झारखंड

View All
Published / 2024-03-15 19:56:51
एचइसी की हकीकत : न कार्यशील पूंजी न भुगतान के लिए पैसे

बंद होने के कगार पर पहुंचा एचईसी

न है कार्यशील पूंजी, न ही कर्मियों के भुगतान के लिए पैसे 

टीम एबीएन, रांची। हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचइसी) बंदी के कगार पर पहुंच गया है। कंपनी गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। कंपनी के पास न कार्यशील पूंजी है और ही कर्मियों के लिए वेतन भुगतान के पैसे। कर्मियों को 20 माह और अधिकारियों को 24 माह से वेतन नहीं मिल रहा है। वहीं कंपनी पर देनदारी 1500 करोड़ रुपये से अधिक हो गयी है। 

एचइसी के तीनों प्लांट में उत्पादन ठप रहने से मशीनें जंग खा रही है। करोड़ रुपये के बड़े-बड़े फर्नेस, लेथ मशीन, गैस प्लांट मेंटेनेंस के अभाव में बंद पड़े हैं। इन मशीनों को फिर से चालू करने में करोड़ों रुपये खर्च करने होंगे। एचइसी के वर्तमान हालात से रूबरू करा रहे हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी

एचइसी के अधिकारी बताते हैं कि एचइसी के एफएफपी प्लांट में 30 टन के दो फर्नेस, 10 टन के 01 फर्नेस, 05 टन के 01 फर्नेस के अलावा एचएमबीपी व एचएमटीपी में हीट ट्रीटमेंट प्लांट बंद पड़े हैं। वहीं तीनों प्लांट में 15 गैस प्लांट हैं, जिसमें 6 से 7 चालू स्थिति में हैं। वह भी आंदोलन के कारण अभी बंद पड़े हैं। जबकि शेष मेंटेनेंस के अभाव में बंद पड़े हुए हैं।  

जंग खा रही हैं मशीनें 

वहीं 6000 टन का प्रेस मशीन खराब पड़ा है। 2650 टन प्रेस मशीन, हैमर, हिटिंग फर्नेस, ईओटी क्रेन काम नहीं होने के कारण जंग खा रहे हैं। इन मशीनों से फिर से काम लेने में महीनों का समय और मैन पावर लगेगा। वहीं करोड़ों रुपये के लुब्रिकेंट की आवश्यकता भी पड़ेगी। अधिकारी बताते हैं 70 से 80 अभियंता एचइसी की वर्तमान स्थिति को देखते हुए दूसरी कंपनियों में चले गये हैं। जो इंजीनियर बचे हैं, उनका इस्तेमाल नहीं हो रहा है। 

250 करोड़ रुपये से अधिक नुकसान में 

एचइसी के पास लगभग 1200 करोड़ रुपये का कायार्देश विभिन्न कंपनियों से मिला है। लेकिन कार्यशील पूंजी के अभाव में उत्पादन ठप पड़ा है। चालू वित्तीय वर्ष में एचइसी अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहा है। अधिकारी बताते हैं कि एचइसी चालू वित्तीय वर्ष के दिसंबर माह तक 250 करोड़ रुपये से अधिक के घाटे में है। 

संकट से उबरने के लिए पैकेज की मांग 

एचइसी के निदेशकों ने वित्तीय संकट से उबरने के लिए भारी उद्योग मंत्रालय से आर्थिक पैकेज की मांग की थी। अधिकारी बताते हैं कि एचइसी द्वारा भेजे गये प्रस्ताव पर मंत्रालय की ओर से कहा गया कि अपने संसाधन से एचइसी को चलायें। 

वहीं एचइसी ने आवासीय परिसर के खाली पड़े एक हजार एकड़ जमीन में से 200 एकड़ जमीन दीर्घकालीन लीज पर देकर कार्य पूंजी की व्यवस्था करने, बैंक गारंटी देने की भी मांग की है। लेकिन प्रबंधन का यह प्रस्ताव अभी भी मंत्रालय में विचाराधीन है। वहीं प्रबंधन ने बिजली बिल का बकाया 180 करोड़ का भुगतान करने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम की चेतावनी की भी जानकारी भारी उद्योग मंत्रालय को दी है।

Published / 2024-03-15 17:48:45
नेवरी से 17 किमी की ध्वजा निशान पदयात्रा 17 मार्च को, तैयारियां पूरी

टीम एबीएन, रांची। श्री श्याम ध्वजा पदयात्रा समिति रांची के तत्वधान मे श्री श्याम प्रभु का ध्वजा निशान पदयात्रा की तैयारीयां पूरी कर ली गई है। समिति के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि 17 मार्च दिन रविवार को नेवरी विकास विद्यालय के समीप श्री दुर्गा मंदिर से सुबह 8 बजे बाबा श्री श्याम का ध्वजा पदयात्रा शुरू होगी।

यह यहां से होकर नगर के प्रमुख मार्गो बूटी मोड़, बरियातू रोड, अप्पर बाजार का भ्रमण करते हुए श्री खाटू श्याम मंदिर हरमू रोड रांची में बाबा श्री श्याम को ध्वजा निशान अर्पित किए जाने के साथ समाप्त होगी। इस यात्रा की दूरी भी खाटू धाम की परंपरा अनुसार 17 किलोमीटर की है। 17 मार्च को नेवरी जाने हेतु सुबह 6 बजे से 6:30 बजे तक हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर से बस की व्यवस्था भी श्याम भक्तों के लिए उपलब्ध रहेगी। 

नेवरी धाम से रांची धाम तक की 17 किलोमीटर की श्री श्याम ध्वजा पदयात्रा मे सैकड़ो श्याम भक्त शामिल होंगे। भक्तों के लिए यात्रा के मध्य में विश्राम एवं शुद्ध पेयजल, शरबत, भोजन प्रसादी की अनुपम व्यवस्था भी की गई है। तथा पदयात्रा में श्याम भक्त पारंपरिक पोशाकों के साथ श्री श्याम ध्वजा को लहराते हुए सुमधुर भजनों से पूरे वातावरण को खाटू श्री श्याम भक्तिमय करेंगे।

पूरे मार्ग में जगह-जगह कई सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी श्याम भक्तों का स्वागत किया जायेगा। इस यात्रा में जो भी भक्त सम्मिलित होना चाहते हैं,वे अति शीघ्र संपर्क कर अपना नाम लिखवाकर ध्वजा पदयात्रा कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। 

कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु श्री श्याम ध्वजा पदयात्रा समिति के गोपाल मुरारका, ललित कुमार पोद्दार, अशोक लाड़िया, मनोज खेतान, राजेश ढांढनिया, हरि परशुरामपुरिया, रवि चौधरी, संजय परशुरामपुरिया, आनंद चौधरी, प्रदीप अग्रवाल, प्रमोद परशुरामपुरिया, नवीन डोकानियां, संजय सर्राफ सहित अन्य श्याम भक्त अपना पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। 

समिति के सदस्यों ने कहा कि फागुन महीने सभी श्याम भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। यूं तो श्री खाटू श्याम (राजस्थान) में अब सालों भर बाबा का ध्वजा (निशान) चढ़ाये जाने लगे हैं। पर इस पावन महीने लाखों की संख्या में निशान बाबा श्री श्याम को भक्त अर्पित करते हैं। 

खाटू धाम में यह परंपरा है कि बाबा की ध्वजा भक्त खाटू धाम के समीप रींगस से उठाकर 17 किलोमीटर की पदयात्रा कर श्री श्याम प्रभु को अर्पित करते हैं। इसी परंपरा के अनुसार समिति के द्वारा रांची मे विगत दो वर्षों से इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि मान्यता है कि जो भी भक्ति श्री श्याम प्रभु की निशान को अपनी मन की बात कहता है और उसे सच्चे विश्वास से बाबा श्री श्याम प्रभु को अर्पित करता है तो बाबा उन भक्तों को सारी मुरादें पूरी करते हैं। उक्त जानकारी श्री श्याम ध्वजा पदयात्रा समिति रांची के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2024-03-15 12:28:59
हजारीबाग : बिहार TRE-3 परीक्षा मामले में 200 से ज्यादा छात्रों को झारखंड पुलिस ने रोका

  • सभी से हो रही पूछताछ, पेपर लीक की आशंका

टीम एबीएन, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में प्रशासन ने 200 से अधिक छात्रों को पेलावल थाना क्षेत्र के कोहिनूर होटल में रोका है। बताया जा रहा है कि ये सभी छात्र बिहार में आयोजित परीक्षा में हिस्सा लेने जा रहे थे। तभी इसकी भनक हजारीबाग पुलिस को लग गयी।

प्रशासन ने दो गाड़ियों में छात्रों को रोका है। नगवां टोल प्लाजा के पास कुछ गाड़ियों को रोका गया है। सभी छात्रों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बिहार में शुक्रवार को हो टीआरई-3 परीक्षा आयोजित है। इसी परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को हजारीबाग लाया गया था।

बताया जा रहा है कि छात्रों को प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया गया था और पिछले दो दिनों से उन्हें पढ़ाया जा रहा था। शुक्रवार को छात्र अलग-अलग बस से परीक्षा स्थल के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिली, जिसके आधार पर या ऑपरेशन चलाया गया। यह पूरा मामला बीपीएससी TRE-3 से जुड़ा हुआ है।

हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने फोन पर यह जानकारी दी कि छात्रों से पूछताछ की जा रही है। पूरा मामला प्रश्न पत्र लीक से जुड़ा हुआ है। अब यह जांच का विषय है कि जो प्रश्न पत्र छात्रों से बरामद किया गया है, वह प्रश्न क्या परीक्षा में आये हैं या नहीं। इसे लेकर बिहार पुलिस से भी संपर्क स्थापित किया जा रहा है।

Published / 2024-03-14 21:17:13
बिना सोचे-समझे आरोप न लगाये झारखंड सरकार : साध्वी निरंजन

झारखंड सरकार को बिना सोचे समझे केंद्र पर नहीं लगाना चाहिए कोई आरोप, गिरिडीह में बोलीं केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री सह यूपी सांसद और भाजपा की फायर ब्रांड नेताओं में एक साध्वी निरंजन ज्योति गुरुवार को गिरिडीह पहुंची। यहां साध्वी निरंजन ज्योति ने चंपई सरकार पर जमकर हमला बोला। 

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राज्य के चंपई सोरेन सरकार को बगैर सोचे समझे कोई आरोप केंद्र सरकार पर नहीं लगाना चाहिए क्योंकि केंद्र की मोदी सरकार हर राज्य को उनके डिमांड के अनुसार फंड दे रही है। झारखंड पर मोदी सरकार की खास नजर है। 

अगर मोदी सरकार भेदभाव करती तो झारखंड में मनरेगा योजना फ्लॉप रहता। गांव-गांव पीएम आवास योजना नहीं बन पाता और न ही शौचालय योजना ही राज्य में सही से ग्रामीण इलाकों तक पहुंच पाता। 

एक सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि उअअ के विरोध करना देश के विपक्षी दलों का कोई नया एजेंडा नहीं है, बल्कि हर मुद्दे पर विरोध होता रहा है। 

उन्होंने कहा कि दूसरे देश में रहकर सालों तक प्रताड़ित होते रहे हिंदू, जैन, सिख और पारसी समुदाय को उनका अधिकार दिलाने का ये एक्ट था और विपक्षी दलों ने कभी ये एक्ट को सही से पढ़ा तक नहीं और देश के लोगो को भड़काना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में गांव-गांव में योजना लागू हुआ है, लेकिन विपक्षी दल को ये नजर नहीं आता।

Published / 2024-03-14 21:14:40
गिरिडीह : कोदाईबांक डैम में डूबने से युवक की मौत

टीम एबीएन, गिरिडीह। जिले के कोदाईबांक डैम में मछली मारने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गयी है। मृतक की पहचान सोभान टुडू के रूप में हुई है। फिलहाल, स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों के द्वारा डूबे व्यक्ति की तलाश जारी है।

वहीं घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

Published / 2024-03-14 21:14:08
विभिन्न मांगों को लेकर बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य गेट को किया जाम

बोकारो स्टील प्लांट के मेन गेट को लोगों ने किया जाम, नियोजन और मुआवजे की कर रहे हैं मांग 

टीम एबीएन, बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट में काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गयी। जिसके बाद नियोजन और मुआवजे की मांग को लेकर मृत ठेका मजदूर के परिजन और स्थानीय लोगों ने बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर दिया है। 

बुधवार की रात्रि से ही अनिश्चितकालीन धरना जारी है। बीएसएल प्रबंधन ने परिजनों से अभी तक वार्ता नहीं की है। दरअसल बुधवार को बोकारो स्टील प्लांट के कोक ओवन विभाग के कोल हैडलिंग एरिया में कार्यरत मेसर्स एचईएमएस कॉर्पोरेशन के 40 वर्षीय ठेका मजदूर अशोक कुमार महतो की मौत हो गयी। 

अशोक जनरल शिफ्ट में कार्यरत था। इस दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गयी। मौजूद कर्मचारियों ने उसे प्लांट के मेडिकल यूनिट में भर्ती कराया। जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बीएसएल प्रबंधन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पायेगा। 

इधर, अशोक महतो की मौत के बाद नियोजन की मांग को लेकर परिजनों ने बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य गेट को बुधवार की रात जाम कर दिया। परिजनों का कहना है कि अशोक कुमार स्वस्थ अवस्था में प्लांट में काम करने गये थे, लेकिन, अचानक उसकी मृत्यु किस वजह से हुई, इसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। कंपनी के नियम और प्रावधान के मुताबिक परिजनों को नौकरी और मुआवजा दिया जाना चाहिए।

Published / 2024-03-14 20:59:50
झारखंड : 16 मार्च को बारिश के आसार

झारखंड में 16 मार्च को इन इलाकों में हो सकती है बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में एक बार फिर मौसम में बड़े बदलाव की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 16 से 18 मार्च तक राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। जानकारी के अनुसार 16 मार्च को उत्तरी-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे के बारिश की संभावना है। 

वहीं, 17 और 18 मार्च को कई इलाकों में बारिश की आशंका है। मौसम में इस बदलाव के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम में बदलाव की बड़ी वजह है पश्चिमी विक्षोभ है। जो कि 12 मार्च को देश में दस्तक दे चुका है। इस वजह से अगले 24 घंटे में सिक्किम, अरूणाचल, पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है। 

इसका असर झारखंड में कुछ दिनों बाद देखने को मिलेगा। वहीं आज राजधानी रांची में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Published / 2024-03-14 12:02:47
पलामू : एनएच 98 पर भीषण हादसे में दो की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। नेशनल हाइवे 98 पर कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर हुई है। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गयी थी। जबकि एक महिला समेत दो की मौत भी हो गयी है। 

मृतकों में एक महिला जबकि एक युवक शामिल है। मृतक महिला गिरिडीह की रहने वाली थी, जबकि युवक पलामू के छतरपुर का रहने वाला था। घटना बुधवार की देर रात की है।

दरअसल पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे 98 पर एक कार डालटनगंज की तरफ तेजी से जा रही थी। इसी क्रम में सामने से आ रही एक बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गयी, जबकि कार के परखच्चे उड़ गये थे। 

दुर्घटना में बाइक सवार कलीन्द्र उरांव और कार सवार महिला प्रभा कुमारी शर्मा की मौके पर मौत हो गयी। छह अन्य लोग जख्मी हो गये है, जिन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया है।

मृतक कलींद्र उरांव छतरपुर थाना क्षेत्र के मंदेया का रहने वाला था। कलींद्र की बाइक पर तीन अन्य युवक भी सवार थे, सभी युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। छतरपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगो की मौत हुई है।

जबकि जख्मी को इलाज के लिए भेजा गया है। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गयी थी, जिसे स्थानीय ग्रामीण और पुलिस ने मिलकर बुझा दिया था।

दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण सड़क जाम करने की फिराक में थे लेकिन पुलिस अधिकारियों के द्वारा समझा देने के बाद वह शांत हो गये थे। दरअसल, पलामू के छतरपुर के इलाके में नेशनल हाइवे 98 फोर लेने हो गया है और गाड़ियां तेज गति से गुजरती। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी पहुंच गये हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

Page 622 of 1701

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse