टीम एबीएन, रांची। रांची में सुबह से ही बादलों की आंख मिचौली देखने को मिल रही है। कभी धूप तो कभी आंशिक बादल आसमान में दिखाई दे रहे हैं। इस तरीके की लुका छुपी पूरे दिनभर चल रही है। अब जो अपडेट आ रही है वह यह है कि रांची में आज हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
हालांकि यह बारिश सिर्फ रांची ही नहीं, झारखंड के चार जिलों में हो सकती है। जहां सिर्फ बारिश की बूंद ही देखने को मिल सकती है। झारखंड मौसम केंद्र के मुताबिक राजधानी रांची समेत खूंटी, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में आज बारिश की संभावना है।
हालांकि यह बारिश बहुत तीव्र तो नहीं रहेगी, लेकिन फिर भी 25% तक बारिश यहां पर देखी जा सकती है। वहीं, वज्रपात को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन अगर कहीं बाहर निकलते हैं तो साथ में छतरी लेना ना भूलें। क्योंकि, मौसम कभी भी करवट ले सकता है।
टीम एबीएन, रांची। नगर निकाय चुनाव के बीच राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित डिस्पैच सेंटर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक वाहन के अंदर ड्राइवर का शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, नगर निकाय चुनाव की ड्यूटी को लेकर एक वाहन को मोरहाबादी मैदान में बने निकाय चुनाव के वाहन कोषांग में लाया गया था। वाहन के साथ उसका ड्राइवर भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि ड्राइवर रात में गाड़ी के अंदर ही सो गया था।
सुबह वह गाड़ी से उतरकर मॉर्निंग वॉक पर गया और लौटने के बाद फिर से गाड़ी में आराम करने चला गया। काफी देर तक जब वह गाड़ी से बाहर नहीं निकला, तो अन्य ड्राइवरों को शक हुआ कि अभी तक वह वापस क्यों नहीं आया है। गाड़ी के अंदर झांककर देखा गया तो ड्राइवर मृत अवस्था में पाया गया। इसके बाद तुरंत अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा होगा
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर की मौत हार्ट अटैक से हुई हो सकती है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि सोमवार, 23 फरवरी को झारखंड में नगर निकाय चुनाव होना है, ऐसे में चुनावी तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने प्रशासन और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को भी सकते में डाल दिया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले में मॉब लिंचिंग की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बुरी तरह पीट दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात तेलियाही गांव में एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान गांव के लोगों ने एक युवक को चोरी करते देख लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने युवक को रस्सी से बांध दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही पड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
युवक की हालत बहुत गंभीर थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। रविवार सुबह करीब 8 बजे घटना की पुष्टि की गई। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है।
टीम एबीएन, रांची। संत लॉरेंस विद्यालय के हॉस्टल में बीते शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाले 5 वर्षीय छात्र सूर्यन उरांव की इलाज के दौरान मौत हो गयी। घटना के बाद स्कूल परिवार और अभिभावकों में शोक और चिंता का माहौल है।
मृतक छात्र सूर्यन उरांव कुड़ू थाना क्षेत्र के कोलसिमरी गांव का रहने वाला था। उसके माता-पिता रोजगार के कारण बाहर रहते हैं और उसे स्कूल के हॉस्टल में रखकर पढ़ा रहे थे। स्कूल के प्रधानाध्यापक अजय शंकर कुमार ने बताया कि स्कूल खत्म होने के बाद सभी बच्चे हॉस्टल में थे।
लंच के बाद बच्चे ट्यूशन के लिए बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान सूर्यन हॉस्टल के कमरे के बाहर बने एक छज्जे पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद उसे तुरंत झीको चट्टी में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेड़ो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया।
रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी तुरंत सूर्यन के माता-पिता को दी गई। वे रिम्स पहुंच चुके हैं। उनकी मौजूदगी में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्कूल प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख जताया है।
हादसे की खबर मिलते ही हॉस्टल में रहने वाले अन्य बच्चों के अभिभावक भी स्कूल पहुंचने लगे। उन्होंने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जतायी है। जानकारी के अनुसार, इस विद्यालय में कुल 520 छात्र पढ़ते हैं, जिनमें से 119 छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं।
टीम एबीएन, रांची। रांची के इटकी थाना क्षेत्र के कुंदी पतराटोली गांव स्थित जलेबिया जंगल में एक बार फिर जंगली हाथी ने उत्पात मचाया। बीते शनिवार सुबह हुए इस हमले में एक युवक और तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं जंगल में पत्ता चुनने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी उनके सामने आ गया। हाथी को देखते ही सभी जान बचाकर भागने लगे।
इस दौरान मांगी उरांव, सावित्री केरकेट्टा और 15 वर्षीय रितिका गिर पड़ीं और हाथी की चपेट में आ गईं। वहीं, एक युवक भी हाथी के हमले में बुरी तरह घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में गंभीर चोट आयी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार सभी का इलाज जारी है। हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गयी।
प्रभारी वनपाल राहुल महली के नेतृत्व में टीम हाथी की निगरानी कर रही है और उसे सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि घायलों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाएगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड संख्या 53, 54 और 55 में आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) की धज्जियां उड़ने का मामला सामने आया है।
स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इन वार्डों में देर रात और सुबह के वक्त वोटरों को लुभाने के लिए भारी मात्रा में नकदी (पैसा) का वितरण किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि प्रशासन की निगरानी के दावों के बावजूद यह खेल धड़ल्ले से जारी है।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जब चुनाव आयोग ने फ्लाइंग स्क्वाड और चेक पोस्ट की व्यवस्था की है, तो फिर इतनी बड़ी मात्रा में नकदी इन क्षेत्रों तक कैसे पहुँच रही है?
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कईली दई कुडूख आवासीय विद्यालय मनरवा मुंडा, बेड़ो में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा कि कुॅडूख छोटानागपुर पठार, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल सहित अन्य क्षेत्रों में निवास करने वाले उरांव जनजाति का मातृभाषा है।
यह भाषा सिर्फ संवाद का साधन नहीं, बल्कि हमारी लोक कथाओं, नृत्यों और पड़हा व्यवस्था जैसी समृद्ध जनजातीय संस्कृति की संवाहक है। कुडूख भाषा के संरक्षण और विकास की आवश्यकता है।
नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा के प्रति जागरूक होना होगा। कुॅडूख भाषा को आगे बढ़ाने के लिए स्कूल प्रबंधन के सभी सदस्यों को सांसद ने बधाई दी।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में आईईडी विस्फोट में दो सीआरपीएफ जवान घायल हो गए। घायल सीआरपीएफ जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार को उस समय हुई जब सीआरपीएफ (CRPF) के जवान सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।
जवान जंगल के अंदर तलाशी अभियान में जुटे थे, तभी रास्ते में पहले से छिपाकर लगाया गया आईईडी अचानक फट गया। इस विस्फोट की चपेट में आकर दो जवान घायल हो गए। धमाका काफी तेज था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।
घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को प्राथमिक इलाज दिया गया। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें हेलिकॉप्टर के जरिए रांची लाया गया, ताकि बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। अधिकारियों के अनुसार, दोनों जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
ब्लास्ट के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। जंगल में छिपे नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भी मौके पर भेजा गया है। पुलिस और सुरक्षाबलों की ओर से सारंडा जंगल में बचे हुए नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।
सारंडा जंगल नक्सल गतिविधियों के लिए पहले से संवेदनशील इलाका माना जाता है। सुरक्षाबल यहां समय-समय पर सर्च ऑपरेशन चलाते रहते हैं। प्रशासन का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse