ति का किया गुणगान 

टीम एबीएन, रांची। संस्कार भारती रांची महानगर द्वारा आयोजित साधारण सभा का आयोजन सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 2:30 बजे मुख्य अतिथि विजय भूषण द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आगंतुक सदस्यों का स्वागत मंगल तिलक एवं अंगवस्त्र से किया गया। कार्यक्रम का स्वागत अभिभाषण  रांची महानगर के उपाध्यक्ष आशुतोष प्रसाद ने दी। 

सभा में सुश्री सुजाता मजूमदार एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत ध्येय गीत ने वातावरण को सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया। वहीं सरस्वती वंदना की मधुर प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। इसके पश्चात मुख्य अतिथि विजय भूषण को अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। 

महामंत्री शशिकला पौराणिक ने संगठन का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की गतिविधियों, उपलब्धियों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष अनूप कुमार मजूमदार ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि विजय भूषण  ने अपने संबोधन में भारतीय कला, साहित्य और संस्कारों के संरक्षण में संस्कार भारती की भूमिका की सराहना करते हुए इसे समाज की सांस्कृतिक चेतना का सशक्त मंच बताया। 

अध्यक्षीय उद्बोधन में रांची महानगर अध्यक्ष रामानुज पाठक ने संगठन की रचनात्मक सक्रियता को और व्यापक बनाने का आह्वान किया। सभा का प्रमुख आकर्षण मां दिवस की संवेदनशील थीम पर आधारित काव्य गोष्ठी रही। जिसमें कवियों और कवयित्रियों ने मातृत्व, नारी अस्मिता और पारिवारिक संवेदनाओं को प्रभावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। 

  • डॉ. सुरिंदर कौर नीलम ने अपनी मार्मिक पंक्तियों सूरज से भी पहले उठकर, धूप की सांकल खोले मां, रिश्ते तो अब सौदेबाजी, ममता कभी न तोले मां से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। 
  • अरुणाभूषण ने मां तेरे सपने सच हो जाये की कामना व्यक्त की, जबकि ऋतुराज वर्षा ने सासु मां की पीड़ा और ममता को संवेदनशील शब्दों में उकेरा। 
  • रेनू बाला धार ने नारी आरक्षण के प्रश्न पर तीखा स्वर देते हुए कहा- नारी के आरक्षण पर जाने क्यों खलबली हुई, आज भी हर हाल में नारी ही छली गयी। 
  • ग्रामीण जीवन की स्मृतियों को स्वर देते हुए रेणु झा रेणुका ने भोजपुरी संवेदना से परिपूर्ण पंक्तियां प्रस्तुत कीं। 
    बाबा दहलीजे, कदम की गाछ, ताहि तरे अम्मा बिछावें नित खाट। 
  • जवाहरलाल ने मां को रिश्तों की संपूर्णता बताते हुए कहा- मां मन के संदूक में आकांक्षाओं की तह भर देती है, मां अकेली ही हर रिश्ते की जगह भर देती है। 
  • अमरेश कुमार ने भावुक स्वर में कहा- मां बिना अधूरा जीवन है, इतना ही मैं कहता उनसे, मां है तो जीवन है। 
  • राकेश रमन की पंक्तियां अब आज जब मां नहीं है, मेरे मुंह से जब-तब निकलता है- अइया गे मइया ने श्रोताओं की आंखें नम कर दीं। 
  • उपाध्यक्ष आशुतोष प्रसाद ने मां की महिमा का वर्णन करते हुए कहा- मां केवल एक शब्द नहीं, जीवन का सम्मान है, धरती पर ईश्वर का सबसे सुंदर रूप मां है। 

संगीत प्रस्तुति में डॉ. सुजाता मजूमदार ने मां के विविध रूपों पर आधारित मधुर गीत प्रस्तुत किया। अवनींद्र सिंह द्वारा कविवर निराला की प्रसिद्ध रचना वीणा वादिनी वर दे की भावपूर्ण प्रस्तुति हुई। जेपी सिंह ने भी अपने गीतों से वातावरण को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में महामंत्री शशिकला पौराणिक ने धन्यवाद ज्ञापन किया। 

मौके पर गुर कमल सिंह जगदेव, अमरेश कुमार, जयप्रकाश सिंह, राकेश रमन, जेपी श्रीवास्तव, लल्लन राय,  ऋतुराज वर्षा, रेनू झा रेणुका, रेनू बाला धार, कुमकुम गौड़, रीना सहाय, विजय खोवाला, अंजलि जैन, दीपमाला, डॉ सुरिंदर कौर नीलम, जवाहरलाल, अवनींद्र सिंह, शिवपूजन पाठक,  सुजाता मजूमदार, अनूप कुमार सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे। अंत में सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। 

Published / 2026-05-11 18:15:21
लातेहार : स्कूली बच्चे लेकर जा रही वैन पलटी, दो गंभीर

लातेहार में स्कूली बच्चों को ले जा रही गाड़ी पलटी, कई बच्चे घायल, 2 की हालत गंभीर 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही सवारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस घटना में आठ से अधिक बच्चे घायल हो गए इनमें दो बच्चों को गंभीर चोट आयी है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किया गया है घटना की जानकारी मिलने के बाद अंचल अधिकारी लवकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय होकर राहत कार्य में जुट गयी हैं। 

दरअसल, बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित सैंट क्लारेट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे छुट्टी के बाद सवारी गाड़ी पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि वाहन चालक के द्वारा एक दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट कर खेत में जा गिरी। 

घायल बच्चों में दो की हालत गंभीर 

इधर, दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल सक्रिय हो गये और गाड़ी में सवार सभी बच्चों को तत्काल दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को भी दी। सूचना मिलने के बाद अंचल अधिकारी लवकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल हुए।

सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं कुछ घायल बच्चों को अभिभावकों द्वारा प्राइवेट अस्पताल में भी ले जाया गया। घायल बच्चों में दो बच्चों को गंभीर चोट आयी है। इन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। 

स्कूल प्रबंधन को दिया जायेगा नोटिस 

इधर, इस संबंध में अंचल अधिकारी लवकेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी जैसे ही उन्हें मिली, वह तथा अन्य प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। सभी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि घायल सभी बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है। कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है। 

उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में संचालित सभी स्कूल प्रबंधकों को नोटिस देकर बैठक की जायेगी और उन्हें निर्देश दिया जायेगा कि स्कूली बच्चों को ले जाने वाली गाड़ियों के चालक एक्सपर्ट हों। इसके अलावा गाड़ी की फिटनेस भी दुरुस्त हो यदि किसी स्कूल में पुरानी गाड़ी चलाई जा रही है तो उसे तत्काल हटाना होगा। 

Published / 2026-05-10 23:09:08
आरएसएस रांची महानगर ने चिन्मय मिशन परिसर में की मातृ शक्ति प्रमुख जन गोष्ठी

टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर द्वारा चिन्मय मिशन परिसर में मातृ शक्ति प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी परिपूर्णानंद जी ने की। गोष्ठी में परिवार, समाज एवं राष्ट्र निर्माण में मातृ शक्ति की भूमिका पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में स्वामी परिपूर्णानंद जी ने कहा कि वर्तमान समय में परिवारों में अनेक प्रकार की समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे समय में परिवार को सशक्त बनाने के लिए गृहिणी एवं मातृ शक्ति का जागरूक और सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत से बचाते हुए उनमें संस्कार, सेवा और त्याग की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महापुरुष समाज के सामान्य लोगों के बीच से ही निकलकर समाज को दिशा प्रदान करते हैं तथा सनातन परंपरा में संतों एवं संन्यासियों ने अपने ज्ञान और वाणी से समाज को निरंतर जागृत किया है।

उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि समाज में सेवा भाव को दृढ़ करना आवश्यक है। त्याग और समर्पण से ही परिवार टिके रहते हैं। आज हिंदू समाज में बढ़ती तलाक की प्रवृत्ति चिंता का विषय है, इसलिए भारतीय परिवार व्यवस्था एवं संस्कारों को सुरक्षित रखना आवश्यक है। भारतीय संस्कृति हमें केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए जीना सिखाती है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मातृ दिवस के अवसर पर सभी मातृ शक्तियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रांत प्रचारक श्री गोपाल जी ने कहा कि संघ की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी तथा वर्ष 2025 में संघ ने अपने 100 वर्ष पूर्ण किए हैं। उन्होंने संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन एवं उनके राष्ट्र निर्माण के संकल्प पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति और समाज जागरण का प्रेरणादायी उदाहरण है।

बाल्यकाल से ही उनके मन में मातृभूमि के प्रति गहरा प्रेम था। अंग्रेजी शासन के दौरान उन्होंने देश की दयनीय स्थिति को निकट से देखा और अनुभव किया कि केवल राजनीतिक स्वतंत्रता पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज का संगठित, संस्कारित एवं चरित्रवान होना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने समाज में व्याप्त जाति, भाषा, प्रांत एवं ऊँच-नीच के भेदभाव को राष्ट्र की कमजोरी माना। उनका विश्वास था कि जब तक हिंदू समाज संगठित और जागरूक नहीं होगा, तब तक भारत पुनः विश्वगुरु नहीं बन सकेगा। इसी विचार के साथ वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की गई, जिसका उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना था।

उन्होंने आगे कहा कि डॉ. हेडगेवार ने अनुशासन, सेवा, संस्कार एवं संगठन को समाज परिवर्तन का आधार बनाया। उन्होंने स्वयंसेवकों को केवल भाषण देने के बजाय अपने आचरण से समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी। उनका मानना था कि राष्ट्र निर्माण का कार्य किसी एक व्यक्ति या संस्था से नहीं, बल्कि जागरूक एवं चरित्रवान नागरिकों के सामूहिक प्रयास से संभव है।

श्री गोपाल जी ने कहा कि भारत कोई सामान्य देश नहीं, बल्कि वह पवित्र भूमि है जहाँ भगवान अवतरित होते हैं। उन्होंने प्रश्न उठाया कि इतनी समृद्ध परंपरा, ज्ञान एवं संस्कृति होने के बावजूद देश की दुर्दशा क्यों हुई। उन्होंने बताया कि प्राचीन भारत में शत-प्रतिशत साक्षरता थी तथा यहाँ की शिक्षा व्यवस्था मनुष्य निर्माण पर आधारित थी। न्यूटन के नियम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सत्य और विज्ञान पहले से विद्यमान होते हैं, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने की होती है।

उन्होंने भारतीय संस्कृति की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति प्रत्येक जीव में शिव का भाव देखती है। वृक्षों, नदियों एवं पर्वतों में देवत्व का बोध कर उनकी पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है तथा जिन मूल्यों और परंपराओं को समाज भूलता जा रहा है, उन्हें पुनः स्मरण कराने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भारतीयों के मन में अपनी संस्कृति, धर्म एवं शिक्षा व्यवस्था के प्रति अविश्वास उत्पन्न किया। इसके बावजूद भारत में संत-समाज एवं कुटुंब व्यवस्था के कारण भारतीय संस्कृति सुरक्षित बनी रही। उन्होंने संघ द्वारा चलाए जा रहे पंच परिवर्तन विषय को विस्तार से समझाते हुए कहा कि हमें अपने जीवन में भजन, भोजन, भ्रमण, भाषा एवं स्व-बोध को अपनाने की आवश्यकता है। बच्चों को स्व-आधारित जीवन पद्धति एवं भारतीय संस्कारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।

अधिकार और कर्तव्य के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि बिजली प्राप्त करना हमारा अधिकार है, किंतु उसकी बचत करना हमारा कर्तव्य है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि पॉलीथिन का उपयोग एवं उसका अनुचित निस्तारण पशुओं और प्रकृति दोनों के लिए हानिकारक है।

स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मात्र 29 वर्ष की आयु में शिकागो धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद ने विश्व को भारतीय संस्कृति एवं जीवन जीने की कला का संदेश दिया था। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया है। यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता का उल्लेख करते हुए कहा गया कि जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है।

गोष्ठी में सेवा भारती की उपाध्यक्ष रंजना श्रीवास्तव, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. जिज्ञासा ओझा, शालिनी सचदेव, डॉ. देबरोती, डॉ. शुभ्रा बंदोपाध्याय, रंजना पांडेय सहित बड़ी संख्या में मातृ शक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार प्रबोधन, भारतीय संस्कारों के संरक्षण एवं समाज में सकारात्मक जागरण का संदेश देना रहा। उक्त जानकारी रांची महानगर के प्रचार प्रमुख स्निग्ध कुमार रंजन ने दी ।

Published / 2026-05-10 21:57:00
गढ़वा : मछली पकड़ने गया युवक जाल में फंसा, मौत

शिकारी खुद बना शिकार: झारखंड के गढ़वा में मछली पकड़ने गया युवक खुद जाल में फसा, दर्दनाक मौत 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रंका थाना क्षेत्र के झुमेलवा डैम में मछली मारने गये एक व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गयी। बिश्रामपुर के झुमेलवा टोला निवासी सुरेश सिंह हमेशा की तरह जाल लेकर डैम पर मछली पकड़ने पहुंचा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि मछलियों को पकड़ने के लिए बिछाया गया जाल खुद उसकी जान का दुश्मन बन जायेगा। 

पानी के भीतर जाल में उलझने से गयी जान 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरेश ने डैम के पानी में जाल फेंका था। जाल खींचने के दौरान वह नीचे किसी चीज में फंस गया। फंसे हुए जाल को छुड़ाने के लिए सुरेश ने पानी में गोता लगाया। इसी जद्दोजहद के दौरान उसका शरीर उसी जाल में बुरी तरह उलझ गया, जिसमें उसने मछलियां पकड़ रखी थीं। पानी के भीतर खुद को छुड़ाने की कोशिश में वह छटपटाता रहा और अंतत: दम तोड़ दिया। 

एनडीआरएफ की टीम करेगी शव की तलाश 

जब काफी देर तक सुरेश पानी से बाहर नहीं आया, तो साथ मौजूद साथी ने शोर मचाया और ग्रामीणों को सूचित किया। देखते ही देखते डैम पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गयी और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब रंका थाना पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम से मदद मांगी है ताकि शव को डैम से बाहर निकाला जा सके। 

परिजनों के बीच मचा कोहराम 

इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू आॅपरेशन का इंतजार किया जा रहा है।

Published / 2026-05-10 21:56:02
झारखंड : क्या 20 को होगा कांग्रेस के घमासान का अंत?

झारखंड कांग्रेस में मचा घमासान! मंत्री के पत्र से बढ़ी तकरार, 20 मई की बैठक पर टिकी सबकी नजर 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के भीतर इन दिनों जारी अंतर्कलह राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पार्टी संगठन और सरकार के बीच बढ़ती असहजता को लेकर कांग्रेस नेतृत्व अब सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में 20 मई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक बुलायी गयी है, जिसमें संगठन के भीतर उभरे विवादों को सुलझाने और नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर मंथन होगा। 

मंत्री के पत्र से बढ़ी सियासी हलचल 

दरअसल, हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा संगठन के खिलाफ लिखे गये पत्र ने पार्टी के अंदर हलचल तेज कर दी है। मंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रदेश प्रभारी के. राजू को शिकायत पत्र भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जंबो कमेटी पर भी सवाल खड़े किये हैं। 

चुनावी वादों को लेकर उठाए सवाल 

राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा किये गये वादों को भी याद दिलाया है। उन्होंने खास तौर पर 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने की घोषणा का जिक्र करते हुए सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी लागू करने की मांग उठायी है। उनके इस बयान को संगठन और सरकार दोनों पर दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। 

सरकार की छवि को लेकर बढ़ी चिंता 

पार्टी के भीतर बढ़ते मतभेदों का असर राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी दिखाई देने लगा है। कांग्रेस नेतृत्व इस बात को लेकर चिंतित है कि अंदरूनी विवाद का सीधा असर गठबंधन सरकार की छवि पर पड़ सकता है। यही कारण है कि प्रदेश प्रभारी आगामी बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर संगठनात्मक एकजुटता मजबूत करने की कोशिश करेंगे। 

कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही बैठक 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक कांग्रेस के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है, क्योंकि आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन की दिशा तय करने में इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है।

Published / 2026-05-10 21:55:01
जमशेदपुर : स्कूल परिसर से नाबालिग का शव मिलने से सनसनी

सरकारी स्कूल के परिसर से मिला नाबालिग लड़की का शव, इलाके में फैली दहशत 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जिले में एक सरकारी स्कूल के परिसर से शनिवार सुबह एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार, पीड़िता की उम्र करीब 17 वर्ष हो सकती है। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं।  

पुलिस के अनुसार, स्कूल परिसर में स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र के संचालक ने शव देखा और पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। 

कुमार ने बताया, हमने मृतका की पहचान के लिए पड़ोसी थानों से उनके क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान करने को कहा है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, लड़की सोपोडेरा गांव की रहने वाली नहीं थी।  

अधिकारी ने बलात्कार और हत्या की आशंका को लेकर कहा कि अब तक यौन उत्पीड़न का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पायेगा।

Page 70 of 1686

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse