एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला राजी पड़हा व्यवस्था लोहरदगा (बिशु सेंदरा) की ओर से 18, 19 और 20 मई 2026 को सेन्हा प्रखंड के झालजमीरा स्थित जामुन डिपा टाना टोली में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति, धर्म, भाषा, शिक्षा, सामाजिक व्यवस्था एवं अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। कार्यक्रम की सफलता को लेकर रविवार को झालजमीरा स्थित जामुनडीपा आम बगीचा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारी, व्यवस्था एवं विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत 18 मई, सोमवार को शाम 4 बजे बिशु चढ़ना एवं शाम 6 बजे से 7 बजे तक उपस्थिति दर्ज कराने के साथ होगी। 19 मई, मंगलवार को सुबह 10 बजे उद्घाटन (पाहन के द्वारा) किया जाएगा।
इसके बाद विभिन्न सत्रों में परिचय, स्वागत भाषण, विषय की जानकारी, पाहन-पुजार एवं महतो की स्थिति एवं महत्व, भाषा-लिपि एवं शिक्षा, आदिवासी परंपरा, धर्म एवं संस्कृति पर चर्चा की जाएगी। इसी दिन शाम में पड़हा अधिकारियों एवं व्यवस्था, शादी-विवाह एवं नेगाचार पर भी विचार-विमर्श होगा। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था रहेगी।
20 मई, बुधवार को अधिकारियों के साथ संपर्क, धार्मिक एवं गैरमजरूआ जमीन से जुड़े मुद्दों, आदिवासी सहयोगी संगठनों का परिचय तथा आदिवासी कानून व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। विभिन्न प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे तथा सभी चर्चाओं के निष्कर्ष एवं निर्णय की घोषणा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजकों ने बताया कि चर्चा में भाग लेने के इच्छुक लोग अपना नाम एवं विषय पहले से जमा कर सकते हैं। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति की अपील की गई है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज, धर्म एवं संस्कृति को मजबूती प्रदान करना तथा समाज की समस्याओं के समाधान की दिशा में सामूहिक पहल करना है।
बैठक में मुख्य रूप से जिला राजी पड़हा व्यवस्था के जिला बेल लक्ष्मी नारायण भगत, देवान वीरेंद्र उरांव, कोटवार डोमना उरांव, भंडारी गोसाई भगत, उप बेल बुद्धेश्वर उरांव, उप देवान बजरंग उरांव, उप भंडारी नारायण उरांव, उप कोटवार सुखदेव उरांव, जोंक बेल मंजन उरांव, मीडिया प्रभारी जगदीप भगत, सुरेंद्र उरांव, सुखदेव उरांव, राजू बाखला, मधुसूदन टाना भगत, बिरी टाना भगत, रंजन उरांव सहित काफी संख्या में जिला राजी पड़हा व्यवस्था के पदाधिकारी एवं समाज के लोग शामिल थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। ग्रेटर त्रिवेणी स्कूल की छात्रा एवं लोहरदगा गुमला ट्रक आँनर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह की पुत्री ने सम्भवी सिंह ने वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 ,संकाय वाणिज्य, में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 90% अंक प्राप्त किये और जिला टॉपर बनी।
उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आज लोहरदगा उपायुक्त ने प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की एवं उनके प्रदर्शन के लिए सराहना की। सम्भवी सिंह के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पूर्व राज्यसभा सांसद माननीय धीरज प्रसाद साहू ने भी बधाई देते हुए सम्भवी सिंह के उज्जवल भविष्य की कामना की है।
बधाई देने वालों में लोहरदगा गुमला ट्रक आँनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह उपाध्यक्ष बरज सिंह सचिव मुद्रिका यादव रोहित अग्रवाल रहमान अंसारी, रहमत अंसारी मोहम्मद बबलू राजेश शर्मा संजीव शर्मा रफीक अंसारी इनामुल अंसारी शंकर प्रजापति जतरू मुंडा अनिल उरांव प्रदीप कुमार महेंद्र प्रसाद मोहम्मद गुड्डू सहित अन्य लोग शामिल थे।
उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए केंद्रीय मुक्तिधाम के अध्यक्ष मनोज गुप्ता सामाजिक विचार मंच के संयोजक सागर वर्मा संदीप भगत, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के डॉ लाल अजय नाथ शाहदेव, लाल गुडडू नाथ शाहदेव, उदय शेखर सिंह सहित विभिन्न संगठनों ने बधाई दी है।
टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्रीराधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में डॉ• संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में 266 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया गया। मंदिर में श्री राधा रानी जी का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार आकर्षक आभूषणों एवं मनोहारी पुष्पों से किया गया, जिसकी छटा देखते ही बन रही थी।
दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ महाप्रसाद का भोग लगाया गया। इसके पश्चात प्रकाश अग्रवाल, प्रेमलता अग्रवाल, अजय अग्रवाल के सौजन्य से मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, जलजीरा शर्बत एवं सत्तू पानी का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित लगभग 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।
भक्ति रस से ओत-प्रोत भजन संध्या कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु खूब झूमे तथा पूरा मंदिर परिसर राधे-कृष्ण एवं श्याम के जयकारों से कृष्णमय एवं भक्तिमय हो गया।तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती का आयोजन किया गया।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा तथा लगभग 3 हजार से अधिक भक्तों ने भगवान के दर्शन किये। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ो श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डूंगरमल अग्रवाल,राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, निर्मल छावनिका, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, विष्णु सोनी, मनीष सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, संजय सर्राफ सहित अनेक श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी ।
टीम एबीएन, रांची। वैश्विक ईंधन बाजार में भारी अस्थिरता का प्रभाव झारखंड सहित देश भर में पड़ा है। एक तरफ लोग पेट्रोल-डीजल की किल्लत के कारण परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार के द्वारा पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दामों में की गई वृद्धि ने आम लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ा दी है। झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स की मानें तो वर्तमान परिस्थिति में बाजार का क्या होगा कहना मुश्किल है।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा के अनुसार पेट्रोल-डीजल की किल्लत की वजह से राज्य का व्यवसाय जगत काफी प्रभावित हो रहा है। एक तरफ किल्लत, वहीं दूसरी ओर दाम बढ़े हैं। जाहिर तौर पर इसका बोझ जनता पर ही पड़ेगा। मौजूदा परिस्थिति में महंगाई बढेगी।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इंडस्ट्री कैसे चलेगा यह कहना मुश्किल है। क्योंकि डीजल की किल्लत की वजह से फैक्ट्री में जेनरेटर नहीं चल पाता है। ऐसे में किसी भी व्यवसायी के लिए इंडस्ट्री चलाना बेहद ही मुश्किल हो रहा है।
चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा कहते हैं कि पेट्रोल-डीजल की सर्वाधिक उपयोगिता परिवहन उद्योग में है। ऐसे में यदि यह उपलब्ध नहीं होगा तो हालात कैसे होंगे यह अंदाजा लगाया जा सकता है। झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स ने मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए केंद्र सरकार को पत्र लिखकर आग्रह किया है।
जिसमें कहा गया है कि राज्य में पेट्रोल डीजल के समुचित और वैकल्पिक व्यवस्था की दिशा में ठोस कदम उठाया जाये। उन्होंने कहा कि वैश्विक कारणों से जो परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं, उससे निपटने के लिए यदि शीघ्र कदम नहीं उठाये जायेंगे तो स्थिति बहुत ही गंभीर हो जायेगी।
राजधानी के कई पेट्रोल पंप के ड्राई होने और कई पेट्रोल-डीजल पंपों पर बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को लेकर मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने राज्यभर के पंपों पर लगातार बढ़ रही भीड़, लंबी कतारों और आम जनता को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए सीएम से संज्ञान लेने की बात कही है। इरफान अंसारी ने भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री से पंपों पर सुरक्षा बढ़ाने का अग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में आम नागरिकों को परेशानी में छोड़ना स्वीकार्य नहीं है। मंत्री इरफान अंसारी ने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की है। जिससे कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे और राज्य में शांति व्यवस्था कायम रह सके।
टीम एबीएन, रांची। पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रुपये की वृद्धि और किल्लत की खबरों के बीच राजधानी रांची में दूसरे दिन भी तेल को लेकर त्राहिमाम की स्थिति दिख रही है। लोग पेट्रोल-डीजल के लिए एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप के चक्कर लगा रहे हैं। जिस पेट्रोल पंपों पर तेल मिल रहा है, वहां सुबह से ही वाहनों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। कुछ लोग तो गैलन और बोतल में भी पेट्रोल-डीजल स्टॉक कर रहे हैं।
एबीएन ने सुबह 7 बजे से 7:30 बजे तक शहर के 7 पेट्रोल पंपों का जायजा लिया। इस दौरान चार पेट्रोल पंप ड्राई होने के कारण बंद मिले। वहीं एक पेट्रोल पंप पर सिर्फ डीजल मिल रहा था, वहां पेट्रोल खत्म हो चुका था। हरमू रोड के दो पेट्रोल पंपों में से सिर्फ एक खुला है।
हरमू नदी के नजदीक वाले पेट्रोल पंप में केवल डीजल मिल रहा है। ऐसे में जिन्हें पेट्रोल लेना है, वे बिना तेल लिए मायूस लौट रहे हैं। हालांकि पेट्रोल पंप में डीजल लेने वाले वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। वहीं शनि मंदिर के निकट स्थित पेट्रोल पंप बंद पड़ा था, वहां सैकड़ों की संख्या में लोग अपने वाहन लगाए सुबह 6 से ही खड़े थे। वहां के पेट्रोल पंप कर्मियों ने लोगों को करीब 2 घंटे के बाद पेट्रोल पंप खुलने का आश्वासन दिया था।
दूसरी तरफ कांके रोड में मारुति शोरूम के बगल में स्थित पेट्रोल पंप पर भी दोपहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। कांके रोड के बजरंगबली मंदिर के निकट का पेट्रोल पंप बंद था। पेट्रोल पंप कर्मी 1 से 2 घंटे के बाद खुलने का आश्वासन दे रहे थे। जबकि करम टोली- जेल मोड रोड स्थित दोनों पेट्रोल पंप बंद मिले। इनमें से एक में पेट्रोल नहीं का पोस्टर लगा था।
वहीं रिम्स के बगल में स्थित पेट्रोल पंप में भी वाहनों की लंबी कतार लगी हुईथी। दो पहिया वाहन चालकों ने बताया कि जिन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल मिल रहे हैं, वहां मात्र 200 रुपए का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। जबकि कार चालकों ने बताया कि उन्हें अधिकतम 500 रुपए का ही पेट्रोल मिल पाया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिम सिंहभूम। जिले में शुक्रवार शाम एक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मोटरसाइकिल पर यात्रा कर रहे थे, तभी चक्रधरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चक्रधरपुर-सोनुआ सड़क पर एक निजी स्कूल के पास एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश करते समय मोटरसाइकिल चालक ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल तेज रफ्तार बस के नीचे आ गयी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को चक्रधरपुर स्थित उपमंडल अस्पताल ले गयी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
टीम एबीएन, रांची। रांची स्थित रिम्स के हॉस्टल में एमबीबीएस के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है। घटना के बाद संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अक्षित कुजूर रिम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल नंबर-8 के एचआईजी ब्लॉक में रहता था। शनिवार सुबह साथी छात्रों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद छात्रों ने तत्काल कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। साथी छात्रों ने गंभीर हालत में अक्षित को तुरंत रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
घटना के बाद रिम्स प्रबंधन, छात्रावास व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि अक्षित एक मेधावी छात्र था। ऐसे में उसके इस कदम से साथी छात्र, डॉक्टर और संस्थान के लोग स्तब्ध हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
टीम एबीएन, रांची। भीषण गर्मी को देखते हुए मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा पिछले एक माह से शहरवासियों की सेवा हेतु चलंत प्याऊ अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
इस सेवा के अंतर्गत ई-रिक्शा के माध्यम से रांची शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को नींबू पानी, शरबत, सत्तू एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में मंच द्वारा पूरे रांची शहर में कुल 5 चलंत प्याऊ संचालित किये जा रहे हैं, जिससे प्रतिदिन हजारों राहगीरों, मजदूरों एवं आम नागरिकों को राहत मिल रही है।
इसके अतिरिक्त मंच द्वारा शहर में दो स्थायी वाटर कूलर फ्रीजर भी स्थापित किये गये हैं। पहला वाटर कूलर फ्रीजर मारवाड़ी ब्राह्मण सभा परिसर स्थित श्री सालासर हनुमान मंदिर में लगाया गया है, जबकि दूसरा कांके रोड स्थित दुर्गा मंदिर में स्थापित किया गया है। इन दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंच द्वारा बहुत जल्द शहर के अन्य विभिन्न क्षेत्रों में भी अतिरिक्त वाटर कूलर फ्रीजर लगाने की योजना बनायी गयी है। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्री विकास अग्रवाल ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है।
मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा सदैव सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। हमारा प्रयास है कि शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों तक यह सेवा पहुंचे ताकि किसी भी व्यक्ति को गर्मी में पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि चलंत प्याऊ अभियान को शहरवासियों का भरपूर सहयोग एवं सराहना मिल रही है। मंच के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास से यह सेवा निरंतर सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। आने वाले दिनों में और अधिक स्थानों पर वाटर कूलर फ्रीजर एवं पेयजल सेवा उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा ने सभी नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक जल संरक्षण करें एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु आगे आयें। इस कार्यक्रम के संयोजक योगेश्वर अग्रवाल, संकेत सरावगी एवं गौतम अग्रवाल थे। उपरोक्त जानकारी मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse