टीम एबीएन, सिल्ली (रांची)। सिल्ली प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा आम जनता को उनके हक-अधिकार दिलाने के उद्देश्य से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा सिल्ली विधानसभा द्वारा दिनांक 02 जून 2026 (मंगलवार) को प्रखंड सह अंचल कार्यालय, सिल्ली परिसर में जन समस्या समाधान शिविर" का आयोजन किया जायेगा।
शिविर में जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी सिल्ली विधानसभा सह रांची लोकसभा देवेन्द्र नाथ महतो उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं को सुनेंगे तथा संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समाधान हेतु आवश्यक पहल करेंगे।
इस शिविर में आवास, पेंशन, राशन कार्ड, मंईयां सम्मान योजना, मनरेगा, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, सीमांकन, लगान रसीद, एलपीसी, किसान सम्मान निधि सहित प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से संबंधित अन्य लंबित मामलों पर विशेष रूप से सुनवाई की जायेगी।
मौके पर जनता से आग्रह किया गया है कि वे अपने आवेदन की प्रति, रसीद एवं संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से अवगत करायें, ताकि संबंधित विभागों के समक्ष मामले को प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
श्री महतो ने कहा कि आम जनता को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिलना उनका अधिकार है। यदि किसी भी व्यक्ति का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित है या उसे कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है, तो ऐसे मामलों को गंभीरता से उठाया जायेगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड की राजनीति और आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने नयी दिल्ली में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू से महत्वपूर्ण मुलाकात की। बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति, महागठबंधन की मजबूती तथा प्रदेश संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के मुद्दों पर गहन मंथन किया गया।
मुलाकात के दौरान झारखंड के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, आगामी राज्यसभा चुनाव की संभावनाओं और गठबंधन सहयोगियों के साथ बेहतर समन्वय बनाये रखने पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि राज्यसभा की रिक्त हो रही सीटों पर महागठबंधन की स्थिति मजबूत है और सभी घटक दल एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे तो दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा लगातार अपनाई जा रही तोड़-फोड़ की राजनीति का मुकाबला करने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वामपंथी दलों के बीच मजबूत तालमेल और एकजुटता समय की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों की रक्षा के लिए महागठबंधन को और अधिक संगठित होकर काम करना होगा।
बैठक में संगठन विस्तार को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। सांसद सुखदेव भगत ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार संपर्क बनाये रखने की रणनीति साझा की।
झारखंड प्रभारी के राजू ने भी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ताकत और महागठबंधन की एकजुटता आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करेगी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कुड़ू (लोहरदगा)। अविराम कॉलेज आॅफ एजुकेशन टिको कुड़ू के सचिव इंद्रजीत कुमार भारती की माता व अविराम संस्थान की संस्थापक सदस्य रहे कालिंदी भवानी देवी की पुण्यतिथि सोमवार को कालेज परिसर में श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया। मौके पर सचिव इंद्रजीत कुमार भारती ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
महाविद्यालय के सभी व्याख्याताओं एवं कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी कार्यक्रम के दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी तथा उनके जीवन मूल्यों, सादगी, त्याग और प्रेरणादायी व्यक्तित्व को स्मरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में अविराम कॉलेज आॅफ एजुकेशन टिको कुड़ू की स्थापना व पूजा-अर्चना का शुभारंभ स्वयं कालिंदी भवानी देवी के कर-कमलों के द्वारा संपन्न कराया गया था। उनके आशीर्वाद, संस्कार एवं मार्गदर्शन की छाप आज भी संस्थान की कार्यशैली एवं मूल्यों में परिलक्षित होती है।
मौके पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ प्रतिमा त्रिपाठी, विरेंद्र बाघवार, लक्ष्मण मुंडा, व्याख्याता जंगबहादुर, पंकज, रेणुका, आफताब, कुंदन, ममता, पवन, नीरज, शिवशंकर, शशि, संदीप, प्यारी, किशोर तथा अन्य शामिल थे।
टीम एबीएन, रांची। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झारखंड वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से एक से 5 जून तक राज्यभर में पर्यावरण सप्ताह का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान स्वच्छता अभियान, मानव श्रृंखला, ट्रेकिंग, बर्ड वॉचिंग, वॉकाथान, साइक्लोथान, चित्रकला प्रतियोगिता और पर्यावरण संरक्षण पर कार्यशाला का आयोजन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत एक जून को जैव विविधता पार्क में स्वच्छता अभियान और सेव अर्थ मानव श्रृंखला के साथ होगी। 2 जून को होरहाप इको-टूरिज्म साइट पर स्वच्छता अभियान, ट्रेकिंग और पक्षी अवलोकन कार्यक्रम होगा।
3 जून को सुबह 6 बजे से वन भवन डोरंडा से ऑक्सीजन पार्क तक साइक्लोथोन और पलाश हॉल से हिनू चौक तक वॉकाथॉन का आयोजन होगा, जिसमें आम नागरिकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हो सकेंगे। 4 जून को पलाश हॉल में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता होगी। वहीं 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर मुख्य समारोह के साथ पर्यावरण सप्ताह का समापन किया जाएगा।
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीयों और कर्मचारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर यह दिखाया कि दिखाया कि पर्यावरण सरंक्षण केवल एक विचार नहीं, बल्कि जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी है। 1 जून को लालगुटवा स्थित जैव विवधता उद्द्यानमें विशाल स्वच्छता अभियान चलाया गया साथ ही SAVE EARTH मानव श्रंखला बनाकर चरति संरक्षण के सामूहिक सन्देश दिया गया।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के मध्य स्थित हरमू हाउसिंग कॉलोनी का सरदार पटेल पार्क इन दिनों उपेक्षा का शिकार होता नजर आ रहा है। कभी शहरवासियों और आसपास के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा यह पार्क आज रखरखाव के अभाव में अपनी पहचान खोता जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से विकसित किए गए इस पार्क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
हरमू हाउसिंग कॉलोनी को राजधानी के प्रतिष्ठित इलाकों में गिना जाता है। यह क्षेत्र हटिया विधानसभा के अंतर्गत आता है और यहां कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, अधिवक्ता एवं समाज के प्रतिष्ठित लोग निवास करते हैं। इसके बावजूद पार्क की दुर्दशा पर किसी का ध्यान नहीं जाना स्थानीय नागरिकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क के रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी का कार्यकाल लगभग आठ से दस महीने पूर्व समाप्त हो चुका है। इसके बाद से पार्क की नियमित देखरेख लगभग बंद हो गई है। वर्तमान में रांची नगर निगम द्वारा केवल टिकट व्यवस्था और रात्रि सुरक्षा के लिए कुछ होमगार्ड तैनात किए गए हैं, लेकिन पार्क की साफ-सफाई, हरियाली, मरम्मत और अन्य सुविधाओं पर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पार्क में लगे बच्चों के झूले टूट-फूट का शिकार हो रहे हैं। कई स्थानों पर पेड़-पौधे सूख रहे हैं। शौचालयों की स्थिति दयनीय बनी हुई है, जहां पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। नलों की टोटियां क्षतिग्रस्त हैं और कई अन्य बुनियादी सुविधाएं भी खराब हो चुकी हैं। पार्क के मध्य स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के आसपास भी नियमित सफाई और रखरखाव का अभाव दिखाई देता है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पार्क में स्थापित फव्वारे लंबे समय से बंद पड़े हैं। शाम के समय टहलने और व्यायाम करने आने वाले लोगों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने से भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान पार्क में बच्चों और परिवारों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन सुविधाओं की कमी लोगों की निराशा का कारण बन रही है।
नागरिकों का कहना है कि पार्क में प्रवेश शुल्क नियमित रूप से लिया जा रहा है, लेकिन इसके बदले मिलने वाली सुविधाएं लगातार घटती जा रही हैं। ऐसे में यह भी आवश्यक है कि नगर निगम पार्क से प्राप्त होने वाले राजस्व और उसके उपयोग की समीक्षा करे तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करे।
स्थानीय लोगों ने रांची नगर निगम, नगर आयुक्त, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि पार्क की वर्तमान स्थिति का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और किसी सक्षम एजेंसी को पुनः रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी जाए। उनका कहना है कि शहर के बीचों-बीच स्थित यह पार्क न केवल बच्चों और परिवारों के मनोरंजन का केंद्र है, बल्कि लोगों को व्यस्त जीवनशैली के बीच कुछ समय प्रकृति के करीब बिताने का अवसर भी प्रदान करता है।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो करोड़ों रुपये की लागत से विकसित यह सार्वजनिक संपत्ति धीरे-धीरे अपनी उपयोगिता और सुंदरता खो देगी। इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए पार्क की व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करना आवश्यक है, ताकि यहां घूमने आने वाले लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध हो सके।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चतरा/लोहरदगा। तरंग ग्रुप एवं आदित्य विजन के सहयोग तथा शांति कृतनिश्चय सेवा फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) सहयोग से संचालित डिजिटल बेटी शक्ति महाअभियान – Tech Sakhi 2026 के तहत रविवार को चतरा के डीआरडीए भवन में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले की मेधावी बेटियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू एवं विशिष्ट अतिथि मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष, मॉडल कॉलेज चतरा के प्राचार्य डॉ. मनीष दयाल, जिला परिषद सदस्य निशा कुमारी तथा कार्यक्रम संयोजक नसरुद्दीन अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र के बाद प्रतिभागियों द्वारा रंगारंग स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे सभागार में उत्साह और सांस्कृतिक ऊर्जा का माहौल बना दिया। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार गुप्ता एवं शांति कृतनिश्चय सेवा फाउंडेशन के निदेशक सह अध्यक्ष बजरंग कुमार ने बताया कि देश की अग्रणी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी आदित्य विजन के सहयोग से जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान कुछ विद्यालयों को स्मार्ट टीवी भी भेंट किए गए, ताकि छात्र-छात्राओं को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिल सके।
मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय तकनीक और ज्ञान का युग है। ऐसे में बच्चों को सही दिशा, उचित संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने तरंग ग्रुप, आदित्य विजन एवं शांति कृतनिश्चय सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित इस अभिनव अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच डिजिटल अंतर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और यदि बेटियों को समय रहते डिजिटल संसाधनों से जोड़ा जाए, तो वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8वीं, 9वीं, 10वीं, 11वीं, 12वीं एवं स्नातक स्तर की लगभग 60 मेधावी छात्राओं को टैबलेट एवं स्मार्टफोन देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय छात्राओं के चेहरे पर खुशी, आत्मविश्वास और उत्साह स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
कार्यक्रम में सात वर्षीय कुमारी दित्या, पिता अभय कुमार, निवासी हजारीबाग, की मधुर आवाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने बच्ची की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उपस्थित लोगों ने भी दित्या की प्रतिभा की जमकर सराहना की।
कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी ने कार्यक्रम को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली पहल बताया। वहीं आयोजकों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की प्रतिभाशाली बेटियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना, आधुनिक तकनीक की जानकारी देना तथा उनके शैक्षणिक विकास को नई दिशा प्रदान करना है।
समापन सत्र में जिला परिषद सदस्य निशा कुमारी एवं महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज ने इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन करीना गुप्ता एवं शशिकांत ने संयुक्त रूप से किया।
आयोजन को सफल बनाने में संस्था के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सहित महेश, लक्ष्मी, मेघा, शिवानी, ओम, अमित, अगस्त्य, संध्या, चंदन तथा शांति कृतनिश्चय सेवा फाउंडेशन के सचिव मनीष कुमार, संयुक्त सचिव मोहित कुमार, शोभा कुमारी, बैद्यनाथ पासवान, मो. मुबारक, प्रशांत प्रभाकर, प्रियदर्शी कुमार, मो. मुदस्सिर, श्रुति एवं सुरभि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, तकनीक, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का एक सशक्त संदेश देने में भी सफल रहा।
टीम एबीएन, रांची। मारवाड़ी ब्राह्मण सभा रांची द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह आज मारवाड़ी ब्राह्मण भवन के सभागार में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मारवाड़ी ब्राह्मण समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा साथ ही उन विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने एमबीए, इंजीनियरिंग, पीएचडी के क्षेत्र में सफलता प्राप्त की।
आज के इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद यदुनाथ पांडे एवं विशिष्ट अतिथि नीरज कुमार बबलू, उपमहापौर रांची नगर निगम के सानिध्य में संपन्न हुआ। सर्वप्रथम दीप प्रज्ज्वलित कर गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
तत्पश्चात सभा के अध्यक्ष अशोक पुरोहित, मंत्री कृष्णा लाल शर्मा एवं कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर गोवला ने क्रमशः मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पुर्व उपाध्यक्ष विनय सरावगी, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय मंत्री मनोज बजाज को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत सम्मान किया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने मारवाड़ी ब्राह्मण समाज के 25 मेघावी छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यदुनाथ पाण्डे ने कहा कि दो जगह ईर्ष्या का भाव नहीं होता है एक माता पिता का बच्चे के साथ ओर दूसरा गुरु का शिष्य के साथ... शिक्षा वह शेरनी का दूध है जो पीता है वही दहाड़ता है। भगवान परशुराम चिरंजीवी हैं। शिक्षक हमें मुर्तिकार रूपी गड़ते हैं।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक योगेश सारस्वत ने किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक मनीष शर्मा, दीपक शर्मा, धर्म चंद शर्मा का सक्रिय योगदान रहा। सभा के अध्यक्ष एवं मंत्री ने विशिष्ट अतिथि उपमहापौर नीरज कुमार, बबलू जी को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। सभा के पुर्व अध्यक्ष रविशंकर शर्मा मुख्य अतिथि यदुनाथ पांडे को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में मनोज बजाज, दयानंद शर्मा, रामगोपाल शर्मा, अमित सारस्वत, नथमल शर्मा, चेतन माटोलिया, ओम माटोलिया, अमित शर्मा, अरूण जोशी, राहुल शर्मा, सोमदत्त शर्मा, कमल शर्मा सहित समाज के अन्य महिला और पुरूष सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी प्रवक्ता मनीष शर्मा ने दी।
टीम एबीएन, रांची। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है विश्व दुग्ध दिवस प्रत्येक वर्ष 1 जून को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2001 में खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) द्वारा की गई थी।
इस दिवस का उद्देश्य दूध एवं दुग्ध उत्पादों के पोषणात्मक महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा डेयरी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी योगदान को रेखांकित करना है।
दूध को संपूर्ण आहार माना जाता है क्योंकि इसमें कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन-डी, विटामिन-बी12, पोटैशियम तथा अनेकआवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह बच्चों की शारीरिक एवं मानसिक वृद्धि, युवाओं की कार्यक्षमता तथा बुजुर्गों की हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
संतुलित आहार में दूध और दुग्ध उत्पादों का विशेष स्थान है।विश्व दुग्ध दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को दूध के स्वास्थ्य लाभों से अवगत कराना, डेयरी किसानों के योगदान का सम्मान करना तथा दुग्ध उत्पादन और वितरण से जुड़े उद्योगों के महत्व को उजागर करना है।
यह दिवस किसानों, डेयरी उद्यमियों, वैज्ञानिकों और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी अवसर प्रदान करता है।भारत विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में डेयरी क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। लाखों किसान एवं पशुपालक दुग्ध उत्पादन के माध्यम से अपनी आजीविका अर्जित करते हैं।
विशेष रूप से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में डेयरी व्यवसाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दुग्ध सहकारी समितियों और आधुनिक डेयरी तकनीकों ने ग्रामीण विकास को नई दिशा प्रदान की है। इस दिवस की विशेषता यह है कि इसके माध्यम से पौष्टिक आहार, खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण विकास और सतत कृषि के महत्व को भी बढ़ावा दिया जाता है।
विभिन्न संस्थाओं द्वारा जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, संगोष्ठियां, दुग्ध वितरण कार्यक्रम तथा किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। आज के समय में जब कुपोषण और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बढ़ रही हैं, तब दूध जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
विश्व दुग्ध दिवस हमें यह संदेश देता है कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए संतुलित पोषण, गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन और किसानों के कल्याण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।विश्व दुग्ध दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पोषण, स्वास्थ्य, किसान समृद्धि और सतत विकास के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse