टीम एबीएन, रांची। 15 सितंबर तक चलनेवाले जेसीआई वीक की शुरुआत आज से हुई। जेसीआई रांची यूथ की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल के नेतृत्व में जेसीआई रांची यूथ के पदाधिकारियों, सदस्यों ने बरियातू स्थित ओल्ड एज होम में जाकर सभी की सेवा की और अपने साथ ले गये सामग्री का वितरण किया। इस दौरान वहां रहनेवाले वृद्धजनों से बात कर उनका हाल जाना। पदाधिकारियों ने आश्रम में रहनेवाले वृद्धजनों को केले, आम, नमकीन, बिस्कुट आदि सामग्री का वितरण किया।
जेसीआई यूथ, रांची के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ समय व्यतीत किया तथा जीवन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। वृद्धजनों ने भी अपने जीवन के अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर जेसीआई रांची यूथ की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने कहा कि वृद्धजनों का अनुभव आज की युवा पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण है। हमें उनके अनुभवों से लाभ लेना चाहिए। जेसीआई के सदस्यों के साथ वृद्धजनों ने भजन-कीर्तन, नाच-गाना आदि का भी आनंद लिया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शाम को जेसीआई रांची यूथ के पदाधिकारियों ने रिट्रीट कॉन्टिनेंटल में अपने चार्टर प्रेसिडेंट, सीए अंकित अग्रवाल, प्रतिक बदानी, कुश जलन का सम्मान करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जेसीआई रांची यूथ के सदस्यों ने चार्टर प्रेसिडेंट से उनकी जर्नी और उनके प्रेरणादायी अनुभवों को भी सुना।
मौके पर जेसीआई रांची यूथ की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल के अलावा, प्रोजेक्ट कोआॅर्डिनेटर शुभनीष सोंथालिया, मनीष सोंथालिया, मोनिका गोयनका, निशि सराफ, वंशिका शर्मा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी जेसीआई रांची यूथ के अध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली राशि में हर साल 250 रुपये की बढ़ोतरी होगी, जिससे महिलाओं को दी जाने वाली राशि पांच वर्ष बाद प्रतिमाह 2250 रुपये हो जायेगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंईयां सम्मान योजना की अगले 5 साल की रूपरेखा बना ली गयी है। सीएम हेमंत सोरेन जल्द ही इसकी घोषणा कर सकते हैं।
वहीं, फिलहाल योजना के तहत लाभुकों को 1 हजार रुपये हर माह दिये जा रहे हैं। मंईयां सम्मान योजना की राशि में हर वर्ष 250 रुपये की बढ़ोतरी होने पर सम्मान राशि पांच वर्ष बाद प्रतिमाह 2250 रुपये हो जायेगी। ज्ञात हो कि मंईयां सम्मान योजना के लाभुक पात्रों की संख्या को लेकर कोई पाबंदी नहीं है। एक ही परिवार में मां, बहू, बेटी जो भी उम्र एवं योग्यता को पूरा रखती होंगी उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
अगले पांच वर्षों में इस योजना की राशि प्रति लाभुक प्रतिमाह 2250 रुपये के हिसाब से 27000 रुपये सालाना हो जायेगी। योजना का एक परिवार की तीन महिलाओं को लाभ मिलने की स्थिति में कुल राशि 81000 रु होगी। यदि वृद्धा पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ को शामिल करने पर प्रति परिवार हर साल राशि एक लाख रु तक पहुंच जायेगी। योजना में 18 से 20 वर्ष की लड़कियों को भी शामिल कर दिया गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। जिले के गांडेय प्रखंड अंतर्गत अंतर्गत कैलूडीह मैदान ताराटांड़ में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित हुआ। धनबाद की सीमा पर अवस्थित गिरिडीह जिले के इस मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इनके अलावा मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री बेबी देवी, राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मथुरा महतो, विधायक सुदिव्य कुमार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में 13 लाख लोगों को सीधा लाभ मिला।
इसकी जानकारी देते हुए नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन चौथी दफा किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कोई भी अहर्ता प्राप्त व्यक्ति लाभ से वंचित नहीं रहे इसका ध्यान रखा जा रहा है। डीसी नमन ने बताया कि कुंडलवादाह पंचायत के इस मैदान में आयोजित कार्यक्रम में गिरिडीह जिला के डेढ़ सौ योजना की राशि लगभग 263 करोड़ और धनबाद जिले की 160 योजना की राशि 201 करोड़।
कुल 310 योजना (कुल राशि 465 करोड़ रुपये) का उदघाटन और शिलान्यास किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत गिरिडीह जिले के 8 लाख लाभुकों के बीच लगभग 445 करोड़ ओर धनबाद जिले के लगभग 5 लाख लाभुकों के बीच मे 194 करोड़ कुल 13 लाख लाभुकों के बीच मे 640 करोड़ की परिसम्पत्तियों का वितरण किया गया।
इधर, कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिले के डीसी नमन प्रियेश लकड़ा खुद ही मॉनिटरिंग करते रहे। धनबाद डीसी माधुरी मिश्रा भी मौजूद रही। कार्यक्रम स्थल का कमान खुद ही संभाले रखा। दूसरी तरफ सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं हो इसके लिए एसपी डॉ बिमल कुमार अपनी टीम के साथ डटे रहे। एसडीपीओ बिनोद रवानी के साथ कई थाना के पुलिस पदाधिकारी तैनात रहे।
यहां के कार्यक्रम में लाभुकों को झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, अबुआ आवास योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, सर्वजन पेंशन योजना, धोती, साड़ी लुंगी योजना, किसान क्रिडेट कार्ड, आदि का लाभ लोगों ने उठाया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह/ रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि पूर्व की सरकार ने यहां के अधिकतर पात्र लोगों को पेंशन योजना से वंचित रखा। पहले गांव के कुछ चुनिंदा बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं विधवा माता-बहनों को ही पेंशन की राशि मिल पाती थी, लेकिन अब आपकी सरकार ने ऐसा कानून बना दिया कि अब गांव में जितने भी वृद्धजन हैं सभी को पेंशन प्राप्त हो रहा है। आज हरेक दिव्यांगजन एवं विधवा माता-बहनों सहित पात्र सभी लोगों को सर्वजन पेंशन योजना के तहत पेंशन की राशि निर्धारित समय पर मिल रही है। परिणाम यह है कि अब सभी पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत पेंशन योजना से आच्छादित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य में उनकी सरकार किसानों के कृषि ऋण को माफ करने का काम किया है, गरीबों का बकाया बिजली बिल माफ हो रहा है, बिजली उपभोक्ताओं को 200 यूनिट बिजली मुफ्त मिल रही है। बच्चों के पढ़ने के लिए निजी स्कूल के तर्ज पर स्कूलों का निर्माण किया गया। राज्य में बच्चों के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। आज उनकी सरकार गरीब, आदिवासी, मूलवासी, दलित, शोषित, पिछड़े, अल्पसंख्यक के बच्चे-बच्चियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गरीब के होनहार बच्चे विदेश में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। महिलाओं का सशक्तिकरण सुनिश्चित हुआ है। आज राज्य सरकार गांव-देहात से चल रही है। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज गिरिडीह जिला के गांडेय प्रखंड अंतर्गत कैलुडीह मैदान में आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में कही।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य के आंगनबाड़ी सहायिका, सेविका, रसोईया, पुलिसकर्मी, सहायक पुलिसकर्मी, पारा शिक्षक, जलसहिया सहित कई विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों के समस्याओं को सुलझाते हुए कुछ न कुछ लाभ देने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कई ऐसे निर्णय और राज्यहित के कार्य किये गये हैं जो देश में पहली बार हुआ है। आज झारखण्ड में किए गए कार्यों का अनुकरण दूसरे राज्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के महिलाओं को उनकी सरकार सम्मान दे रही है। पूर्व की सरकारों ने राज्य की महिलाओं के साथ न्याय करने का काम नहीं किया था। हमारी सरकार ने यहां की महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य की नारी शक्ति को उनका हक-अधिकार दे रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बावजूद उनकी सरकार ने राज्य के गरीब परिवारों को राहत देने का काम किया है। सरकार की भावी योजनाओं को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाया गया है ताकि खुशहाल झारखंड की परिकल्पना को पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य की आने वाली पीढ़ी के लिए अच्छी शिक्षा व्यवस्था पर फोकस करते हुए सावित्रीबाई फुले समृद्धि योजना एवं गुरुजी क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं को संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बेटियां बोझ नहीं है बल्कि आप सभी से निवेदन है कि आप अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा जरूर दिलाएं। अब राज्य की बेटियों की पढ़ाई-लिखाई, शादी-विवाह सहित सभी चीजों में राज्य सरकार आपको मदद करेगी। गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के जरिए 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण बैंक द्वारा दिया जायेगा।
आपको इसके बदले बैंक के पास कोई गारंटी रखने की जरूरत नहीं है राज्य सरकार आपका गारंटर बन रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी आदिवासी एवं अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों के छात्रावासों में मुफ्त भोजन की व्यवस्था राज्य सरकार कर रही है ताकि बच्चे अपनी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दे सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ग्रामीणों के बीच कृषि कार्य के लिए सिर्फ ट्रैक्टर और हल प्रदान की जाती थी लेकिन हमारी सरकार ने ट्रैक्टर के साथ-साथ स्कॉर्पियो, बोलेरो, बस आटो सहित कई गाड़ियां ग्रामीण बेरोजगार लोगों को उपलब्ध करा रही है ताकि अधिक से अधिक लोग लोग अपना स्वरोजगार से जुड़ सकें।
पहले राज्य के किसान सिर्फ धान, मकई, और गेहूं की खेती पर निर्भर रहते थे लेकिन राज्य सरकार द्वारा खेती-कृषि की वैकल्पिक व्यवस्था पर भी फोकस किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना, दीदी बगिया योजना सहित कई योजनाओं का लाभ किसान एवं गरीब वर्ग के लोगों को देने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य में वनपट्टा का वितरण डिसमिल में नहीं बल्कि एकड़ में किया जा रहा है ताकि आप सरकारी जमीन का मालिक बन सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरिडीह की चार लाख महिलाओं को झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिला है। अब 18 से 20 वर्ष की बेटियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। यह योजना लगातार चलने वाली योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की आधी आबादी को हर क्षेत्र में मजबूती के साथ आगे बढ़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है।
राज्य के विकास में यहां की महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। हमारी सरकार हर हाल में यह सुनिश्चित करने पर जोर लगा रही है कि राज्य की महिलाएं हर एक क्षेत्र में कदम से कदम मिलाकर राज्य सरकार के साथ चलते हुए झारखंड को नई दिशा देने में सहायक बनेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 50 लाख से अधिक महिलाओं को झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मौके पर मंत्री सत्यानन्द भोक्ता, मंत्री बेबी देवी, मंत्री इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, विधायक कल्पना सोरेन, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी तथा गिरिडीह एवं धनबाद जिले के उपायुक्त तथा वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। 2025 के राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन 12 से 16 जनवरी तक किया जायेगा। झारखंड युवा कार्य एवं खेल निदेशालय ने एनएसएस राज्य पदाधिकारी सह रांची विवि एनएसएस को-आॅर्डिनेटर डॉ ब्रजेश कुमार को झारखंड का राज्य नोडल पदाधिकारी मनोनीत किया है। इस संबंध में झारखंड सरकार के युवा, कार्य एवं खेल निदेशक संदीप कुमार ने आदेश जारी कर दिया है।
नोडल पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार राष्ट्रीय युवा महोत्सव में झारखंड राज्य से भाग लेनेवाले युवा दल के बीच प्रतियोगिताओं का आयोजन करेंगे। इसके बाद राज्यस्तरीय दल का चयन करेंगे। इस चयन में डॉ ब्रजेश भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। जिला, प्रमंडल एवं राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से झारखंड राज्य से कुल 115 युवा प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भेजा जायेगा।
इस बार के राष्ट्रीय युवा महोत्सव का थीम विज्ञान और प्रौद्योगिकी में नवाचार रखा गया है। जिसके अंतर्गत विज्ञान मेला, लोकनृत्य, लोकगीत, कविता, चित्रकला, भाषण आदि प्रतियोगिता होगी।
टीम एबीएन, रांची। कांग्रेस ने बीते शनिवार को कहा कि झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले सहयोगियों के साथ सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा के लिए जल्द ही एक समन्वय समिति बनायी जायेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव और झारखंड के सह-प्रभारी सप्तगिरि शंकर उलाका ने यहां पार्टी की बैठक के बाद यह घोषणा की।
उन्होंने कहा, रविवार को झारखंड आ रहे हमारे महासचिव के साथ चर्चा के बाद एक समन्वय समिति गठित की जायेगी। समिति (चुनाव के लिए) सीट-बंटवारे के मुद्दे पर चर्चा करेगी। उलाका ने कहा कि समिति के सदस्यों के इस मामले पर चर्चा करने के बाद पार्टी घोषणा करेगी कि वह कितनी सीट पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
कांग्रेस ने 2019 के चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन के तहत कुल 81 विधानसभा सीट में से 31 सीट पर चुनाव लड़ा था। झामुमो ने 43 जबकि राजद ने सात सीट पर उम्मीदवार उतारे थे।
टीम एबीएन, रांची। हरियाणा संघ की बैठक अग्रसेन भवन में 8 सितंबर को प्रात: 11:30 बजे हुई। उपरोक्त बैठक में 70 से ज्यादा सदस्यों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नयी कार्य समिति का गठन सभा के बीच में किया गया। हरियाणा संघ संचालन समिति की अध्यक्षता कर रहे रमेश शर्मा ने आये हुए सदस्यों का स्वागत, अभिनंदन किया।
उन्होंने जानकारी दी कि 31 अगस्त तक 226 हरियाणा संघ के सदस्यों ने सदस्यता ग्रहण की है। आज की सभा के उपरांत सदस्यता अभियान चालू रहेगा। संचालन समिति के सदस्यों ने कार्य समिति का गठन करने के लिए सभा में उपस्थित सदस्यों से आग्रह किया। अध्यक्ष पद के लिए सर्व समिति से रमेश शर्मा व उपाध्यक्ष- लक्ष्मी चंद दीक्षित, अरुण शर्मा मंत्री- विनोद जैन उप मंत्री-प्रमोद सारस्वत, राहुल शर्मा कोषाध्यक्ष-अनिल अग्रवाल का नाम सर्व सम्मति से सभा में आया।
उपरोक्त सभी पदाधिकारी चुने गये। सभा से 15 कार्यकारिणी सदस्यों के नाम देने का आग्रह किया गया। जिसमें सर्व समिति से सुभाष पिलानिया, महेंद्र वर्मा, श्याम सुंदर भारद्वाज, आलोक अग्रवाल, कमल शर्मा, श्याम सुंदर गोयल, गोविंद अग्रवाल, राज कौशिक ,श्याम बिहारी गोयंनका, धर्मचंद शर्मा, मैनपाल शर्मा, आशीष डालमिया, सुनील गुप्ता, अशोक जैन, महेंद्र कुमार शर्मा का नाम सर्वसम्मति से कार्यकारिणी समिति के लिए चुना गया। मंत्री बिनोद जैन ने कहा कि संस्था का संविधान बनाना आवश्यक है। संविधान निर्माण समिति के लिए दीपेश निराला एवं राहुल शर्मा को जिम्मेदारी दी गयी।
सभी उपस्थित सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी व कार्य समिति के सदस्यों को बधाई दी। इस अवसर पर सभा का संचालन प्रमोद सारस्वत ने किया वह धन्यवाद अरुण शर्मा ने ज्ञापित किया। यह जानकारी हरियाणा संघके उप मंत्री प्रमोद सारस्वत ने दी।
टीम एबीएन, रांची। रांची सिविल कोर्ट के सरकारी वकील (जी पी) हृदय नाथ विश्वकर्मा ने झारखंड सरकार द्वारा राज्य के अधिवक्ताओं के हित में लिये गये निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के अधिवक्ताओं के लिए पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, 65 वर्ष से अधिक उम्र के अधिवक्ताओं को पेंशन की राशि सात हजार से बढ़ाकर 14 हजार करने एवं अधिवक्ताओं को स्टाइपेंड एक हजार से बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रति माह कर अधिवक्ताओं के हित में बड़ा काम किया है।
श्री विश्वकर्मा ने कहा है कि सरकार के इस निर्णय का सभी अधिवक्ताओं को स्वागत करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई देते हुए कहा कि सरकार आगे भी अधिवक्ताओं के हित में ऐसे ही कल्याणकारी योजनाओं की सौगात देकर अधिवक्ताओं के हित में काम करते रहेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse