झारखंड

View All
Published / 2026-01-11 19:33:41
सेवा भारती के वार्षिकोत्सव की व्यवस्था बैठक सम्पन्न

  • सेवा भारती के वार्षिकोत्सव की व्यवस्था बैठक सम्पन्न

टीम एबीएन, रांची। रांची महानगर वार्षिकोत्सव की तैयारी को लेकर एक व्यवस्था समिति की बैठक बिरसा चौक, प्रकाश नगर स्थित सेवा निकेतन में संपन्न हुई। 

इस बैठक में आगामी 1 फरवरी को डी ए वी कपिल देव स्कूल के निकट न्यू ए जी  कालोनी के कडरू मैदान में होने वाले एक दिवसीय वार्षिकोत्सव संबंधित विभिन्न विभागों, कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। सर्वव्यवस्था प्रमुख विनय लाल ने भिन्न-भिन्न व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला।

बैठक में मुख्य रूप से  उपस्थित राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि सेवा भारती कार्य समाज आधारित है, इस कार्यक्रम के निमित्त अधिक से अधिक समाज की सज्जन शक्ति को जोड़ना है। सेवा भारती का वार्षिकोत्सव अपने सेवा कार्यों की छवी समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर है।

बैठक में रांची महानगर सचिव श्याम टोरका ने बताया कि उक्त वार्षिकोत्सव में रांची की सेवा बस्तियों में चलने वाले बाल संस्कार केन्द्रों के बच्चे, स्वावलंबन केंद्रों एवं स्वयं सहायता समूह  की महिलाओं सहित 2000 लोगों की सहभागिता रहेगी। 

इस अवसर पर सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं व बच्चों का सामुहिक देश भक्ति गीत प्रतियोगिता, साँस्कृतिक कार्यक्रम  आदि आयोजित किये जायेंगे। मौके पर स्वावलंबी भारत अभियान के तहत सेवा भारती के स्वावलंबन केन्द्र की महिलाओं द्वारा निर्मित खाद्य सामग्री व वस्तुओं के स्टॉल प्रदर्शन सह बिक्री केंद्र लगाएं जाएंगे। 

इस बैठक में मनोज सिंघानिया, रमाशंकर बगड़ीया, अशोक अग्रवाल, सुनील सिंह, रमाकांत दुबे, प्रभा, कमल पोद्दार, डॉ निधि सहाय, रंजय ओझा, महावीर जी, सजल बनर्जी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Published / 2026-01-11 18:10:47
प्राकृतिक लोक संस्कृति समृद्धि का प्रतीक टुसू पर्व : देवेंद्रनाथ महतो

  • प्राकृतिक लोक संस्कृति समृद्धि का प्रतीक टुसू पर्व : देवेंद्रनाथ महतो
  • रांची के केंद्र बिंदु में राजधानी टुसू महोत्सव हुआ संपन्न

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के समृद्धि लोक संस्कृति एवं परंपरा को संजोए रखने वाला राजधानी टुसू महोत्सव आज रविवार को हर्ष उल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण,महिलाओं युवाओं एवं बच्चों की सहभागिता देखने को मिली। 

झांकी प्रतिभागी मेंन रोड में चोडल के साथ नृत्य-संगीत करते हुए आयोजन स्थल कार पार्किंग तक पहुंचे। श्रद्धालुओं के भारी भीड़ को देखते हुए राहगीरों को वैकल्पिक व्यवस्था के साथ प्रशासन को ट्रैफिक नियंत्रित करते हुए देखा गया। यह कार्यक्रम झारखंडी भाषा खतियान संस्कृति समिति के द्वारा किया गया। राजधानी के आस-पास विभिन्न क्षेत्रों से संस्कृति प्रतिभागी सम्मिलित हुए। 

कुंवारी कन्याओं द्वारा विधिवत टुसू थापन, टुसू पुजन, टुसू वंदना एवं नृत्य किया गया। इसके बाद पारंपरिक व्यंजन खपरा पीठा, गुड पीठा, खिचड़ी का वितरण किया गया। कार्यक्रम मंच में कई प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी नाटिका एवं कला प्रस्तुति से समा को बांद लिया। टुसू प्रेमी देर शाम तक अपने सांस्कृतिक अंदाज में ढोल-मांदर के थाप पर थिरकते-झुमते नजर आये।

मंच में शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने टुसू पर्व के पौराणिक कथा एवं विशेषताओं के बारे में अभिभाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम संरक्षक देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि टुसू महोत्सव केवल एक पर्व नहीं बल्कि यह झारखंड की सामाजिक एकता,सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों में नई पीढ़ी को अपनी परंपरा से जोड़ने में मदद मिलती है। 

कार्यक्रम में मुख्य रूप से देवेंद्र नाथ महतो, विजय सिंह, मजबूल खान, पूजा महतो, दीपक रवानी, अनंत महतो, निवेदिता देवी, बिहारी महतो, संतोष महतो, सष्टी रंजन, गोपेश्वर महतो, सूरज साहू,  काजल महतो, राजीव तुलसी, महावीर साहू, नवीन महतो, संजय महतो, महिपाल आदि हजारों की संख्या में मोजुद रहे। बताते चलें कि राजधानी टुसू महोत्सव का स्थापना मेन रोड में वर्ष 2024 से विधिवत तरीके से होते आ रहा है।

Published / 2026-01-11 18:05:48
पिया बर्मन बनीं हमर अधिकार मंच की रांची जिला संयोजक

  • पिया बर्मन को हमर अधिकार मंच का रांची जिला का संयोजक मनोनीत किया गया
  • पिया बर्मन के जिला संयोजक बनने पर मंच के सदस्यों ने दी बधाई

टीम एबीएन, रांची। हमर अधिकार मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला ने पिया बर्मन को रांची जिला का जिला संयोजक मनोनीत किया है। अब बतौर जिला संयोजक पिया बर्मन पूरे रांची जिला में हमर अधिकार मंच का विस्तार करेंगी और संगठन के निर्देशानुसार इस पद से जुड़े अधिकार और कार्यों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए संस्था की गरिमा के अनुरूप आचरण, विचार और अनुशासन को सर्वोपरि रखेंगी और जनहित के मुद्दों पर सदैव अपनी आवाज बुलंद करेगी।

जिला संयोजक पद पर पिया बर्मन के मनोनयन पर मंच की उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी, प्रिय ब्रत प्रसाद, संतोष मृदुला, मीना कुमारी, महासचिव उमाशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी, सचिव दिलबीर सिंह, चंद्रदेव कुमार बरनवाल, अनूप श्रीवास्तव, ओम प्रकाश उपाध्याय, अंकित अग्रवाल, संयुक्त सचिव जूही कुमारी चौधरी, मनीष बक्शी और महिला सशक्तिकरण सब-कमिटी की प्रदेश संयोजिका रविंद्र मेहता ने बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

Published / 2026-01-11 17:49:10
श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में तीन दिवसीय श्रीमद् भागवत कृष्ण कथा का भव्य हुआ समापन

*श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में तीन दिवसीय श्रीमद् भागवत कृष्ण कथा का भव्य हुआ समापन, महाप्रसाद भंडारे का हुआ आयोजन*

*सदानंद महाराज जी ने भक्तों को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के मार्ग पर चलने की दी प्रेरणा*

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के संस्थापक एव संरक्षक परमहंस डा• संत शिरोमणी स्वामी सदानंद जी महाराज के शेष आशिर्वाद से पुंदाग, रांची स्थित झारखंड के सबसे बड़े श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय श्रीमद् भागवत कृष्ण कथा का समापन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस आध्यात्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस से सराबोर कर दिया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।कथा के तीसरे एवं अंतिम दिन विख्यात कथावाचक श्री श्री 108 परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज ने श्रीकृष्ण के अंतर्ध्यान, राजा परीक्षित के मोक्ष, सेवा-पूजा प्रार्थना झिलना सहित अनेक गूढ़ प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। अपनी ओजस्वी वाणी, सारगर्भित विवेचना एवं मनमोहक भजनों के माध्यम से उन्होंने श्रोताओं को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कथा के दौरान जब श्रीकृष्ण के अंतर्ध्यान और परीक्षित मोक्ष का प्रसंग आया, तब पूरा मंदिर भावविभोर हो उठा और भक्तों की आंखें श्रद्धा से नम हो गईं।इस अवसर पर मंदिर परिसर को अत्यंत आकर्षक एवं भव्य रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा, पुष्पों और धार्मिक प्रतीकों से सुसज्जित मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। विशेष रूप से श्री राधा रानी जी को जड़ित एवं आकर्षक आभूषणों से अलंकृत किया गया, जिससे उनकी दिव्य छवि और भी मनोहारी प्रतीत हो रही थी। श्रद्धालु दर्शन कर स्वयं को धन्य अनुभव कर रहे थे। पूजा-अर्चना का कार्य मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कथा समापन के अवसर पर भव्य महाप्रसाद भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सेवा भाव से परिपूर्ण रही।
तीन दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में रांची एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य समाज में धर्म, संस्कार, सेवा और सद्भावना का प्रचार-प्रसार करना है। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन मे ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों, एवं सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। समापन अवसर पर भक्तों ने ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की कामना की और कथा से प्राप्त आध्यात्मिक प्रेरणा को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। इस अवसर पर-डूंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान,राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल छावनिका, मनोज चौधरी, विजय अग्रवाल, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल,नवल अग्रवाल,संजय सर्राफ,नंदकिशोर चौधरी, रविकांत शास्त्री,पवन तिवारी विनय सुबा,विशाल जालान, प्रमोद सारस्वत,सुनील पोद्दार, सुरेश चौधरी,विष्णु सोनी, दीपेश निराला, विशाल अग्रवाल,अरुण जाजोदिया विद्या देवी अग्रवाल, सरोज पोद्दार, उर्मिला पाड़िया, मीनू पाड़िया, शैलजा जाजोदिया,कविता गाड़ोदिया, सुनीता अग्रवाल, सुमन चौधरी, संतोष देवी अग्रवाल, शोभा जालान, मनीषा जालान, अमिता जालान, उषा मोदी,आशा मोदी, आशा सिंह,ललिता पोद्दार, शकुंतला केजरीवाल, सीता शर्मा, रेखा पोद्दार, सरिता अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट ‌के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी


  • संजय सर्राफ 

Published / 2026-01-11 17:45:27
संघ शताब्दी वर्ष पर कई कार्यक्रमों का शंखनाद

  • संघ शताब्दी वर्ष : रांची महानगर में 156 स्थानों पर होगा हिन्दू संगम अक्षत कलश पूजन के साथ कार्यक्रमों का शंखनाद

टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी फरवरी माह में रांची महानगर के अंतर्गत 156 बस्तियों में हिन्दू संगम का आयोजन किया जाएगा।

इस क्रम में रविवार, 11 जनवरी को संघ कार्यालय, रांची में अक्षत कलश पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें रांची महानगर की सभी 156 बस्तियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में महानगर, नगर पालक एवं बस्ती पालकों की व्यापक उपस्थिति दर्ज की गई।

पूजित अक्षत के माध्यम से सभी बस्तियों में हिन्दू संगम हेतु आमंत्रण दिया जाएगा। अक्षत पूजन एवं भारत माता की आरती के साथ हिन्दू संगम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
सभी हिन्दू संगम कार्यक्रम स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं बस्ती स्तर पर गठित आयोजन समितियों के माध्यम से आयोजित किए जाएंगे। उक्त जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर के प्रचार प्रमुख स्निग्ध कुमार रंजन ने दी।

Published / 2026-01-11 17:31:31
रांची : शहीद चौक पर पोस्टल पेंशनर्स ने किया धरना प्रदर्शन

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 10 जनवरी को शहीद चौक, रांची पर राष्ट्रीय आह्वान के तहत फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन रांची के बैनर तले पेंशन अधिनियम में वैलिडेशन संशोधन तथा आठवें वेतन को भेजे गए टर्म ऑफ रेफरेंस को लेकर धरना का आयोजन किया गया। 

धरना सभा को रेलवे के चंचल कुमार सिंह, जगजीत सिंह बहल, बीएस एन एल के नरेश लाल, बैंक के एम एल सिंह, पोस्टल के साधन कुमार सिंहा,जी एन शर्मा, के डी राय व्यथित, मो शमीम अख्तर ने संबोधित करते हुए कहा कि जब तक सरकार इस तथाकथित कर्मचारी/ पेंशनर्स विरोधी  संशोधन जो संसद में वित्त विधेयक के माध्यम से 25 मार्च को पारित किया था,वापस नहीं ले लेती है, उस वक्त तक संघर्ष जारी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा। फरवरी में राज्य स्तरीय धरना का आयोजन किया जाएगा।

ज़िला स्तरीय ये धरना देश भर में दिया जा रहा है। इससे पूर्व पहले चरण में 25 जुलाई 25 को मानव श्रृंखला बनाई गई थी और 24 अगस्त 25 को रांची में राज्य स्तरीय कन्वेंशन आयोजित किया गया था और  सितंबर 25 में माननीय राज्यपाल झारखंड से भेंट कर ज्ञापन सौंपा गया था तथा रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ को भी ज्ञापन दिया गया था।

दूसरे चरण में ईमेल एवं पोस्टकार्ड के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री को तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन 15 जनवरी तक भेजा जाएगा। दो दर्जन पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री के कार्यालय को विभिन्न विभागों के केंद्रीय पेंशनर्स द्वारा प्रेषित किया गया है। फरवरी 26 में राज्य स्तरीय धरना एवं कन्वेंशन का आयोजन किया जाएगा।

आज के धरना में रेलवे( AIRF) के जे एस बहल, चंचल कुमार सिंह, कालिदास मुंडा,पी के सरकार,बैंक से एम एल सिंह, कनक चौधरी, बी एस एन एल पेंशनर्स एसोसिएशन के नरेश लाल, पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन से साधन कुमार सिन्हा, एम जेड खान,के डी राय व्यथित, मो शमीम अख्तर, जी एन शर्मा, त्रिलोकी नाथ साहू, देवचरण साहू, एस के तिवारी, जयराम प्रसाद, हसीना तिग्गा, मो नौशाद, सुखदेव राम, राजेंद्र महतो, नूर मोहम्मद, बचनू साहू, अख्तर शाह, रमेश दुबे,  अमरनाथ मिश्रा, राम नरेश पाण्डेय के अलावा बड़ी संख्या में केंद्रीय पेंशनर्स शामिल हुए। धरना सभा का संचालन एम जेड ख़ान ने गया।

इससे पूर्व रांची जीपीओ में व्यथित की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि गोहाटी में 28 -29 मार्च को होने वाले चौथे राष्ट्रीय अधिवेशन में 30 प्रतिनिधि झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। रांची से 10, धनबाद से 4, पलामू से 3, जमशेदपुर से 5, हजारीबाग से 2, गिरिडीह से 2, दुमका से 2, गुमला से 2,  प्रतिनिधि भाग लेंगे। उक्त जानकारी ऑल इंडिया पोस्टल /आर एम एस झारखंड, रांची के राज्य सचिव एम जेड ख़ान ने दी।

Published / 2026-01-11 16:39:22
विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में देश के दस राज्य लेंगे भाग

  • विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में देश के दस राज्य लेंगे भाग
  • टीम इंडिया देश की आर्थिक प्राथमिकताओं, शासन सुधारों, विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं की व्यापक तस्वीर प्रस्तुत करेगा
  • युवा झारखण्ड की भागीदारी पहली बार
  • प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण विकास होगा झारखण्ड का दावोस में आधार

टीम एबीएन, रांची। विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में भारत की ओर से दस राज्य भाग लेंगे। 19 से 23 जनवरी 2026 तक दावोस में आयोजित इस बैठक में दस राज्यों में झारखण्ड पहली बार भाग ले रहा है। 

इस बैठक में केंद्रीय मंत्रियों सहित एक उच्च स्तरीय राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा। बैठक में भाग लेने वाले राज्यों में झारखण्ड के अतिरिक्त महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, उत्तर प्रदेश और केरल शामिल हैं। 

बैठक में कई मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करेंगे, जो वैश्विक आर्थिक और नीतिगत संवादों में देश की बढ़ती भागीदारी का घोतक है। ये सभी मिलकर भारत की आर्थिक प्राथमिकताओं, शासन सुधारों, विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं की एक व्यापक तस्वीर प्रस्तुत करेंगे।

झारखण्ड के 25 वर्ष पूरे होने पर यात्रा है खास

इस बैठक के लिए युवा झारखण्ड की यात्रा राज्य बनने के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हो रही है जो राज्य की वैश्विक भागीदारी के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। झारखण्ड के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन कर रहे हैं। विश्व आर्थिक मंच में झारखण्ड की उपस्थिति शासन-आधारित विकास, स्थिरता और दीर्घकालिक संस्थागत क्षमता पर केंद्रित है जो वनों, खनिजों, श्रम प्रवासन और राज्यवासियों से समृद्ध राज्य की वास्तविकताओं को दर्शाती है। 

इसकी भागीदारी वैश्विक विकास संबंधी चर्चाओं में केवल चर्चा का विषय बनने से आगे बढ़कर उन्हें सक्रिय रूप से आकार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देती है। झारखण्ड की भागीदारी उन क्षेत्रों के दृष्टिकोण को स्पष्ट रूप से दर्शाती है जो सामाजिक और पर्यावरणीय संतुलन के साथ विकास, स्थिरता और संस्थागत लचीलेपन के साथ वैश्विक संवादों को सुदृढ़ रास्ता प्रदान करती है। 

झारखण्ड की भागीदारी राष्ट्रीय और वैश्विक नीतिगत क्षेत्रों में इसकी विकसित होती भूमिका और दावोस के लिए इसके विषय: प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण विकास के अनुरूप आर्थिक विकास को सामाजिक समानता और पर्यावरणीय सामंजस्य के साथ अंतरराष्ट्रीय संबंधों को प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता को भी प्रतिबिंबित करती है।

झारखण्ड के केंद्र में होंगी ये बातें

विश्व आर्थिक सम्मेलन में झारखण्ड की भागीदारी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण, वन और जैव-अर्थव्यवस्था एवं महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित होगी, ताकि राज्य को सतत विकास, न्यायसंगत परिवर्तन और समावेशी विकास के रास्तों पर वैश्विक चर्चाओं में स्थान मिल सके। क्रिटिकल मिनरल्स, नवीकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा जैसे विषयों पर केंद्रित विषयगत सत्रों और द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेगा। 

झारखण्ड अपने दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण और सतत एवं न्यायसंगत विकास के प्रति अपने दृष्टिकोण को स्पष्ट करने वाली चर्चाओं की मेजबानी भी करेगा। इन बैठकों का उद्देश्य बहुपक्षीय संस्थानों, सरकारों, शैक्षणिक संस्थानों और निजी क्षेत्र के स्टेकहोल्डर्स के साथ साझेदारी को मजबूत भी करना है।

Published / 2026-01-11 13:56:16
आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को SKOCH अवॉर्ड 2025

  • आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को SKOCH अवॉर्ड 2025, झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

टीम एबीएन, रांची। डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य की नागरिक-केंद्रित पहल आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को प्रतिष्ठित SKOCH अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग झारखंड के अंतर्गत आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के एक उत्कृष्ट प्रयास आयुष्मान आरोग्य लोकेटर के लिए SKOCH पुरस्कार 2025, 11 जनवरी 2026 को दिल्ली में आयोजित एक सम्मान समारोह में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के मिशन डायरेक्टर सह अपर सचिव श्री विद्यानंद शर्मा पंकज एवं उनकी टीम को दिया गया।

यह पहल विशेष रूप से आम नागरिकों के लिए तैयार की गई है। अब केवल एक गूगल सर्च के माध्यम से लोग अपने आसपास की स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रामाणिक जानकारी जैसे फोटो, दिशा-निर्देश, संपर्क नंबर और उपलब्ध सेवाओं का विवरण आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से यह मैपिंग स्वास्थ्य उप-केंद्र स्तर तक पूर्ण की गई है, जिससे अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाओं की दृश्यता सुनिश्चित हो सकी है।

आयुष्मान आरोग्य लोकेटर पारदर्शिता को सशक्त करता है, सेवाओं तक पहुँच को बेहतर बनाता है और विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर उपचार को समर्थन देता है। यह पहल आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

स्कॉच समूह देश के विभिन्न उत्कृष्ट कार्यो हेतु विभिन्न मापदंडों पर राज्य एवं उनके कार्यों का चयन अवार्ड हेतु करती है दिल्ली के इंडिया हेरीटेज सेंटर में आयोजित  सम्मान समारोह में अपर सचिव सह मिशन डायरेक्टर एबीडीएम के अतिरिक्त एबीडीएम के संयुक्त निदेशक एवं टीम मौजूद थी।

Page 51 of 1569

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse