झारखंड

View All
Published / 2024-09-05 19:22:39
टाटा स्टील में नौकरी दिलाने के नाम पर 42 लोगों से ठगी

टीम एबीएन, रांची। टाटा स्टील कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 42 लोगों से ठगी हुई है। मामला 20 सितंबर 2023 से 14 जनवरी 2024 के बीच का है। इस गिरोह में टिनप्लेट कंपनी और अस्पताल के कर्मचारी भी शामिल हैं। टाटा स्टील कंपनी प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस मामले में बिष्टुपुर थाना में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। 

टाटा स्टील हेड क्वार्टर के एरिया मैनेजर ब्रांड प्रोटेक्शन ध्रुवोज्योति साहा ने बिष्टुपुर थाना में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला के बंसी निवासी शुभम कुमार, टिनप्लेट अस्पताल कर्मचारी गोलमुरी टुइलाडूंगरी बी ब्लाक लाईन नंबर 12 निवासी मो जावेद, साकची ह्यूमपाईप रोड निवासी अमरनाथ गोराई, भालूबासा टीचर्स कॉलोनी बी ब्लाक निवासी अरविंद शर्मा समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी की प्राथमिकी दर्ज करायी है। 

दर्ज प्राथमिकी में एरिया मैनेजर ध्रुवोज्योति साहा ने बताया है कि इन अभियुक्तों द्वारा 20 सितंबर 2023 से 14 जनवरी 2024 के बीच 42 लोगों से टाटा स्टील में नौकरी के नाम पर ठगी की गयी है। इसके अलावा जाली कागजात भी दिया गया है। युवकों को शहर के अलग अलग होटल में ठहराने के बाद तिनप्लेट अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया। इसकी शिकायत टाटास्टील प्रबंधन को मिलने के बाज जांच करायी गयी। 

साकची ह्यूम पाईप रोड निवासी अमरनाथ गोराई द्वारा लोगों को कार से होटल में ठहराया जाता था। जबकि टिनप्लेट अस्पताल कर्मचारी गोलमुरी टुइलाडूंगरी निवासी मो। जावेद द्वारा टिनप्लेट अस्पताल में मेडिकल जांच कराया जाता था। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स समेत अन्य कंपनी में नौकरी के नाम पर पूर्व में भी ठगी की घटना घट चुकी है। इस मामले में पूर्व में भी बिष्टुपुर थाना में केस दर्ज किया गया है। 

वर्ष 2016 में टेल्को थाना में टाटा मोटर्स व अन्य कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। सितंबर 2019 में पश्चिम सिंहभूम के नोवामुंडी में टाटास्टील में नौकरी के नाम पर 52 लोगों से ठगी की गयी थी। इसके अलावा टाटास्टील में नौकरी के नाम पर लोगों से ठगी के आरोप में पुलिस ने पूर्व में ज्योति सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर जेल भेजी थी। मामला सितंबर 2019 की है।

Published / 2024-09-05 19:21:08
जल्द तय होगा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे का फार्मूला : कांग्रेस

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सरकार में गठबंधन सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे का फार्मूला जल्द ही तय किया जायेगा।

कमलेश ने कहा कि कांग्रेस सीट बंटवारे को लेकर बैठक के बाद घोषणा करेगी कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यहां राज्य विधानसभा चुनाव के संबंध में पार्टी के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। कमलेश ने कहा, हमने सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों से आवेदन मांगे हैं। पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका अंतिम फैसला सीट बंटवारे को लेकर बैठक में लिया जायेगा। बैठक बहुत जल्द होगी। 

कमलेश ने बताया कि उम्मीदवारों से प्राप्त आवेदनों को संकलित कर लिया गया है। कमलेश ने कहा, मैंने जिला प्रमुखों से कहा है कि वे अपने स्तर पर आवेदनों की जांच करें और उसके बाद सूची को अंतिम फैसले के लिए एआइसीसी (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) को भेजा जायेगा। उन्होंने कहा कि एआइसीसी के सचिव-सह-प्रभारी सप्तगिरि शंकर उल्का और डॉक्टर बेला प्रसाद 6 सितंबर को झारखंड का दौरा करेंगे और सिमडेगा में संवाद आपके साथ में शिरकत करेंगे। 

बता दें कि राज्य में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 31, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 43 और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 7 सीटों पर चुनाव लड़ा था। कांग्रेस पार्टी ने इस बार सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

Published / 2024-09-05 19:20:15
पिता दिशोम गुरु हमारे प्रथम गुरु : हेमंत सोरेन

सीएम हेमंत ने झारखंड वासियों को दी शिक्षक दिवस की बधाई

टीम एबीएन, रांची। भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिवस भारत में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने अपने छात्रों से जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की इच्छा जतायी थी ताकि समाज में शिक्षकों के योगदान की सराहना की जा सके जिसके बाद आज यानी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।

शिक्षक दिवस पर सीएम हेमंत ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर हेमंत ने कहा कि मेरे पिता और पहले गुरु दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मेरा प्रणाम। उन्होंने मुझे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण सबक सिखाये। लोगों की सेवा करना और हमेशा सत्य के लिए खड़े रहना। आज के दिन मैं उनके और सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने हमारे समाज को आकार दिया है। 

वहीं, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। कल्पना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा कि आज का दिन मेरे लिए बेहद खास है क्योंकि राजनीति में आने के पहले मैं शिक्षक थी। मेरे विद्यार्थियों के साथ हमेशा से मेरा गहरा जुड़ाव था। स्कूल के गलियारों और कक्षाओं में बिताए पल आज भी मेरी यादों में बसे हुए हैं। 

मेरे जीवन का अधिकांश समय स्कूल में बच्चों के बीच बीतता रहा, लेकिन एक दिन ऐसा आया जिसने मेरे जीवन की दिशा बदल दी। कल्पना ने आगे लिखा कि भाजपा ने साजिश रचकर मेरे पति को जेल में डाल दिया। मैं अपने काम से संतुष्ट थी, लेकिन उस दिन की घटना ने मुझे राजनीति में आने के लिए मजबूर कर दिया। तभी से अन्याय के खिलाफ मेरी लड़ाई शुरू हो गयी। 

आज सार्वजनिक जीवन में व्यस्त रहते हुए मैंने भले ही अपने शिक्षक वाले जीवन से दूरी बना ली हो लेकिन शिक्षक दिवस पर जब पुराने विद्यार्थियों के कॉल आए तो मेरा मन फिर उसी कक्षा में पहुंच गया। उनके प्यार और सम्मान के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी।

Published / 2024-09-05 19:17:33
परेश गट्टानी पेश करेंगे चैंबर चुनाव 2024-25 में दावेदारी

टीम एबीएन, रांची। फेडरेशन आफ झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान कार्यकारिणी समिति के 15 और कुल 45 सदस्यों के समर्थन से चैंबर के वर्तमान महासचिव परेश गट्टानी चैंबर चुनाव 2024-25 में अध्यक्षीय उम्मीदवार के रूप में मजबूत दावेदारी पेश करेंगे। चेंबर के अधिकांश पूर्व अध्यक्ष भी परेश गट्टानी को ही अध्यक्ष का उपयुक्त उम्मीदवार मान रहे हैं। 

चैंबर चुनाव की तैयारियों को लेकर आज परेश गट्टानी और टीम के मेंटोर्स के नेतृत्व में सदस्यों की एक बैठक भी हुई जिसमें चुनाव की रणनीतियों पर गहन चर्चा हुई। टीम के उम्मीदवारों द्वारा राज्य के विभिन्न प्रमंडलों (कोल्हान, कोयलांचल, साउथ/ नॉर्थ छोटानागपुर, पलामू और संताल परनगा) के चैंबर आफ कॉमर्स और सदस्यों से भी समन्वय बनाया गया। सभी प्रमंडलों के व्यापारी और उद्यमी चैंबर के वर्तमान महासचिव परेश गट्टानी के समर्थन में ही हैं।

चैंबर के महासचिव परेश गट्टानी ने कहा कि चैंबर चुनाव में अध्यक्षीय पद की यह दावेदारी सोच समझकर लिया गया निर्णय है, जो हमारे मौजूदा कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के साथ-साथ, पूर्व अध्यक्षगण तथा मेरे सम्मानित सदस्यों के साथ काफी विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। मुझे पूरा भरोसा है कि राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स वर्ग का इस चुनाव में मुझे पूर्ण समर्थन प्राप्त होगा और हम सब मिलकर चेंबर को और अधिक मजबूती देंगे।

Published / 2024-09-05 19:16:36
आदिवासी - मूलवासियों की पहचान बनाये रखने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : हेमंत सोरेन

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुमला जिला अंतर्गत सिसई प्रखंड के पंडरानी ग्राम में चौथे चरण के आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में हुए सम्मिलित, लाभुकों से भी किया सीधा संवाद
  • मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में गुमला और लोहरदगा जिले को 347 विकास योजनाओं का दिया तोहफा, 1  लाख 62 हजार 769 लाभुकों के बीच 217 करोड़ 71 लाख 17 हजार रुपये की बांटी  परिसंपत्तियां
  • मुख्यमंत्री ने कहा- अब 18 वर्ष से अधिक की बहन बेटियों को भी झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना मिलेगा लाभ, शिविरों में जमा करें अग्रिम आवेदन
  • आने वाले पांच वर्षों में आपको इतना मजबूत बनायेंगे कि आपको किसी से मदद मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी
  • आपका अधिकार आपका दरवाजा खटखटा रहा है, आप आगे आयें और अपनी जरूरत की योजना को घर ले जायें
  • राज्य वासियों की सोच एवं जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाती है योजनाएं

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पंडरानी, शिवनाथपुर सिसई, गुमला। आने वाले पांच वर्षों में आपको इतना मजबूत बनायेंगे कि आपको किसी से मदद मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अपने बलबूते अपने विकास का रास्ता तय करेंगे और राज्य की तस्वीर एवं तकदीर बदलने में राज्य सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने आज गुमला जिले के सिसई प्रखंड अंतर्गत शिवनाथपुर पंचायत के पंडरानी ग्राम में आयोजित चौथे चरण के आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कही। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में हर घर में हर वर्ष एक लाख रुपये पहुंचने का हमारा संकल्प है। 

आपका अधिकार आपका दरवाजा खटखटा रहा है  

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार का चौथा चरण चल रहा है। हर गांव- मोहल्ला- टोला में शिविर लगाकर आपकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। मेरा आपसे कहना है कि आपका अधिकार आपका दरवाजा खटखटा रहा है।  आप आगे आयें और और अपनी जरूरत की योजना को अपने घर में ले जायें। हमारी कोशिश विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आपके और आपके परिवार को सशक्त और स्वावलंबी बनाना है। 

जिन अधिकारियों को आपने कभी देखा नहीं, वे आपके दरवाजे पर पहुंच रहे हैं  

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आज भी कई ऐसे सुदूर गांव है, जहां आने जाने का कोई रास्ता नहीं है । इन गांवों में कोई अधिकारी कभी गया ही नहीं है। बीडीओ -सीओ  और डीसी -एसपी कौन हैं, उनकी जानकारी तक उन्हें नहीं होती है। लेकिन, आज उन्ही गांवों में पगडंडियों पर चलते हुए  अधिकारी आपके घर पहुंच रहे हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के साथ आॅन द स्पॉट आपकी समस्याओं का निष्पादन रहे हैं। 

आपकी सोच और जरूरत के अनुरूप बन रही योजनाएं 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जो भी योजनाएं बना रही है, वह आपकी सोच और जरूरत को ध्यान में रखकर है। हम अपनी इन योजनाओं के माध्यम से आपको आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। क्योंकि, जब आप सशक्त होंगे तो  राज्य भी मजबूत बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में जो भी आवेदन आते हैं, उनका भी ध्यान योजनाओं के निर्धारण में किया जाता है, क्योंकि इससे हमें अपनी जनता के वास्तविक हालात की जानकारी प्राप्त होती है। 

लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना है  

मुख्यमंत्री ने कहा कि वही सरकार सफल होती है, जो अपने राज्य के लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाती है। हमारी कोशिश हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशी लाना है। इसी संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि ये सरकार रांची हेडक्वार्टर से नहीं बल्कि गांव और देहात से चल रही है। ग्रामीणों की समस्याओं से हम भली- भांति वाकिफ हैं। ऐसे में ग्रामीण व्यवस्था की मजबूती हमारी प्रतिबद्धता है। 

यह झारखंड वासियों की सरकार है  

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह झारखंड वासियों की सरकार है। यहां के आदिवासी- मूलवासी वर्षों से काफी पिछड़े रहे हैं। पिछले 20 वर्षों में ये हमेशा हाशिये पर रहे। लेकिन, इन्हें आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।  इस कड़ी में कई नीतियां और योजनाएं बनायी गयी है, जिनके जरिये झारखंड वासियों के सशक्तिकरण की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। 

आदिवासियों की पहचान बनाए रखने के लिए कृत संकल्पित 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की पहचान आदिवासियों से है। ऐसे में आदिवासी पहचान को बनाए रखना हमारा संकल्प है। इस कड़ी में आदिवासियों के लिए अलग सरना कोड का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। आदिवासियों के उत्थान के लिए कई योजनाएं लेकर हम आये हैं। यहां के आदिवासी अपनी काबिलियत के बल पर अपने और राज्य का नाम रोशन करें,  सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है। 

जल -जंगल- जमीन के साथ होता रहा खिलवाड़  

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो -कान्हू, तिलका मांझी, बुधु भगत और नीलाम्बर पीताम्बर जैसे अनेक वीरों ने जल- जंगल- जमीन की रक्षा एवं अन्याय, शोषण जुल्म के खिलाफ अपनी शहादत दे दी थी। लेकिन, आज उद्योग- धंधे, खनन एवं फैक्ट्री लगाने के नाम पर जल -जंगल- जमीन के साथ छेड़छाड़ होता रहा है। इस वजह से यहां के आदिवासी- मूलवासी विस्थापित होते गये। 

उनकी जमीन पर किसी और का कब्जा हो गया। लेकिन, हमारी सरकार जल- जंगल- जमीन की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस सिलसिले में नेतरहाट फायरिंग रेंज को बंद कर हमने ग्रामीणों को उनकी जमीन वापस करने का काम किया है। वहीं, व्यक्तिगत और सामुदायिक वन पट्टा प्रदान किया जा रहा है, ताकि आदिवासियों को को जल -जंगल- जमीन पर अधिकार फिर से दे सकें। 

18 वर्ष से अधिक की बहन- बेटियां भी दे सकती हैं अग्रिम आवेदन  

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मईंयां सम्मान योजना नारी सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया एक मजबूत कदम है। इस योजना को लेकर राज्य की बहन- बेटियों में अदभुत उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी इस योजना का लाभ 21 से 50 वर्ष की महिलाओं को मिल रहा है, लेकिन योजना के प्रति बहन- बेटियों का जबरदस्त उत्साह देखते हुए हमने 18 वर्ष से ही इस योजना का लाभ बहन- बेटियों को देने का निर्णय लिया है। 

इस सिलसिले में जल्द ही नीति बनायी जायेगी। लेकिन, मैं राज्य की बहन- बेटियों से कहना चाहता हूं कि वे आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविरों में अग्रिम आवेदन दें ताकि उन्हें इस योजना का लाभ देने की प्रक्रिया भी आरंभ हो जाये। 

रोजगार, स्वरोजगार कृषि, पशुपालन, शिक्षा और ग्रामीण विकास समेत हर क्षेत्र को कर रहे मजबूत 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्तियों का मामला हो या स्वरोजगार का। शिक्षा, कृषि, पशुपालन और ग्रामीण विकास समेत अन्य सभी सेक्टर। हर क्षेत्र के विकास के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए बिरसा हरित ग्राम योजना और मुख्यमंत्री पशुधन योजना है तो राज्य के बच्चे-बच्चियों के बेहतर शिक्षा के लिए सरकार आर्थिक सहयोग कर रही है। यहां के बच्चे बच्चियां पढ़-लिख कर आगे बढ़े, इसके लिए सरकार अपनी गारंटी पर उन्हें शिक्षा लोन मुहैया करा रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए कई योजनाएं धरातल पर मजबूती से उतारी गयी है। हमारी हर योजना हर वर्ग और हर तबके को आगे बढ़ने का काम कर रही है। 

गुमला और लोहरदगा जिले को मिली कई सौगातें  

मुख्यमंत्री ने आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम में गुमला एवं लोहरदगा जिले को कुल 1222 करोड़ 32 लाख 48 हजार रुपए की 347 योजनाओं का तोहफा एवं लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। इसमें गुमला जिला अंतर्गत 636 करोड़ 74 लाख 57 हजार रुपये की 159 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास शामिल है, जबकि लोहरदगा जिला अंतर्गत 367 करोड़ 86 लाख 28 हजार रुपये की 188 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास संपन्न हुआ। 

मौके पर इन दोनों जिलों के 162769 लाभुकों के बीच लगभग 217 करोड़ 71 लाख 17 हजार रुपये की परिसंपत्तियां बांटी गयी। इसमें गुमला जिला अंतर्गत 150678 लाभुकों के बीच लगभग 204 करोड़ 88 लाख 80 हजार रुपये एवं लोहरदगा जिला अंतर्गत 12091 लाभुकों के बीच 12 करोड़ 82 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण हुआ। 

इस कार्यक्रम में मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सांसद सुखदेव भगत, विधायक भूषण तिर्की, विधायक जिगा सुसारन होरो, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक तथा गुमला एवं लोहरदगा जिले के उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक  समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Published / 2024-09-05 19:11:44
श्री बंशीधर नगर में चला जागरूकता अभियान

आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में आमजनों को किया गया जागरूक

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा, (पलामू)। आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज पलामू प्रमंडल क्षेत्र के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर में आयोजित विशेष शिविर के दौरान आमजनों को जागरूक किया गया। प्रमंडलीय जनसंपर्क इकाई, पलामू प्रमंडल की ओर से मेला प्रदर्शनी एवं नुक्कड़-नाटक का आयोजन कर लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गयी।

मेला प्रदर्शनी एवं नुक्कड़-नाटक कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों को  झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, गुरूजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना सहित सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गयी। 

साथ ही योजनाओं से संबंधित पंपलेट का भी वितरण किया गया। आमजनों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए लाभ लेने की आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।

Published / 2024-09-04 18:37:18
झारखंड : अब 18 की उम्र से ही मिलेगा मंइयां सम्मान योजना का लाभ

हेमंत सोरेन की बड़ी घोषणा, अब 18 वर्ष की उम्र से मंईयां योजना का लाभ

टीम एबीएन, रांची। रांची के नामकुम में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें रांची समेत पांच जिलों से बड़ी संख्या में महिला लाभुक शामिल हुईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने बड़ी घोषणा की है कि अब उनकी सरकार मंईयां सम्मान योजना की उम्र सीमा 21 वर्ष से घटा कर 18 वर्ष करेगी यानी अब 18 वर्ष की उम्र से इस योजना का लाभ मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सरकार हर कदम उठा रही है। आगे भी सरकार उनके हित में कार्य करती रहेगी। नामकुम के खोजाटोली का ट्रेनिंग ग्राउंड बुधवार को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा की महिला लाभुकों से खचाखच भरा हुआ था। 

झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना की लाभुकों के चेहरे पर खुशियों के उपहार का उत्साह साफ झलक रहा था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन पांचों जिलों की बहनों को मंइयां सम्मान योजना का तोहफा दिया। राज्य के 19 जिलों की महिला लाभुकों के खाते में एक-एक हजार रुपये भेजे जा चुके हैं। 

हेमंत सोरेन सरकार इस योजना के तहत सालाना 12 हजार रुपये महिला लाभुकों को दे रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रमंडलवार कार्यक्रम का आयोजन कर बहनों को तोहफा देने की शुरूआत की थी। 

राज्य के पांचों प्रमंडलों में समारोह के साथ आज मंइयां सम्मान योजना कार्यक्रम का समापन हो गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी सौगात दे दी। अभी 21 वर्ष से 50 वर्ष तक की महिलाओं को इसका लाभ दिया जा रहा है। अब सरकार ने उम्र सीमा घटाकर 18 साल करने की घोषणा कर दी है।

Published / 2024-09-04 18:30:55
हर रोज नये मुकाम हासिल कर रहा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम : सीएम

आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम हर दिन नयी ऊंचाइयों को छू रही : हेमंत सोरेन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार के प्रमुख जनसंपर्क कार्यक्रम के शुरुआती 3 दिनों में 5.52 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। एक अधिकारी ने बीते मंगलवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक बयान के अनुसार, 2 सितंबर तक राज्य भर में 1,224 शिविर आयोजित किये गये और कुल 5,52,836 आवेदन प्राप्त हुए। बयान में कहा गया है कि कुल 42,869 आवेदनों का निपटारा किया गया, जबकि 160 आवेदनों को ठुकरा दिया गया।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार, हर दिन नयी ऊंचाइयों को छू रही है। यह कार्यक्रम 15 सितंबर तक जारी रहेगा। जानकारी के मुताबिक शिविरों में राज्य सरकार की अबुआ आवास योजना से जुड़ी मांगें सबसे अधिक आ रही हैं। इस योजना के तहत कुल 2,93,657 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि सार्वभौमिक पेंशन योजना के लिए कुल 31,092 आवेदन मिले। 

बता दें कि कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने 30 अगस्त को आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के चौथे चरण की शुरुआत की थी। यह कार्यक्रम 15 सितंबर तक जारी रहेगा। 

कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। इसमें झारखंड मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, अबुआ आवास योजना, सार्वभौमिक पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जैसी योजनाओं के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। वहीं, इससे पहले सोरेन ने 15 नवंबर 2021 को पंचायत स्तर पर लाभार्थियों के लिए शिविर आयोजित करके इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया था।

Page 529 of 1698

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse