झारखंड

View All
Published / 2024-10-16 20:56:55
एक-दो दिनों में भाजपा करेगी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा

दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेकर वापस रांची लौटे बाबूलाल मरांडी ने दी जानकारी 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बताया कब होगी प्रत्याशियों की घोषणा 

टीम एबीएन, रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक-दो दिनों के अंदर भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है। प्रदेश नेतृत्व ने झारखंड के राजनीतिक हालात व प्रत्याशियों के बारे में केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया है। अब इस पर केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना है। एक दो दिनों के अंदर आप सभी को शुभ समाचार मिलेगा। 

दिल्ली से लौटने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मरांडी ने कहा कि एनडीए में सीट शेयरिंग पर केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना है। इसको लेकर सहयोगी दलों के साथ बातचीत चल रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जायेगी। बाबूलाल मरांडी दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेकर वापस रांची लौट आये हैं।

Published / 2024-10-16 20:53:22
हजारीबाग : चौपारण में महारानी बस से छह लाख रुपये बरामद

आचार संहिता के दौरान हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक बैग से 6 लाख रुपये बरामद

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। आदर्श आचार संहिता लगते ही प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को चौपारण थाना गेट के सामने संयुक्त वाहन चेकिंग के दौरान महारानी बस में रखे बैग से 6 लाख 22 हजार नकद के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है। दरअसल, झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है। 

आचार संहिता लगते ही चौपारण थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश अपने दल-बल के साथ सक्रिय भूमिका में आ गये हैं। इसी क्रम में थाना गेट के सामने जीटी रोड पर जा रही महारानी यात्री बस में सवार एक व्यक्ति से 6 लाख 22 हजार 970 रुपये नकद जब्त किया गया है। जब्त रकम किसकी है और किस उद्देश्य से ले जायी जा रही थी, इसकी जांच की जा रही है। पकड़ा गया व्यक्ति कमलेश प्रसाद शर्मा बिहार के गया जिले का रहने वाला है। 

इस संबंध में थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद वरीय पदाधिकारियों और एफएसटी टीम के दंडाधिकारी प्रदीप कुमार पासवान को सूचना दे दी गयी है। जब्त रकम को जब्ती सूची बनाकर विधिवत जब्त कर लिया गया है। जब्त रुपये और गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कार्रवाई के लिए एफएसटी टीम के दंडाधिकारी को सौंप दिया गया है। 

थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव को कदाचार मुक्त कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। वरीय पदाधिकारियों के आदेश के बाद चुनाव आयोग द्वारा जारी आचार संहिता के नियमों का सख्ती से पालन किया जायेगा। छापेमारी टीम में सीओ संजय कुमार यादव के साथ सब इंस्पेक्टर बिंदेश्वर महतो, सब इंस्पेक्टर बादल कुमार महतो, सब इंस्पेक्टर मोहम्मद कमरुद्दीन और सशस्त्र बल शामिल थे।

Published / 2024-10-16 19:02:45
रांची : सुखदेवनगर सब्जी मंडी में लगी आग

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी में बुधवार की सुबह अचानक आग लग गयी। आग लगने की वजह से सब्जी मंडी में अफरा तफरी मच गयी। सुबह का समय होने की वजह से काफी लोग सब्जी लेने के लिए मंडी पहुंचे थे। पुलिस, दमकल कर्मी और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

सब्जी कारोबारियों ने बताया कि आज की वजह से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। किसी का आलू जल गया तो किसी का प्याज। आलू प्याज के साथ-साथ सबसे ज्यादा सब्जी रखने वाले कैरेट जले हैं। सब्जी कारोबारी को लाखों का नुकसान हुआ है।

Published / 2024-10-16 19:02:02
झारखंड भाजपा आज जारी कर सकती है प्रत्याशियों की पहली सूची

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा एक्टिव हो गयी है। मंगलवार देर रात तक दिल्ली में भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक हुई है। प्रत्याशियों के नाम पर मुहर भी लग चुकी है। एनडीए गठबंधन के तहत भाजपा, आजसू और जदयू के बीच सीटों का तालमेल फाइनल हो गया है। 

लिहाजा, आज ही उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने की पूरी संभावना है। वैसे झारखंड भाजपा के विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने भी स्पष्ट कर दिया था कि चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के 48 घंटे के भीतर लिस्ट जारी हो जायेगी। आजसू को 10, जदयू को दो और लोजपा (रामविलास) को एक सीट दिये जाने की संभावना है। 

13 नवंबर को पहले फेज में 43 सीटों पर चुनाव होना है। प्रत्याशियों के लिहाज से चुनाव की तैयारी करने के लिए बहुत कम समय बचा है। अब सवाल है कि कौन-कौन से सीटिंग विधायक का टिकट कट सकता है और कौन-कौन से नये चेहरे सामने आ सकते हैं। इस मामले में रांची और कांके सीट पर भाजपा नये नाम सामने ला सकती है। 

रांची से नवीन जायसवाल और कांके से कमलेश राम भाजपा के प्रत्याशी हो सकते हैं। हटिया सीट पर कोई नया चेहरा सामने आ सकता है। इसके अलावा चंदनकियारी से नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, राजधनवार से बाबूलाल मरांडी, सरायकेला से चंपाई सोरेन, जगन्नाथपुर से गीता कोड़ा, बोकारो से बिरंची नारायण, निरसा से अपर्णा सेनगुप्ता, गिरिडीह से निर्भय शाहाबादी, खिजरी से रामकुमार पाहन, झरिया से रागिनी सिंह, बरकट्ठा से अमित यादव का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।

Published / 2024-10-15 20:29:02
बकाया मिलने के बाद ही काम पर लौटेंगे एंबुलेंस वाले

दूसरे दिन भी ठप रही 108 एंबुलेंस सेवा, परेशान रहे मरीज व परिजन 

टीम एबीएन, रांची। राज्य में दूसरे दिन भी 108 एंबुलेंस सेवा पूरी तरह ठप रही। एंबुलेंस सेवा को संभाल रही इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के कर्मचारी सेवा बहाल करने पर राजी नहीं हो पाये। इससे सभी 500 एंबुलेंस का परिचालन नहीं हो पाया। 

कर्मचारियों का कहना है कि दो महीने का बकाया और सितंबर का वेतनमान मिलने पर ही वह काम पर लौटेंगे। इससे मरीज और उनके परिजनों को एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाया और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण इलाकों में हुई। 

राज्य में फिलहाल मेसर्स जिकित्जा हेल्थ केयर लिमिटेड की जगह पर सिकंदराबाद की कंपनी इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज 108 एंबुलेंस की सेवा प्रदान कर रही है। कर्मचारियों को पुरानी कंपनी ने दो महीने का वेतन नहीं दिया है। वहीं, वर्तमान एजेंसी ने भी सितंबर महीना का वेतन अभी तक नहीं दिया है।

Published / 2024-10-15 20:28:19
सातवीं बार चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं सीपी सिंह

टीम एबीएन, रांची। रांची विधानसभा सीट से सातवीं बार चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे सीपी सिंह अब तक लगातार छह बार चुनाव जीत चुके हैं। उनकी उम्र को लेकर उठ रहे सवाल के बीच टिकट पर सस्पेंस को खारिज करते हुए सीपी सिंह ने कहा कि जिस किसी को भी मेरी उम्र जाननी हो, वह फेसबुक पर मेरे अकाउंट को देख सकते हैं। जिसके अनुसार मेरी उम्र 68 साल है। ऐसे में जो कोई भी इस पर सवाल खड़े कर रहे हैं, वह बेबुनियाद है। 

पार्टी द्वारा टिकट दिये जाने को लेकर पूछे गये सवाल का जवाब देते हुए सीपी सिंह कहते हैं कि मैं एक कार्यकर्ता की भांति काम करता रहा हूं। चुनाव लड़ने का काम पार्टी करती है यदि मुझे एक बार फिर मौका दिया जायेगा, तो मैं इसके लिए तैयार हूं। 

बाकी सब कुछ पार्टी पर निर्भर करता है कि किसको टिकट देना है या नहीं देना है। बहरहाल, चुनाव की घोषणा होने से ठीक पहले सीपी सिंह का एक साथ कई योजनाओं का शिलान्यास आनन-फानन में किया जाना बेहद ही सुर्खियों में है।

Published / 2024-10-15 20:26:10
झारखंड विधानसभा चुनाव : 13 और 20 को वोटिंग, 23 को काउंटिंग

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के तारीखों की घोषणा, दो चरणों में होंगे चुनाव 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा हो गयी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली में इसकी घोषणा की। झारखंड में चुनाव दो चरणों में होंगे। आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव का दावा किया है। लोगों से अधिक-से-अधिक संख्या में चुनाव में भाग लेने की अपील की है। 
आखिरकार झारखंड विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा कर दी गयी। 

दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त चुनाव के तारीखों की घोषणा की। झारखंड के साथ-साथ महाराष्ठ विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा भी की गयी। झारखंड में कुल दो चरणों में चुनाव कराए जायेंगे। चुनाव को लेकर आयोग ने सारी तैयारी कर ली है। आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने का दावा किया है। झारखंड में 13 नवंबर और 20 नवंबर को मतदान होंगे। 23 नवंबर को काउंटिंग होगी। 

झारखंड में दो चरण में चुनाव होंगे

पहले चरण की अधिसूचना 18 अक्टूबर को जारी होगी। इसमें नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर को है। स्क्रूटनी के लिए 28 और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर को है। पहले चरण के लिए मतदान की तिथि 13 नवंबर 2024 है। दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 22 अक्टूबर को जारी होगी। इसमें नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर को है। स्क्रूटनी के लिए 30 और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 01 नवंबर को है। दूसरे चरण के लिए मतदान की तिथि 20 नवंबर 2024 है। मतगणना की तारीख 23 नवंबर है। 

झारखंड में पहले चरण में इन सीटों पर 13 को होगी वोटिंग 

कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई, गुमला, विशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटेनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर।

दूसरे चरण में 20 को इन सीटों पर होगी वोटिंग

राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पौड़ेयाहाट, गोड्डा, महगामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली व खिजरी।

Published / 2024-10-14 23:17:14
झारखंड : चुनावी सुगबुगाहट के बीच रणनीति बनाने में जुटे राजनीतिक दल

  • झारखंड में चुनावी हलचल तेज, चुनावी रणनीतियों में जुटे दल

टीम एबीएन, रांची। दशहरा खत्म होते ही झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनावों पर सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिक गयी हैं। सभी पार्टियां आगामी चुनाव के लिए अपनी-अपनी रणनीतियां बनाने में जुट गयी हैं। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में जीत की योजना तैयार करने जा रही है। वहीं, कांग्रेस और झामुमो भी अपनी तैयारियों में सक्रिय हैं।

झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पार्टी निश्चित रूप से चुनाव में अच्छी तैयारी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी का प्रबंधन हमेशा अच्छा रहता है और वे चीजों को बढ़ा-चढ़ा कर पेश करते हैं। लेकिन, उनके पास यह जानकारी भी है कि असली स्थिति क्या है। 

भट्टाचार्य ने बताया कि बीजेपी की पैकेजिंग अच्छी होती है, लेकिन वे इसके कमजोर पक्ष को पहचानने में सक्षम हैं। उन्होंने अपने कमिटमेंट को मजबूती से पेश करते हुए कहा कि उनकी पार्टी का प्रबंधन बीजेपी के प्रबंधन को जवाब देगा। भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि भाजपा अपनी विशेष कार्य पद्धति के लिए जानी जाती है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी में चुनाव प्रबंधन का बड़ा महत्व है। जब भी चुनाव हुए हैं, भाजपा का चुनाव प्रबंधन हमेशा प्रभावी रहा है। 

चुनाव प्रबंधन के तहत चुनावी रणनीतियां बनायी जाती हैं, जिससे पार्टी को चुनावों में सफलता प्राप्त होती है। साथ ही झारखंड में चुनावी माहौल धीरे-धीरे गरमाता जा रहा है। सभी दल अपनी ताकत को बढ़ाने के लिए नये तरीके अपनाने की कोशिश कर रहे हैं।

बीजेपी अपनी चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने के लिए पूर्व अनुभवों का उपयोग करने में जुटी है। वहीं, कांग्रेस और झामुमो भी अपनी योजनाओं को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि इस बार के विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियों को अपनी रणनीतियों में और अधिक पारदर्शिता लानी होगी। क्योंकि, पिछले चुनावों में कई मुद्दों को लेकर मतदाता काफी जागरूक हो चुके हैं और वे अपने वोट देने में अब ज्यादा सतर्क हैं। 

ऐसे में हर पार्टी को अपनी बात प्रभावी तरीके से पेश करनी होगी ताकि वे मतदाताओं का विश्वास जीत सकें। साथ ही इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। वे अपनी सरकार की उपलब्धियों को बताने के साथ-साथ विपक्षी दलों के दावों को भी चुनौती दे रहे हैं। 

सभी पार्टियों के नेताओं की सक्रियता इस बात का संकेत है कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। सभी राजनीतिक दल अब मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं, ताकि चुनावी माहौल में अपनी स्थिति को मजबूत किया जा सके।

Page 504 of 1697

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse