टीम एबीएन, रांची। भाजपा के नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि जिस प्रकार चंपई सोरेन को बेइज्जत किया गया, उस पर सोरेन परिवार के प्रति पूरे राज्य भर से बेहद ही खराब प्रतिक्रिया आ रही है।
अमर बाउरी ने सवाल पूछते हुए कहा कि आखिर विश्वास मत हासिल करने से पहले वे अपने कैबिनेट का विस्तार क्यों नहीं कर रहे हैं। बाउरी ने कहा, जिस तरह से चंपई सोरेन को हटाकर वे राज्य का मुख्यमंत्री बने हैं। इस तरह का अनुचित कदम उठाने के बाद हेमंत सोरेन में इतना साहस नहीं रह गया है कि वो विश्वास मत से पहले किसी को मंत्री बना सकें।
अमर बाउरी ने कहा- हेमंत सोरेन तो बस मुखौटा हैं। उनके पीछे सत्ता चलाने वालों से कुछ दिन भी रुका नहीं गया और उन्होंने तख्ता पलट करवा दिया। अमर बाउरी ने कहा कि मैं चुनौती देता हूं कि चंपई के साथ किये गये दुर्व्यवहार के बाद ऐसा करने की हेमंत हिम्मत भी नहीं कर पायेंगे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रिलायंस जिओ इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी के शादी समारोह में शामिल हो सकते हैं। हेमंत सोरेन को शादी समारोह में शामिल होने के लिए अंबानी परिवार द्वारा आमंत्रित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में रिलायंस इंडस्ट्रीज झारखंड के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट ने हेमंत सोरेन से मुलाकात कर विवाह का निमंत्रण पत्र दिया। उन्होंने हेमंत सोरेन को सपरिवार आने को कहा है। बताया जा रहा है कि हेमंत सोरेन अनंत अंबानी की शादी में शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट 12 जुलाई को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। यह शादी मुंबई एंटीलिया में होगी। शादी से पहले का जश्न एक मार्च को जामनगर में शुरू हुआ था। जामनगर अहमदाबाद से 300 किलोमीटर दूर है और दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी के लिए जाना जाता है, जिसका स्वामित्व रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास है।
टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल सभा महिला समिति के तत्वावधान में 22 से 25 जुलाई 2024 तक महाराजा अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय सावन महोत्सव का आयोजन किया गया है। सावन महोत्सव की संयोजिका अलका सरावगी ने बताया कि अग्रवाल सभा महिला समिति विगत 25 वर्षों से लगातार महिला उद्यमियों को एक मंच और उनके उत्पादों के प्रचार प्रसार के लिए यह मेला अत्यंत उपयोगी साबित हुआ है। इस वर्ष रजत जयंती के उपलक्ष्य में कुछ विशेष आयोजन भी किये जायेंगे।
सावन मेले में विभिन्न राज्य एवं शहरों की आत्मनिर्भर एवं प्रसिद्ध प्रभावशाली महिलाओं की कलाकृतियां का एक मंच पर प्रदर्शन तथा कई सुंदर एवं आकर्षक चीज उपलब्ध रहेगी। मेले में नवीनतम डिजाइन की राखियां, सलवार सूट, बेडशीट, कलात्मक साड़ियां, स्पेशल सामग्रियां, अचार, पापड़, मुरब्बा तथा अन्य कई विभिन्न सामग्री उपलब्ध रहेगी। सावन महोत्सव के प्रचार प्रसार के लिए आज पोस्टर का विमोचन अग्रवाल सभा के अध्यक्ष नंदकिशोर पाटोदिया ने किया।
अग्रवाल सभा के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि विमोचन के कार्यक्रम में नंदकिशोर पाटोदिया, प्रमोद अग्रवाल, सज्जन पाड़िया, अजय डीडवानिया, सुनील पोद्दार, अजय खेतान, रूपा अग्रवाल, रीना सुरेखा, मधु सर्राफ, बिना मोदी, छाया अग्रवाल, प्रीति पोद्दार, सुषमा पोद्दार, सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।
टीम एबीएन, कोडरमा। परिसदन सभागार में शनिवार को केंद्रीय मंत्री महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार सह सांसद अन्नपूर्णा देवी ने जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के प्रारंभ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने मंत्री अन्नपूर्णा देवी को अंगवस्त्र व पौधा देकर स्वागत किया। बैठक में मंत्री ने पेयजल आपूर्ति, बिजली आपूर्ति, केटीपीएस, समाज कल्याण विभाग से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से हर घर नल जल योजना की जानकारी ली और जलापूर्ति योजना के निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में जितने भी जलापूर्ति योजना का निर्माण कार्य हो रहा है, कार्यपालक अभियंता नियमित रूप से निर्माण कार्य की जांच करेंगे और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने शहरी क्षेत्रों में पानी सप्लाई को लेकर जानकारी ली और कहा कि आमजनों को नियमित रूप से पानी कि सप्लाई करें। लोगों को पानी की समस्या का सामना करना न पड़े, इसका ख्याल रखेंगे। उन्होंने प्रशासक नगर परिषद झुमरी तिलैया/नगर पंचायत से शहर में पानी सप्लाई और साफ सफाई की जानकारी ली।
उन्होंने प्रशासक नगर परिषद झुमरी तिलैया/नगर पंचायत को निर्देश दिया कि शहर की साफ सफाई बेहतर तरीके से करें। बारिश के मौसम को देख शहरों की नाली की बेहतर तरीके से साफ सफाई करें और फोगिंग नियमित रूप से करें। शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्य करें। शहर को स्मार्ट बनाने के लिए कार्य करें।
मंत्री ने जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को लेकर जानकारी ली और कहा कि जिलेवासियों को निर्बाध एवं नियमित रूप से बिजली की आपूर्ति करें। आमजनों को बिजली और पानी की समस्या न हो, ख्याल रखेंगे। मंत्री ने केटीपीएस ने प्लांट में स्थानीय लोगों की नियुक्ति, फ्लाई ऐश, प्लांट के आसपास के गांवों के विकास समेत अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने केटीपीएस में नियुक्ति से संबंधित स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही प्लांट के आसपास के गांवों में सड़क निर्माण करने की भी बात कही। माननीय मंत्री ने समाज कल्याण विभाग में केंद्र सरकार की संचालित योजनाओं की जानकारी ली। प्रधानमंत्री मातृत्व योजना व आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य रूप से उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त ऋतुराज, अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग, प्रशासक नगर पंचायत कोडरमा, नगर परिषद् झुमरी तिलैया, केटीपीएस के चीफ इंजीनियर व अन्य मौजूद रहे।
टीम एबीएन, कोडरमा। व्यापार को लेकर आपसी रंजिश में जानलेवा हमले के बाद बुरी तरह घायल मनीष सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गयी है। शनिवार को अपराह्न 4 बजे मृतक का शव घर पहुंचते ही परिजनों के क्रंदन आसपास का माहौल गमगीन हो गया। करीब 1 घंटे तक आसपास के लोगों का मृतक के घर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। देर शाम कोरियाडीह स्थित मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
उल्लेखनीय रहे कि गत बुधवार को बिशुनपुर रोड निवासी मनीष सिंह पिता शंभू सिंह अपनी बाइक से दोपहर 12 से 1 बजे के बीच आश्रम रोड की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में उसपर जानलेवा हमला किया गया था। इसके बाद आनन-फानन में परिजनों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया गया था। जहां उसे दो दिनों तक वेंटिलेशन में रखा गया था।
इधर, घटना के बाद मृतक की पत्नी ने तिलैया थाना में आवेदन गया था। जिसमें ब्रजेश साव पिता विनोद साव को नामजद आरोपी बनाया था। आवेदन के बाद पुलिस ने कांड संख्या 168/24, 5/4/2024 अंकित कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए करते हुए पूछताछ के लिए इंदरवा बस्ती निवासी ब्रजेश साव, पिता विनोद साव को हिरासत में लिया था।
टीम एबीएन, कोडरमा। तिलैया थाना कांड संख्या 60/2024 का फरार अभियुक्त उमेश सिंह शनिवार को बिहार के नालंदा जिला अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव से गिरफ्तार हो गया है। बता दें कि उमेश सिंह पिछले 3 महीने से फरार चल रहा था। उमेश सिंह के घर से तिलैया थाना कांड संख्या 60/2024 में 8 किलो 69 ग्राम एवं कांड संख्या 76 /24 में 3 किलो 700 ग्राम गांजा जब्त किया गया था।
इस मामले को लेकर तिलैया थाना में 4 अप्रैल 2024 को एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिक की दर्ज की गयी थी। उमेश सिंह झुमरी तिलैया के कैलाशपुर मोहल्ला का रहने वाला है। गांजा बरामदगी के बाद वह पिछले 3 महीने से फरार चल रहा था। इसकी गुप्त सूचना कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह को मिली।
गिरफ्तारी के लिए उन्होंने एक छापामारी टीम का गठन किया और टीम ने कार्रवाई करते हुए उेश सिंह को बिहार के नालंदा जिले लनक्ष्मीपुर से गिरफ्तार किया है। छापामारी दल में तिलैया थाना के पुलिस अवर निरीक्षक नरेश सिंह, पैंथर के जवान, तकनीकी शाखा के पदाधिकारी और कर्मी तथा सशस्त्र आरक्षी शामिल थे। यह जानकारी एसपी अनुदीप सिंह ने प्रेसवार्ता में दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में सत्ता की भागीदार पार्टी राष्ट्रीय जनता दल एक ओर जहां बूथ लेवल पर अपना संगठन मजबूत कर विधानसभा चुनाव की तैयारी में है। तो वहीं 2019 में महागठबंधन में रहकर सिर्फ 07 सीट पर चुनाव लड़ने वाला राजद इस बार 22 विधानसभा सीट पर दावा ठोक रहा है। 05 जुलाई को राजद का 28वां स्थापना दिवस मनाया गया।
इसके बाद आज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश प्रभारी की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि पार्टी की समीक्षा बैठक के दौरान ही झारखंड राजद ने 22 विधानसभा सीट को चिन्हित किया है। ये वो सीटें हैं जहां संभावित उम्मीदवार की सूची भी तैयार कर राजद सुप्रीमो के पास भेजने की तैयारी की जा रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड प्रभारी जयप्रकाश यादव की उपस्थिति में प्रदेश संजय सिंह यादव ने कहा कि झारखंड में राजद संगठन का कस्टोडियन होने के नाते वह 22 विधानसभा सीट पर उम्मीदवार उतारने की मांग पर अडिग है। बाकी फैसला राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को लेना है।
राजद के प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश यादव ने कहा कि पलामू में हमने अच्छी लड़ाई लड़ी है, बावजूद इसके हमारी हार इसलिए हुई क्योंकि हम बूथ लेवल तक उतना मजबूती से नहीं पहुंच सके जितना मजबूती से हमें पहुंचना चाहिए था। उन्होंने कहा कि हम अगले दो से तीन महीने में राज्य के हर जिले में जाकर पार्टी को धारदार बनाएंगे।
राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी के अंदर कोई आपसी लड़ाई या गुटबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद की उपस्थिति में जो आपसी शिकवे शिकायत थे वह अब समाप्त हो गये। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि अनिता यादव, पदमुक्त नहीं हुई हैं और वह प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।
गौरतलब हो कि अनुशासनहीनता के आरोप में प्रदेश प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने अनिता यादव को पदमुक्त कर दिया था, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश महासचिव की इस कार्रवाई को नियम विरुद्ध करार दिया। संवाददाता सम्मेलन में जय प्रकाश यादव ने कहा कि सभी विवाद समाप्त हो गये हैं और अनिता यादव प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।
टीम एबीएन, कोडरमा। मरकच्चो बरियारडीह मुख्य मार्ग स्थित कारी पहाड़ी के समीप शुक्रवार की देर शाम दो मोटरसाइकिल के आमने सामने टक्कर में तीन लोग बुरी तरह हुए घायल हो गये। वही घायलों की पहचान मरकच्चो थाना क्षेत्र के केतरूंगिंघा निवासी शिवशंकर वर्मा (55), टुकलाल महतो (65) एवं बिरनी थाना क्षेत्र के गोदगो निवासी गुड्डू सिंह (22) के रूप में की गयी।
वहीं दुर्घटना की सूचना मरकच्चो पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर एएसआई बलिराम कुमार व पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर राहगीरों की मदद से घायल लोगो को थाना वाहन से मरकच्चो सामुदायिक स्वास्थ्य केद्र भेजवाये। जहां उपस्थित डॉक्टर के द्वारा प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज हेतु तीनों घायलों को कोडरमा सदर रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने दोनों मोटर साइकिल को जब्त कर थाना ले आयी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse