झारखंड

View All
Published / 2024-05-28 17:58:19
महाराजा अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ, 140 बच्चे ले रहे हैं भाग

बच्चों के सकारात्मकता का निर्माण होने से देश समाज और परिवार के लिए भी उपयोगी सिद्ध होंगे : विनोद जैन

टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल सभा रांची के तत्वावधान एवं महिला समिति के सहयोग से महाराजा अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय समर कैंप शुरू हुआ। समर कैंप का उद्घाटन अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष सह रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के महामंत्री विनोद कुमार जैन ने महाराजा अग्रसेन एवं मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 

मौके पर विनोद जैन ने अग्रवाल सभा के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों का यह सर्वश्रेष्ठ समय है। उनके निर्माण का बच्चों को जिस दिशा में मोड़ा जायेगा। उसी दिशा में भविष्य में आगे बढ़ेंगे। उनमें सकारात्मकता का निर्माण होने से वो देश समाज और परिवार के लिए भी उपयोगी सिद्ध होंगे।

अग्रवाल सभा के अध्यक्ष नंदकिशोर पाटोदिया ने कहा कि विगत 21 वर्षों से अग्रवाल सभा ने बच्चों के लिए समर कैंप आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संस्कार, चित्रकला, संगीत, नृत्य, शतरंज, हस्तकला, पाक कला, जूडो कराटे, अभिनय, योग एवं वक्तृत्व कला की बेसिक जानकारी निपुण प्रशिक्षक देते हैं ताकि वे अपनी रुचि और प्रतिभा को पहचान सकें।

इस दिन दिवसीय समर कैंप में 140 बच्चों ने भाग लिया। अग्रवाल सभा महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल ने कहा कि सभी बच्चे मौज-मस्ती करते हुए सभी ज्ञानवर्धक बातें सीखते हैं। कोशिश की जाती है कि खेल-खेल में उनके अंदर अच्छे संस्कारों के बीज भी डाल दिये जायें। कार्यक्रम का संचालन अग्रवाल सभा के सचिव मनोज कुमार चौधरी ने की।

अग्रवाल सभा के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि इस अवसर पर प्रभाकर अग्रवाल, सज्जन पाड़िया, प्रमोद अग्रवाल, मनोज चौधरी, मनोज रूईया, पवन पोद्दार, कौशल राजगढ़िया, संजय सर्राफ, आनंद जालान,निर्मल बुधिया, अजय डीडवानिया, नरेश बंका, सुरेश चौधरी, रमाशंकर बगड़िया, सुनील पोद्दार, अजय खेतान, राजकुमार मित्तल, आकाश अग्रवाल, रूपा अग्रवाल, उर्मिला पाड़िया, मंजू लोहिया, रीना सुरेखा, बिना मोदी, छाया अग्रवाल, प्रीति पोद्दार, मधु सराफ, सीमा पोद्दार, सुनैना सरिता, मंजू केडिया, संगीता गोयल, प्रीति बंका, स्वर्णालता जैन, रीता केडिया, प्रीति फोगला, जया बिजावत, सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Published / 2024-05-28 12:02:46
भविष्य में जयराम के हाथों में होगी सत्ता की चाबी

  • जयराम महतो की पार्टी ने उड़ाई राजनीतिक दलों की नींद
  • सुदेश महतो के लिए भी बनी चुनौती, मिले भविष्य के कई संकेत

टीम एबीएन, रांची। रांची, गिरिडीह और हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में चुनाव संपन्न हो चुका है। परिणाम 4 जून को आयेगा। लेकिन चुनाव के दौरान झारखंड भाषा खतियान संघर्ष समिति के उम्मीदवारों ने इन तीनों लोकसभा क्षेत्रों में जिस तरह अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। वह भविष्य की राजनीति के लिए कई संकेत दे गया है। राज्य में स्थापित दलों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। कुर्मी वोटों के दावेदार दलों के लिए खतरे की घंटी है। आजसू, झारखंड मुक्ति मोर्चा और भाजपा के लिए जय राम महतो की पार्टी चुनौती बनकर उभरी है।   

गिरिडीह में जयराम महतो ने तो अपनी उपस्थिति से लड़ाई को त्रिकोणात्मक बना दिया है। सबको चौंका दिया है। यदि चुनाव परिणाम पर जयराम महतो की पार्टी ने असर डाला तो फिर विधानसभा चुनाव दिलचस्प होने वाला है। स्थापित दलों के आका नेताओं के लिए भी जयराम महतो चुनौती बनते दिख रहे हैं। कुर्मी वोटों के दावेदार की चिंता बढ़ा दी है । उनके राजनीतिक वजूद पर सवाल है।

चुनाव परिणाम आने के बाद ही सही तस्वीर सामने आयेगी। लेकिन मतदान के दौरान गिरिडीह हजारीबाग और रांची लोकसभा क्षेत्र के कुर्मी बहुल इलाकों में इस पार्टी ने जिस तरह असर डाला है इससे नए राजनीतिक संकेत मिल रहे हैं। इस नयी पार्टी के साथ युवाओं की बड़ी टोली है। 

इसमें कुर्मी जाति के साथ-साथ अन्य जाति के युवा भी हैं। यदि युवा किसी के साथ जुड़ जाए तो उसकी ताकत का अंदाजा  लगाया जा सकता है युवा ही आज निर्णायक स्थिति में हैं। स्थानीय नीति, बेरोजगारी युवाओं के साथ धोखा, वादा खिलाफी व नियुक्तियों में घोटाला सहित अन्य मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाकर जय राम महतो और उनकी टीम ने युवाओं को अपनी ओर आकर्षित किया है। 

लोकसभा चुनाव के ठीक पहले जयराम महतो और देवेंद्र महतो को पुलिस प्रशासन ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी पुराने मामले में हुई। चुनाव के ठीक पहले गिरफ्तारी का गलत संदेश युवाओं में गया। सरकार की साजिश मानकर बड़ी संख्या में लोग जय राम महतो के साथ जुड़े। उनको सहानुभूति मिली। यही वजह रही की गिरिडीह में जयराम महतो ने अपने दम पर बड़ी-बड़ी सभाएं की। 

झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापित नेता मथुरा महतो और एनडीए उम्मीदवार सह आजसू प्रत्याशी सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी की  नींद उड़ गई। चुनाव के दौरान दोनों नेता बहुत परेशान दिखे। परेशानी की वजह जयराम महतो ही थे। मतदान के दिन गिरिडीह में जयराम महतो को अच्छा खासा वोट मिला है। वह लड़ाई के तीसरे कोण हैं। रांची में देवेंद्र महतो और हजारीबाग में संजय मेहता ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। 

कुर्मी बहुल इलाकों में इन दोनों नेताओं को अच्छा खासा मत मिला है। चुनाव परिणाम के बाद तस्वीर साफ होगी। लेकिन इतना तय है कि आने वाले दिनों में यह पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा, आजसू और भाजपा के लिए परेशानी पैदा करने वाली है। 

विधानसभा चुनाव में जयराम महतो की पार्टी गुल खिला सकती है। कुछ विधानसभा क्षेत्रों में समीकरण बिगाड़ने के लिए यह पार्टी तैयार हो गयी है। सुदेश महतो के लिए भी यह पार्टी चुनौती बनी हुई है। इस पार्टी के उभार से सबसे अधिक नुकसान आजसू और झारखंड मुक्ति मोर्चा को ही होने वाला है। एक मजबूत कुर्मी युवा नेता के उभार ने चिंता पैदा कर दी है।

Published / 2024-05-27 22:20:02
रांची डीजे हत्याकांड पर इस्तीफा दें सीएम : बाबूलाल

रांची डीजे हत्याकांड पर भाजपा ने उठाये सवाल, सीएम से मांगा इस्तीफा

टीम एबीएन, रांची। रांची के मेन रोड इलाके में स्थित बार में डीजे की गोली मारकर हत्या की वारदात ने लॉ एंड आर्डर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वारदात का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें आरोपी एक निकर पहने आधुनिक आटोमेटिक राइफल लेकर बार के अंदर घुसता है और डीजे को गोली मार देता है। 

इसके बाद वह बार के बाहर आकर बेखौफ अंदाज में सड़क पर करीब पंद्रह मिनट तक फायरिंग करता है, फिर आराम से अपनी कार में बैठकर निकल जाता है। वारदात रविवार रात करीब एक बजे की है। यह बार रांची में सबसे बड़े फोर स्टार होटल ह्लरेडिशन ब्लूह्व के पास स्थित है। लोग सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए सवाल उठा रहे हैं कि शख्स जब पंद्रह मिनट तक फायरिंग कर रहा था तो पुलिस और पीसीआर कहां थी? 

वह कार में आटोमेटिक राइफल लेकर घूमता रहा और उसे कहीं भी रोका नहीं गया तो पेट्रोलिंग ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मी कहां थे? सवाल यह भी उठ रहा है कि जब लोकसभा चुनाव के दौरान तमाम लाइसेंसी हथियार जमा कराए गए थे, तो यह व्यक्ति आटोमेटिक राइफल लेकर कैसे घूम रहा था? आरोपी शख्स का नाम अभिषेक सिंह बताया जा रहा है। पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। आटोमेटिक राइफल भी जब्त कर ली गई है। 

झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी इस वारदात का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है, ह्लझारखंड में व्यवसाय करना कितना असुरक्षित हो गया है, इसका खौफनाक उदाहरण कल फिर देखने को मिला। राजधानी रांची में एक बार के अंदर डीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने जेसिका लाल मर्डर केस की यादें ताजा कर दी। 

मामूली विवाद में डीजे की हत्या करने वाले अपराधियों का दुस्साहस दिखाता है कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बिल्कुल मरणासन्न हो चुकी है। झामुमो-कांग्रेस की सरकार तो पिछले साढ़े 4 सालों से अपराधियों के गोदी में बैठकर खेल रही है, उनसे कार्रवाई की उम्मीद भी नहीं की जा सकती।

Published / 2024-05-27 21:07:51
अब हेमंत को हाईकोर्ट से जमानत की आस!

हेमंत सोरेन ने जमानत के लिए खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा

टीम एबीएन, रांची। जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने अब झारखंड हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है। इसके पहले 22 मई को उन्होंने ईडी की कार्रवाई और गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट की इजाजत के बाद वापस ले ली थी। 

इस मामले में रांची की स्पेशल पीएमएलए (प्रीवेंशन आफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) कोर्ट ने 13 मई को हेमंत सोरेन की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। सोरेन की ओर से दाखिल जमानत याचिका में कहा गया है कि उनके खिलाफ जिस 8.86 एकड़ जमीन पर कब्जे का आरोप लगाते हुए ईडी ने कार्रवाई की है, उससे संबंधित एक भी दस्तावेज ईडी के पास नहीं है।

यह झारखंड की सीएनटी (छोटानागपुर टेनेंसी एक्ट) के तहत भुईंहरी नेचर की जमीन है, जो किसी भी हाल में किसी व्यक्ति के नाम पर ट्रांसफर नहीं किया जा सकता। याचिका में यह भी कहा गया है कि जमीन पर अवैध कब्जे में पीएमएलए के तहत शेड्यूल आॅफेंस का केस नहीं बनता। बहरहाल, सोरेन की इस याचिका पर फिलहाल सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है। 

बता दें कि इस मामले में सोरेन ने ईडी की कार्रवाई और गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। 21-22 मई को सुप्रीम कोर्ट की वेकेशन बेंच ने इस याचिका पर सुनवाई की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इस बात पर नाराजगी जतायी कि सोरेन की ओर से फाइल की गई पिटीशन में इस फैक्ट को छिपाया गया कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी की स्पेशल कोर्ट संज्ञान ले चुकी है। 

इसके बाद सोरेन की ओर से अदालत में उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने याचिका वापस लेने की इजाजत मांगी थी। बता दें कि बड़गाईं अंचल में 8.66 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में ईडी ने विगत 31 जनवरी को हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

ईडी ने मामले में 30 मार्च को अदालत में हेमंत सोरेन के अलावा जमीन के मूल रैयत राजकुमार पाहन, हेमंत सोरेन के करीबी विनोद कुमार, राजस्व उपनिरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद और हिलेरियस कच्छप के खिलाफ चार्जशीट भी फाइल की है। इसमें बताया गया है कि हेमंत सोरेन ने न सिर्फ गैरकानूनी तरीके से जमीन हासिल की, बल्कि जांच शुरू होने पर साक्ष्यों को नष्ट करने की कोशिश की।

Published / 2024-05-27 21:01:39
महाराजा अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय समर कैंप 28 मई से, तैयारियां पूरी

टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष नंदकिशोर पाटोदिया, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया है कि इस वर्ष बच्चों के लिए तीन दिवसीय समर कैंप 28 से 30 मई तक महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित किया गया है। समर कैंप का उद्घाटन 28 मई को प्रात: 8 बजे अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष सह रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के महामंत्री विनोद कुमार जैन करेंगे। 

उन्होंने बताया कि विगत 21 वर्षों से अग्रवाल सभा ने बच्चों के लिए समर कैंप का लगातार आयोजन किया है। अग्रवाल सभा द्वारा एवं अग्रवाल सभा महिला समिति के सहयोग से आयोजित समर कैंप की अपनी विशेषता होती है। कक्षा 4 से 12 तक के बच्चों के लिए प्रतिदिन सुबह 8 बजे से लेकर शाम को 5 तक यह समर कैंप चलता है जिसमें दो बार नाश्ता एवं दोपहर का भोजन भी दिया जाता है। 

इन बच्चों को चित्रकला, संगीत, नृत्य, शतरंज, हस्तकला, पाक कला, जूडो कराटे, अभिनय, योग एवं वक्तृत्व कला की बेसिक जानकारी निपुण प्रशिक्षकों के द्वारा दी जाती है ताकि वे अपनी रुचि एवं प्रतिभा को पहचान सकें। बच्चे मौज -मस्ती करते हुए सब सीखते हैं, उनके ऊपर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं डाला जाता। कोशिश की जाती है कि खेल-खेल में उनके अंदर अच्छे संस्कारों के बीज भी डाल दिये जायें। 

कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों के लिए भी सुबह 8 बजे से 12 तक इस कैंप का आयोजन किया जाता है। इन बच्चों के लिए भी नाश्ते एवं गिफ्ट की व्यवस्था रहती है। महिला समिति की संयोजका रूपा अग्रवाल ने कहा है कि सभी अग्रवाल परिवारों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को इस समर कैंप में जरूर भेजें जहां उन्हें सुसंस्कृत वातावरण में विभिन्न कलाओं से परिचित कराया जाता है। 

समर कैंप की तैयारीयां पूरी कर ली गयी है। तथा अग्रसेन भवन या महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल (फोन 9708603305) से संपर्क कर विस्तृत जानकारी ले सकते हैं। उक्त जानकारी अग्रवाल सभा, रांची के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2024-05-27 21:00:47
डीएवी गांधीनगर में समर कैंप का समापन

टीम एबीएन, रांची। डीएवी गांधीनगर में 15 दिवसीय विभिन्न खेलों का ग्रीष्मकालीन निशुल्क प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में कबड्डी, खो खो, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, ताइकानडो, कराटे, बैडमिंटन वालीबाल, वुडबाल आदि खेलों के बालक/बालिका खिलाड़ियों को मुख्य प्रशिक्षक गोविंद झा तथा कौशल कुमार, स्वाति शिप्रा, ने सभी खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया। 

इस शिविर में खासकर खिलाड़ियों के फिटनेस, स्किल ट्रेंनिंग, एकाग्रता, संयम, खेलों के टेकनिक के बारे में जानकारी दी गयी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीएवी स्कूल गांधीनगर के प्राचार्य एस के सिन्हा प्रमाण पत्र वितरित किए।

कहा कि आज के बच्चे मोबाइल के खेल तक सीमित ना हो बल्कि मैदानी खेल को प्रायोगिकता के रूप में ट्रेंनिंग करें, ताकि मानसिकता सकारात्मकता की ओर अग्रसरित हो।ताकि अच्छा खिलाड़ी के साथ अच्छा नागरिक भी बने सके।

Published / 2024-05-26 19:36:05
पंछी को दाना - पंछी को पानी: जन जागरूकता अभियान के दूसरे चरण का आयोजन

टीम एबीएन, रांची। श्री सर्वेश्वरी समूह - शाखा रांची (औघड़ भगवान राम आश्रम, अघोर पथ, लेक रोड पश्चिम, रांची) द्वारा आज दी.26.05.2024 (दिन - रविवार) को पंछी को दाना - पंछी को पानी - जन जागरूकता अभियान के दूसरे चरण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को सुबह 8.30 बजे शुरू से किया गया जिसके तहत अघोर पथ (लेक रोड पश्चिम), किशोर गंज चौक एवं शिव गंज में निवास कर रहे लोगों के बीच 100 सकोरा (मट्टी का बर्तन) एवं दाना का पैकेट का वितरण किया गया।

इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों के बीच जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया ताकी इस भीषण गर्मी में पक्षियों को पीने का पानी एवं दाना मिल सके साथ ही उनके प्राणों की रक्षा हो सके। कार्यक्रम में इन इलाकों के लोगों के बीच लगभग 100 सकोरा एवं दाना के पैकेट को वितरित कर उनसे निवेदन किया गया कि अपने घरों के छत एवं आंगन पर इसमें पानी भर कर रखें और साथ ही पक्षियों के खाने के लिए दाना भी दें।

इससे पूर्व दी.23.05.2024 (गुरुवार) को श्री सर्वेश्वरी समूह - शाखा रांची द्वारा मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क के मुख्य द्वार पर पंछी को दाना - पंछी को पानी: जन जागरूकता अभियान के पहले चरण में लोगों के बीच 200 सकोरा एवं दाना का पैकेट वितरित किया जा चुका है।

कार्यक्रम में श्री सर्वेश्वरी समूह - शाखा रांची की ओर से हेमन्त नाथ शाहदेव, आशुतोष कुमार, नवल किशोर सिंह, गिरेन्द्र नाथ शाहदेव, अंजनी कुमार सिंह, कीर्तिमान नाथ शाहदेव, नागदमनी नाथ शाहदेव, अशोक प्रियदर्शी, एतवा बड़ाईक, द्वेद नाथ शाहदेव, सोमेश्वर नाथ शाहदेव, मानवेन्द्र नाथ शाहदेव, राज सहाय, बसन्त बड़ाईक, यदुनाथ शाहदेव इत्यादि शामिल हुए।

Published / 2024-05-26 19:28:59
लाश को घर में छोड़ भाग खड़े हुए कलयुगी पुत्र और पोते

  • बेटी और दामाद ने दिया अर्थी को कंधा, निभाया बेटा का फर्ज
  • संपत्ति बंटवारा को लेकर चल रही थी रस्सा-कशी

टीम एबीएन, कोडरमा। युग का प्रभाव हमेशा से देखने को मिलता रहा है। कलियुग में रिश्ते दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। कुल का दीपक यदि लड़खड़ाने लगे तो बेटियां ही उसे संभालती हैं। झुमरी तिलैया में रेलवे स्टेशन के निकट एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां मां की मृत्यु होते ही लाश को घर में छोड़कर पोते और छोटा बेटा भाग खड़ा हुआ। जबकि बेटी और दामाद ने न सिर्फ अर्थी को कंधा दिया बल्कि मुखाग्नि का फर्ज भी निभाया। 

मामला रेलवे स्टेशन के निकट संचालित निराला होटल से जुड़ा हुआ है। इस घर की 90 वर्षीय गायत्री देवी के बडे़ पुत्र स्व. कृष्णा साहा के पुत्र यानि गायत्री देवी के दोनों पोते सागर साहा और राहुल साहा तथा छोटा बेटा पंकज साहा में प्रोपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था।

24 मई को जब गायत्री देवी का निधन हुआ तो उनकी लाश को घर में छोड़कर दोनों पोते और छोटा बेटा घर से निकल गया। एक दिन बाद गायत्री देवी की बेटी प्रीति साहा और दामाद राहुल गुप्ता ने पड़ोसियों की मदद से अर्थी को कंधा दिया और श्मशान में मुखाग्नि देने का फर्ज भी निभाया। इस मामले को लेकर कान्य कुब्ज हलवाई महासभा में रोष देखा जा रहा है। 

महासभा के जिला सचिव संजीव कुमार साहा ने वृद्वा की लाश को घर में छोड़कर बेटा और पोतों के भाग खडे़ होने के घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए अच्छी बात नहीं है। श्राद्वकर्म की समाप्ति के बाद इस मामले पर सामाजिक स्तर वर विचार किया जाएगा।

Page 583 of 1699

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse