टीम एबीएन, रांची। स्वतंत्रता के 78 वर्ष होने पर बी आई टी मेसरा लालपुर में केंद्र के प्रभारी डॉ प्रणव कुमार ने झंडोत्तोलन किया। उन्होंने छात्र छात्राओं और अपने कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम अपनी आजादी के 78 वी वर्षगांठ मना रहे हैं। हम उस काल को याद कर सोचते है की कितना संघर्ष किया होगा हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने उसके अनुरूप आज हम विकसित राष्ट्र बनने के बहुत करीब है हमे और अधिक तेजी से शिक्षा और अन्य जरूरी क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए और तेज़ी लानी होगी।
इसलिए हमें बुनियादी सुविधाओं पर जोर देने की आवश्यकता है तब हम अपने राज्य को और राष्ट्र को विकसित कर सकते हैं। झंडोत्तोलन के बाद NSS के सदस्यों के द्वारा संयोजक डॉ अभय रंजन श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिलाओं के सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण विषय पर नाटक प्रस्तुत किया गया।
आज के इस आयोजन के संयोजक डॉ संदीप नाथ शाहदेव डॉ प्रदीप मुंडा, सहायक कुल सचिव मनोज कुमार गिरि, डॉ सोमनाथ मुखर्जी, डॉ अमृता प्रियम, शांतनु सिन्हा, डॉ संजय कुमार डॉ आशुतोष मिश्रा, खालिद, डॉ पार्थो सारथी, जलेस्वर भगत, एलिस टोप्पो, मिनी दुबे, अनामिका कुमारी, मनोज कुमार, अजय कुमार डॉ अमर कुमार सहित सभी छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी राणा मिश्रा ने दी।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न हो गया। मुख्य अतिथि एलएमसी चेयरमैन कपिल देव गिरि ने इस अवसर पर झंडा फहराया और तिरंगे को सलामी दी। बाद में एनसीसी कैडेट्स ने परेड का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बैंड पार्टी ने अपनी धुनों से लोगों में समां बांध दिया।
स्वाधीनता दिवस के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया जिसमें स्वामी दयानंद सरस्वती और बलिदान और अंगार नामक नृत्य नाटिका ने लोगों को बहुत प्रभावित किया। इस नृत्य नाटिका में लार्ड मैकाले के षड्यंत्र, स्वामी दयानंद सरस्वती और आर्य समाज का भारत में योगदान, स्वराज आंदोलन, स्वतंत्रता और वर्तमान को जोड़ते हुए वेदों की ओर पुनः लौटने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एम के सिन्हा ने देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने आजादी मिलने के 77 वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष, बिजली,सड़क समेत लगभग सभी क्षेत्रों में देश का विकास हुआ है। इस वर्ष विकसित भारत की थीम पर हम इस राष्ट्रीय पर्व को मना रहे हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि भारतवर्ष 2047 तक भारत निश्चित रूप से विकसित देशों की श्रेणी में जाना जाने लगेगा। श्री सिन्हा ने विद्यालय की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और विद्यालय पूर्ववर्ती छात्र जो विभिन्न संस्थाओं में उच्च स्थानों पर हैं, उनके बारे में बताया।
श्री सिन्हा ने बताया कि ओलंपिक में पदक जीतने वाली मनु भाकर डीएवी की चंडीगढ की छात्रा हैं जबकि नीरज चोपड़ा और सरबजोत डीएवी के पूर्ववर्ती छात्र रहे हैं ,हमें उन पर बहुत गर्व है। श्री सिन्हा ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ कम से कम एक घंटा समय अवश्य बिताएं और उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य अतिथि कपिल देव गिरि ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और कहा कि विद्यालय ने गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय इसी तरह निरंतर सफलता के सोपान पर बढ़ता रहे। उन्होंने प्राचार्य एम के सिन्हा की भूरि भूरि प्रशंसा की।
विद्यालय के छात्र शिरीष वैभव ने इस अवसर पर सुंदर और संक्षिप्त भाषण प्रस्तुत किया। इसी अवसर पर वर्ष 2024 की दसवीं और बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों सम्मानित भी किया गया। सभा का संचालन ने कविता कुमार, राजबीर कौर, हितेन कश्यप और अंजना मजूमदार संयुक्त रूप से किया जबकि विद्यालय के वरीय शिक्षक सत्येन्द्र राणा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
मौके पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक गण और विशिष्ट लोग मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के प्रेस प्रभारी आलोक इंद्र गुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड हाई कोर्ट के वरीय अधिवक्ता एवं झारखंड स्टेट बार कौंसिल के सदस्य ए के रशीदी को झारखंड राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड का सदस्य बनाए जाने पर आज झारखंड ऐडवोकेट वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने न्यू बार भवन के प्रथम तल पर आयोजित एक समारोह में पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया एवं बधाई दी।
इस अवसर पर झारखंड एडवोकेट वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त सचिव अजहर अहमद खान, महासचिव भरत चन्द्र महतो, कोषाध्यक्ष राजीव रंजन ठाकुर, मीडिया प्रभारी मृत्युंजय प्रसाद, वाईजूर रहमान, दिनेश वर्मा, सरफराज अख्तर, सैयद इमरान हसन, लक्ष्मी नारायण महतो, रेखा वर्मा ,इम्तियाज अहमद, सैयद शीश आलम समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव के दिन अब नजदीक आने वाले हैं तो ऐसे में चुनाव आयोग की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं, फिलहाल अभी तक चुनाव की तारीख की घोषणा नहीं हुई, लेकिन तैयारियां चरम पर है।
आगामी चुनाव को देखते हुए झारखंड चुनाव आयोग के द्वारा चुनाव के प्रति जागरूकता लाने के लिए कई कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है जिसमें सैल्यूट टू बीएलओ, इलेक्शन क्विज प्रतियोगिता कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा लांच किया गया और कार्यक्रम से संबंधित जानकारी साझा की गई है।
चुनाव क्विज 2024 का आयोजन किया जा रहा है इसका रजिस्ट्रेशन 16 अगस्त से शुरू होगा जो 26 सितंबर तक चलेगा। 29 सितंबर को ऑनलाइन क्विज परीक्षा होगी जिसमें कोई भी वोटर भाग ले सकते हैं। इसके बाद 5 अक्टूबर को सभी जिलों के विजेता प्रतिभागियों की ऑफलाइन क्विज प्रतियोगिता राजधानी रांची में होगी जिसमें विजेता को प्रथम पुरस्कार ₹50000, द्वितीय पुरस्कार ₹30000 और तृतीय पुरस्कार ₹20000 दिए जाएंगे।
इसके अलावा प्रत्येक जिले के विजेता को ₹10000 दिए जाएंगे। इसी कार्यक्रम में लोकसभा के चुनाव के सांख्यिकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। Salute to BLO कंपेन भी शुरू किया गया है जिसके तहत हर विधानसभा से 3 BlO को सम्मानित किया जायेगा।
वहीं महाराष्ट्र और हरियाणा के साथ झारखंड में भी विधानसभा चुनाव कराए जाने की आशंकाओं के बीच आयोग की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि आयोग इसके लिए तैयार है। जहां तक तिथियों की घोषणा की बात है तो ये चुनाव आयोग का विषय है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए उनका कार्यालय पूरी तरह तैयार है। जिला स्तर पर भी चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। के. रवि कुमार के अनुसार, विधानसभा चुनाव की तिथि की घोषणा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से तय होगा। आयोग को राज्य में इस संबंध में सारी तैयारियां पूरी होने की जानकारी दे दी गई है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार द्वारा 200 यूनिट फ्री बिजली देने की घोषणा के बाद आज यानी 14 अगस्त से यह स्कीम लागू हो गयी है। इस स्कीम के तहत आज से घरेलू उपभोक्ताओं के मीटर की रीडिंग नोट की जायेगी। जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत 200 यूनिट तक है।
उन्हें जुलाई महीने के बिल का भुगतान नहीं करना होगा। फ्री बिजली स्कीम के तहत इस योजना का लाभ उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगा जो प्रति महीने 200 यूनिट बिजली उपभोग करेंगे। 200 यूनिट तक इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को एनर्जी चार्ज, फिक्स्ड चार्ज, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी आदि नहीं लगेंगे।
वहीं, बता दें कि झारखंड सरकार वर्तमान में 400 यूनिट तक बिजली की खपत करने पर सब्सिडी देती है। उपभोक्ताओं को 2.05 रुपये प्रति यूनिट की सब्सिडी दी जायेगी। वहीं, 200 यूनिट से अधिक इस्तेमाल करने पर 6.65 रुपये प्रति यूनिट की दर से भुगतान करना होगा।
कैबिनेट से पारित प्रस्ताव के अनुसार, राज्य में कुल घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या 45,77,616 है। इनमें 41,44,634 उपभोक्ता ऐसे हैं, जो 200 यूनिट तक बिजली का इस्तेमाल करते हैं। इस पर हर माह सरकार को करीब 344.36 करोड़ रुपये खर्च करना होगा।
टीम एबीएन, रांची। जिला राजद के अध्यक्ष धर्मेंद्र महतो के नेतृत्व में एक प्रतिमंडल मंगलवार को कांके प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार और कांके थाना के नए प्रभारी केके साहू से मिला और उन्हें पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर कांके प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार ने कहा कि कांके प्रखंड की स्थानीय समस्याओं का समाधान करना हमारी प्राथमिकता रहेगी।
वही कांके थाना के नए प्रभारी के के साहू ने कहा कि क्षेत्र में शांति बहाल करना तथा लोगों को सुरक्षा प्रदान करना मेरी प्राथमिकता रहेगी । प्रतिनिधि मंडल में शामिल पदाधिकारियों ने भी कहा है कि जनता की सेवा में जब भी जरूरत होगी राजद कार्यकर्ता हमेशा आपका सहयोग करने के लिए मुस्तैद रहेंगे। प्रतिनिधि मंडल में श्री महतो के अलावा सलिल अंसारी, यशवंत यादव, सूरज राय, विशाल कुमार आदि शामिल थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने एचआईवी मरीजों के साथ भेदभाव को रोकने और एचआईवी एवं सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विश्व युवा दिवस पर सोमवार को विशेष अभियान लॉन्च किया है। झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से सोमवार को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के साथ इसकी शुरूआत की गई।
एक सितंबर से लेकर दो महीने तक राज्य के विभिन्न इलाकों में युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ तपन कुमार शांडिल्य ने इस मौके पर कहा कि यह ऐसा विषय है, जिसे लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया जाना बेहद जरूरी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजकीय राजेंद्र आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान (आरआईएमएस) के जूनियर चिकित्सकों ने कोलकाता में एक महिला चिकित्सक की दुष्कर्म और उसके बाद हत्या के विरोध में मंगलवार को बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाओं और गैरजरूरी सर्जरी सेवाओं का बहिष्कार कर आंदोलन शुरू किया। हालांकि इस प्रमुख अस्पताल में आंदोलन कर रहे चिकित्सकों ने आपातकालीन सेवाएं जारी रखीं।
आंदोलनकारी चिकित्सकों ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या के मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की। आरआईएमएस (रिम्स) में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) के अध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया, करीब 200 चिकित्सक आंदोलन में शामिल हुए हैं और वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी हमारे आंदोलन का समर्थन किया है।
हमने आपातकालीन सेवाओं को विरोध में शामिल नहीं किया हैं, क्योंकि हम नहीं चाहते कि किसी जरूरतमंद मरीज को परेशानी हो। उन्होंने कहा, सीबीआई जांच के अलावा हम कार्यस्थल पर चिकित्सकों की सुरक्षा की भी मांग करते हैं। वहीं चिकित्सकों ने आरआईएमएस परिसर में नारेबाजी की और घटना की निंदा की।
इस बीच, एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जमशेदपुर, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल धनबाद, फूलो जानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल दुमका, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हजारीबाग और मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पलामू के चिकित्सकों ने मंगलवार की शाम को कैंडिल मार्च निकालने का फैसला किया है। आईएमए जूनियर चिकित्सक नेटवर्क के राज्य सचिव डॉ. राघवेंद्र ने कहा कि कैंडिल मार्च के बाद वह आंदोलन में शामिल होने के बारे में निर्णय लेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse