टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बीते मंगलवार को बारिश हुई। इसी बीच प्रदेश में आसमान से आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी। अलग-अलग जिलों में वज्रपात से 7 लोगों की मौत से राज्य में कोहराम मच गया है। वहीं, वज्रपात से 13 लोग गंभीर रूप से झुलस गये हैं।
बता दें कि रांची में वज्रपात से 5 और चतरा में 2 लोगों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान चली गई जबकि 13 लोग झुलस गये हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया। मिली जानकारी के अनुसार रांची के मांडर में 3 लोगों की मौत हो गयी, जबकि जिले के ही चान्हो प्रखंड के कंजगी गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 40 वर्षीय सकलू उरांव की मौत हो गयी। वहीं, लुंडरी गांव में 30 वर्षीय देवकी उरांईन की मौत हो गयी। वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 6 लोग घायल हो गये हैं।
वहीं ऐसी ही एक और घटना चतरा जिले में घटी जहां सदर थाना क्षेत्र स्थित 4 अलग-अलग गांव में बीते मंगलवार की शाम वर्षा के साथ हुई वज्रपात की घटना में 2 लोगों की मौत हो गयी। इसमें एक 15 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है। वहीं, इस घटना में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। उधर, लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित बारियातू जागीर के पास वज्रपात होने से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जिसमें 4 लोगों को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है।
बता दें कि मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में मेघ गर्जन, व्रजपात के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद से मिली जानकारी के अनुसार बीकानेर-अजमेर की ओर से एक झारखंड होते हुए एक मानसून टर्फ बंगाल की ओर बढ़ रहा है। इसकी काफी रफ्तार है।
वहीं एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन उत्तरी छत्तीसगढ़ से ओडिशा-झारखंड होते हुए बंगाल की तरफ बढ़ रहा है। इन्हीं वजहों से झारखंड में बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 2 अगस्त से बारिश में कमी आयेगी। इससे उमस बढ़ने की संभावना है।
टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोहरदगा जिला के पूर्व संघ संचालक अग्रणी समाजसेवी व व्यवसायी जुगल किशोर पोद्दार के आकस्मिक निधन पर विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं राष्ट्रीय सनातन एकता मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरा शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं राष्ट्रीय सनातन एकता मंच के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जुगल किशोर पोद्दार सरल, मिलनसार, मृदुभाषी, धार्मिक विचारधारा व्यक्तित्व वाले व्यक्ति थे। वे कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए थे। वे वर्ष 1968 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय स्वयंसेवक थे।
वे विद्या भारती के शिशु विद्या मंदिर, वनवासी कल्याण केंद्र, सहित कई संगठनों मे विभिन्न दायित्व में रहते हुए उल्लेखनीय कार्य करते हुए बहुमूल्य योगदान दिये तथा विगत 40 वर्षों से लोहरदगा में अपने आवास मे श्री श्याम महोत्सव का आयोजन कराते आ रहे हैं। उनकी शालीनता स्पष्टवादिता, सरलता और समाज के प्रति समर्पण पूरा समाज हमेशा याद रखेगा। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।
टीम एबीएन, रांची। खरसावां और बड़ाबाम्बो रेलवे स्टेशनों के बीच पोटाबेड़ा गांव के पास मंगलवार की सुबह हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के 24 घंटे बीत चुके हैं। इसके बावजूद घटना रूट पर अब भी रेल परिचालन बाधित है। जबकि रेलवे द्वारा रेलवे ट्रैक मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को घटना के बाद से ही रेलवे द्वारा लगातार रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, रेलवे ट्रैक मरम्मत का भी काम जारी है।
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, हावड़ा-मुंबई रेलवे लाइन की मरम्मत पूरा होने के बाद थर्ड लाइन की मरम्मत का भी काम शुरू किया जायेगा। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि बुधवार देर शाम ट्रैक से रेलवे परिचालन सामान्य हो सकता है।
गौरतलब है कि मंगलवार की अहले सुबह करीब 3.20 बजे ट्रेन संख्या 12810 हावड़ा-मुंबई मेल दुर्घटनाग्रस्त हो गयी थी। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गयी थी। वहीं, आठ यात्री घायल हो गये। इस घटना में 24 कोच वाली ट्रेन की 18 बोगियां बेपटरी हो गयी थी, जिनमें सर्वाधिक छह बोगियां क्षतिग्रस्त हो गयी थी।
हादसे के कारण हावड़ा-मुंबई मेल बुधवार को बदलाव मार्ग से चलेगी। जबकि मुंबई से हावड़ा मेल मंगलवार को रद्द कर दी गयी थी। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन की ओर से यह आदेश जारी किया गया है। 31 जुलाई को शालीमार- मुंबई एक्सप्रेस, संतरागाछी- नांदेड़ एक्सप्रेस, टाटानगर- एर्नाकुलम एक्सप्रेस, टाटानगर- बिलासपुर एक्सप्रेस, टाटानगर- राउरकेला स्पेशल ट्रेन, टाटानगर- चक्रधरपुर स्पेशल ट्रेन, टाटानगर-हटिया स्पेशल ट्रेन, झाड़ग्राम-पुरुलिया स्पेशल ट्रेन, झाड़ग्राम-धनबाद स्पेशल ट्रेन, टाटा-आसनसोल स्पेशल ट्रेन, टाटानगर- बरकाकाना स्पेशल ट्रेन, टाटानगर- हटिया एक्सप्रेस, कांताबाजी- हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस को रद्द किया गया है।
वहीं, टाटानगर से गुजरने वाली विभिन्न मार्ग की 28 ट्रेनों को भद्रक, पुरुलिया, गोमो, पुरुलिया व अन्य मार्ग से टाटानगर होकर अप-डाउन कराने की तैयारी की जा रही है। जबकि दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को अप झारसुगुड़ा और डाउन में टाटानगर तक चलाने का आदेश है। जिससे विभिन्न राज्यों के यात्रियों को आवागमन में परेशानी होने की आशंका है। इस बीच अधिकारियों की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि बुधवार की देर शाम तक राज खरसावां एवं बड़ाबम्बो स्टेशनों के बीच रेलवे परिचालन फिर से सामान्य हो जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 31/7/2027 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) का एक प्रतिनिधि मंडल नगर आयुक्त रांची नगर निगम रांची के नाम अवैध रूप से बिल्डिंग के बेसमेंट में चल रहे कोचिंग संस्थान को बंद करवाने हेतु ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कहा कि अभी हाल ही में दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में बिल्डिंग के बेसमेंट में चल रही कोचिंग सेंटर (सेल्फ स्टडी क्लास) में पानी भरने से 3 छात्र की मौत हो गयी थी।
इस घटना से पूरे देश में शोक की लहर उत्पन्न हुई थी। इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसको लेकर हम सभी को सचेत रहने की आवश्यकता है। परंतु रांची में भी बहुत से ऐसी कोचिंग सेंटर हैं, जो बिल्डिंग के बेसमेंट में अपनी कोचिंग संस्थान चला रहे हैं और दिन भर सैकड़ों छात्र-छात्राओं का आना-जाना लगा रहता है। ज्यादा बारिश के समय बेसमेंट में पानी भर जाने की आशंका भी रहती है।
कोचिंग के प्रवेश एवं निकास द्वार भी एक ही होते हैं। बाहर निकलने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। रांची में भी भारी बारिश हो रही है। बिल्डिंग के आसपास बारिश में नाली भर जाती है। आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। भविष्य में रांची के भी कोचिंग संस्थान में दिल्ली के तर्ज पर कोई अप्रिय घटना न हो, इसको लेकर आजसू नगर निगम प्रशासन से मांग करती है कि रांची में अवैध रूप से बिल्डिंग के बेसमेंट में चल रहे कोचिंग संस्थान को जल्द बंद कराया जाये। ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।
सभी छात्र-छात्रा स्वच्छ वातावरण में अपनी शिक्षा ग्रहण कर सकें। इस तरह के कोचिंग संस्थान पर अविलंब रोक नहीं लगाया गया, तो इस विषय को लेकर आजसू बाध्य होकर चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, जमाल गद्दी, आशुतोष सिन्हा, जय कुमार, आनंद यादव, राजेश सिंह, सक्षम झा, नीलाभ रत्न, बबलू मंडल, पवन सिंह, यश सोनी, अभिषेक चौधरी आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची/ दिल्ली। झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के वरीय उपाध्यक्ष व रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो का इलाज गुरु गोविंद सिंह अस्पताल दिल्ली में चल रहा था। जिन्हें आंशिक बेड रेस्ट एवं अन्य हिदायत के साथ डिस्चार्ज कर दिया गया है। अस्पताल ने कल मंगलवार को देर शाम डिस्चार्ज कर दिया है।
बताते चलें कि बीते 19 जुलाई को आंदोलनरत सहायक पुलिसकर्मी के सशरीर समर्थन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा उन पर लाठी चार्ज किया गया था। जिसे 24 जुलाई तक रिम्स रांची में इलाजरत रहे। इसके पश्चात देवेंद्र नाथ महतो के परिजनों द्वारा उन्हें सीना एवं पेट के अंदरूनी चोट पर बेहतर इलाज हेतु गुरु गोविंद सिंह अस्पताल दिल्ली में इलाज किया जा रहा था। जिन्हें कल मंगलवार देर शाम को अस्पताल से कुछ आवश्यक स्वास्थ्य गाइडलाइन के साथ डिस्चार्ज कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार वह शीघ्र ही कुछ दिनों में राजधानी रांची वापस लौटेंगे। सीएम आवास घेराव के दौरान देवेंद्रनाथ महतो, संतोष महतो सहित बीस चिह्नित नाम दर्ज एवं 1500 पर अज्ञात रुप से केस दर्ज किया गया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से राजभवन जाकर मुलाकात की और उन्हें विदाई दी। बता दें कि बीते दिनों सीपी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जिस कारण आज सीपी राधाकृष्णन रांची से महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गये। मुख्यमंत्री ने सीपी राधाकृष्णन को पुष्पगुच्छ भेंट कर महाराष्ट्र का राज्यपाल बनने पर बधाई दी।
इसी के साथ अच्छे तथा स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यपाल का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन झारखंड वासियों को सदैव मिलता रहेगा। बता दें कि झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल संतोष गंगवार बुधवार को राज्यपाल पद की शपथ लेंगे।
टीम एबीएन, रांची। बडाबांबो रेल हादसे के बाद झारखंड सरकार एक्शन मोड में आ गयी है। सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, जनजाति कल्याण मंत्री दीपक बिरुआ व स्थानीय विधायक दशरथ गागराई हेलिकॉप्टर से घटना स्थल पर पहुंचे। मंत्री व विधायक ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अधिकारियों से हादसे के बारे में जानकारी ली। इस दौरान घटना स्थल पर चलाये जा रहे राहत कार्यों की जानकारी ली।
मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हादसे के शिकार लोगों की मदद सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विधायक दशरथ गागराई ने भी रेल हादसे में दो लोगों के मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना की है। वहीं रेलवे विभाग ने मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की है। विभाग ने घायलों को 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की है। इस रेल हादसे में अबतक कुल 2 लोगों की मौत हुई है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बड़कागांव। कोयला खदान संघर्ष समिति ट्रेंड लेबर यूनियन के तत्वावधान में सहदेव प्रजापति की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि आज तक जितना भी बरकागांव से बानादाग के बीच सड़क दुर्घटना हुई है, उस दुर्घटना की वजह एनटीपीसी और त्रिवेणी कंपनी है। ग्रामीणों के साथ साथ इन कंपनियों में कार्यरत कर्मी भी जब इस सड़क मार्ग से गुजरते है तो वो लोग भी सोचते है कि मैं आज घर लौट पाऊंगा की नही।
इन कंपनियों से कोयला लेकर निकलने वाले ओवरलोड ट्रक या हाइवा बेतरतीब रफ्तार से सड़क पर दौड़ते हैं, जिससे लोगों को दुर्घटनाग्रस्त होने का भय बना रहता है। एनटीपीसी और त्रिवेणी कंपनी का कहना था कि जब कनवेयर लेन चालू हो जाये तो हाइवा ट्रक से कोयला ढुलाई बंद करवा दिया जायेगा। लेकिन आज तक ऐसा हुआ नहीं है।
एनटीपीसी का कहना था कि 12 किलोमीटर तक बिजली फ्री दी जायेगी वो भी नहीं हुआ। एनटीपीसी हमेशा अपनी बातों से मुकरते आ रही है। अगर यही हाल रहा तो ट्रेड लेबर यूनियन मजबूरन बाध्य होकर आंदोलन करेगी।
बैठक में मुख्य अतिथि सुरजीत नागवाल, धीरज कुमार सिंह, कजरू साव, चिंता मनी वर्मा, मनोहर कुमार, अरुण कुमार, संजय कुमार पासवान, प्रमोद कुमार, सुरेश पासवान, ईश्वर महतो, कामेश्वर, सुनील महतो, गणेश पासवान, जागो एका, अग्नु महतो, चेतलाल, ननकु रविदास सहित अन्य लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी संजय कुमार पासवान ने दी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse