झारखंड

View All
Published / 2026-01-11 16:39:22
विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में देश के दस राज्य लेंगे भाग

  • विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में देश के दस राज्य लेंगे भाग
  • टीम इंडिया देश की आर्थिक प्राथमिकताओं, शासन सुधारों, विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं की व्यापक तस्वीर प्रस्तुत करेगा
  • युवा झारखण्ड की भागीदारी पहली बार
  • प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण विकास होगा झारखण्ड का दावोस में आधार

टीम एबीएन, रांची। विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में भारत की ओर से दस राज्य भाग लेंगे। 19 से 23 जनवरी 2026 तक दावोस में आयोजित इस बैठक में दस राज्यों में झारखण्ड पहली बार भाग ले रहा है। 

इस बैठक में केंद्रीय मंत्रियों सहित एक उच्च स्तरीय राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा। बैठक में भाग लेने वाले राज्यों में झारखण्ड के अतिरिक्त महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, उत्तर प्रदेश और केरल शामिल हैं। 

बैठक में कई मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करेंगे, जो वैश्विक आर्थिक और नीतिगत संवादों में देश की बढ़ती भागीदारी का घोतक है। ये सभी मिलकर भारत की आर्थिक प्राथमिकताओं, शासन सुधारों, विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं की एक व्यापक तस्वीर प्रस्तुत करेंगे।

झारखण्ड के 25 वर्ष पूरे होने पर यात्रा है खास

इस बैठक के लिए युवा झारखण्ड की यात्रा राज्य बनने के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हो रही है जो राज्य की वैश्विक भागीदारी के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। झारखण्ड के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन कर रहे हैं। विश्व आर्थिक मंच में झारखण्ड की उपस्थिति शासन-आधारित विकास, स्थिरता और दीर्घकालिक संस्थागत क्षमता पर केंद्रित है जो वनों, खनिजों, श्रम प्रवासन और राज्यवासियों से समृद्ध राज्य की वास्तविकताओं को दर्शाती है। 

इसकी भागीदारी वैश्विक विकास संबंधी चर्चाओं में केवल चर्चा का विषय बनने से आगे बढ़कर उन्हें सक्रिय रूप से आकार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देती है। झारखण्ड की भागीदारी उन क्षेत्रों के दृष्टिकोण को स्पष्ट रूप से दर्शाती है जो सामाजिक और पर्यावरणीय संतुलन के साथ विकास, स्थिरता और संस्थागत लचीलेपन के साथ वैश्विक संवादों को सुदृढ़ रास्ता प्रदान करती है। 

झारखण्ड की भागीदारी राष्ट्रीय और वैश्विक नीतिगत क्षेत्रों में इसकी विकसित होती भूमिका और दावोस के लिए इसके विषय: प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण विकास के अनुरूप आर्थिक विकास को सामाजिक समानता और पर्यावरणीय सामंजस्य के साथ अंतरराष्ट्रीय संबंधों को प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता को भी प्रतिबिंबित करती है।

झारखण्ड के केंद्र में होंगी ये बातें

विश्व आर्थिक सम्मेलन में झारखण्ड की भागीदारी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण, वन और जैव-अर्थव्यवस्था एवं महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित होगी, ताकि राज्य को सतत विकास, न्यायसंगत परिवर्तन और समावेशी विकास के रास्तों पर वैश्विक चर्चाओं में स्थान मिल सके। क्रिटिकल मिनरल्स, नवीकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा जैसे विषयों पर केंद्रित विषयगत सत्रों और द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेगा। 

झारखण्ड अपने दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण और सतत एवं न्यायसंगत विकास के प्रति अपने दृष्टिकोण को स्पष्ट करने वाली चर्चाओं की मेजबानी भी करेगा। इन बैठकों का उद्देश्य बहुपक्षीय संस्थानों, सरकारों, शैक्षणिक संस्थानों और निजी क्षेत्र के स्टेकहोल्डर्स के साथ साझेदारी को मजबूत भी करना है।

Published / 2026-01-11 13:56:16
आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को SKOCH अवॉर्ड 2025

  • आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को SKOCH अवॉर्ड 2025, झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

टीम एबीएन, रांची। डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य की नागरिक-केंद्रित पहल आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को प्रतिष्ठित SKOCH अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग झारखंड के अंतर्गत आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के एक उत्कृष्ट प्रयास आयुष्मान आरोग्य लोकेटर के लिए SKOCH पुरस्कार 2025, 11 जनवरी 2026 को दिल्ली में आयोजित एक सम्मान समारोह में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के मिशन डायरेक्टर सह अपर सचिव श्री विद्यानंद शर्मा पंकज एवं उनकी टीम को दिया गया।

यह पहल विशेष रूप से आम नागरिकों के लिए तैयार की गई है। अब केवल एक गूगल सर्च के माध्यम से लोग अपने आसपास की स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रामाणिक जानकारी जैसे फोटो, दिशा-निर्देश, संपर्क नंबर और उपलब्ध सेवाओं का विवरण आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से यह मैपिंग स्वास्थ्य उप-केंद्र स्तर तक पूर्ण की गई है, जिससे अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाओं की दृश्यता सुनिश्चित हो सकी है।

आयुष्मान आरोग्य लोकेटर पारदर्शिता को सशक्त करता है, सेवाओं तक पहुँच को बेहतर बनाता है और विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर उपचार को समर्थन देता है। यह पहल आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

स्कॉच समूह देश के विभिन्न उत्कृष्ट कार्यो हेतु विभिन्न मापदंडों पर राज्य एवं उनके कार्यों का चयन अवार्ड हेतु करती है दिल्ली के इंडिया हेरीटेज सेंटर में आयोजित  सम्मान समारोह में अपर सचिव सह मिशन डायरेक्टर एबीडीएम के अतिरिक्त एबीडीएम के संयुक्त निदेशक एवं टीम मौजूद थी।

Published / 2026-01-11 12:24:05
प्राचीन कला केंद्र वार्षिक परीक्षा 2025-26 सफलतापूर्वक संपन्न

  • प्राचीन कला केंद्र वार्षिक परीक्षा 2025-26 सफलतापूर्वक संपन्न

एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी /रांची। प्राचीन कला केंद्र वार्षिक परीक्षा 2025-26 का थ्योरी पेपर 10 जनवरी 2026 को सुरेंद्रशा आर्ट अकादमी, कलर्ड ईज़ल सेंटर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। नृत्य और चित्रकला विषयों के कुल 85 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।

परीक्षा शांत, अनुशासित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा के सफल संचालन में केंद्र प्रभारी और शिक्षकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अभिभावकों ने भी परीक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। आयोजकों ने बताया कि परीक्षा प्राचीन कला केंद्र के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए आयोजित की गई।

Published / 2026-01-10 21:23:46
दुर्बलों की सेवा एवं खुशी के लिए फलदायी बनना जुबिली का वास्तविक अर्थ : महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद

टीम एबीएन, रांची। आज कांके में स्थित उर्सुलाइन कॉन्वेंट में उर्सुलाइन की चार धर्मबहनों ने अपने समर्पित जीवन का हीरक एवं स्वर्णिम जुबिली मनाया। मौके पर रांची महाधर्मप्रांत  के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने जुबिली का धन्यवादी मिस्सा बलिदान अर्पित किया। आज उर्सुलाइन की चार धर्मबहनों सि निर्मला मिंज, सि सोफी डुंगडुंग, सि क्लारा डांग एवं सि आलोसिया सोरेंग ने 60 वर्षों एवं 50 वर्षों के धर्मसंघीय जीवन का हीरक एवं स्वर्णिम जयंती मनायी। 

सि आलोसिया सोरेंग अपनी अस्वस्थ के कारण इस धन्यवादी मिस्सा बलिदान में शामिल नहीं हो पायी, किंतु उनके लिए भी ईश्वर से विशेष प्रार्थना की गयी। जयंती के मौके पर रांची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने धन्यवादी मिस्सा बलिदान अर्पित किया। पवित्र मिस्सा बलिदान का आरंभ समारोही जुलूस के हुआ। 

तत्पश्चात जुबिली मनाने वाली धर्मबहनों का जीवन गाथा पढ़ सुनाया गया। उनके जीवन के सेवा कार्यों ने सभी उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में समारोही मिस्सा बलिदान आगे बढ़ा। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में जुबिली का अर्थ समझाते हुए कहा कि जरूरतमंदो, गरीब और कमजोर लोगों की सेवा करना एवं फलदायक बनकर दूसरों की खुशी व आनंद का कारण बनना ही जुबिली का वास्तविक अर्थ है।

उन्होंने अपने जीवन की घटना का जिÞक्र करते हुए बताया कि ट्रेन में सफर करते समय एक बच्चे ने अपने भूख के समय भी बिस्कीट सबसे पहले आसपास बैठे यात्रियों के साथ साझा करने का सोचा। वैसे ही हमारे जीवन को भी दूसरो की भलाई के लिए समर्पित करना है। साथ ही उन्होंने  प्रभु येसु ख्रीस्त के मानव जाति के लिए क्रूस पर बलिदान देने से सीखने एवं उसी प्रकार अपने जीवन को दूसरो के लिए समर्पित करने का सन्देश दिया।

धर्मोपदेश के बाद तीन उपस्थित जुबिली मनाने वाली धर्मबहनों ने ब्रह्मचर्य, निर्धनता एवं आज्ञाकारिता के अजीवन व्रत का दुहराव कर नवीनीकरण किया। मिस्सा समाप्ति पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने जुबिली मनाने वाली धर्मबहनों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। जुबिली मनाने वाली धर्मबहनों के सम्मान में एक छोटा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित रहा जिसमें उन्हें बधाई गीत गा कर शुभकामनाएं दीं गई। 

तत्पश्चात सभी लोगों ने उन्हें फूल गुच्छ एवं उपहार दे कर बधाईयां दीं। समर्पित जीवन के जुबिली का यह कार्यक्रम लोगों को चिरकाल तक प्रेरित करता रहेगा कि वे भी जरूरतमंद के लिए अपना जीवन समर्पित कर नि: स्वार्थ सेवा देने में सक्षम बन सकते हैं। 

धर्मबहनों के इस जुबिली पर रांची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, फा विनोद, फा रंजीत, सि ईव जस्टिना रोमल्ड उसुर्लाइन धर्मसमाज की प्रोविंशियल, फा असीम मिंज अन्य मेहमान पुरोहितगण, धर्मबहनें, जुबिली मनाने वाली धर्मबहनों के  रिश्तेदार और शुभचिंतक शामिल रहे।

Published / 2026-01-10 21:13:39
बंशीधर नगर पहुंचे पलामू डीआईजी किशोर कौशल

एसडीपीओ कार्यालय में पुलिस पदाधिकारियों के साथ की बैठक, अपराध नियंत्रण को लेकर दिये सख्त निर्देश 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बंशीधर नगर, (पलामू)। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), पलामू क्षेत्र किशोर कौशल आज बंशीधर नगर स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया। 

साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं पुलिसिया व्यवस्थाओं का बारीकी से जानकारी ली। वहीं विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर किये जा रहे पुलिस कार्यों की सूक्ष्मता से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। 

डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे विधि-व्यवस्था बनाये रखने और अपराध नियंत्रण की दिशा में पूरी सक्रियता एवं तत्परता से कार्य करें। प्रत्येक घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाये तथा अपराधियों के विरुद्ध कड़े और प्रभावी कदम उठाये जायें। उन्होंने यह भी कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। 

पुलिस को सजग, संवेदनशील और जवाबदेह रहते हुए आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना होगा। बैठक के दौरान उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं क्षेत्र में लगातार गश्ती बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह, इंस्पेक्टर गुलाब सिंह सहित अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Published / 2026-01-10 21:12:31
लातेहार : पीडीजे सह डालसा अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने वृद्धा आश्रम और जेल का किया औचक निरीक्षण

डालसा आपकी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध : शेष नाथ सिंह 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार शेष नाथ सिंह ने होगवाग स्थित वृद्धा आश्रम एवं मंडल कारा लातेहार का औचक निरीक्षण किया। वृद्धा आश्रम पहुंचकर उन्होंने मिठाई की पैकेट बांटकर वहां उपस्थित वृद्धजनों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी तथा उनका हालचाल पूछकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। 

मौके पर उन्होंने वृद्धजनों से कहा कि आपकी सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार हमेशा आपके साथ है। आपकी हर तरह से मदद करने के लिए प्राधिकार तत्पर है। श्री सिंह ने वृद्धजनों को ठंड से बचकर रहने और सही समय पर खाने एवं समय-समय पर अपना मेडिकल चेकअप कराने की सलाह दी।

श्री सिंह ने वृद्धा आश्रम जाने वाले सड़क की हालत देखकर चिंता व्यक्त की। मौके पर उन्होंने कहा कि आश्रम मेन रोड से दूर है, लेकिन वहां तक जाने वाली सड़क की स्थिति काफी दयनीय है। 

मंडल कारा पहुंचकर कैदियों से मिले, जेल अधीक्षक को दिये कई निर्देश 

पीडीजे सह डालसा अध्यक्ष शेष नाथ सिंह ने शनिवार को मंडल कारा लातेहार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारा के सभी वार्डों एवं कारा में बंदियों को मिलने वाले सुविधाओं का जायजा लिया तथा कमियों को सूचिबध करते हुए कारा अधीक्षक को सुधार करने का दिशा-निर्देश दिया। इस दौरान श्री सिंह दिव्यांग बंदियों से विषेष रूप से मिले एवं उन्हें यह आश्वासन दिया कि उनके वादों का निपटाना जल्द से जल्द किया जायेगा। 

उन्होंने महिला बंदियों से भी बात की एवं उनके वादों की जानकारी ली तथा उन्हें मिलने वाली सुविधाओं को जाना। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कैदियों को कानूनी रूप से जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कैदियों को हर संभव सहायता देने के लिए डालसा प्रतिबद्ध है। 

कहा कि कैदियों को कोई कानूनी सहायता चाहिए, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकार को आवेदन दे, प्राधिकार हर संभव मदद करेगा। श्री सिंह ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जेल मैन्युअल का अक्षरश: पालन करें तथा कैदियों के सुविधा का पूरा ख्याल रखें। 

मौके पर उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को यह निर्देश दिया कि जेल लीगल एड क्लीनिक का संचालन सुचारू रूप से हो, इस बात का पूरा ध्यान रखें तथा बंदी आवेदन आने पर उसका त्वरित निष्पादन करें। 

श्री सिंह ने एलएडीसीएस को भी यह निर्देश दिया कि वह जेल का निरतंर विजिट करें एवं बंदियों को उनके वादों की पूरी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ख्याल रखें कि कोई भी बंदी बिना अधिवक्ता के ना रहे। उक्त जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के सचिव  ने दी।

Published / 2026-01-10 21:11:16
झारखंड भाजपा को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष

जुएल ओरांव को चुनाव की जिम्मेदारी 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड भाजपा को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल जायेगा। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में अध्यक्ष के चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त किया कर दिया है। जुएल ओरांव को पार्टी चुनाव प्रभारी बनाया जायेगा। 20 जनवरी से पहले झारखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जायेगा। 

ये चुनाव राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले होगा। भारतीय जनता पार्टी ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री जुएल ओरांव को राज्य अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए झारखंड का राज्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

लंबे समय से इस दुविधा में भारतीय जनता पार्टी 

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से इस दुविधा में है कि वो किसी झारखंड की कमान सौंपे। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी विधानसभा में नेता विपक्ष भी हैं। ऐसे मे पार्टी के एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के तहत उनको तो इसकी जिम्मेदारी मिलनी नहीं है। अब मरांडी की जगह नया अध्यक्ष बनना था। 

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने रविंद्र राय को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। राय के बाद पिछले साल अक्टूबर में राज्य सभा सांसद आदित्य साहू को कार्यकारी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी थी।

Published / 2026-01-10 20:48:49
बाबूलाल मरांडी से मिला हमर अधिकारी मंच का प्रतिनिधिमंडल

  • सूचना आयुक्त की नियुक्ति और झारखंड राज्य सूचना आयोग में यथाशीघ्र सुनवाई प्रारंभ करवाने को लेकर माननीय नेता प्रतिपक्ष सह भारतीय जनता पार्टी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मिला हमर अधिकार मंच का 3 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 
  • झारखंड के 16 जिलों के 91 लोगों द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन उन्हें सौंपा 

टीम एबीएन, रांची। हमर अधिकार मंच ने मांग किया कि विधि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, समाजसेवा, प्रबंधन, पत्रकारिता जनसंपर्क माध्यम में व्यापक ज्ञान और अनुभव रखने वाले समाज में प्रख्यात गैर-नौकरशाह को ही सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त करवाया जाये। 

हमर अधिकार मंच का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में झारखंड के नेता प्रतिपक्ष सह भारतीय जनता पार्टी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी से मुलाकात कर उनको झारखंड के 16 जिलों यथा गिरिडीह, पलामू, लातेहार, गढ़वा, धनबाद, दुमका, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, पाकुड़, हजारीबाग, खूंटी, सिमडेगा, रांची, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम और गुमला के 91 व्यक्तियों द्वारा हस्ताक्षरित एक ज्ञापन जल्द से जल्द झारखंड में सूचना आयुक्त की नियुक्ति करवाने और यथाशीघ्र झारखंड राज्य सूचना आयोग में सुनवाई प्रारंभ करवाने के संबंध में सौंपा। 

ताकि सूचना आयोग में लंबित पड़े 25000 से अधिक द्वितीय अपीलवाद और शिकायतवाद पर 5.5 वर्षों से अधिक समय से लंबित मामलों में सुनवाई शुरू हो सके। आग्रह किया कि सूचना आयुक्त के रूप में गैर-नौकरशाह व्यक्ति जो विधि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, समाजसेवा, प्रबंधन, पत्रकारिता जनसंपर्क माध्यम में व्यापक ज्ञान और अनुभव रखने वाले समाज में प्रख्यात व्यक्तियों की ही नियुक्ति की जाए। 

नौकरशाह को सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त नहीं करवाया जाये क्योंकि वैसे जन सूचना पदाधिकारी और प्रथम अपीलीय प्राधिकारी जो सूचनाओं को रोकते हैं और जिनके विरुद्ध सूचना आयोग में द्वितीय अपील और शिकायतवाद दर्ज कराया जाता है। 

उनका पूर्व संबंध सेवाकाल में सेवानिवृत्त नौकरशाह से हो सकता है या उनके अधीनस्थ ऐसे पदाधिकारी सेवाकाल में काम किये हुए हो सकते हैं, इसलिए ऐसे लोग न्याय करते समय और सूचना दिलवाते समय तटस्थ और निष्पक्ष रहें, तो बेहतर रूप से सूचना की मांग करने वाले आवेदकों को बेहतर रूप से सूचना दिलवायी जा सकती है।

सरकार ने काफी समय से झारखंड में नेता प्रतिपक्ष नहीं होने की वजह से सूचना आयुक्त की नियुक्ति नहीं होने की बात कही थी, लेकिन अभी विगत मार्च, 2025 से झारखंड में लगातार नेता प्रतिपक्ष कार्यरत हैं, फिर भी सूचना आयुक्त की नियुक्ति नहीं किया जाना उचित प्रतीत नहीं होता है। तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश निराला, उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी और महासचिव उमाशंकर सिंह शामिल हुए।

Page 52 of 1570

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse