झारखंड

View All
Published / 2024-08-10 20:57:46
11 को सावन सिंधारा महोत्सव मनायेगी मारवाड़ी ब्राह्मण सभा

टीम एबीएन, रांची। मारवाड़ी ब्राह्मण सभा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन सिंधारा महोत्सव का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष इसका आयोजन रविवार दिनांक 11 अगस्त 2024 को दोपहर 3 बजे से करेगा। कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए कमल शर्मा (कल्लू) एवं सुनील शर्मा (मुन्ना) को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया है। समस्त कार्यक्रम मारवाड़ी ब्राह्मण भवन में आयोजित किये जायेंगे।  

उक्त जानकारी देते हुए मारवाड़ी ब्राह्मण सभा के सचिव किशन शर्मा ने कहा कि हमारी संस्था द्वारा पिछले सात-आठ वर्षों से निरंतर सावन सिंधारा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमे समाज की महिलाओं का भरपूर समर्थन मिलता रहा है। पुन: इस वर्ष इसका आयोजन 11 अगस्त को किया जा रहा है। 

जिस किसी भी मारवाड़ी ब्राह्मण महिला को कार्यक्रम में नृत्य एवं अन्य किसी प्रतिभा की प्रस्तुति करनी हो वे 10 अगस्त तक संपर्क कर इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में मारवाड़ी ब्राह्मण समाज की महिलाओं को इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

Published / 2024-08-10 20:48:44
रोजगार के मुद्दे पर हेमंत सोरेन ने पूरी बेशर्मी के साथ बोला झूठ : बाबूलाल मरांडी

सीएम हेमंत के जन्मदिन के दिन बाबूलाल मरांडी ने कसा तंज

टीम एबीएन, रांची। हेमंत सोरेन आज अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर जहां प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी तो वहीं, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन पर जमकर हमला बोला। मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया में भ्रष्टाचार कर और गरीब-आदिवासी युवाओं के हक की नौकरी बेचकर खूब पैसे कमाये। 

मरांडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, सत्ता के मद और अहंकार में चूर इस युवा विरोधी हेमंत सरकार को उखाड़ फेंक कर युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरी के पर्याप्त अवसर प्रदान करेगी। मरांडी ने कहा कि 5 लाख सरकारी नौकरी, नियोजन नीति, स्थानीय नीति जैसे मुद्दों पर युवाओं के साथ विश्वासघात हुआ। 

मरांडी ने कहा कि हेमंत ने रोजगार के मुद्दे पर पूरी बेशर्मी के साथ सड़क से लेकर सदन तक झूठ बोला और सबको गुमराह करने का प्रयास किया। अब झारखंड के कर्णधार युवा साथी ही युवा विरोधी हेमंत सरकार का अंत कर बेरोजगारी दिवस के कलंक को समाप्त करेंगे। बता दें कि आज हेमंत सोरेन 49 साल के हो गये हैं। उनके जन्मदिन पर झामुमो कार्यकर्ता सीएम आवास में 49 पाउंड का केक काटेंगे। 

सीएम आवास को गुब्बारों से सजाया गया है। सीएम आवास के बाहर कार्यकतार्ओं की भीड़ लगी है। दूर-दूर से नेता कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई और शुभकामनाएं देने पहुंच रहे हैं। वहीं, सीएम हेमंत इस खास दिन पर मोरहाबादी स्थित पिता शिबू सोरेन के आवास पहुंचे और पांव छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

Published / 2024-08-10 20:46:33
लायंस क्लब आफ रांची ग्लोबल ने जरूरतमंदों को कराया भोजन

टीम एबीएन, रांची। लायंस क्लब आफ रांची ग्लोबल प्रत्येक शनिवार को सदर अस्पताल परिसर में भोजन का वितरण कर रहा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज भी लगातार तीसरे शनिवार को क्लब के पदाधिकारियों द्वारा अस्पताल परिसर में मरीजों, उनके परिजनों के साथ ही आसपास के असहाय लोगों के बीच भोजन का वितरण किया गया।

मौके पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित फेडरेशन आॅफ झारखण्ड चैम्बर आफ कॉमर्स के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि गरीबों के बीच भोजन का वितरण करना सराहनीय प्रयास है। इससे समाज के अन्य लोगों को ऐसे नेक प्रयास करने की प्रेरणा मिलती है।

क्लब के प्रेसिडेंट अमित शर्मा और चार्टर प्रेसिडेंट शैलेष अग्रवाल ने संयुक्त रूप से अवगत कराया कि क्लब के इस प्रोजेक्ट के तीसरे चरण में आज लगभग 800 लोगों के बीच भोजन का वितरण किया गया है। लोगों का सहयोग कर हम अपने इस प्रोजेक्ट से काफी संतुष्ट हैं।

हमारा यह प्रोग्राम प्रत्येक शनिवार को सदर अस्पताल परिसर में संचालित होगा। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्था में सहयोग करने के लिए अस्पताल प्रबंधन और इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए क्लब के सदस्यों और समाजसेवियों के प्रति आभार जताया। 

आज के प्रोजेक्ट को सफल बनाने में क्लब के कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष खुशबु अग्रवाल, सचिव मनोज मिश्रा, कोषाध्यक्ष संतोष अग्रवाल,पूर्व जिलापाल कमल जैन, जोनल चेयरमैन रतन अग्रवाल, रीजनल चेयरमेन प्रेम शंकर मिश्रा, पीआरओ अल्तमश आलम, पीयूष कुमार प्रीति कुमारी का भरपूर योगदान रहा। उक्त जानकारी लायंस क्लब आॅफ रांची ग्लोबल के प्रेसिडेंट अमित शर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2024-08-10 20:45:31
पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन ने की बैठक

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 10 अगस्त को केडी राय व्यथित की अध्यक्षता में पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड की बैठक हुई। 
स्टेट सचिव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पोस्टमैन के बकाया भुगतान का मामला काफी लंबे समय से लंबित चला आ रहा है। 

हमारा प्रतिनिधिमंडल 5 अगस्त को चीफ पीएम जी से मिलकर उन्हें समस्याओं विशेषकर पोस्टमैन के बकाया भुगतान के मामले से अवगत कराया और उनसे हस्तक्षेप का अनुरोध किया। उन्होंने सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

स्टेट सचिव ने 6अगस्त को अतिरिक्त निदेशक कार्यालय के सामने आयोजित धरना की चर्चा करते हुए कहा कि सीजी एच एस के वेलनेस सेंटर से 100% जन औषधि की आपूर्ति चिंताजनक है क्योंकि ये दावा बहुत अधिक प्रभावशाली नहीं हैं। डॉक्टर को ये दावा लिखने पर विवश किया जाता है। इसको लेकर सीजी एच एस के लाभार्थियों में आक्रोश एवं नाराजगी पायी जाती है। जी एम एस डी की मेडिसिन की आपूर्ति को सुनिश्चित किये जाने की बैठक में मांग की गयी।

इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाये जाने का निर्णय लिया गया। क्योंकि हजारों की संख्या में लाभार्थी प्रभावित हो रहे हैं। जन औषधि की आपूर्ति पर तुरंत रोक लगाये जाने की मांग की गयी। 24 अगस्त को भोपाल में आयोजित सी एम सी की मीटिंग में इसे जोरदार तरीके से उठाया जायेगा। 
सभा को जमील असगर, पूर्व क्षेत्रीय निदेशक, एम एस आई, रंगनाथ पांडे, गौतम विश्वास, जयराम प्रसाद, एस पी मंडल, एन के वर्मा आदि ने संबोधित किया। 

मौके पर बी बारा, हसीना तिग्गा, रामचंद्र प्रसाद, आर दुबे, अमिता मिंज, बीएन मिश्र, लाल मोहन पंडित, त्रिलोकी नाथ साहू, सुखदेव राम, आर बी बैठा, फैयाज, एस पंजीयारा, इसहाक मिंज, रमेश काशी, दीपक वर्मा, त्रिपुरारी प्रसाद, लखना उरांव,अनिल कच्छप आदि उपस्थित थे। संचालन एम जेड खान एवं धन्यवाद ज्ञापन बी बारा ने किया। उक्त जानकारी पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड, रांची के राज्य सचिव एम जेड खान (6201143329) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2024-08-10 20:44:41
गुरुजी के पैर छूकर जन्मदिन पर सीएम हेमंत ने लिया आशीर्वाद

जन्मदिन पर शिबू सोरेन के आवास पहुंचे सीएम हेमंत, पिता के पैर छूकर लिया आशीर्वाद

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज 49 वर्ष के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर सीएम आवास के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी है। सीएम आवास को गुब्बारों से सजाया गया है। दूर-दूर से नेता कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई और शुभकामनाएं देने पहुंच रहे हैं। झामुमो कार्यकर्ता सीएम आवास में 49 पाउंड का केक काटेंगे। 

वहीं, सीएम हेमंत अपने जन्मदिन पर मोरहाबादी स्थित पिता शिबू सोरेन के आवास पहुंचे और पांव छूकर उनका आशीर्वाद लिया। सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया पर भी इसकी जानकारी दी। उन्होंने पल्टेफॉर्म एक्स पर पोस्ट डालकर कहा कि आज अपने जन्मदिवस के अवसर पर सर्वप्रथम अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का आशीर्वाद लिया।

बता दें कि हेमंत सोरेन का जन्म 10 अगस्त, 1975 को झारखंड के रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ था। उन्होंने बीआईटी मेसरा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। हालांकि, बीच में ही पढ़ाई छोड़कर वह राजनीति से जुड़ गए थे। शुरुआत में राजनीति की गलियारों में उनकी क्षमता को लेकर बातें होती रहती थीं, लेकिन 2019 के विधानसभा चुनाव में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर उन्होंने साबित कर दिया कि वह भी किसी से कम नहीं हैं।

Published / 2024-08-10 20:39:17
भजन संध्या में झूमे श्याम प्रेमी व भक्तगण ने भंडारे का उठाया लुत्फ

बोल-बम, हर हर महादेव के नारों से गूंजा कार्यक्रम स्थल 

टीम एबीएन, झुमरी तिलैया। शहर के भोलेनाथ सेवा समिति के द्वारा रूद्राभिषेक का आयोजन हुआ, जिसमें यजमान कुलदीप कुमार व शोभा कुमारी थे। वहीं देर संध्या श्री श्याम मित्र मंडल के श्याम बाबा का दरबार सजाया गया, जिसमें यजमान के रूप में अनिल कुमार व रीता देवी ने पूजा की। श्याम बाबा को खीर व पेड़ा का भोग लगाया गया। 

भजन संध्या के दौरान अद्भुत कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी भक्त भक्तिमय हो गये। श्याम बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने दूर दराज से कई लोग उपस्थित थे। तेज बारिश के कारण कुछ देर कार्यक्रम बाधित हुई लेकिन फिर भी श्याम प्रेमियों के भक्ति में कोई कमी नहीं दिखी। लोग बारिश के दौरान व बारिश छूटने के बाद देर रात तक बाबा के दरबार में झूमते नजर आये। 

कार्यक्रम में धीरज पाण्डेय, दीपक सिंह, सुमन सोनकर, नितिन कुमार ने अपनी गायकी से चार चांद लगा दिया। वहीं भोलेनाथ सेवा समिति के सदस्य कुलदीप कुमार ने बताया कि भोले बाबा का प्रसाद वितरण सह भंडारा के आयोजन में  लगभग दो से तीन हजार भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। 

कार्यक्रम में श्री श्याम मित्र मंडल के गिरधारी सोमानी, विष्णु खटोल, अमित गुप्ता, संचालन, गिरधारी सोमानी , बिनोद पिलानिया, संतोष सिंदुरिया, विशाल कापसीमे, पंकज तरवे, शिव शंकर प्रसाद, विवेक सहल, दीपेश जेठवा, आशीष कुमार, संजय सूद के अलावा सैकड़ों लोग मौजूद थे। श्याम बाबा प्रेमियों ने कार्यक्रम के आयोजक भोलेनाथ सेवा समिति के सदस्य रामप्रवेश पाण्डेय, कुलदीप कुमार एवं अनिल कुमार ने कहा कि अगले वर्ष और धूमधाम से कार्यक्रम को सफल करेंगे।

Published / 2024-08-09 22:09:37
जानें आदिवासियों के लिए झारखंड सरकार की योजनाएं

  • आदिवासियों के लिए झारखंड सरकार की दर्जन भर से अधिक योजनाएं, देखें पूरी लिस्ट

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के आदिवासियों को सशक्त बनाने के लिए दर्जन भर से अधिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अनुसूचित जनजाति समुदाय के कमजोर तबके के उत्थान के लिए चिकित्सा, शिक्षा, भोजन से लेकर उनके लिए रोजगार की व्यवस्था और गांवों का विकास तक कराने के लिए अलग-अलग योजनाएं चलायी जा रही हैं। आदिवासी समुदाय के विकास के लिए चलायी जा रही इन योजनाओं का लाभ लाखों लोगों को मिल रहा है।

  1. चिकित्सा अनुदान : गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्तियों को अनुसूचित जनजाति के लोगों को इलाज के लिए अधिकतम तीन हजार रुपये तक चिकित्सा सहायता राशि दी जाती है। गंभीर मामलों में चिकित्सा सहायता देने के लिए 10 हजार रुपये तक के अनुदान की स्वीकृति का शक्ति उपायुक्त को दी गयी है।
  2. जमीन का पट्टा : अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकार की मान्यता) अधिनियम, 2006 तहत भूमि पट्टा देकर एसटी समुदाय को लाभांवित किया जा रहा है।
  3. पारंपरिक ग्राम प्रधानों को सम्मान : आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पारंपरिक ग्राम प्रधानों को राज्य सरकार द्वारा सम्मान राशि उपलब्ध करायी जाती है।
  4. गांवों का विकास : झारखंड के आदिवासी बहुल गांवों के लिए मुख्यमंत्री एसटी ग्राम विकास योजना है। इसके तहत गांवों को शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, स्वास्थ्य और अन्य विकास योजनाओं से जोड़ कर विकासित करने का प्रयास किया जा रहा है।
  5. वैधिक सहायता : सिविल, क्रिमिनल फौजदारी व राजस्व मुकदमों का खर्च वहन करने के लिए गरीब अनुसूचित जनजाति के सदस्यों को प्रति मुकदमा पर सुनवाई के लिए 125 रुपये से 1250 रुपये तक प्रति दैनिक शुल्क अलग-अलग दैनिक न्यायालयों के लिए निर्धारित किया है।
  6. अत्याचार से राहत : गैर अनुसूचित जनजाति द्वारा अनुसूचित जनजाति के सदस्यों पर अत्याचार करने की स्थिति में उनको आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाती है।
  7. छात्रावास : स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले एसटी विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। विद्यार्थियों को उपस्कर, बर्तन व खेलकूद की सामग्री भी प्रदान की जाती है।
  8. साइकिल वितरण : सरकारी विद्यालयों के कक्षा आठ में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को निशुल्क साइकिल दिया जाता है।
  9. मुख्यमंत्री खाद्य सुरक्षा योजना : आदिम जनजाति परिवारों को प्रत्येक माह 35 किलो मुफ्त अनाज उनके घर तक जाकर उपलब्ध कराया जाता है।

Published / 2024-08-09 22:02:20
आज खुशी और संकल्प लेने का भी दिन है : हेमन्त सोरेन

  • विश्व आदिवासी दिवस पर बोले सीएम हेमंत सोरेन

टीम एबीएन, रांची। राजधानी के बिरसा स्मृति पार्क में झारखंड आदिवासी महोत्सव 2024 मनाया जा रहा है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी मौजूद रहे। इसके साथ ही इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर दिशोम गुरू शिबू सोरेन भी उपस्थित रहे। 

इस दो दिवसीय आदिवासी महोत्सव में भाग लेने कई राज्यों के कलाकार शामिल हो रहे हैं। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार, झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के इलावा राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। 

राज्य सरकार द्वारा आयोजित आदिवासी महोत्सव में अन्य राज्यों से जनजातीय कला को प्रदर्शित करने के लिए कलाकार भी आमंत्रित किये गये हैं। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में ये सभी कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबोधित किया। सीएम ने कहा कि राज्य में तीसरी बार विश्व आदिवासी दिवस मनाया जा रहा है। लेकिन इस महोत्सव को देश और दुनिया के अलग अलग हिस्से में भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा आदिवासी समाज देश दुनिया में फैला है और झारखंड ने आदिवासी सांस्कृति सभ्यता के होने जल, जंगल, जमीन की रक्षा और अधिकार के संघर्ष करके दुनिया को दिखाया है।

सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि झारखंड के लिए किस तरह से लंबी लड़ाई लड़ी गयी और उनके पिता शिबू सोरेन और उनके साथियों की क्या भूमिका रही। आज विश्व आदिवासी दिवस है, हमारे राज्य में तीसरी बार विश्व आदिवासी दिवस मनाया जा रहा है। हर बार एक नई उत्साह और नई ऊर्जा के साथ हम सब एकत्रित होते हैं। 

आज आदिवासी दिवस पर सिर्फ एक ही स्थान पर नहीं बल्कि देश-दुनिया के भर सभी स्थानों पर अलग-अलग समूहों में लोग आदिवासी समूह आदिवासी दिवस मना रहा है। निश्चित रूप से आदिवासी समाज के लिए ऐसे दिन हमेशा याद रखने का दिन होता है।

अलग झारखंड राज्य के लिए लोगों ने लड़ाई लड़ी, इनमें से कई बुजुर्ग हो गयें और कई संघर्षशील लोगों ने हमारा साथ छोड़ दिया। लेकिन इस बात को हमेशा याद रखना चाहिए कि ये राज्य और प्रदेशों की अपेक्षा इसकी अलग पहचान और इतिहास रहा है। सदियों से यहां के मूलवासियों के साथ शोषण हुआ। आजादी के पहले और बाद में भी यहां के आदिवासियों के साथ शोषण हुआ।

Page 545 of 1698

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse