झारखंड

View All
Published / 2026-05-25 17:57:38
गंगा दशहरा पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में दिखा भक्ति और श्रद्धा का भव्य संगम

टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा गंगा दशहरा पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। 

पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण, मंत्रोच्चार एवं दीपों की दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं भगवान की विशेष आरती से हुई। इस अवसर पर श्री राधा रानी का अलौकिक एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। 

वृंदावन से मंगाये गये नवीन पोशाक एवं जड़ित आभूषणों से सुसज्जित श्री राधा रानी की मनोहारी छवि श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। मंदिर में उपस्थित भक्तों ने भक्ति भाव से दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगल कामना की। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करायी गयी। भगवान को लड्डू, मेवा, फल एवं विशेष वेजिटेबल खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया। 

साथ ही भगवान शिव का पाठ एवं गंगे हरि मंत्रों का जाप कर वातावरण को पूर्णत: आध्यात्मिक बना दिया गया। दीपों के साथ सामूहिक आरती में उपस्थित श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मां गंगा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति, सेवा और समर्पण के इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने वाला बताया। 

आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, धार्मिक चेतना एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने गंगा दशहरा पर्व की महत्ता, उद्देश्य एवं आध्यात्मिक विशेषताओं पर विस्तृत प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि गंगा दशहरा केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि मानव जीवन में पवित्रता, सेवा, सद्भाव एवं संस्कारों को आत्मसात करने का संदेश भी देता है। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने जानकारी दी कि आगामी 27 मई को पद्मिनी एकादशी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद का आयोजन किया जायेगा।

Published / 2026-05-25 15:46:18
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की एमआरपी संबंधी राष्ट्रव्यापी जनजागरण मुहिम को मिला राजभवन का समर्थन

  • अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की एमआरपी संबंधी राष्ट्रव्यापी जनजागरण मुहिम को मिला राजभवन का समर्थन

टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा देशभर में उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा बाजार में व्याप्त मनमानी मूल्य वसूली पर रोक लगाने हेतु एमआरपी व्यवस्था को प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। 

इसी क्रम में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, झारखंड प्रांत की पर्यावरण प्रमुख डॉ. अनीता शर्मा ने महामहिम राज्यपाल श्री संतोष गंगवार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से बाजार में उपभोक्ताओं से वस्तुओं पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) जिसका असली लागत मूल्य से कई गुणा अधिक राशि Mrp लेवल लगाकर वसूला जाता है, विभिन्न क्षेत्रों में एक ही उत्पाद की अलग-अलग कीमतें लेने तथा ग्राहकों के अधिकारों की अनदेखी जैसी समस्याओं की ओर महामहिम का ध्यान आकृष्ट कराया गया। 

साथ ही यह आग्रह किया गया कि एमआरपी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, कठोर एवं जनहितकारी बनाने हेतु प्रभावी कानून और सख्त क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

डॉ. अनीता शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में उपभोक्ता अनेक प्रकार की आर्थिक शोषणकारी प्रवृत्तियों का सामना कर रहे हैं। विशेष रूप से रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, सिनेमा हॉल, मॉल, अस्पताल तथा पर्यटन स्थलों पर उपभोक्ताओं से एमआरपी की अस्पष्ट नीति के कारण  प्रत्येक खरीद में ग्राहक से अधिक मूल्य वसूले जाने की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं। इससे आम नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है।

महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार ने विषय की गंभीरता को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि वे इस महत्वपूर्ण जनहित विषय पर राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार से पत्राचार कर प्रभावी एमआरपी कानून बनाने तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह करेंगे।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन भविष्य में भी उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा हेतु जनजागरण और संवाद अभियान जारी रखेगा।

Published / 2026-05-24 23:20:54
लोहरदगा में मंगलवार को होगी भव्य गंगा आरती

  • लोहरदगा में मंगलवार को होगा भव्य गंगा आरती का दिव्य आयोजन, 10 कुंवारी कन्याएं करेंगी विशेष प्रस्तुति : विजय खत्री

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर 26 मई मंगलवार को लोहरदगा शहर स्थित बड़ा तालाब शिव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाली भव्य गंगा आरती को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 

आयोजन समिति इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को ऐतिहासिक और आकर्षक स्वरूप देने में जुटी हुई है। इसी क्रम में रविवार शाम लगभग 4 बजे बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में 10 कुंवारी कन्याओं द्वारा गंगा आरती का विशेष अभ्यास किया गया।

इस दौरान सामूहिक रूप से आरती की प्रस्तुति का पूर्वाभ्यास कराया गया, जिससे आयोजन की भव्यता का आभास देखने को मिला।आयोजन समिति से जुड़े सचिन कुमार साहू एवं अशोक कासकर, ममता देवी, रीता पांडे  ने बताया कि इस वर्ष गंगा आरती को पहले से अधिक भव्य और दिव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंच निर्माण, प्रकाश सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा के अवसर पर आयोजित होने वाली यह भव्य गंगा आरती धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपरा का अद्भुत संगम बनेगी। दीपों की जगमगाहट, मंत्रोच्चारण और भक्ति की धारा से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

इस दौरान बताया गया कि पिछले लगभग एक माह से 10 कुंवारी कन्याओं द्वारा नियमित रूप से गंगा आरती का अभ्यास किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को अनुशासित, आकर्षक एवं आध्यात्मिक प्रस्तुति देखने को मिल सके। आरती अभ्यास आयोजन समिति के सदस्य सचिन कुमार साहू की देखरेख में कराया जा रहा है।

गंगा आरती में शामिल होने वाली कुंवारी कन्याओं में पूजा अग्रवाल, मानसी कुमारी, कुमारी अंतरा, राखी कुमारी, सिमरन गुप्ता, राजनंदिनी कुमारी, प्रियंका साहू, बृष्टि कश्यप, भावना मित्तल एवं सृष्टि पांडे शामिल हैं। सभी कन्याएँ पारंपरिक परिधान में सामूहिक रूप से गंगा आरती प्रस्तुत करेंगी। कार्यक्रम 26 मई 2026 को संध्या 7 बजे से बड़ा तालाब शिव मंदिर लोहरदगा में आयोजित किया जाएगा।

आयोजन समिति ने लोहरदगा की समस्त माताओं, बहनों, युवाओं एवं सनातनी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इस दौरान अनिल कुमार गुप्ता, विजय खत्री, रंजीत साहू, चंदन गोयल, अशोक कासकर, सचिन कुमार साहू, सत्यम कुमार, चंदन गोप सहित अन्य लोग उपस्थित रहेंगे।

Published / 2026-05-24 20:25:41
भारत विकास परिषद् ने पांचों प्रमुख प्रकल्प पर की विस्तृत चर्चा

टीम एबीएन, रांची। भारत विकास परिषद्, दक्षिण झारखंड प्रांत द्वारा आयोजित प्रांतीय कार्यशाला का आयोजन होटल कुकवेल, रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यशाला में दक्षिण झारखंड प्रांत के अंतर्गत आने वाली आठ शाखाओं के अतिरिक्त गढ़वा एवं चाईबासा से भी प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। 

कार्यशाला में परिषद् के विभिन्न प्रकल्पों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गयी तथा आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। कार्यक्रम में परिषद् की क्षेत्रीय अध्यक्षा एवं राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्या सुमन सिंह, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव दिनेश प्रसाद, दक्षिण झारखंड प्रांत अध्यक्ष सुधीर कर्ण तथा प्रांतीय महासचिव अरुण मिश्रा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। 

प्रांत संस्कार संयोजक गौरव पाण्डेय ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों ने अपने नवीन दायित्वों हेतु शपथ ग्रहण किया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद् के पांचों प्रमुख प्रकल्प संपर्क, सेवा, संस्कार, महिला सहभागिता एवं पर्यावरण पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। 

क्षेत्रीय अध्यक्षा सुमन सिंह ने कहा कि भारत विकास परिषद् केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी शाखाओं से समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आग्रह किया। अंत में प्रांतीय संगठन सचिव उमेश राजगढ़िया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

Published / 2026-05-24 20:24:50
लोहरदगा : शक्ति खूंटा स्थल मुड़मा के विकास के लिए सांसद सुखदेव भगत सक्रिय

विभागीय अभियंता को योजना प्रस्ताव का निर्देश  

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने मुड़मा स्थित पवित्र शक्ति खूंटा स्थल का दर्शन किया। दर्शनोपरांत उन्होंने शक्ति स्थल की सुरक्षा और पवित्रता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभागीय अभियंता को तत्काल योजना प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

सांसद ने कहा कि शक्ति खूंटा स्थल आदिवासी समाज की गहरी आस्था का केंद्र है। यह स्थल हमारी सांस्कृतिक पहचान और पुरखों की परंपरा से जुड़ा है। इसलिए इसका संरक्षण और व्यवस्थित विकास बेहद जरूरी है।  

सांसद भगत ने जोर देकर कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति पूजक है। हमारे धार्मिक स्थल ही हमारी असली धरोहर हैं। शक्ति स्थल की पवित्रता बनी रहे और श्रद्धालुओं को बेहतर मूलभूत सुविधाएं विकसित की जायेंगी। 

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना बनाते समय धर्म गुरु बंधन तिग्गा एवं अन्य सदस्यों का राय अवश्य दें, ताकि विकास के साथ-साथ परंपरा भी अक्षुण्ण रहे। मौके पर धर्म गुरु बंधन तिग्गा, मांडर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि सीताराम भगत मोती चौबे, जिला परिषद के अभियंता मौजूद थे।

Published / 2026-05-24 20:24:00
बाघमारा : अवैध कोयला खनन के विरोध में उतरीं महिला ग्रामीण, दो ट्रक रोके

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा। बरोरा थाना क्षेत्र के बहियारडीह और जोगीडीह में चल रहे अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ शनिवार की देर शाम को महिला ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बहियारडीह में लंबे समय से जारी अवैध कोयला खनन के विरोध में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं खनन स्थल पर पहुंच गयीं और कोयला लोड कर रहे दो ट्रकों को रोक दिया। 

महिलाओं के विरोध को देखते ही वहां मौजूद अवैध खनन में लगे मजदूर मौके से फरार हो गये। इस दौरान अवैध कारोबारियों और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। 

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से गांव की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। लगातार हो रही अवैध कटाई के कारण क्षेत्र में भू-धंसान जैसी घटनाएं होने की आशंका बढ़ गयी है। ग्रामीणों ने अवैध कारोबारियों को तत्काल खनन कार्य बंद करने की चेतावनी दी।

Published / 2026-05-24 17:42:26
बाघमारा : अवैध कोयला खनन के विरोध में उतरीं महिला ग्रामीण, दो ट्रक रोके

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा। बरोरा थाना क्षेत्र के बहियारडीह और जोगीडीह में चल रहे अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ शनिवार की देर शाम को महिला ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बहियारडीह में लंबे समय से जारी अवैध कोयला खनन के विरोध में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं खनन स्थल पर पहुंच गयीं और कोयला लोड कर रहे दो ट्रकों को रोक दिया। 

महिलाओं के विरोध को देखते ही वहां मौजूद अवैध खनन में लगे मजदूर मौके से फरार हो गये। इस दौरान अवैध कारोबारियों और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। 

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से गांव की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। लगातार हो रही अवैध कटाई के कारण क्षेत्र में भू-धंसान जैसी घटनाएं होने की आशंका बढ़ गयी है। ग्रामीणों ने अवैध कारोबारियों को तत्काल खनन कार्य बंद करने की चेतावनी दी।

Published / 2026-05-24 17:31:42
डॉक्टरों-चिकित्सा सुविधाओं के अभाव का दंश झेल रहा बीसीसीएल का लोयाबाद क्षेत्रीय अस्पताल

लोयाबाद क्षेत्रीय चिकित्सालय में डॉक्टर की सुविधाओं नहीं रहने से मरीज हो रहे परेशान, नहीं हो रहा है मरीजों का इलाज 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। बीसीसीएल सिजुआ अंतर्गत लोयाबाद क्षेत्रीय चिकित्सालय में डॉक्टरों एवं चिकित्सा सुविधाओं का भारी अभाव है, जिसके कारण क्षेत्र के मजदूरों एवं आम मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टर नहीं रहने से मरीजों का समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है तथा मरीज घंटों अस्पताल में बैठकर चिकित्सकीय सुविधा का इंतजार करते रहते हैं। 

वर्षों से अस्पताल में डेंटल एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी है। जबकि अस्पताल में आंख एवं दांत से संबंधित सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं। फिर भी डॉक्टर नहीं रहने के कारण मरीज इलाज से वंचित हैं। मरीजों को आंख एवं दांत के इलाज के लिए 20 से 25 किलोमीटर दूर सीएचडी अस्पताल जाना पड़ता है। 

अस्पताल में लगभग 20 लाख रुपये की एक्सरे मशीन एवं टेक्नीशियन उपलब्ध होने के बावजूद मजदूरों का एक्सरे नहीं किया जा रहा है। मजबूरी में मरीजों को बाहर बाजार से एक्सरे कराना पड़ रहा है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि विभाग द्वारा टेक्नीशियन को प्रतिमाह वेतन भुगतान किये जाने के बावजूद मशीन का उपयोग नहीं हो रहा है। 

इसके अतिरिक्त अस्पताल की बिजली व्यवस्था भी अत्यंत खराब है। बिजली जाते ही अस्पताल अंधेरे में डूब जाता है। वर्षों से अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण चिकित्सकों को अंधेरे में मरीजों का इलाज करना पड़ता है। अस्पताल की पैथोलॉजी मशीन भी पिछले छह माह से खराब पड़ी हुई है, जिससे कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड, सीरम क्रेटीनिन, हीमोग्लोबिन आदि महत्वपूर्ण जांच बंद हैं। 

साथ ही आंख, हड्डी एवं दांत विभाग में डॉक्टर नहीं होने के कारण विभाग पूरी तरह बंद पड़ा है। कोलियरी क्षेत्र होने के कारण यहां आंख एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर का होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि मजदूरों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। सबसे गंभीर समस्या यह है कि रात के समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं रहते हैं। 

शाम होते ही डॉक्टर अपने घर चले जाते हैं, जिसके कारण रात में किसी भी प्रकार की इमरजेंसी स्थिति में मरीजों को धनबाद रेफर करना पड़ता है। कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण मरीजों की जान तक चली जाती है। रात के समय अस्पताल में डॉक्टरों का नदारद रहना क्षेत्र के मजदूरों एवं आम जनता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

Page 59 of 1686

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse