एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगर परिषद चुनाव को लेकर शहरी क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। वार्ड संख्या 8 से चुनाव चिन्ह बेबी वॉकर और क्रम संख्या 2 की प्रत्याशी अविनाश कौर ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
अविनाश कौर ने मतदाताओं से कहा कि वार्ड संख्या 8 को भ्रष्टाचार मुक्त और विकासशील वार्ड बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया गया है। यहां की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाता है और नगर परिषद में वार्डवासियों की आवाज मजबूती से उठाई जाती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि एक बार फिर जनता का समर्थन मिलने पर विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वार्ड में जलापूर्ति योजना को लेकर डीपीआर पास हो चुका है और कार्य भी शुरू हो गया है। आने वाले कुछ महीनों में जलापूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
अविनाश कौर ने कहा कि वह वार्ड की बेटी, बहू और बहन के रूप में जनता का आशीर्वाद मांगने आई हैं और जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जनसंपर्क अभियान के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में महिला समर्थक भी मौजूद थीं।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा- कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग में फुलेरा दूज के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।
प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया और संपूर्ण वातावरण राधे-राधे के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का वृंदावन से आये जड़ित आभूषणों एवं मनमोहक पोशाक से अलौकिक एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया।
रंग-बिरंगे पुष्पों से सुसज्जित दरबार की छटा देखते ही बन रही थी। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर ठाकुर जी के दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर मंगलकामनाएं कीं। फुलेरा दूज को ब्रज में होली उत्सव के शुभारंभ का प्रतीक माना जाता है, अतः मंदिर में भी फूलों की सुगंध और भक्तिमय वातावरण ने सभी को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।
मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने विधि विधान- पूर्वक पूजा-अर्चना एवं विशेष अनुष्ठान संपन्न कराया। प्रसाद में केसरिया खीर, मेवा, फल, पेड़ा, का भोग लगाया गया। तत्पश्चात भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने संकीर्तन के माध्यम से प्रभु की महिमा का गुणगान किया। सामूहिक महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने फुलेरा दूज के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सौहार्द और भक्ति का संदेश देता है तथा जीवन में सकारात्मकता और आनंद का संचार करता है। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि फुलेरा दूज हमें भगवान श्री राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम और भक्ति भावना को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।इस दिन भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी पर पुष्पों की वर्षा की जाती है।
होली पर्व के आरंभ का यह प्रतीकात्मक दिन माना जाता है फाल्गुन मास में प्रकृति भी पुष्पों से सुसज्जित हो जाती है इसलिए उसे फूलों की दूज भी कहा जाता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित थे। पूरे आयोजन ने भक्तों के मन में आस्था, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगर परिषद चुनाव निमित्त भाजपा समर्थित उम्मीदवार अनिल उराँव के पक्ष में आज अमृत पैलेस में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया, इस सम्मेलन में भारी संख्या में महिलाएं शामिल हुई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अनिल उरांव को भारी मतों से विजयी बनाना अतिआवश्यक है। भाजपा की सरकार विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के सिद्धांतों पर कार्य करती है तथा नगर परिषद में भाजपा समर्थित नेतृत्व आने से नगर का सुनियोजित और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता है कि नगर क्षेत्र के प्रत्येक घर-परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। वहीं वर्तमान राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की मंशा कभी राज्य के विकास की नहीं रही, बल्कि राज्य के संसाधनों का दोहन और लूट उनकी प्राथमिकता रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में कई आईएएस अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं, जिनमें से कई जेल में बंद हैं तथा कई अधिकारियों पर विभिन्न मामलों में जांच चल रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष समेला भगत ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रत्याशी अनिल उरांव ने कहा कि लोहरदगा नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म कर विकास की मुख्यधारा बहाल करना हमारी जिम्मेदारी है। महिलाओं के साथ कुछ गलत ना हो इसके लिये सम्पूर्ण नगरीय क्षेत्र में आधुनिक सी सी टी वी लगवाया जायेगा तथा महिला स्वरोजगार पर भी गम्भीरता पूर्वक काम करूंगा।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री सीमा सिंह, जिला अध्यक्ष मुनीर उरांव, नगर के पूर्व एमएलसी प्रवीण सिंह, परिषद के प्रभारी सन्नी टोप्पो, सह प्रभारी अजय राय ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर ओम सिंह एवं ब्रिज बिहारी, अजय पंकज, त्रिवेणी दास, अशोक खत्री, धर्म राज, सरिता देवी, भारती सिन्हा, मीना बाखला, शीला गुप्ता, रूना देवी, रीता देवी, सरस्वती देवी, पूजा देवी, संतोषी देवी, रसिका देवी, रेणु गुप्ता, रेखा देवी, पूनम देवी, जायमा उरांव, स्नेहा देवी, बसंती खाका, सुनीता भारती सावित्री उरांव, सरवा देवी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन कलावती देवी ने किया। महिला सम्मेलन के दौरान उपस्थित महिलाओं ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्री अनिल उरांव के पक्ष में एकजुट होकर नगर विकास के संकल्प को मजबूत करने का भरोसा दिलाया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुधवार को प्रारंभ हो गया। राज्यपाल संतोष गंगवार का सदन के अंदर अभिभाषण हुआ। इसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ आने वाले समय की योजनाओं और प्राथमिकताओं का खाका रखा। यह बजट सत्र 19 मार्च तक चलेगा और इसके लिए कुल 17 कार्य दिवस तय किये गये हैं।
23 फरवरी को निकाय चुनाव होने की वजह से उस दिन सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी, ताकि विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया में शामिल हो सकें। इस संबंध में अध्यक्ष ने बीते मंगलवार को सर्वदलीय बैठक में फैसला लिया। सत्र के पहले दिन शोक प्रस्ताव भी लाया गया।
वहीं हेमंत सरकार 24 फरवरी को राज्य के वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। आगामी बजट को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी हलचल है और इसे राज्य की आर्थिक दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है। वहीं राज्यपाल संतोष गंगवार को विधानसभा परिसर में गार्ड आफ आनर दिया गया। विधानसभा पहुंचने पर अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुके देकर राज्यपाल का स्वागत किया।
झारखंड विधानसभा के षष्ठम कार्यकाल के पंचम (बजट) सत्र के मद्देनजर रांची स्थित नये विधानसभा परिसर के 750 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है। यह आदेश 18 फरवरी की प्रात: 8 बजे से 19 मार्च की रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। हालांकि झारखंड उच्च न्यायालय को इस दायरे से बाहर रखा गया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंधित क्षेत्र में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों का एक स्थान पर एकत्र होना वर्जित रहेगा। हालांकि सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा शवयात्रा को इस प्रतिबंध से छूट दी गयी है। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र जैसे बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद आदि तथा परंपरागत हथियार जैसे लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला आदि लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में आगामी नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने कड़े निर्देश जारी किये हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने स्पष्ट किया है कि यदि मतदान कार्य में तैनात कोई सरकारी कर्मी बूथ कैप्चरिंग या अन्य अनैतिक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है और आरोप प्रमाणित हो जाता है, तो उसे तीन से पांच वर्ष तक की सजा हो सकती है।
श्री प्रसाद ने बताया कि आम नागरिकों के लिए ऐसी गड़बड़यिों पर एक से पांच साल तक की सजा का प्रावधान है, लेकिन सरकारी कर्मचारी या पदाधिकारी के मामले में न्यूनतम सजा तीन वर्ष होगी। इसके साथ ही संबंधित कर्मी पर विभागीय कार्रवाई भी की जायेगी, जिससे उसकी नौकरी पर भी संकट आ सकता है। आयोग ने सभी निर्वाचन कर्मियों से स्वच्छ और निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है। गैर-दलीय आधार पर होने वाले इस चुनाव में कुल 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इनमें 22 लाख 7 हजार 203 पुरुष, 21 लाख 26 हजार 227 महिला तथा 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रसाद ने बताया कि राज्य में कुल 48 नगर निकायों में चुनाव होंगे, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। 23 फरवरी 2026 को एक ही दिन बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जायेगा। कुल 1,087 वाडरं में 4,304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
लगभग 50,000 सरकारी कर्मी चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर प्रीजाइडिंग आॅफिसर समेत पांच निर्वाचन कर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए हर बूथ पर एक पदाधिकारी के साथ चार पुलिसकर्मी तैनात किये जायेंगे। मतदान केंद्र के 100 मीटर दायरे में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। उड़नदस्ता टीमों और वरीय अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण भी किया जायेगा।
मतदान के बाद 27 फरवरी 2026 को मतगणना होगी। मतगणना स्थल (वज्रगृह) की सुरक्षा तीन स्तरों पर सुनिश्चित की गई है। चुनाव आयोग ने इस बार बैलेट पेपर के उपयोग का निर्णय लिया है। महापौर/अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी (पिंक) रंग का तथा वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर इस्तेमाल किया जायेगा। मतदाता निर्धारित पहचान पत्र दिखाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चैनपुर/ पलामू)। पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल आज चैनपुर स्थित पुलिस निरीक्षक सदर अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के निदेर्शो का अनुपालन करते हुए नगर निकाय चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु असमाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन तथा अन्य प्रतिबंधित चीजों की आवाजाही पर रोक लगाने हेतू पूरी सख्ती बरतने, क्षेत्र में पेट्रोलिंग की व्यवस्था को तेज करने तथा रात्रि गस्ती में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।
वहीं क्षेत्र में विधि व्यवस्था बनाए रखने एवं अन्य बिन्दुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को लोगों से आपसी समन्वय स्थापित करने, उनकी समस्याओं से अवगत होने और समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तत्परता बरती जाए। अपराध करने वाले अपराधी किसी भी सूरत में पुलिस गिरफ्त से बचना नहीं चाहिए।
उन्होंने विभिन्न थानों में दर्ज कांडों का निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारी फरार वारंटी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें तथा जेल से बाहर आये अपराधियों पर पैनी नजर रखना सुनिश्चित करें, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। आमलोगों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। निरीक्षण के क्रम में कार्यालय में संधारित अभिलेखों एवं पंजियों को शीघ्र ठीक करने का भी निर्देश दिया।
इंस्पेक्टर कार्यालय पहुंचने पर डीआईजी का स्वागत किया गया। वहीं पुलिस बल द्वारा गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। निरीक्षण के मौके पर पुलिस निरीक्षक पुनम टोप्पो, सदर अंचल चैनपुर के पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, थाना प्रभारी ओम प्रकाश साह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। रांची प्रेस क्लब में 27 और 28 फरवरी को दो दिवसीय वसंत मेला का आयोजन किया जायेगा। मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को क्लब परिसर में एक बैठक आयोजित की गयी, जिसकी अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वसंत मेला का आयोजन क्लब की वीमेन वेलफेयर कमेटी के तत्वावधान में किया जाएगा। आयोजन को सफल और व्यवस्थित रूप देने के लिए एक सब-कमेटी का गठन किया गया है। इसमें चंदन भट्टाचार्य, राजन बॉबी अशोक गोप, चंदन वर्मा और विजय गोप शामिल हैं।
दो दिवसीय इस मेले में विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाये जायेंगे। मेले में लगभग 35 स्टॉल लगाए जाएंगे. आगंतुकों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल, आकर्षक परिधानों और हस्तशिल्प से सजे बुटीक स्टॉल, हेल्थ एवं वेलनेस से संबंधित काउंटर, बच्चों और युवाओं के लिए गेम्स जोन सहित कई अन्य स्टॉल उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा महिलाओं और परिवारों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा।
आयोजकों ने बताया कि वसंत मेला का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना, स्थानीय उद्यमियों को मंच प्रदान करना तथा सदस्यों और उनके परिवारों के लिए एक आनंदमय वातावरण तैयार करना है। साथ ही मनोरंजन के लिए शाम को बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता, और संगीत कार्यक्रम के अलावा अनेकों लुभावने कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक में प्रेस क्लब कमिटी के सदस्यों के साथ वीमेंस वेलफेयर कमेटी की प्रतिमा सिंह, करवी दत्ता, नेहा वारसी, संतोष मृदुला, शीला कुमारी शामिल रहे। स्टॉल बुकिंग के इच्छुक व्यवसायी और उद्यमी रांची प्रेस क्लब कार्यालय अथवा निम्नलिखित सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं। संपर्क : प्रतिमा कुमारी - 7004134774, कर्वी दत्ता - 9430329888, संतोष मृदुला - 8986605190, नेहा वारसी- 9304188065
टीम एबीएन, रांची। रांची प्रेस क्लब के सम्मानित सदस्य पिठौरिया निवासी सुजीत केसरी की पुत्री को गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ है। अभिज्ञा केशरी ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नामकुम स्थित सरला बिरला यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में डॉ प्रदीप कुमार वर्मा के द्वारा अभिज्ञा केशरी को बीकॉम टैक्सेशन विभाग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, निरंतर परिश्रम तथा पूरे पाठ्यक्रम के दौरान उनके समर्पण के लिए प्रदान किया गया।
अभिज्ञा ने अपने अध्ययन काल में निरंतर उत्कृष्ट परिणाम मैट्रिक 94.8 प्रतिशत और इंटर 95.2 प्रतिशत प्राप्त करते हुए अपनी प्रतिभा और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए स्नातक में टॉप करके गोल्ड मेडलिस्ट बनी। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है, बल्कि इस बात का प्रमाण भी है कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
उनकी इस सफलता से पत्रकार पिता सुजीत केशरी, माता मंजू केसरी सहित परिवार के सदस्य, शिक्षकों और शुभचिंतकों में हर्ष और गर्व का वातावरण है। उनका यह सम्मान अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse