हजारीबाग में जेवर दुकान में फायरिंग, नकली गहने लेकर भागे अपराधी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले के सदर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी रोड स्थित गीतांजलि ज्वेलर्स में लूट की घटना हुई है। तीन अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दुकान में रखे आभूषण लूट लिये।
सभी अपराधियों ने अपने चेहरे छुपा रखे थे। दुकान में मौजूद दुकानदार और स्टॉफ को डराने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की गयी। वहीं बताया जा रहा है कि अपराधी जो आभूषण लूटकर ले गये हैं, वह सभी नकली हैं।
आभूषणों की दुकानें आमतौर पर आर्टिफिशियल आभूषणों से सजी होती हैं। अपराधी यही आभूषण साथ ले गये हैं।
घटना शनिवार की रात दुकान बंद करने से ठीक पहले करीब 9:04 बजे की बतायी जा रही है। तीनों अपराधी हथियार से लैस थे।
कुछ ही देर में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और भाग निकले। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह, सीडीपीओ और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच में जुटे हैं।
सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश अपराधी घुसते दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने दुकान में घुसते ही फायरिंग कर दी। इससे दुकान संचालक मिंटू सोनी व अन्य लोग डर गये। कुछ ही मिनटों में अपराधी आभूषण लूटकर फरार हो गये।
अपराधियों में से एक ने मंकी कैप और दो ने मास्क पहन रखा था। तीनों अपराधी नवयुवक हैं। उनकी गतिविधियों से ऐसा लगता है कि वह कोई पेशेवर अपराधी नहीं है। घटना के बाद दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। 8 दिन पहले भी इसी दुकान का ताला टूटा था।
टीम एबीएन, रांची। लोकसभा चुनाव 2024 का ऐलान हो गया है। झारखंड में इस बार भी 4 चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। संसदीय चुनाव की शुरूआत 13 मई से शुरू होगी और यह 1 जून 2024 तक चलेगा। राजधानी रांची, जमशेदपुर, धनबाद औह गिरिडीह में 25 मई को वोटिंग होगी। देश भर में इस बार 7 चरणों में चुनाव कराये जा रहे हैं।
झारखंड में पहले चरण की वोटिंग 13 मई को होगी। इस दिन 4 सीट पर चुनाव कराए जाएंगे। अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित पलामू लोकसभा के अलावा अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 3 अन्य लोकसभा सीटों पर भी चुनाव कराये जायेंगे।
पहले चरण में सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा (तीनों अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित लोकसभा क्षेत्र) सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, पलामू में भी इसी दिन मतदान कराया जाएगा।
झारखंड में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग 20 मई को होगी, जिसमें तीन सामान्य सीटों पर चुनाव होंगे। चतरा, कोडरमा और हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में वोट पड़ेंगे।
तीसरे चरण की वोटिंग 25 मई को होगी। इस दिन 4 लोकसभा क्षेत्र के लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। ये सभी 4 सीटें (गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर) सामान्य सीटें हैं।
संताल परगना की तीन लोकसभा सीटों के लिए चौथे और अंतिम चरण में वोटिंग होगी। देश के सातवें और झारखंड के चौथे चरण का मतदान 1 जून 2024 को होगा। इस दिन अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित दो सीटें राजमहल और दुमका में वोटिंग होगी। गोड्डा संसदीय सीट सामान्य सीट है, इस पर भी 1 जून को ही वोट पड़ेंगे। 4 जून को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित हो जाएंगे।
टीम एबीएन, रांची। श्याम सहारा परिवार धुर्वा ने 15 मार्च की संध्या 6 बजे से धुर्वा सेक्टर 3 दुर्गा पूजा पंडाल में फागुन महोत्सव सह कीर्तन का आयोजन किया। कीर्तन में फरीदाबाद से आये भजन सम्राट अंकित शर्मा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। खाटू के पंडित प्रियांशु मिश्रा ने पूजा अर्चना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्याम सहारा परिवार धुर्वा के अध्यक्ष सिंटू सिंह, प्रकाश जी, पवन केसरी, रोहित कुमार, अमर आर्य, चुन्नू जी, लाल बाबू, रजत कुमार, अंकित कुमार, डब्लू पाठक, हेमंत सिंह ने अहम भूमिका निभायी। यह जानकारी संस्था के वरीय सदस्य धर्मेंद्र महतो ने दी।
टीम एबीएन, हजारीबाग/ रांची। शुक्रवार को हुई BPSC TRE-3 परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया है। बिहार से आयी आर्थिक अपराध इकाई, पटना की टीम ने इसकी पुष्टि की है। झारखंड के हजारीबाग में 250 से ज्यादा छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी छात्र बिहार के विभिन्न जिलों से हजारीबाग पहुंचे थे। हजारीबाग से बरामद सभी सैंपल का मिलान हो गया है।
परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बतायी जा रही है। अधिकतर छात्रों का सेंटर बिहारशरीफ, बेगुसराय, पटना, नवादा और गया बताया जा रहा है। छात्रों को पहले हजारीबाग लाया गया और प्रश्नपत्र देकर उनका उत्तर याद करवाया गया।
यह क्रम यहां पिछले दो दिनों से चल रहा था। छात्रों को पेलावल स्थित एक बैंक्वेट हॉल में ठहराया गया था। परीक्षा के दिन सुबह तीन बजे सभी छात्रों को अलग-अलग केंद्रों पर ले जाया जा रहा था। तभी पुलिस को इसकी जानकारी मिली और बड़ा ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें यह सफलता हासिल हुई है।
बरही से 90, पेलावल से 70, पदमा से 80, कोर्रा से 15 और कटकमसांडी से 15 अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया है। पांच मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से प्रश्नपत्र, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर, पेन ड्राइव बरामद किया गया है। इन पांचों मास्टरमाइंडों ने छात्रों को प्रश्नपत्र मुहैया कराये थे।
आर्थिक अपराध इकाई पटना टीम के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक छात्र से 8 से 15 लाख रुपये में डील हुई थी, जिसमें से 2 से 3 लाख रुपये एडवांस के तौर पर छात्रों से लिये गये थे। बदले में छात्रों से उनके सर्टिफिकेट रख लिये गये। सौदा हुआ कि प्रश्नों का मिलान करने के बाद पैसा दिया जायेगा।
फिर पैसे मिलने के बाद अभ्यर्थियों को सर्टिफिकेट लौटा दिये जायेंगे। बताया जा रहा है कि इस प्रश्नपत्र लीक मामले में 50 करोड़ रुपये के लेनदेन की आशंका है। अधिकारी ने यह भी बताया कि गुरुवार को ही आर्थिक अपराध इकाई पटना को सूचना मिली थी कि हजारीबाग में प्रश्नपत्र लीक हो गया है।
इस मामले को लेकर कुछ अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी भी हुई थी। जिसके बाद टीम वापस लौट गयी। लौटते वक्त पता चला कि कई इलाकों में छात्र जुटे हुए हैं। फिर दूसरी टीम हजारीबाग आयी शुक्रवार को दोबारा ऑपरेशन चलाया गया। इसमें करीब 500 छात्रों के शामिल लेने की बात कही जा रही है।
आधे से ज्यादा छात्र समय और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. पुलिस ने 250 छात्रों को हिरासत में लिया है। आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने इसमें हजारीबाग पुलिस की मदद ली है। हजारीबाग पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से छात्रों को हिरासत में लिया है। छात्रों को हजारीबाग नगवां टोल प्लाजा, नगवां टोल प्लाजा और होटल से पकड़ा गया गया।
हिरासत में लिये गये छात्रों को पटना ले जाया गया है, जहां उनका सत्यापन किया जायेगा। उनके आधार कार्ड का मिलान एडमिट कार्ड से किया जायेगा। जो भी छात्र इसमें शामिल पाया जायेगा उसके खिलाफ विभाग कार्रवाई करेगा। इस मामले में अभी भी पटना और इसके आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।
कहा जा रहा है कि एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश होने वाला है। दरअसल, हजारीबाग लाये गये अभ्यर्थियों को विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना था। बताया जाता है कि जो ट्रेन निर्धारित थी वह समय पर नहीं पहुंची। ऐसे में हजारीबाग के एक बस ऑपरेटर से संपर्क स्थापित किया गया।
उन्हें अलग-अलग सेंटरों पर ले जाने को कहा गया, जिसमें बिहारशरीफ, नवादा, बेगुसराय शामिल हैं। इसमें बस ऑपरेटर को औसतन ₹10,000 एडवांस भी दिया गया। बस संचालक सुबह साढ़े तीन बजे अभ्यर्थियों को छोड़ने के लिए रवाना हुआ। इस बीच पुलिस ने संचालक से संपर्क किया और उससे कहा कि यह पूरा मामला संदिग्ध है।
पुलिस ने गाड़ी को नजदीकी पुलिस स्टेशन में रोकने को कहा। बस संचालक ने एक गाड़ी को कटकमसांडी में, दूसरी गाड़ी को पदमा में और तीसरी गाड़ी को कोर्रा थाने में रोक दिया। उधर, पुलिस टीम बैंक्वेट हॉल में अभ्यर्थियों को रोकने में सफल रही।
रात करीब 12 बजे अभ्यर्थियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पटना ले जाया गया। जहां वरिष्ठ अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे। इस पूरी कार्रवाई में बिहार के एक वरिष्ठ अधिकारी के नेमप्लेट की एक गाड़ी भी जब्त की गयी है। उस कार के बारे में बैंक्वेट हॉल संचालक ने बताया कि वह किराये की कार है।
वह प्लेट किराये के समय लगायी गयी थी, जिसे हटाया नहीं गया है। आर्थिक अपराध टीम गाड़ी को भी जब्त कर पटना ले जा रही है। ताकि इस मामले का भी पर्दाफाश हो सके। इस पूरे ऑपरेशन में 12 घंटे से ज्यादा का समय लगा। इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। यह बात सुर्खियों में थी कि बिहार में हुई परीक्षा का प्रश्नपत्र हजारीबाग में कैसे बरामद हुआ।
जब बिहार में यह परीक्षा चल रही थी, उसी समय प्रशासनिक अधिकारी ने छात्रों के पास से यह प्रश्नपत्र बरामद किया। पूरे मामले में पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। जो कि नालंदा और पटना के बताये जा रहे हैं। जिसमें एक ड्राइवर भी शामिल है।
विभाग इन सभी से पूछताछ करेगा। इस खबर के जंगल में आग की तरह फैलते ही बिहार से कुछ अभिभावक भी मौके पर पहुंच गये। लेकिन पुलिस की दबिश के कारण उन्होंने अपना मुंह नहीं खोला और चुपचाप घटना को देखते रहे।
टीम एबीएन, रांची। लोकसभा चुनाव का इंतजार खत्म होने वाला है। खबर है कि ECI यानी भारत निर्वाचन आयोग शनिवार दोपहर तारीखों का ऐलान कर देगा। वहीं, सूत्रों के मुताबिक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आगामी लोकसभा इलेक्शन में चुनावी ताल ठोंकते नजर आ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि खुद हेमंत सोरेन जेल से ही दुमका से चुनाव लड़ सकते हैं। उधर, इस बार के लोकसभा चुनाव में झारखंड के कई कद्दावर नेता के चुनाव न लड़ने की खबर है।
कहा जा रहा है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में झारखंड के कई कद्दावर नेता चुनाव नहीं लड़ेंगे, जिनमें से शिबू सोरेन का नाम भी सामने आया है। कहा जा रहा है कि शिबू सोरेन इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। अधिक उम्र होने के कारण वे क्षेत्र में सक्रिय भी नहीं हैं।
उनकी जगह सोरेन परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने की चर्चा है। खबर है कि खुद हेमंत सोरेन भी जेल से ही दुमका से चुनाव लड़ सकते हैं। शिबू सोरेन के अलावा, बाबूलाल मरांडी, सुदर्शन भगत और हेमलाल मुर्मू जैसे दिग्गजों के भी चुनाव लड़ने पर संशय है।
राज्य के एक और कद्दावर नेता हेमलाल मुर्मू हैं, जिनके भी चुनाव लड़ने पर संशय है। राजमहल से ही लगातार 2 बार चुनाव जीत चुके झामुमो के विजय हांसदा को ही वहां से इस बार भी टिकट मिलने की उम्मीद है। ऐसे में हेमलाल के चुनाव लड़ने पर संशय है।
टीम एबीएन, रांची। लोकसभा चुनाव का इंतजार खत्म होने वाला है। खबर है कि ECI यानी भारत निर्वाचन आयोग शनिवार दोपहर तारीखों का ऐलान कर देगा। सूत्रों के मुताबिक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आगामी लोकसभा इलेक्शन में चुनावी ताल ठोंकते नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि खुद हेमंत सोरेन जेल से ही दुमका से चुनाव लड़ सकते हैं।
बता दें कि झारखंड में गठबंधन की तरफ से लोकसभा सीटों को लेकर बंटवारा करीब फाइनल हो गया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस 7, जेएमएम 5, राजद 1 और माले 1 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, झामुमो 5 लोकसभा सीट राजमहल, दुमका, गिरिडीह, सिंहभूम और जमशेदपुर पर चुनाव लड़ेगी। लोकसभा सीटों की घोषणा पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि महागठबंधन के अंदर सीटों का तालमेल हो चुका है।
कुछ प्रक्रिया बाकी है उसके बाद घोषणा हो जायेगी। भाजपा ने घोषणा कर दी है तो हम भी कर दें यह जरूरी नहीं है। कुछ सीटों को लेकर जीत के सवाल पर कहा कि 14 सीट पर जीत होनी चाहिए। कोई किसी सीट पर कमजोर नहीं है।
14 सीट पर झामुमो भी मजबूत और कांग्रेस भी। कई पर राजद भी मजबूत है। जब ऐसी गठबंधन बनती है तो सभी लोगों को त्याग करना पड़ता है। कभी-कभी कार्यकर्ताओं की भावना को भी नजरअंदाज करना पड़ता है। महागठबंधन में कोई छोटा-बड़ा नहीं है।
बता दें कि इस बार के लोकसभा चुनाव में झारखंड के कई कद्दावर नेता के चुनाव न लड़ने की खबर है। कहा जा रहा है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में झारखंड के कई कद्दावर नेता चुनाव नहीं लड़ेंगे, जिनमें से शिबू सोरेन का नाम भी सामने आया है। कहा जा रहा है कि शिबू सोरेन इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे।
अधिक उम्र होने के कारण वे क्षेत्र में सक्रिय भी नहीं हैं। उनकी जगह सोरेन परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने की चर्चा है। खबर है कि खुद हेमंत सोरेन भी जेल से ही दुमका से चुनाव लड़ सकते हैं। शिबू सोरेन के अलावा, बाबूलाल मरांडी, सुदर्शन भगत और हेमलाल मुर्मू जैसे दिग्गजों के भी चुनाव लड़ने पर संशय है।
राज्य के एक और कद्दावर नेता हेमलाल मुर्मू हैं, जिनके भी चुनाव लड़ने पर संशय है। राजमहल से ही लगातार 2 बार चुनाव जीत चुके झामुमो के विजय हांसदा को ही वहां से इस बार भी टिकट मिलने की उम्मीद है। ऐसे में हेमलाल के चुनाव लड़ने पर संशय है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्य चुनाव पदाधिकारी के रविकुमार ने सभी जिला निर्वाची पदाधिकारियों सह उपायुक्तों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग कर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने शनिवार को होनेवाले आयोग के प्रेस काॅन्फ्रेंस में लोकसभा चुनाव की संभावित घोषणा के मद्देनजर उपायुक्तों को निर्देशित किया। स्वच्छ एवं पारदर्शी चुनाव के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।
टीम एबीएन, कोल्हान। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से आज चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम में आयोजित एक कार्यक्रम में पेंशनधारी लाभुक महिलाओं ने मुलाकात की। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत सभी वर्ग-सामुदायिक की महिलाओं को 50 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुरुष को 50 वर्ष के उम्र से पेंशन दिए जाने के निर्णय को लेकर पेंशनधारी लाभुक महिलाओं ने मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के प्रति आभार प्रकट किया।
मौके पर पेंशनधारी महिलाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही योजनाओं का लाभ मिलने से तमाम महिलाओं के बीच हर्ष का माहौल है। अब महिलाएं सरकार की योजनाओं से जुड़कर स्वावलंबी बन रही हैं।
पेंशनधारी महिलाओं ने संयुक्त रूप से कहा कि ग्रामीण परिवेश की महिलाएं अब सरकार की योजनाओं के साथ राज्य के विकास में महत्ती भूमिका निभा रही हैं। राज्य की महिलाओं को मिल रहे सम्मान के लिए मुख्यमंत्री जी का बहुत-बहुत आभार एवं धन्यवाद!
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse