एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले 16 बच्चे मध्याह्न भोजन में अंडा खाने के बाद बीमार पड़ गये। इसके बाद बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उन सभी का इलाज किया गया है। जिला के भंडरा थाना क्षेत्र के अपग्रेड मध्य विद्यालय कुंदों में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चों को अंडा दिया गया था। जिसे खाने के बाद स्कूल के 16 बच्चे बीमार पड़ गये।
स्कूल प्रबंधन ने सभी बच्चों को इलाज के लिए भंडरा अस्पताल पहुंचाया। जहां बच्चों का इलाज किया गया है। सूचना मिलने के साथ ही बच्चों के अभिभावक भी अस्पताल पहुंच गये। इस घटना को लेकर प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर संजय कुमार का कहना है कि ये मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा हुआ है। बच्चों ने पेट दर्द के साथ उल्टी की शिकायत भी की थी। फिलहाल सभी बच्चे स्वस्थ हैं।
इसको लेकर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी जयनाथ महतो का कहना है कि अंडा खाने से बच्चों की सेहत बिगड़ी है, इस मामले में जांच की जायेगी। मध्याह्न भोजन के बचे हुए अंडों को सीज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि अपग्रेटेड मिडिल स्कूल कुंदो में बच्चों को मध्याह्न भोजन के रूप में अंडा दिया गया था। जिसे खाने के बाद बच्चे पेट दर्द और उल्टी की शिकायत करने लगे। यह देख शेष बच्चों ने अंडा नहीं खाया। आनन-फानन में बच्चों को इलाज के लिए भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां पर बच्चों का इलाज किया गया है। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में चंपई सोरेन द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद, 4 जुलाई (गुरुवार) को हेमंत सोरेन ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। हेमंत के शपथ लेने के बाद जो सरकार बनी है उसका कार्यकाल केवल 6 महीने तक ही होगा।
इस समय झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता नजर आ रही है। बता दें कि यहां 23 साल में अब तक 13 बार सीएम बन चुके है और 3 बार राष्ट्रपति शासन लागू हुआ है। हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री के रूप में तीसरी बार नियुक्त हुए हैं। उनका अब तक का कार्यकाल लगभग 5 साल 199 दिन का रहा है।
झारखंड की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को पूरा हो रहा है। यदि वह आगामी विधानसभा चुनाव तक इस पद पर बने रहे, तो उनके कार्यकाल में कुछ और दिनों का इजाफा हो सकता है। इसके पहले 2 फरवरी को चंपई सोरेन की अगुवाई में बनी सरकार का कार्यकाल 152 दिनों तक ही रहा।
झारखंड में 2000 से 2014 के बीच झारखंड में 5 मुख्यमंत्रियों के नेतृत्व वाली 9 सरकारें बनीं, जिसमें मुख्यमंत्रियों का औसत कार्यकाल लगभग मात्र 1.5 साल का रहा। इस दौरान बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, शिबू सोरेन, मधु कोड़ा और हेमंत सोरेन बारी-बारी से सीएम बने। झारखंड में कुल 645 दिनों के लिए 3 बार राष्ट्रपति शासन भी देखा गया है।
टीम एबीएन, रांची। भाजपा नेत्री और हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन ने कहा कि चंपई सोरेन झामुमो के पुराने नेता हैं और कोल्हान में टाइगर के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने झामुमो पर हमला बोलते हुए कहा कि कोल्हान टाइगर चंपई को झामुमो ने चुप करा दिया है।
सीता सोरेन ने आगे कहा कि जब 3-4 महीने बाद चुनाव होने हैं तो ऐसा क्या था कि हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री बनने के लिए कोल्हान टाइगर के नाम से जाने वाले चंपई सोरेन को पद से हटा दिया। सीता सोरेन ने कहा कि झामुमो सरकार के समय न तो लोगों को पानी मिल रहा है न कोई दूसरी सुविधा। झामुमो बस चेहरा बदलने और सरकार बदलने का खेल कर रही है।
सीता सोरेन ने कहा कि ये लोग जिनको जब चाहें उन्हें मुख्यमंत्री की सीट पर बैठा सकते हैं और इस सीट से उतार भी सकते हैं। सीता सोरेन ने कहा कि अगर चंपई सोरेन 3-4 महीने और मुख्यमंत्री रहते तो इन लोगों को क्या दिक्कत थी।
टीम एबीएन, रांची। ओडिशा हाईकोर्ट के सीनियर जस्टिस डॉ विद्युत रंजन सारंगी (वीआर सारंगी) ने झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ले ली है। सुबह 9:45 बजे झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राजभवन में उन्हें शपथ दिलायी।
डॉ सारंगी 19 जुलाई 2024 को रिटायर होंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 27 दिसंबर 2023 को डॉ वीआर सारंगी को झारखंड हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की थी। 20 जुलाई 1962 को ओड़िशा के चर्चित सारंगी परिवार में जन्मे डॉ वीआर सारंगी ने बीजेबी कॉलेज भुवनेश्वर से कॉमर्स में स्नातक की पढ़ाई की।
इसके बाद उत्कल यूनिवर्सिटी के एमएस लॉ कॉलेज कटक से एलएलबी आनर्स गोल्ड मेडल के साथ पास किया। डॉ सारंगी ने 1,52,000 से अधिक केस का निबटारा किया है। उन्होंने 1500 से अधिक रिपोर्टेड जजमेंट लिखे हैं। वकील के रूप में भी उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभायी। गुरुवार की देर रात रांची पहुंचने पर हाईकोर्ट के अधिकारियों ने अपने नये चीफ जस्टिस का भव्य स्वागत किया।
टीम एबीएन, रांची। हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण के बाद प्रोजेक्ट भवन में योगदान के साथ ही सुनील श्रीवास्तव को बाह्य कोटे से वरीय आप्त सचिव नियुक्त किया है।
गुरुवार की देर शाम इससे संबंधित अधिसूचना मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने जारी कर दी है। इसमें कहा गया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह से अस्थाई और को टर्मिनस है। किसी भी समय बिना किसी पूर्व सूचना के इसे समाप्त किया जा सकता है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मानसून सक्रिय है। पिछले 24 घंटो में राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने राजधानी समेत कई जिलों में 4 और 5 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इसी के साथ वज्रपात की चेतावनी भी दी है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी मौसम विभाग ने गोड्डा, साहिबगंज, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह और जामताड़ा में भारी वर्षा के साथ वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र के अनुसार कुछ स्थानों पर तेज गति से हवा चलने की संभावना है, इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होने की आशंका है। अलर्ट को देखते हुए प्रशासन की तरफ से लोगों को सतर्कता और सावधान रहने की हिदायत दी गई है। जिसमें उन्हें सुरक्षित स्थानों में रहने व बिजली के उपकरणों का उपयोग न करने की सलाह दी गयी है।
टीम एबीएन, रांची। हेमंत सोरेन ने झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद एक वीडियो संदेश जारी किया. 5 मिनट 14 सेकेंड के इस वीडियो में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष ने देश और झारखंड की जनता को याद दिलाया कि 31 जनवरी 2024 को उन्होंने इसी जगह से लोगों को एक संदेश दिया था। इस संदेश में उन्होंने कहा था कि विरोधियों ने उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा।
उन्होंने कहा कि वे अपने षड्यंत्र में कामयाब भी हुए। 5 महीने तक इन लोगों ने मुझे अलग-अलग तरीके से लंबे समय तक जेल में रखने का प्रयास किया। हमने भी कानूनी लड़ाई का रास्ता चुना। सड़कों पर आपने हमें भरपूर सहयोग दिया। अंतत: न्याय के आदेश के अनुरूप और न्याय ने मुझे पाक-साफ करार देते हुए बरी किया। हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि आज मैं पुन: आपके सामने हूं।
2019 में आप सब लोगों ने मुझे राज्य को एक दिशा देने के लिए, आपकी सेवा करने का मौका दिया था। लेकिन, षड्यंत्रकारियों को यह पचा नहीं कि एक आदिवासी नौजवान इतने ऊंचे पद पर रहे। अंतत: 31 जनवरी को इन लोगों ने बेबुनियाद आरोपों पर, झूठे मुकदमे बनाकर मुझे मुख्यमंत्री के पद से हटने के लिए मजबूर कर दिया।
झामुमो नेता ने कहा कि भगवान के घर में अंधेर नहीं रहता है। कहीं न कहीं आज आपलोगों की दुआ और आपका आशीर्वाद मिला। झारखंड एकता का जो परिचय आपने दिया है, उसके लिए हम आपके सदैव ऋणी रहेंगे। हमने पहले भी कहा है कि हम झारखंड प्रदेश और यहां के आदिवासी, पिछड़े, दलित, किसान, मजदूर की आवाज हैं। लड़कर झारखंड लिया है। गरीबों को कभी किसी ने प्यार से कुछ नहीं दिया, उन्हें हमेशा संघर्ष करना पड़ा है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि जब आपने हमें सेवा करने का मौका दिया, तो हम अनवरत आपके दरवाजे तक पहुंचने की कोशिश की। लेकिन, इन लोगों ने एड़ी चोटी का जोर लगाकर हमारे कदमों को कुछ देर के लिए रोक दिया। हम फिर आपके बीच आ रहे हैं। आपका हक-अधिकार आप तक पहुंचाने का मेरा प्रयास रहेगा। मेरा हर एक निर्णय यहां के मूलवासी-आदिवासियों, दबे-कुचले, शोषित-पिछड़े वर्गों के लिए काम करूंगा।
अब मैं शपथ लेने जा रहा हूं। शपथ ग्रहण के बाद हमलोग जो रुकी हुई गाड़ी थी, उसको और गति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। गांव-गांव तक हम सबलोग पहुंचेंगे। सरकार के विकास कार्यों को रफ्तार दिया जाएगा। अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड रुकेगा नहीं, झारखंड झुकेगा नहीं।
टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल सभा रांची की कार्यकारिणी सदस्यों, स्थायी विशेष आमंत्रित सदस्यों की एक बैठक महाराजा अग्रसेन भवन के सभागार में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष नंदकिशोर पाटोदिया की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में अग्रवाल सभा के क्रियाकलापों की समीक्षा की गई एवं भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गयी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। अग्रवाल सभा की आम सभा एवं आम चुनाव 28 जुलाई को महाराजा अग्रेसन भवन में होगा। अग्रवाल सभा के नये सत्र के चुनाव हेतु सुरेश चंद्र अग्रवाल को चुनाव पदाधिकारी मनोनयन किया गया। बैठक में मंत्री मनोज चौधरी ने अग्रवाल सभा द्वारा किये जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अग्रवाल सभा द्वारा 7 जुलाई को रथयात्रा महापर्व के दिन जगन्नाथपुरी रांची में श्रद्धालुओं के लिए 10 रुपये सहयोग राशि में शुद्ध पुड़ी़, सब्जी भोजन की वृहद स्तर पर व्यवस्था की गयी है।
अग्रवाल सभा के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि बैठक में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष भागचंद पोद्दार, विनोद कुमार जैन, ललित कुमार पोद्दार, पवन पोद्दार, राजकुमार केडिया,चंडी प्रसाद डालमिया, राजेंद्र केडिया, अशोक कुमार नारसरिया, मनोज चौधरी, प्रमोद अग्रवाल, सज्जन पाड़िया, कमल कुमार केडिया, अनिल अग्रवाल, अजय डीडवानिया, विजय खोवाल, कमल खेतावत, कौशल राजगढ़िया, अनिल कुमार अग्रवाल, निर्मल बुधिया, आनंद जालान, किशन पोद्दार, नरेश बंका, अजय खेतान, अशोक लाठ, जितेश अग्रवाल, पवन कुमार कनोई, विनोद कुमार टिबडेवाल, मनोज कुमार रूईया, राजकुमार मित्तल, मनोज ढांढनिया, रमाशंकर बगड़िया, सुनील केडिया, सुरेश चौधरी, सुनील पोद्दार, सौरभ बजाज सहित अन्य सदस्य गण उपस्थित थे। उक्त जानकारी अग्रवाल सभा, रांची के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse