एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के कतरास थाना क्षेत्र के एनएच 32 पर एक सीआईएसएफ 709 वाहन और कोयला लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक सीआईएसएफ जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर में सीआईएसएफ जवान गाड़ी में फंस गया।
स्थानीय लोगों और एनएच से गुजर रहे लोगों की नजर गाड़ी के केबिन में फंसे सीआईएसएफ जवान पर पड़ी। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। घटना लिलोरी मंदिर के पास रेलवे क्रॉसिंग पर की है। रेलवे क्रॉसिंग के बीच हुए हादसे के कारण करीब 8 घंटे तक एनएच 32 के दोनों ओर 5 किलोमीटर से अधिक दूर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सूचना पाकर कतरास पुलिस मौके पर पहुंची।
आकाशकिनारी स्थित सीआईएसएफ कैंप से दर्जनों सीआईएसएफ जवान भी मौके पर पहुंचे। एनएच जाम होने के कारण एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। स्थानीय लोगों ने घायल जवान क्रिश्चियन बारला को अपनी गाड़ी से इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया। देर रात तक पुलिस दोनों वाहनों को एनएच 32 रेलवे क्रॉसिंग से हटाने में जुटी रही।
मौके पर पहुंचे सीआईएसएफ जवानों ने बताया कि सीआईएसएफ जवान क्रिश्चियन बारला कोयला भवन में तैनात हैं। वह कोयला भवन से कतरास के सीआईएसएफ जवानों के पास पहुंचे थे। सीआईएसएफ जवानों को छोड़ने के बाद वह धनबाद कोयल भवन लौट रहे थे। इसी दौरान लिलोरी मंदिर रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रक से टक्कर हो गयी। जिसमें वे घायल हो गये। गाड़ी का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक गोविंदपुर हार्डकोक भट्ठा से चालक ओली को लेकर आंध्र प्रदेश विजयनगर जा रहा था।
स्थानीय गुड्डू घोष ने बताया कि वह धनबाद से लौट रहे थे। तभी उन्होंने रेलवे क्रॉसिंग पर जाम देखा। नजदीक आने पर उन्होंने सीआईएसएफ जवान को गाड़ी में फंसा पाया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उन्होंने सभी के सहयोग से किसी तरह जवान को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सीआईएसएफ जवान का पैर बुरी तरह जख्मी हो गया है।
टीम एबीएन, रामगढ़/ रांची। रांची-पटना मार्ग पर रामगढ़ थाना क्षेत्र की चुटूपालू घाटी में शनिवार की सुबह 10:30 बजे आठ वाहनों की टक्कर में एक की मौत हो गयी, जबकि दुर्घटना में दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। इनमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया है। इधर, सड़क हादसे के कारण रांची-पटना हाइवे पर घंटों जाम लगा रहा। आवागमन काफी देर प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार रांची-रामगढ़ फोरलेन पर ललकी घाटी में सुबह करीब 8 बजे एक हाइड्रा और हाइवा में टक्कर हो गयी। इसमें हाइवा का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया। इसके ठीक बाद उसी स्थान पर सुबह करीब 10:30 बजे ब्रेक फेल पाइप लदे एक एलपी ट्रक ने छह वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
इसमें एक शाइन मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति की मौत हो गयी है। इसका नाम पता नहीं चल पाया है, वहीं ब्रेक फेल ट्रक ने हेमकुंठ बस को भी अपनी चपेट में ले लिया और बस डिवाइडर से टकरा पलट गयी। इससे बस में सवार लगभग आठ लोग घायल हो गये।
ब्रेक फेल ट्रक ने एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक बोलेरो को अपनी चपेट में लेते हुए चट्टान से जाकर टकरा गया। इन दुर्घटनाओं में लगभग एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी अजय कुमार और रामगढ़ थाना के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को रिम्स रेफर कर दिया गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, राजमहल। थाना क्षेत्र के नौगच्छी स्थित गंगा घाट में अपनी मां के साथ गंगा स्नान करने गये बच्चे की गंगा नदी में डूबने से शनिवार की सुबह मौत हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार नौगच्छी निवासी संजय मंडल की पत्नी अपने 5 वर्षीय पुत्र अर्पित कुमार को लेकर गंगा स्नान करने गयी थी तभी गंगा तट पर ही बच्चा खेल रहा था और अचानक खेलते खेलते वह पानी में चला गया।
उसकी मां एवं आसपास के लोगों की जैसे ही नजर पड़ी तो देखा कि बच्चा डूब रहा है। इसके बाद उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। जहां बच्चे की मौत हो गयी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। लौहनगरी में स्थापित टाटा स्टील कंपनी के प्लांट में काम करने के दौरान गर्म स्लैग की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौत हो गयी। कर्मचारी की पहचान 27 वर्षीय कर्मचारी बबलू के रूप में हुई है। मृतक टाटा स्टील में संविदा कर्मचारी था। मृतक बब्लू एब्सट्रेक्ट इंजीनियरिंग कॉन्ट्रैक्ट कंपनी में काम करता था।
कंपनी में काम कर रहे दूसरे कर्मचारियों ने बताया कि घटना शुक्रवार 5 अप्रैल 2024 की सुबह की है। मृतक बब्लू टाटा स्टील के एलडी 1 में लेंस जाम काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह गर्म लावा की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गयी और तुरंत बब्लू को टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी मृतक बब्लू के परिजनों को दे दी गयी है।
प्लांट के अंदर हुई इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशन ने घटना की पुष्टि करते हुए घटना पर दुख व्यक्त किया है। उनकी ओर से कहा गया कि मामले की जांच की जा रही है कि किस लापरवाही के कारण यह घटना हुई। एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट होने के नाते, कंपनी अपने सभी कर्मचारियों और कंपनी से जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दुख की इस घड़ी में कंपनी मृतकों के परिवारों के साथ खड़ी है।
टीम एबीएन, रांची। जेसीआई रांची यूथ 07 अप्रैल 2024 दिन रविवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 तक अपर बाजार स्थित सेवा सदन में रक्तदान शिविर लगाया जायेगा।रक्तदान शिविर के संयोजक मनीषा सोंथालिया और गुणीत सिंह बनाये गये हैं।
जेसीआई यूथ की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने युवा वर्ग से आग्रह किया है कि रक्तदान शिविर में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेकर अधिक से अधिक संख्या मे लोग रक्तदान करे ताकि जरूरतमंदों की ज़िन्दगी बचा सके। उन्होंने रक्तवीरों से निवेदन किया है कि संदेशों के माध्यम से अपने मित्रों और परिचितों को रक्तदान के लिए उत्साहित करे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकान्त दास ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय बैंक सब्जियों की कीमतों पर नजर बनाए रखेगा जो बढ़ती गर्मी से प्रभावित हो सकती हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में इस साल गर्मी के मौसम (अप्रैल से जून) में लू चलने का पूर्वानुमान लगाया है।
वित्त वर्ष 2024-25 की पहली द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में दास ने कहा, इसलिए हमें यह देखना होगा कि इसका खाद्य फसलों पर क्या असर पड़ता है। मैंने प्रमुख सब्जियों का उल्लेख किया है। गेहूं की फसल के बारे में हमारी जानकारी यह है कि कटाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। भारत के मध्य हिस्से में यह पूरी तरह चुका है और अन्य स्थानों पर भी गेहूं की फसल लगभग तैयार है।
उन्होंने कहा कि गेहूं की उपलब्धता पर उतना असर नहीं पड़ेगा जितना दो साल पहले पड़ा था जब मार्च से काफी लू चली थी। दास ने कहा, इसलिए गेहूं के मामले में ज्यादा चिंता नहीं है, लेकिन सब्जियों की कीमतों पर नजर रखनी होगी। लू के कई अन्य प्रभाव हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति कम होने का अंतिम पड़ाव हमेशा चुनौतीपूर्ण और मुश्किल होता है। इस मुद्दे पर आरबीआई के डिप्टी गवर्नर एम. डी. पात्रा ने कहा कि खाद्य मुद्रास्फीति अत्यधिक अस्थिर रही है और प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों के कारण इसके ऊंचा रहने की आशंका है।
हालांकि, रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 के लिए खुदरा मुद्रास्फीति का अनुमान 4.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। आरबीआई गवर्नर ने कहा, यह मानते हुए कि मानसून सामान्य रहेगा 2024-25 के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) आधारित मुद्रास्फीति 4.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
आरबीआई के अनुसार, पहली तिमाही में मुद्रास्फीति के 4.9 प्रतिशत, दूसरी तिमाही में 3.8 प्रतिशत, तीसरी तिमाही में 4.6 प्रतिशत और चौथी तिमाही में 4.5 प्रतिशत रहने की संभावना है। रुपये से जुड़े एक्सचेंज ट्रेडेड करेंसी डेरिवेटिव (ETCD) पर अपने निर्देशों के कार्यान्वयन को एक महीने यानी तीन मई तक टालने के सवाल पर उन्होंने कहा- यह निर्णय हितधारकों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर लिया गया है।
दास ने कहा- विस्तार की आवश्यकता के संबंध में मैं कहूंगा कि हमें कई बाजार सहभागियों से प्रतिक्रिया और अनुरोध मिले कि उन्हें और समय चाहिए। पिछला मास्टर डायरेक्शन जनवरी, 2024 में जारी किया गया था, जिसमें कहा गया था कि यह पांच अप्रैल से प्रभावी होगा।
उन्होंने कहा कि सब कुछ एकदम स्पष्ट है कि ...बाजार से जुड़े लोगों से प्राप्त अनुरोधों के कारण हमने इसे बढ़ा दिया है। हमने जनवरी में जारी परिपत्र का समय पांच अप्रैल के बजाय अब तीन मई कर दिया है।
डिप्टी गवर्नर पात्रा ने कहा कि जनवरी, 2024 का परिपत्र एक मास्टर डायरेक्शन था और इसमें वही दोहराया गया है जो 2014 से जारी है। वहीं दास ने कहा कि आरबीआई इस महीने के अंत तक वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) स्व-नियामक संगठन पर रूपरेखा जारी करेगा।
बातचीत के दौरान एक अन्य डिप्टी गवर्नर टी. रबी शंकर ने कहा कि अब तक 46 लाख उपयोगकर्ताओं और चार लाख व्यापारियों द्वारा 2.2 करोड़ सीबीडीसी (केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा) का लेनदेन किया गया है।
टीम एबीएन, रांची। गोस्सनर कॉलेज के आईक्यूएसी और वीमेंस सेल (महिला प्रकोष्ठ) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का थीम/ विषय इन्वेस्ट इन वीमेन : एक्सेलरेट प्रोग्रेस था, जो इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा अंत रराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जारी किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं की प्रगति तथा लैंगिक समानता पर चर्चा की गयी। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व बॉटनी विभागध्यक्ष डॉ नीरजा ओझा ने कहा कि आज के संगोष्ठी का विषय है महिलाओं में निवेश करें, प्रगति में तेजी लायें, जो सकारात्मक और ऊर्जावान वाक्य है।
जिसकी ध्वनि दूर तक जाती है। खाद्य सुरक्षा तथा गरीबी उन्मूलन हेतु महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता आवश्यक है। इसके लिए महिला उद्यमियों को बढ़ावा देना होगा तथा पुरुषों के समान उन्हें संसाधनों और व्यावसायिक अवसर प्रदान करना होगा। आगे उन्होंने कहा कि आधी आबादी के विकास के लिए आंतरिक और बाहरी दोनों स्तरों पर निवेश की जरूरत है।
आज जनसरोकार के सभी स्थानों पर महिलाओं की उपस्थिति बढ़ी है। शहरों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को अपनी शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सजग और सशक्त करने की जरूरत है।
हम कार्यक्षेत्र में उत्प्रेरक माहौल बनाएं ताकि बेटियों को भय और हीनता का बोध न हो। साथ ही पुरुषों को अपनी दृष्टि बदलने की जरूरत है, महिलाओं को दुनिया के लायक नहीं, दुनिया को महिलाओं के लायक बनना होगा। प्रो अजय कुमार ने कहा कि महिलाओं में निवेश, सतत विकास की नींव में निवेश है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रो डिम्पल डायना मिंज के प्रार्थना से हुई। प्रो बेनिसन कच्छप ने बाइबल पाठ किया।
प्रो रश्मि एन्ड ग्रुप ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आगत अतिथियों का स्वागत हिंदी विभागध्यक्ष प्रो आशा रानी केरकेट्टा ने किया। मौके पर पत्रकारिता एवं वीडियो प्रोडक्शन विभाग की एचओडी प्रो गोल्डेन बिलुंग द्वारा महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की गयी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिलाओं द्वारा अपने परंपरागत व सांस्कृतिक परिधान / वेशभूषा का प्रस्तुतिकरण रहा, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। साथ ही समसामयिक विषयों, पहेलियों पर केंद्रित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी रखी गयी। कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रशांत गौरव और आभार ज्ञापन अंग्रेजी विभागध्यक्ष डॉ ईवा मार्ग्रेट हांसदा ने की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो आशा रानी केरकेट्टा, प्रो अनीता अंजू खेस, डॉ बिंदु सोरेंग, डॉ वर्षा शालिनी कुल्लू, प्रो दिव्य रतन कोंगारी, प्रो डिम्पल डायाना, डॉ सुषमा केरकेट्टा, डॉ सलमा केरकेट्टा, प्रो अदिति टोप्पो, प्रो अनुपमा पूर्ति, प्रो गोल्डेन बिलुंग, प्रो सचिन तोपनो, प्रो आकांक्षा तिग्गा, प्रो अलीशा आदि की प्रमुख भूमिका रही।
मौके पर डॉ बीएल भक्त, डॉ प्रदीप गुप्ता, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ अजय कुमार, डॉ हाराधन कोईरी, प्रो बेनिसन, प्रो आशिष देमता, प्रो संतोष कुमार, डॉ अब्दुल बासित, डॉ हेमंत टोप्पो, प्रो जोलेन आदि मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग रांची में वैदिक महाहवन के साथ नए सत्र का शुभारंभ किया गया। नये सत्र के पहले दिन सभी कक्षा के विद्यार्थियों के पदार्पण से विद्यालय एक बार फिर से गुलजार नजर आया।
छोटे-छोटे बच्चों के चेहरों पर विद्यालय आने की खुशी साफ झलक रही थी। साथ ही शिक्षक-शिक्षिकावृंद भी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए उत्साहित दिखाई दी। मौके पर विद्यालय प्रांगण में बच्चों के स्वागत के लिए विशेष सजावट की गयी। आज कक्षा नर्सरी तथा कक्षा एलकेजी के विद्यार्थियों के भी विद्यालय में पदार्पण का पहला दिन भी था। शिक्षिकाओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य एसके मिश्र ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके और उनके परिवार के स्वस्थ, सुखमय तथा सफल जीवन की कामना की। उन्होंने अपने संदेश में विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्त्व बताते हुए स्वाध्याय करने की बात कही। साथ ही विद्यालय के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। सत्र का पहला दिन उत्साहपूर्वक व्यतीत हुआ।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse