झारखंड

View All
Published / 2025-12-23 20:45:24
झारखंड कैबिनेट ने लगाया पेसा कानून समेत 39 प्रस्तावों पर मुहर

झारखंड कैबिनेट बैठक : पेसा कानून को मंजूरी समेत 39 प्रस्तावों पर मुहर 

टीम एबीएन, रांची। हेमंत सरकार की कैबिनेट बैठक खत्म हो गयी है। आज की बैठक कुल 39 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। जिनमें सबसे महत्वपूर्ण पेसा कानून को मंजूरी मिली है। झारखंड में पेसा कानून को लागू करने की मांग लंबे समय से हो रही थी। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दे दी गयी है। इसके अलावा अन्य 39 प्रस्तावों को कैबिनेट में मंजूरी मिली है। 

  • डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के पदों का पुनर्गठन 
  • शैक्षणिक गैर शैक्षणिक पद के लिए 38 नये पद हुए सृजित 
  • कुल दस करोड़ का अतिरिक्त खर्च होगा 
  • दुमका में 7 किलोमिटर सड़क के लिए 31 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति 
  • जमशेदपुर में सड़क के लिए 41 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति 
  • टेक होम राशन के लिए सामग्री आपूर्तिकर्ता को अवधि विस्तार 
  • पेसा कानून को मंत्रीपरिषद की स्वीकृति, कुछ संशोधनों के साथ मिली स्वीकृति

Published / 2025-12-23 20:42:12
रांची सांसद ने द प्रेस क्लब को दी 10 लाख के कॉफी हाउस की सौगात

  • महिला पत्रकार बैडमिंटन टूर्नामेंट भव्यता के साथ सम्पन्न 
  • रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने दी प्रेस क्लब को 10 लाख के कॉफी हाउस की सौगात 
  • 26 महिला पत्रकार खिलाड़ियों ने किया शानदार खेल का प्रदर्शन 
  • ट्रस्ट के चेयरमैन शुभ नारायण दत्त ने की रांची प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कमेटी की प्रशंसा  

टीम एबीएन, रांची। सुधा एंड अरमान चैरिटेबल ट्रस्ट और रांची प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित महिला पत्रकार बैडमिंटन टूर्नामेंट पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुआ। टूर्नामेंट में 26  महिला पत्रकार खिलाड़ियों ने शामिल होकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया और साबित कर दिया कि बीट रिपोर्टिंग और पत्रकारिता के आफिसियल कार्यों के दवाब के बीच भी खेल के मैदान में महिला पत्रकार कहीं किसी से एक कदम भी पीछे नहीं हैं। 

टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ और विशिष्ट अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय रहे। मौके पर दोनों ही अतिथियों ने बैडमिंटन में दो-दो हाथ भी आजमाये। अतिथियों में सुनील सहाय और प्रणव कुमार बब्बू शामिल हुए। 

ट्रस्ट के चेयरमैन शुभ नारायण दत्त और सचिव मनोज श्रीवास्तव ने मौके पर रांची प्रेस क्लब की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने कम समय में प्रेस क्लब ने बेहतरीन तरीके से टूर्नामेंट का आयोजन किया है और आगे भी ट्रस्ट और प्रेस क्लब मिलकर कई नये प्रयासों का आगाज करेंगे। शुभ नारायण दत्त ने कहा कि महिला पत्रकारों के लिए परिवार के साथ पत्रकारिता को मैनेज करना काफी मुश्किल होता है और यह सबकुछ उन्होंने स्व सुधा सिन्हा को लगातार करते हुए देखा है।  

मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभुनाथ चौधरी ने कहा कि रांची प्रेस क्लब के लिए यह सुखद अवसर है कि झारखंड की राजनीति के दो बड़े चेहरे इस आयोजन शामिल हुए और दोनों ने प्रेस क्लब को सहायता करने की बात कही है। वहीं, प्रेस क्लब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने कहा कि हमारा का प्रयास होगा कि अक्षमाशील समय के साथ संघर्ष करते पत्रकारों के लिए खेलकूद से लेकर संवाद, सेमिनार का आयोजन लगातार किया जाता रहे। 

मार्च में प्रेस क्लब के लिए 10 लाख रुपयों की स्वीकृति, बेहतरीन बनाएं कॉफी हाउस : संजय सेठ 

मौके पर मुख्य अतिथि रांची सांसद सह रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने रांची प्रेस क्लब को रूफटॉप कॉफी हाउस बनाने के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि रांची प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों की इतनी बड़ी संख्या में खेल के प्रति रुचि देख उन्हें बहुत अच्छा लग रहा। रांची प्रेस क्लब में पत्रकारों के लिए एक बेहतरीन कॉफी हाउस बनाया जाना चाहिए जहां पत्रकारों के साथ चाय पर चर्चा जैसे कार्यक्रमों को भी आयोजित किया जा सके। 

कॉफी हाउस इस उत्कृष्ट स्तर का बने जहां पत्रकारों के साथ साथ राजधानी के लोग भी तनाव के बीच समय निकालकर जरूर पहुंचे। सांसद संजय सेठ ने महिलाओं की भागीदारी पर बोलते हुए कहा कि आज हर महिला की आदर्श  कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर  वोमिका सिंह जैसी वीरांगना हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज का भी दायित्व है कि पत्रकारों और खासकर महिला पत्रकारों के लिए हर फील्ड में बढ़ चढ़कर सहायता करें।  

तनाव के बीच खेलकूद से पत्रकारों को होगा लाभ : सुबोध कांत सहाय 

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि पत्रकारों को आज काम का काफी दवाब रहता है। ऐसे में प्रेस क्लब और ट्रस्ट के द्वारा खेलकूद का आयोजन कराना पत्रकारों के तनाव को कम करने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि फील्ड में रिपोर्टिंग करने वाली महिला पत्रकारों को बेहतरीन बैडमिंटन खेलते देख काफी प्रसन्नता हो रही है। 

प्रेस क्लब में कॉफी हाउस के संबंध में उन्होंने कहा कि कॉफी हाउस एक ऐसी जगह होती है जहां राज्यभर के पत्रकार साथियों के साथ साथ राजनीतिज्ञ, व्यवसायी, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों समेत कई लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि रांची के सांसद संजय सेठ जी ने जो घोषणा की है उसे जरूर पूरा करें ताकि पत्रकार समाज और रांची के लोगों को एक सौगात मिल सके। सुबोध कांत सहाय ने प्रेस क्लब के विकास के लिए झारखंड सरकार से भी हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए बातचीत और प्रयास करने की बात कही। 

भारी संख्या में पत्रकार हुए शामिल, कार्यक्रम को बनाया सफल 

महिला पत्रकार बैडमिंटन टूर्नामेंट को सफल बनाने में प्रेस क्लब कमेटी के कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, संयुक्त सचिव चंदन भट्टाचार्य, उपाध्यक्ष विपिन उपाध्याय, कार्यकारिणी सदस्य प्रतिमा कुमारी, राजन बॉबी, चंदन वर्मा, निर्भय कुमार, अमित कुमार,  अशोक गोप, विजय कुमार गोप, सौरभ शुक्ला, संजय सुमन, संतोष सिन्हा समेत भारी संख्या में क्लब के पत्रकार सदस्य शामिल हुए। इनमें आनंद मोहन, ओमरंजन मालवीय, रेखा पाठक, कौरवी दत्ता, प्रदीप जायसवाल, शशि पांडेय, मोनू कुमार, पिंटू दूबे, किसलय सानू, अखिलेश सिंह, संतोष गुप्ता, सुशील सिंह मंटू, सत्यप्रकाश पाठक, अमलेश नंदन, अमरकांत, राकेश सिंह, मनोरंजन सिंह, विवेक कुमार, प्रदीप ठाकुर, आलोक सिन्हा, विकास कुमार, जगदीश सिंह, पंकज जैन, राजकुमार समेत कई पत्रकार शामिल हुए। 

आयोजन की सफलता में फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार रेखा पाठक ने और धन्यवाद ज्ञापन प्रेस क्लब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने किया। उक्त जानकारी द रांची प्रेस क्लब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने दी। 

विजेताओं की सूची 

  • विनर सिंगल्स : करिश्मा 
  • रनर सिंगल्स : पूजा बोस 
  • विनर डबल्स : मुस्कान और अदिति 
  • रनर डबल्स : आशिया नजली और रूपम 
  • प्रथम रनर अप : रोमिता और करिश्मा 
  • द्वितीय रनर अप : जयंती और आरती

Published / 2025-12-23 20:13:11
कोडरमा : जंक्शन पर लिपिक को हृदयाघात, मौत

कोडरमा जंक्शन पर लिपिक को आया हार्ट अटैक, ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ते-दौड़ते जमीन पर गिर पड़े; गयी जान 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। कोडरमा जंक्शन पर एक शख्स ट्रेन पकड़ते-पकड़ते गिर गया। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक के कारण बेहोश होकर गिर गया। वहीं शख्स को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के नवादा जिले के पंकज कुमार (49) के रूप में हुई है। 

मरकच्चो प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित एक लिपिक थे। बताया जा रहा है कि पंकज कुमार गयाजी अपनी पत्नी से मिलने जा रहे थे। जम्मूतवी एक्सप्रेस को पकड़ने के लिए वे प्लेटफॉर्म पर दौड़ने लगे। इस दौरान वे जमीन पर गिर गये। इधर, घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

चिकित्सकों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक सच्चाई सामने आयेगी। पंकज कुमार के परिजनों को घटना की सूचना दी गयी। खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी बिहार के गया जिले में टीचर हैं और उनके दो छोटे बच्चे हैं।

Published / 2025-12-23 20:10:05
लोहरदगा : दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरायी, उड़े परखच्चे 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबाली मोड़ के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।  

तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरायी 

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान गुमला जिले के लांजी नवाटोली निवासी हरि उरांव के पुत्र सुनील उरांव (20) तथा लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के कुटमु जेलखाना निवासी योगेश्वर उरांव के पुत्र राहुल उरांव (20) के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के नदिया करचाटोली निवासी महेश उरांव का पुत्र मोहित उरांव (20) गंभीर रूप से घायल हुआ है। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर रांची से लोहरदगा लौट रहे थे। इसी दौरान धोबाली मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गयी और सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकरायी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुनील उरांव और राहुल उरांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि मोहित उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया। 

इधर, घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। 

वहीं, दोनों शवों को पोस्टमाटर्म के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के डिवाइडर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Published / 2025-12-23 20:07:23
बांग्लादेश में हिंदू युवक की निर्मम हत्या पर कड़ी निंदा

भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर पहल कर सख्त कदम उठाने की मांग : संजय सर्राफ 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से बढ़ती हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि हालिया दिनों में सामने आ रही रिपोर्ट मानवाधिकारों के लिए गंभीर चुनौती हैं और इससे समूचे हिंदू समाज में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। 

बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित रूप से कट्टरपंथी तत्वों द्वारा नृशंस हत्या की खबर ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल किसी एक समुदाय पर हमला नहीं, बल्कि मानवता और कानून-व्यवस्था पर सीधा प्रहार हैं। ऐसी अमानवीय घटनाएं सभ्य समाज में किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हो सकतीं।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर पहल की आवश्यकता है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि वह इस विषय को कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाये तथा बांग्लादेश सरकार से ठोस कदम उठाने का आग्रह करे, ताकि अल्पसंख्यक समुदायों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। 

श्री सर्राफ ने यह स्पष्ट किया कि भारत हमेशा से शांति, सह-अस्तित्व और मानवाधिकारों का समर्थक रहा है। ऐसे में पड़ोसी देश में कथित रूप से हो रही घटनाओं पर चुप्पी साधना उचित नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच हो और कठोर कार्रवाई की जाये, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Published / 2025-12-22 20:47:31
बांग्लादेश हिंसा को लेकर सांसद संजय सेठ को सौंपा ज्ञापन

बांगला देश में श्रमिक सनातन दीपू दास की निर्मम  हत्या की घोर भर्त्सना करते हुए जय श्रीराम समिति, अध्यक्ष सुनील अग्रवाल तथा महामंत्री प्रदीप साहू ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को सौंपा ज्ञापन 

टीम एबीएन, रांची। जय श्रीराम समिति के पदाधिकारी व सदस्यों ने बांग्लादेश में हो रहे अत्याचार एवं निर्दोष लोगों की निर्मम हत्याओं के विरोध में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ को लोहरदगा के शांति आश्रम में एक ज्ञापन बांगला देश में श्रमिक सनातन दीपू दास की निर्मम हत्या के विरोध स्वरूप सौंपा गया।

इस अवसर पर समिति ने मानवाधिकारों के खुले उल्लंघन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की। आगे दोनों पदाधिकारी ने एक स्वर में कहा कि सनातन धर्म और समाजहित में जय श्रीराम समिति द्वारा अनावरत कार्य करते रहा जायगा। जब तक कार्यकाल पूरा नही होता है किसी को हक नहीं है कि जय श्रीराम समिति के  चुनाव द्वारा गठित कार्यकारिणी को भंग कर सके। 

ज्ञापन सौंपने के दौरान जय श्रीराम समिति के संरक्षक गुप्तेश्वर प्रसाद, अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, महामंत्री प्रदीप साहू, रक्त संग्रह के अध्यक्ष जीवन राज, कार्यकारी अध्यक्ष गुड्डू राय, मनीष बरई, गुड्डुस प्रसाद सहित सभी सनातनियों  ने एक स्वर में बांग्लादेश में हो रहे अमानवीय कृत्यों की निंदा की और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की। समिति ने आशा व्यक्त की कि भारत सरकार इस विषय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाकर पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ठोस कदम उठायेगी।

Published / 2025-12-22 20:45:16
#ReleaseScholarship हैशटैग होगा ट्रेडिंग : देवेंद्र नाथ महतो

डिजिटल ट्विटर अभियान की तैयारी जोरों पर 

टीम एबीएन, रांची। राज्य में छात्रवृत्ति राजनीतिक मुद्दा बनते जा रहा है। कई राजनीतिक दलों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा भी छात्रों के मुद्दा को लेकर मुखर है। छात्र अधिकार पदयात्रा के बाद आनलाइन डिजिटल ट्विटर अभियान का घोषणा किया है। 

यह ट्विटर अभियान 24 दिसंबर को होगी। इसे लेकर आनलाइन गूगल मीटिंग किया गया। सभी जिला में तकनीकी प्रभारी, जिला को-आर्डिनेटर, मीडिया प्रभारी आदि चयन किया गया। आज सोमवार को विद्यालय, महाविद्यालय, लाइब्रेरी एवं विभिन्न कोचिंग संस्थानों का दौरा किया गया। 

साईनाथ यूनिवर्सिटी रांची में छात्रों को संबोधन करते हुए संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की आपसी पॉलिटिकल टकरा एवं एनडीए एवं इंडिया एलियांस के राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार राज्य के छात्र होते जा रही है।  

24 दिसंबर (बुधवार) को हैशटैग #ReleaseScholarship आनलाइन के विश्व पटल पर ट्रेंडिंग में लाकर छात्रों आवाज को मजबूती से रखेंगे। बताते चलें कि उक्त आंदोलनको लेकर छात्र, शिक्षक व अभिभावकों में जोश देखने को मिल रहा है।

Published / 2025-12-22 18:20:57
क्रिसमस की खुशियों में सराबोर हुई रांची

बाजारों से गिरजाघरों तक दिखी उत्सव की चमक; खरीदारी में जुटे लोग 

टीम एबीएन, रांची। रांची में क्रिसमस को लेकर इसाई धर्मावलंबियों के बीच जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है। पर्व में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन शहर का माहौल पूरी तरह से क्रिसमसमय हो चुका है। 

बच्चों के लिए बाजार किसी जन्नत से कम नहीं 

बाजारों से लेकर चर्च और सड़कों तक हर ओर रोशनी, सजावट और खुशियों की झलक दिखायी दे रही है। लोगों की चहल-पहल और खरीदारी करने में जुट गये हैं। रांची के प्रमुख बाजार-अपर बाजार, मेन रोड, चर्च रोड, कांटाटोली और डोरंडा-क्रिसमस की रौनक से गुलजार हैं। दुकानों में क्रिसमस ट्री, सांता क्लॉस की मूर्तियां, सांता कैप, जिंगल बेल, स्टार, रंग-बिरंगी लाइटें और अन्य सजावटी सामान की भरमार है। 

छोटे, मध्यम और बड़े आकार के क्रिसमस ट्री लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, जिन्हें वे अपने घरों, दुकानों और संस्थानों को सजाने के लिए खरीद रहे हैं। खासकर लाइटिंग आइटम और चमकते सितारों की मांग इस बार सबसे ज्यादा बतायी जा रही है। क्रिसमस कार्ड भी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। पारंपरिक डिजाइन के साथ-साथ आधुनिक थीम वाले कार्ड बाजार में उपलब्ध हैं। 

लोग अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और प्रियजनों को शुभकामनाएं देने के लिए कार्ड खरीदते नजर आ रहे हैं। बच्चों के लिए बाजार किसी जन्नत से कम नहीं है। खिलौने, मास्क, सांता ड्रेस, गिफ्ट पैक और तरह-तरह के सजावटी आइटम बच्चों को खासा लुभा रहे हैं। माता-पिता भी बच्चों की खुशी के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं। 

लोग इस पर्व का पूरे साल इंतजार करते हैं 

व्यापारियों के अनुसार, इस वर्ष क्रिसमस को लेकर बाजार में अच्छी रौनक है। बीते कुछ दिनों में बिक्री में तेजी आयी है और आने वाले दिनों में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। दुकानदारों का कहना है कि लोग इस पर्व का पूरे साल इंतजार करते हैं और इसे खास बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ते। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्रिसमस का बेसब्री से इंतजार रहता है। 

घरों में भी सजावट और त्योहार की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पुरुलिया रोड सहित शहर की कई प्रमुख सड़कों को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है, जिससे शाम होते ही सड़कें जगमगा उठती हैं। रांची के गिरजाघर भी विशेष रूप से सजे हुए हैं। सेंट मैरी कैथेड्रल, गेल चर्च और अन्य चर्चों में खूबसूरत लाइटिंग और सजावट की गयी है। 

यीशु मसीह के जन्म की झांकियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं और विशेष प्रार्थना सभाओं की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कुल मिलाकर, राजधानी रांची में क्रिसमस का त्योहार सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और खुशियों का संदेश लेकर आया है, जो शहर की सांस्कृतिक विविधता और आपसी सौहार्द को भी खूबसूरती से दर्शाता है।

Page 68 of 1571

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse