झारखंड

View All
Published / 2024-03-13 21:32:44
तमाड़ : शादी से इंकार पर प्रेमी युगल ने किया विषपान, मौत

शादी से इंकार के बाद प्रेमी और प्रेमिका ने खाया जहर, दोनों की मौत

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक प्रेमी और प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

मामला जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि इंटर की छात्रा संगीता कुमारी का गांव के ही प्रहलाद लोहरा से पिछले 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों पर एक-दूसरे के साथ शादी करने का भूत सवार था, लेकिन दोनों के परिजन शादी के लिए राजी नहीं हो रहे थे। 

प्रहलाद और संगीता अलग-अलग जाति के थे। इसीलिए उनके परिजन दोनों के इस प्यार से खुश नहीं थे, जिसके बाद दोनों को एक-दूसरे से बिछड़ने का डर सता रहा था। इसके बाद दोनों ने गांव के पास नहर किनारे जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने से दोनों की हालत बिगड़ गयी, जिससे उनकी मौत हो गयी।

Published / 2024-03-13 21:30:06
लोकसभा चुनाव को बेहतर समन्वय से करायें सफल : आयुक्त

  • आयुक्त बाल किशुन मुंडा ने पलामू प्रमंडल के सभी जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारी तथा बस आॅनर एसोसिएशन एवं बस संचालकों के साथ की बैठक

टीम एबीएन, मेदिनीनगर, (पलामू)। लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 के दृष्टिगत पलामू प्रमंडल अंतर्गत जिलों यथा पलामू, गढ़वा एवं लातेहार में वाहनों की आवश्यकता एवं उपलब्धता का आकलन करने को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा ने आज आयुक्त कार्यालय में जिला परिवहन पदाधिकारियों तथा बस आनर एसोसिएशन एवं बस संचालकों के साथ बैठक की। 

आयुक्त ने अपने-अपने जिला में आवश्यकता के अनुरूप वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी को बेहतर समन्वय व तालमेल कर लोकसभा चुनाव को सफल बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिला परिवहन पदाधिकारी, बस आनर एसोसिएशन एवं बस संचालक आपसी समन्वय कर पलामू प्रमंडल अंतर्गत जिलों में वाहनों की आवश्यकता के विरुद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करायें।

उन्होंने कहा कि लोकसभा आम निर्वाचन के निमित्त पलामू प्रमंडल अंतर्गत पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले में मतदान कर्मियों, सेक्टर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं मतदान से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मियों को कोई असुविधा नहीं हो, इसका ध्यान रखा जाये। 

वाहन संचालकों द्वारा उनकी कुछ मांगों पर विचार करने का भरोसा देते हुए चुनाव में अधिग्रहित किये जाने वाले विभिन्न श्रेणियों के मोटरगाड़ियों के लिए परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित दर के अनुरूप निर्धारित अवधि में  भुगतान करने का भी निर्देश दिया। 

बैठक में आयुक्त के सचिव सह क्षेत्रीय परिवहन पर अधिकार के सचिव बिजय वर्मा, पलामू, गढ़वा के जिला परिवहन पदाधिकारी लातेहार के मोटरयान निरीक्षक सहित बस आॅनर एसोसिएशन, बस संचालकों की ओर से सत्येंद्र कुमार सिंह, असगर हुसैन, राजकुमार पांडेय, प्रभु दयाल सिंह, मंसूर खान, नागेंद्र आदि उपस्थित थे।

Published / 2024-03-13 21:29:00
पलामू : प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा ने ग्रहण किया पदभार

कार्यालय और विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। बाल किशुन मुंडा (भाप्रसे) ने आज पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व वे दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची के प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदस्थापित थे। साथ ही पलामू प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। 

कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा जारी अधिसूचना से श्री मुंडा पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में नियुक्त एवं पदस्थापित किये गये हैं। पदभार ग्रहण के उपरांत गढ़वा के उपायुक्त शेखर जमुआर, आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। 

आयुक्त श्री बाल किशुन मुंडा ने कार्यालय के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों से उनका परिचय प्राप्त किया और उनके कार्य से अवगत हुए। 

आयुक्त ने आयुक्त कार्यालय भवन में अवस्थित प्रमंडलीय जनसंपर्क कार्यालय, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक का कार्यालय, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार कार्यालय, उपनिदेशक कल्याण कार्यालय, उपनिदेशक पंचायती राज्य कार्यालय सहित नजारत शाखा, सचिव कक्ष, सभागार, कांफ्रेंस रूम आदि विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से ईमानदारीपूर्वक कर्तव्य निर्वहन का निदेश दिया।

Published / 2024-03-13 21:20:25
लोहरदगा : भूमि विवाद में युवक की हत्या का आरोपी पुलिस हिरासत में

टीम एबीएन, लोहरदगा। जमीन विवाद को ले पतलो ग्राम में दो पक्षो के बीच हुआ मार पीट टांगी के प्रहार से एक कि हुई मौत सूचना पर पहुंची पुलिस। लोहरदगा जिला अंतर्गत सेन्हा थाना क्षेत्र के झलजमीरा पंचायत के पतलो ग्राम में जमीन विवाद में टांगी से मार कर एक युवक की हत्या कर दिया गया। 

बताया जाता है कि पतलो  निवासी दिगम्बर चिक बड़ाइक का पुत्र प्रदीप चिक बड़ाइक (26) और पिता दिगंबर चिक बड़ाइक द्वारा पिता पुत्र मिलकर पुराना जमीन विवाद में गांव के ही हौड़ा चिक बड़ाइक का 30 वर्षीय पुत्र ईश्वर चिक बड़ाइक को टांगी से मार कर हत्या कर दिया। मृतक का गर्दन व सिर में गहरे चोट का निशान है। 

ग्रामीणों द्वारा प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार सिंह को सूचना मिलते ही उनके निर्देश पर एस आई मनोज कुमार दल बल के साथ घटना स्थल पहुंच शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया गया तथा हत्यारोपी प्रदीप चिक बड़ाइक और उसके पिता दिगंबर चिक बड़ाइक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछ ताछ कर अग्रतर करवाई में जुट गयी है।

Published / 2024-03-13 10:16:18
झारखंड : होली में राज्य कर्मियों पर "रंग के साथ धन बरसे"

झारखंड का बजट

झारखंड के कर्मचारियों को चंपाई सोरेन सरकार ने होली का तोहफा दिया है। कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा दिया गया है। वहीं सरकार ने पंचायत सचिवालय स्वयंसेवकों को भी संतुष्ट करने की कोशिश की है।

टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार के कर्मियों का महंगाई भत्ता बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के नेतृत्व में मंगलवार 12 मार्च को हुई कैबिनेट की बैठक में 30 प्रस्तावों पर मंजूरी प्रदान करते हुए राज्य सरकार के कर्मियों का महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2024 से बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की गयी। चार प्रतिशत की वृद्धि होने के बाद अब राज्य सरकार के कर्मियों को 50 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा।

महंगाई भत्ता की बढ़ी हुई दर से सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके परिजनों को भी मिलेगी। इसके अलावा सरकार ने लंबे समय से आंदोलन कर रहे पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक को संतुष्ट करने की कोशिश की है। इसके तहत ग्राम स्तर पर खोले जा रहे हेल्प डेस्क में इन्हें संविदा के आधार पर एक वर्ष के लिए रखा जायेगा। इसके लिए 2500 रुपया प्रतिमाह प्रति स्वयंसेवक को भुगतान किया जायेगा।

कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने कैबिनेट में लि गए निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य के प्राइमरी स्कूलों में क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा की पढ़ाई के लिए घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति का फैसला लिया गया है जिसके तहत प्रति घंटे 200 रुपया और अधिकतम प्रतिदिन 600 रुपया का भुगतान किया जायेगा। इन शिक्षकों का कार्य अवधि प्रतिमाह 25 दिनों का होगा।

कैबिनेट के महत्वपूर्ण फैसले

  • राज्य के बीपीएल श्रेणी के तीर्थयात्रा कराने संबंधी योजना में झारखंड के 11 तीर्थ स्थल और देशभर में 30 स्थलों को जोड़ा गया।
  • झारखंड भवन नई दिल्ली के निर्माण के लिए पुर्नरीक्षित राशि की स्वीकृति।
  • मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गिरीडीह, चतरा में पथ निर्माण की स्वीकृति।
  • सरकारी गैर सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के वर्ग 1 से 8 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के मूल्यांकन की स्वीकृति दी गयी। 
  • परिवहन भत्ता में संशोधन लेवल वन और टू श्रेणी के कर्मियों को मिलेगा लाभ।
  • खूंटी सहित 8 नये पॉलिटेक्निक संस्थान का संचालन प्रेझा फॉउडेशन के द्वारा की जाने की स्वीकृति।
  • पथ प्रमंडल रांची के डीएवी पुदांग से हेहल तक 4 लेन सड़क के लिए राशि की प्रशासनिक स्वीकृति। 
  • सरकारी सेवकों के आवास किराया भत्ता के अनुमान्य की स्वीकृति। 
  • पंचम विधानसभा के बजट सत्र के सत्रावसान की स्वीकृति।
  • वन क्षेत्र पदाधिकारियों की सेवा अवधि विस्तारित करने की स्वीकृति। 
  • एक-एक वर्ष विस्तार के साथ अधिकतम तीन साल तक विस्तार होगा। 
  • सहायक वन संरक्षकों की सेवा अवधि विस्तार की स्वीकृति। 
  • एक-एक वर्ष विस्तार के साथ अधिकतम तीन साल तक विस्तार होगा।
  • राज्य के प्राइमरी स्कूल में जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा की पढाई के लिए घंटी आधारित शिक्षकों से पढाई होगी। 
  • प्रत्येक घंटी 200 रुपये और अधिकतम 600 रुपये तक प्रतिदिन शिक्षकों को मिलेंगे। 
  • अधिकतम कार्य दिवस 25 दिन प्रति माह होगा।
  • बंदगांव में डिग्री महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति।
  • राज्य सरकार के कर्मियों को महंगाई भत्ता बढ़ा। 
  • 1 जनवरी 2024 से होगा प्रभावी। 
  • पेंशनभोगियों को भी मिलेगा लाभ। 
  • अब 50 फीसदी मिलेगा महंगाई भत्ता।
  • पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक से हेल्पडेस्क में काम लिया जायेगा। 
  • ग्राम सभा के अनुशंसा के आधार पर एक साल से कार्य अवधि बढ़ाई जा सकेगी। 
  • 2500 रुपया प्रतिमाह मिलेगा भत्ता।

Published / 2024-03-12 22:15:07
अंजनी मिश्र ने संभाला दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त का पदभार

टीम एबीएन, रांची। अंजनी कुमार मिश्र ने आज दक्षिणी छोटानागपुर प्रमण्डल के 27वें आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैंच के अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, में विशेष सचिव, के पद पर कार्यारत थे। 

इस अवसर पर आयुक्त के सचिव जुल्फिकार अली, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी, गौतम कुमार भगत, परिवहन आयुक्त समेत आयुक्त कार्यालय के पदाधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Published / 2024-03-12 22:07:26
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की अध्यक्षता में 12 मार्च 2024 को मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की अध्यक्षता में 12 मार्च 2024 को मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गयी। जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। जिनमें प्रमुख हैं : 

★ पावर ग्रिड कॉरपोरेशन लि० द्वारा झारखण्ड कन्सल्टेंसी परियोजना अन्तर्गत निर्माणाधीन 400 के०वी० चन्दवा-लातेहार एवं 400 के०वी० पतरातू -लातेहार संचरण लाईन में कन्डक्टर एवं टावर पार्ट की चोरी की घटना के संबंध में सचिव (पावर), विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अनुशंसा पर सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई।

★ राज्य के बी०पी०एल० श्रेणी के वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा कराये जाने संबंधी योजना "मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना" के अन्तर्गत नये तीर्थ गंतव्यों को शामिल करने की स्वीकृति दी गई।

★ झारखण्ड वित्त नियमावली के नियम 235 को नियम 245 के तहत शिथिल करते हुए जलछाजन विकास अवयव परियोजनाओं के अन्तर्गत Land Resource Inventory (LRI) तकनीक के उपयोग हेतु ICAR-National Bureau of Soil Survey and Land Use Planning (NBSS & LUP), Regional Centre-Kolkata, Department of Agricultural Research and Education (DARE), Ministry of Agriculture and Farmers Welfare, Govt. of India को मनोनयन की स्वीकृति दी गई।

★ Construction of New Jharkhand Bhawan at Bangla Sahib Road, New Delhi हेतु राशि-105,29,87,500/- (एक सौ पाँच करोड़ उनतीस लाख सतासी हजार पाँच सौ रूपये) मात्र के पुनरीक्षित तकनीकी स्वीकृति प्रदत्त प्राक्कलन पर पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ झारखण्ड राज्यान्तर्गत सरकारी विद्यालय के वर्ग-9 से 12 में नामांकित एवं अध्ययनरत् सभी कोटि के छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराये जा रहे निःशुल्क पाठ्य पुस्तक की राशि में वृद्धि की स्वीकृति दी गई।

★ मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत प्रशासनिक दृष्टिकोण से अनुशंसित कार्य प्रमण्डल चाईबासा के टोन्टो प्रखण्ड अधीन कुईरा से हाथीबुरु, उसीपी से बोडाम भाया मरादिरी तक पथ (लं०-24.94 कि०मी०) की रू०-3616.076 (छत्तीस करोड़ सोलह लाख सात हजार छः सौ मात्र) की लागत पर पथ के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना अंतर्गत ग्रागीण कार्य विभाग, चतरा प्रमण्डल के सिमरिया प्रखण्ड के अधीन चतरा-राँची पथ जबड़ा से दुनदाग ग्राम भाया अरसेल तक पथ सुदृढ़ीकरण कार्य का पुनरीक्षित प्राक्कलन रू० 348.159 लाख (तीन करोड़ अड़तालीस लाख पन्द्रह हजार नौ सौ रू०) की लागत पर प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ राज्य के सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्रारंभिक विद्यालयों में अध्ययनरत् कक्षा 1 से 7 एवं सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) तथा झारखण्ड निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार नियमावली, 2011 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त एवं आवेदित तथा अनुदानित प्रारंभिक विद्यालयों के कक्षा-8 में अध्ययनरत् विद्यार्थियों का प्रतिवर्ष मूल्यांकन संबंधी कार्यक्रम की स्वीकृति दी गई।

★ वित्त विभागीय संकल्प संख्या 737/ वि० दिनांक 27.03.2018 द्वारा अनुमान्य किये गये परिवहन भत्ता में संशोधन की स्वीकृति दी गई।

★ W.P.(S) No-2598/2015 संजय कुमार बनाम झारखण्ड राज्य एवं अन्य वाद में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिनांक 06.11.2017 को पारित न्यायादेश एवं तद्नुरूप दिनांक-21.12.2023 को सम्पन्न विभागीय प्रोन्नति समिति की अनुशंसा के आलोक में झारखण्ड सचिवालय लिपिकीय सेवा के वरीय सचिवालय सहायक कोटि (पी० बी०- 1. रु0 5200-20200/-, ग्रेड पे० रु० 2400/-, पुनरीक्षित वेतनमान मैट्रिक्स लेवल-4) से झारखण्ड सचिवालय सेवा के अंतर्गत सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (पी. बी. II, रू0 9300-34800/-, ग्रेड पे. रु0 4600, पुनरीक्षित वेतनमान मैट्रिक्स लेवल-7) में शैक्षणिक प्रमाण पत्र की संपुष्टि की तिथि को भूतलक्षी प्रभाव से प्रोन्नति दिये जाने की स्वीकृति दी गई।

★ उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभागान्तर्गत 08 नये राजकीय पोलिटेकनिक संस्थान यथा राजकीय पोलिटेकनिक, खूँटी, चतरा, लोहरदगा, हजारीबाग, जामताड़ा, गोड्डा, बगोदर एवं पलामू का PanIIT Alumni Reach for Jharkhand Foundation (PREJHA Foundation) के सहयोग से संचालन किये जाने हेतु अनुमानित व्यय रूपये 77.60 करोड़ (सत्तहतर करोड़ साठ लाख रूपये) मात्र की स्वीकृति दी गई।

★ पथ प्रमंडल, जमशेदपुर अन्तर्गत "मुसाबनी-डुमरिया - आस्था-कोईमा से उड़ीसा बोर्डर (कुल लम्बाई-47.30 कि०मी०) का राईडिंग क्वालिटी में सुधार (Improvement of Riding Quality) कार्य" हेतु रू0 25,82,26,800/- (पच्चीस करोड़ बेरासी लाख छब्बीस हजार आठ सौ रू०) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने की स्वीकृति दी गई।

★ पथ प्रमंडल, रांची अन्तर्गत "DAV Pundag से DAV Hehal पथ (कुल लम्बाई-1.878 कि०मी०) का चार लेन पथ निर्माण कार्य (भू-अर्जन, R&R, एवं युटिलिटी शिफ्टींग सहित)" हेतु रू0 102,68,99,200/- (एक सौ दो करोड़ अड़सठ लाख निन्यानबे हजार दो सौ रू०) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ दुमका अन्तर्गत "गुमरो से घासीमारनी (फतेहपुर) पथ भाया गाड़ापाथर पथ (कुल लम्बाई - 19.920 कि0मी0) को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित करते हुए चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण/पुनर्निर्माण कार्य (पुल कार्य, भू-अर्जन, युटिलिटी शिफ्टींग एवं R&R सहित)" हेतु रू0 88,95,98,100/- (अठ्ठासी करोड़ पन्चानबे लाख अन्ठानबे हजार एक सौ रू०) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ दुमका जिलान्तर्गत "रानीबहाल (MDR-197 पर) -बलिराम-शहरघाटी भाया रंगलिया- रानेश्वर पथ (चिरूडीह से कारीकादोर लिंक पथ सहित) (कुल लंबाई-14.515 कि0मी0) को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित करते हुए चौड़ीकरण, मजबूतीकरण/पुनर्निर्माण कार्य (पुलों के निर्माण, भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग एवं Resettlement & Rehabilitation सहित)" हेतु रू0 65,65,08,800/- (पैंसठ करोड़ पैसठ लाख आठ हजार आठ सौ रू०) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ राज्य के सरकारी सेवकों का आवास किराया भत्ता की अनुमान्यता की स्वीकृति दी गई।

★ स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अन्तर्गत झारखण्ड पारामेडिकल राज्य स्तरीय संवर्ग (भर्ती, प्रोन्नति एवं अन्य सेवा शर्त) नियमावली 2024 के गठन की स्वीकृति दी गई।

★ पंचम झारखण्ड विधान सभा का पंचदश (बजट) सत्र (दिनांक 23.02.2024 से 02.03.2024) के सत्रावसान हेतु मंत्रिपरिषद् की स्वीकृति दी गई।

★ झारखण्ड भूतात्विक सेवा नियमावली, 2011 के भाग-II के नियम 3 के उपकंडिका 3.1 (क) V में संशोधन की स्वीकृति दी गई।

★ वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वन क्षेत्र पदाधिकारियों की सेवा अवधि 03 वर्षों तक विस्तारित किए जाने की स्वीकृति दी गई।

★ वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सहायक वन संरक्षकों की सेवा अवधि 03 वर्षोंतक विस्तारित किए जाने की स्वीकृति दी गई।

★ जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत राज्य के सभी 24 जिले के प्राथमिक विद्यालयों/प्राथमिक कक्षा वाले विद्यालयों (प्रत्येक विद्यालय में एक) के अंतर्गत सर्वेक्षण के आधार पर जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा के संवर्दीकरण हेतु चिन्हित विद्यालयों में जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा माचेत/ मास्टर के चयन, मानदेय आदि के निर्धारण हेतु संशोधित प्रस्ताव की स्वीकृति दी गई।

★ कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया में डिग्री महाविद्यालय के निर्माण कार्य हेतु रू० 36,64,47,000/- (छत्तीस करोड़ चौसठ लाख सैतसलीस हजार रूपये) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगाँव में डिग्री महाविद्यालय के निर्माण कार्य हेतु रू० 39,07,85,000/- (उनचालीस करोड़ सात लाख पच्चासी हजार रूपये) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ नीलाम्बर पीताम्बर विश्वविद्यालय, पलामू अंतर्गत गढ़वा जिले के मेराल में डिग्री महाविद्यालय के निर्माण कार्य हेतु रू० 36,26,39,000/- (छत्तीस करोड़ छब्बीस लाख उनचालीस हजार रूपये) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका में डिग्री महाविद्यालय के निर्माण कार्य हेतु रू०  39,94,08,900/- (उनचालीस करोड़ चौरानवे लाख आठ हजार नौ सौ रूपये) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

★ दिनांक 01.01.2016 से पुनरीक्षित / प्रभावी राज्य सरकार के पेंशन / पारिवारिक पेंशनभोगियों को 01 जनवरी, 2024 के प्रभाव से महँगाई राहत की दरों में अभिवृद्धि की स्वीकृति दी गई। राज्य सरकार के पेंशन/पारिवारिक पेंशनभोगियों को पुनरीक्षित वेतनमान / वेतन संरचना (सातवाँ वेतनमान) में दिनांक 01.01.2024 के प्रभाव से महँगाई राहत की वर्त्तमान दर को 46% (छियालीस प्रतिशत) की विद्यमान दर में 4% (चार प्रतिशत) की अभिवृद्धि करते हुए 50% (पचास प्रतिशत) स्वीकृत किया गया है।

★ राज्य सरकार के कर्मियों को दिनांक 01.01.2016 से प्रभावी पुनरीक्षित वेतनमान (सातवें केन्द्रीय वेतनमान) में दिनांक 01 जनवरी, 2024 के प्रभाव से महँगाई भत्ता की दरों में अभिवृद्धि की स्वीकृति दी गई। अब राज्य कर्मियों को पुनरीक्षित वेतनमान / वेतन संरचना (सातवाँ वेतनमान) में दिनांक 01.01.2024 के प्रभाव से महँगाई भत्ते की दर को 46% (छियालीस प्रतिशत) की विद्यमान दर में 4% (चार प्रतिशत) की अभिवृद्धि करते हुए 50% (पचास प्रतिशत) स्वीकृत किया गया है।

★ पंचायत सचिवालय के गठन प्रक्रिया हेतु निर्गत संकल्प में संशोधन की स्वीकृति दी गई।

★ केन्द्र प्रायोजित योजना प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-1 अंतर्गत भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2016-17 में स्वीकृत L040-श्रीरामपुर से काशियाडण्डा तक पथ के निर्माण हेतु स्वीकृत 190.50 लाख को पुनरीक्षित करते हुए कुल 306.75 लाख पर पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृत्ति तथा अतिरिक्त राशि 116.25 लाख रूपये को राज्यांश मद से व्यय करने की स्वीकृत्ति दी गई।

Published / 2024-03-12 22:04:44
झारखंड मंत्रिपरिषद् की बैठक 16 को

टीम एबीएन, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने सूचित किया है कि मंत्रिपरिषद् की बैठक, शनिवार, दिनांक 16 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे से झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन )स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।

Page 623 of 1701

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse