टीम एबीएन, रांची। राज्य में इन दिनों सांस्कृतिक करम महोत्सव का हर्षोल्लास छाया हुआ है। जेडीएम इंटर महाविद्यालय कांके द्वारा आज बुधवार को करम महोत्सव को पूर्व संध्या में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। छात्रों के द्वारा सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया एवं नए सत्र के छात्रों का वेलकम शिरोमणि किया गया।
इस पर्व के विशेषता पर प्रकाश डाला गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीबीकेएसएस केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो, सचिव संतोष महतो और ओरमांझी जिला परिषद कमिश्नर मुंडा कांके थाना प्रभारी आदि सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से छात्रों में संयम,अनुशासन एवं अपने परंपरा पर चर्चा किया गया।
विद्यालय के निदेशक सोहन तिग्गा ने जानकारी देते हुए कहा कि यह महोत्सव प्रतिवर्ष मनाया जाता है। मुख्य अतिथि देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि हमारे पर बाहरी पश्चिमी सभ्यता दिनों-दिन हावी होती जा रही है। हमें अपनी आदि काल से चलते आ रहे संस्कृत,परंपरा और पहचान को कायम रखना होगा झारखंड के इस महान महोत्सव करम की विशेषता को बारीकी से समझते हुए पालन करना चाहिए। आज के इस कार्यक्रम के संयोजक मंडली में प्राचार्य सुजित हलको, ललित तिर्की,अर्चना मैडम आदि सक्रिय रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, डोबो काजू बागान, चांडिल, सरायकेला-खरसावां/ रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार आपकी योजना-आपकी-सरकार आपके-द्वार कार्यक्रम चलाकर महत्वाकांक्षी योजनाओं को आप तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। मैं स्वयं राज्य का भ्रमण कर यह देखने की कोशिश कर रहा हूं कि राज्य सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर उतर रही है या नही। बरसात का मौसम है, जगह-जगह बारिश हो रही है, फिर भी आप सभी लोग इतनी बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं यह हर्ष का विषय है। आपसभी का समर्थन और आशीर्वाद हमें राज्यहित के कार्य करने की शक्ति प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी पंचायत-पंचायत, गांव-गांव, टोला-टोला में शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं को आपके घर-आंगन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। वैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र जहां रोड कनेक्टिविटी नही है वहां भी विभिन्न माध्यमों से राज्य सरकार के पदाधिकारी आप तक पहुंच रहे हैं और आपको योजनाओं से आच्छादित कर रहे हैं। वर्ष 2019 से पहले राज्य के वृद्धजन, दिव्यांगजन, विधवा माता-बहने पेंशन को लेकर जिला एवं प्रखंड कार्यालयों एवं बिचौलियों का चक्कर काटते थे। पेंशन कार्ड तो बनता नहीं था लेकिन दलाल इनसे पैसे जरूर वसूल कर लेते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनकी सरकार राज्य में सर्वजन पेंशन योजना लागू कर सभी पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन उपलब्ध करा रही है। कोई एक भी पात्र व्यक्ति ढूंढने से नहीं मिलेगा जिसे पेंशन नही मिल रहा है। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड स्थित डोबो काजू बागान में आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में अपने संबोधन में कही।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में जिस दिन उनकी सरकार का गठन हुआ उसके चंद दिनों बाद ही वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण ने देश और दुनिया में दस्तक दी। कोरोना संक्रमण काल इतना भयावह और डरावना था कि लोग अपने-अपने घरों में ताला बंद कर रहने को मजबूर हो गये। सभी उद्योग धंधे, रोजगार के साधन एकाएक बंद हो गये परंतु इस विकट परिस्थिति में भी राज्य सरकार ने झारखंड में किसी एक भी व्यक्ति को भूख से मरने नही दिया। राज्य सरकार ने वैश्विक महामारी के समय एक बेहतर मैनेजमेंट का उदाहरण पूरे देश के सामने रखा।
बिना कोई अफरा-तफरी के जीवन और जीविका दोनों को राज्य सरकार ने संरक्षित करने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में जनहित का कार्य करते-करते हमारे दो मंत्री भी शहीद हो गए। कोरोना संक्रमण काल में प्रवासी मजदूरों को घर लाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के साधन भी उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के समय झारखंड की महिला दीदियों ने राज्य सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर लोगों को मुफ्त में खाना खिलाने का काम किया ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आने वाले 5 वर्षों में राज्य सरकार प्रत्येक परिवार तक एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि पहुंचायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी हमारे गांव के गरीब-गुरबा लोग बच्चों की पढ़ाई, बेटियों की शादी, खेती-बाड़ी एवं बीमारी के इलाज के लिए महाजनों से ऋण लेते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आने वाले समय में राज्य के भीतर एक ऐसी व्यवस्था खड़ा करेंगे जहां किसी भी जरूरतमंद परिवार या व्यक्ति को महाजन से कर्ज लेने की जरूरत नही पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अपने दम पर राज्य के 20 लाख आवास विहीन परिवारों को अबुआ आवास के तहत पक्का मकान होने का सपना पूरा करेगी। राज्य सरकार यहां के वैसे गरीब परिवार जिनके पास रहने के लिए घर नही है अथवा कच्चे मकान या टूटी-फूटी झोपड़ियों में रहने के लिए मजबूर है उन्हें तीन कमरों का पक्का मकान उपलब्ध करायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे राज्य के लोग झारखंड को सोने की चिड़िया कहते हैं लेकिन हकीकत यही है कि पूर्व के सरकारों द्वारा गलत नीति निर्धारण कर यहां के लोगों को उनके हक-अधिकार वंचित रखने का काम किया गया।
आज स्थिति यह है कि हमारा यह सोने की चिड़िया कहलाने वाला झारखंड गरीब राज्यों की गिनती में काबिज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार इस स्थिति को बदलने के लिए प्रतिबद्धता के साथ योजनाओं को धरातल पर उतरने का काम कर रही है। आने वाले समय में झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा करने के लक्ष्य के साथ उनकी सरकार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक गांव मजबूत नहीं होगा तब तक राज्य मजबूत नहीं हो सकता। इसीलिए पहले गांव को मजबूत करना है। इसी संकल्प के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य की महिला शक्ति को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ राज्य की 50 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा है। यह महत्वाकांक्षी योजना नारी सम्मान के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उनकी सरकार स्कूलों में अध्यनरत बच्चियों के सर्वांगीण विकास के लिए सावित्रीबाई फुले समृद्धि योजना संचालित कर रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि बेटियों को सशक्त और मजबूत बनाया जाये। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से अपील किया कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा जरूर दें ताकि आने वाली पीढ़ी शिक्षित और मजबूत बन सके।
मुख्यमंत्री ने आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम एवं पश्चिमी सिंहभूम जिले में कुल 555 करोड़ 83 लाख 80 हजार रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास एवं 68899 लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत 30354.84 लाख रुपये का उद्घाटन-शिलान्यास, जबकि पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत 25228.96 लाख रुपये का उद्घाटन-शिलान्यास संपन्न हुआ। मौके पर इन दोनों जिलों के 84899 लाभुकों के बीच 472 करोड़ 16 लाख 83 हजार रुपये की परिसंपत्तियां बांटी गयी। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत 68899 लाभुकों के बीच 301 करोड़ 46 लाख 27 हजार रुपये एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत 16000 लाख लाभुकों के बीच 170 करोड़ 70 लाख 56 हजार 1 सौ 68 रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया।
मौके पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री दीपक बिरुआ, मंत्री रामदास सोरेन, सांसद जोबा मांझी, विधायक निरल पूर्ति, विधायक सुखराम उरांव, विधायक दशरथ गागराई, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक संजीव सरदार, विधायक सविता महतो, अध्यक्ष, अल्पसंख्यक आयोग हिदायतुल्लाह खान, उपाध्यक्ष, गौ-सेवा आयोग राजू गिरी, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त हरि कुमार केशरी, डीआईजी मनोज रतन चौथे के अलावा पूर्वी सिंहभूम एवं पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
टीम एबीएन, रांची। इस वर्ष हम स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की 10वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं। इस उपलब्धि के सम्मान में राष्ट्रीय स्तर पर 17 सितंबर से 01 अक्टूबर, 2024 तक स्वभाव स्वच्छता संस्कार स्वच्छता विषय के साथ स्वच्छता ही सेवा अभियान मनाया जायेगा एवं 02 अक्टूबर को गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत दिवस मनाया जायेगा। उक्त बातें मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने कही। वे मंगलवार को पंचायती राज विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव/ सचिव एवं सभी उपायुक्तों के साथ स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान विषय पर समीक्षा बैठक कर रहे थे।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा प्रत्येक वर्ष संयुक्त रूप से राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन किया जाता है।
मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने कहा कि इस वर्ष स्वच्छता ही सेवा अभियान मुख्यत: तीन प्रमुख बिंदुओं पर केंद्रित है। पहला स्वच्छता की भागीदारी, दूसरा, संपूर्ण स्वच्छता-स्वच्छता लक्षित इकाई एवं तीसरा सफाई मित्र सुरक्षा शिविर।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति सोच को बदलने तथा सामुहिक रूप से गांव को स्वच्छ / सुंदर बनाने में प्रत्येक लोगों की भूमिका को तय करना शामिल है। समीक्षा बैठक के सभी संबंधित विभाग के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार तथा कृषि विभाग का उद्देश्य एवं लक्ष्य राज्य में किसान वर्ग को मजबूती प्रदान करना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड गांवों का प्रदेश है। ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले अधिकतर लोगों का जुड़ाव खेती-बाड़ी के कार्यों से है। विगत 4 वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किसान वर्ग के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन और नीति निर्धारण की गयी है जो आने वाले समय में मिल का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब गांव समृद्ध होंगे तभी राज्य समृद्ध होगा। उनकी सरकार राज्य के गांवों की जड़ों को मजबूत करने पर लगी है। जब गांव की जड़े मजबूत होगी तब स्थायी तौर पर राज्य भी मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उनकी सरकार के गठन के चंद दिनों बाद से ही कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। तमाम चुनौतियों से लड़ते-लड़ते विगत चार वर्षो में राज्य के गरीब, वृद्धजन, महिलाएं, किसान, आदिवासी, दलित, शोषित, पिछड़े सभी वर्गों के उत्थान के लिए उनकी सरकार ने जो लकीर खींची है वह बहुत मजबूत, लम्बी और गाढ़ी लकीर है उसे मिटा पाना असंभव है। उक्त बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज द कार्निवल बैंक्विट हॉल, डिबडीह में आयोजित प्रमंडल स्तरीय सहकारिता महासम्मेलन, रांची-2024 के उद्घाटन एवं 236 चलंत पशु चिकित्सालय वाहन के शुभारंभ कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में कही।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है। इस देश में किसान वर्ग के लिए जो नीतियां बनाई गई है उसका फलाफल बहुत कारगर साबित नही हुआ है। बड़े पैमाने पर किसान वर्ग के लोग अब खेतीहर मजदूर के रूप में गिने जा रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भौतिकवादी युग में विकास के विभिन्न मापदंड, सही नीति निर्धारण की कमी तथा जलवायु परिवर्तन किसानों को मजदूर बनने पर मजबूर कर रही है। यह एक बहुत गंभीर और चिंतनीय विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में किसान वर्गों के लिए खेती की वैकल्पिक व्यवस्था पर विशेष बल दिया है। राज्य सरकार का प्रयास है कि किसान बंधुओं को खेती-कृषि के साथ-साथ पारंपरिक व्यवस्थाओं से जोड़कर आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मछली पालन, गाय पालन, मुर्गी पालन, दुग्ध उत्पादन सहित विभिन्न पशुपालन के माध्यम से जोड़कर कृषकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने हेतु निरंतर योजनाएं संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कृषकों से अपील किया कि वे पशुपालन से संबंधित विभिन्न योजनाओं का लाभ जरूर लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में परंपरागत खेती-कृषि के साथ-साथ पशुपालन की परंपरा भी रही है। इन सभी परंपराओं का अनुकरण करते हुए हमसभी लोग आज यहां तक पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार सदैव यहां के किसान परिवारों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार द्वारा कृषकों के 2 लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफी का निर्णय भी लिया गया है। राज्य सरकार अब कृषि कार्य के लिए किसान परिवारों को बेहतर गुणवत्ता वाले पशु प्रदान कर रही है।
राज्य सरकार ने पहली बार ऐसी नीति बनाई जिसमें कृषकों को प्रदान किए जाने वाले सभी पशुओं का इंश्योरेंस किया जाता है ताकि पशुओं के मरने पर उन्हें बीमा की राशि उपलब्ध करायी जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर लोग मछली पालन के व्यवसाय से भी जुड़े हैं। राज्य सरकार यहां विभिन्न पशुपालन योजनाओं को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों का मूलधन खेत-खलिहान और पशुधन होता है। आप इसे यह कह सकते हैं कि किसानों का बैंक और एटीएम कार्ड खेत-खलिहान और पशुधन ही है। ग्रामीण किसान परिवारों की हर जरूरत इसी से पूरी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने वनोपज को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य को पूरा कर रही है। ग्रामीणों को वन उपज का सही मूल्य मिल सके इसके लिए भी उनकी सरकार संकल्पित है।
खेती-कृषि, विभिन्न पशुपालन तथा वनोपज को एक उचित प्लेटफार्म उपलब्ध करायी जाये तो आने वाले कई समस्याओं से ग्रामीण किसानों को बचाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा मानना है कि देश, समाज और परिवार में कृषक वर्ग का स्थान बहुत महत्व रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी चीजों को मद्देनजर रखते हुए राज्य सरकार द्वारा किसान पाठशाला, बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना, दीदी बगिया योजना सहित कई अन्य योजनाओं का संचालन किया जा रहा है ताकि ग्रामीण परिवार इन योजनाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत हो सके। मौके पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सांसद सुखदेव भगत, सांसद राज्यसभा महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, झारखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर परमवीर अब्दुल हमीद स्मारक, कांटाटोली चौक रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मौके पर मुख्यमंत्री ने परमवीर अब्दुल हमीद चौक, कांटाटोली के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर सांसद, राज्यसभा महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने आज झारखंड आंदोलन के प्रणेता पूर्व विधायक स्व दुर्गा सोरेन की जयंती दिवस पर दुर्गा सोरेन स्मारक, लोवाडीह, नामकोम स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
टीम एबीएन, रांची। सोमवार और मंगलवार को श्री सर्वेश्वरी समूह - शाखा रांची, औघड़ भगवान राम आश्रम में अघोराचार्य महाराज श्री बाबा कीनाराम जी की जन्म षष्टी - लोलार्क षष्टी पर्व तथा परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का अवतरण दिवस- अघोरेश्वर जयंती पर्व हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न किया गया।
9 सितम्बर 2024 को सम्पन्न लोलार्क षष्ठी पर्व के अवसर पर अघोराचार्य महाराज श्री बाबा कीनाराम जी की विशेष पूजन-आरती के बाद दो आयु वर्ग क्रमश: 0 से 6 तथा 7 से 12 वर्ष के बच्चों की कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 0 से 6 वर्ष के आयु वर्ग में मयंक सिंह, अद्वित्य नाथ शाहदेव, अर्थव नाथ शाहदेव एवं 7 से 12 वर्ष के आयु वर्ग में वैष्णवी सिन्हा, निर्विका ठाकुर तथा कुसुम शाहदेव को प्रथम, द्वितीय एवं तृतिय पुरस्कार मिला।
साथ ही शानवी शाहदेव एवं तेजबल कुमार को विशेष पुरस्कार दिया गया। मंच संचालन शाम्भवी शाहदेव एवं नागदमनी नाथ शाहदेव, विषय प्रवेश नयन मंजरी एवं धन्यवाद ज्ञापन आतिश तिवारी ने किया। बाल दिवस के रूप में लोलार्क षष्टी पर्व का समापन सामूहिक प्रसाद वित्रण के साथ हुआ।
10 सितम्बर 2024 को संस्था के संस्थापक परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का 88वां जन्मदिवस युवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्रात: 6 बजे से प्रभात फेरी का आयोजन आश्रम से किशोर गंज चौक, गाड़ीखाना चौक, अपर बजार, बड़ा तालाब छेत्र में किया गया।
पूर्वाह्न परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का विशेष आरती पूजन के बाद आश्रम परिसर में युवा विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें नागदमनी नाथ शाहदेव, नयन मंजरी, मीरा सहाय, किरण द्विवेदी, श्रेया शाहदेव, शैलजा शाहदेव, मुक्ता सिंह, कीर्तिमान नाथ शाहदेव, अभिनव कुमार, शांभवी शाहदेव, सौरभ राज, सोमनाथ शाहदेव, राज सहाय, समुद्र श्रीनाथ शाहदेव, ऋषि राज ने अपने विचार रखे।
हर्षवर्धन नाथ शाहदेव ने मंच संचालन किया एवं हेमंत नाथ शाहदेव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। तत्पस्च्यात सामूहिक प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही अघोरेश्वर जयन्ती के पावन अवसर पर बरियातू रोड़ स्थित करुणा अनाथ आश्रम के निवासियों के बीच फल वित्रण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश में इस बार जनता दल यूनाइटेड भी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में जेडीयू ने आज यानी सोमवार (9 सितंबर) पार्टी ने झारखंड प्रदेश कार्य समिति की बैठक बुलाई है। बैठक शुरू हो चुकी है। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा इस बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।
बैठक में संजय झा सहित तमाम नेताओं ने दीप प्रज्वलित करके बैठक का उद्घाटन किया। जानकारी के मुताबिक, बैठक में प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो, प्रभारी अशोक चौधरी, सह प्रभारी मनोज यादव, विधायक सरयू राय सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद हैं। इस मीटिंग में आगामी विधानसभा चुनाव से संबंधित रणनीति पर चर्चा होगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse