एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर। जिले के चैनपुर थाना अंतर्गत रामपुर में 23 मई को घटित गोलीबारी और हत्या के खिलाफ भाकपा माले पलामू और गढ़वा की संयुक्त कमिटी द्वारा प्रतिरोध संकल्प सभा का आयोजन किया गया। गढ़वा के डंडा थाना अंतर्गत कोर्टा से मार्च निकाल कर गढ़वा और पलामू के सीमा पर एक सभा किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले झारखंड विधायक दल नेता और आश्वासन समिति के अध्यक्ष कॉमरेड अरूप चटर्जी ने कहा कि पलामू प्रमंडल सहित पूरे झारखंड में भूमाफियों और सामंती लोगों की मनोबल बढ़ा है। आज गरीब कमजोरों के प्रति सामंती लोगों मंसूबों को ध्वस्त करने की जरूरत है। पलामू और गढ़वा जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के ठीक पहले निषेद्दया लागू करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
एक तरफ एक गरीब चौधरी परिवार के सकेंद्र चौधरी को गोलियों से भून दिया जाता है, चार अन्य घायल है। आखिर इन लोगों के अंदर इतनी साहस कहा से आया? आज के दौर हमे दोस्त और दुश्मन की पहचान करने की जरूरत है। भाकपा माले गरीब कमजोरों के पक्ष हमेशा आंदोलनरत रहा है। आगामी विधानसभा के सत्र में भूमाफियों और सामंती ताकतों के बढ़ते मंसूबों के खिलाफ प्रमुखता से सवाल उठाया जाएगा।
हम राज्य के मुख्यमंत्री से मांग करते है कि रामपुर के गरीब चौधरी परिवार को न्याय मिले। परिवार में एक व्यक्ति को नौकरी मिले, राज्य सरकार द्वारा दी जाने सुविधाएं अविलंब प्रदान किया जाए। बच्चों के पढ़ाई की सारी जिम्मेवारी सरकार उठाए। सामंती मंसूबों के लोगो की समस्त हथियार का लाइसेंस रद्द करते हुए उन्हें गिरफ्तार करे। चैनपुर थाना प्रभारी को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
भाकपा माले बिहार विधायक दल नेता कॉमरेड अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन में सामंती लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है। प्रशासन के लोग सामंती लोगों के लठैत के रूप में नजर आ रही है। सकेंद्र चौधरी के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए, श्रद्धांजलि देने के लिए भाकपा माले ने सभा का आयोजन किया, लेकिन पलामू और गढ़वा के जिला प्रशासन 163 लगा कर कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने में लगी। कार्यक्रम को रोकने के पूरी ताकत लगा दी। आखिर पलामू जिला प्रशासन के ऊपर कौन सी मजबूरी या दबाव है?
जिस कारण अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। एक तबका पूरा अपराधी को बचाने में लगा है। आज ऐसी लोगों की पहचान करने की जरूरत है। इनकी घृणित मानसिकता पर कड़ा प्रहार करने की जरूरत है। इनके हर गलत मंसूबों को खड़ा शिष्कत देने की जरूरत है।
वहीं भाकपा माले के पूर्व विधायक और पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड विनोद कुमार सिंह ने कहा कि रामपुर की घटना कोई आम घटना नहीं है। भाजपा के शासन आते ही सामंती सोच वाले लोग अधिक सक्रिय हो गए। सामंती ताकतों अपने वर्चस्व बढ़ाने के लिए गरीबों और भूमिहीनों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब जब सामंती ताकतों का धाक बढ़ा है लाल झंडा भाकपा माले आगे होकर लड़ा है। हम न्याय के लिए एक मजबूत लड़ाई लड़ेंगे और तब तक नहीं रुकेंगे जब तक सकेंद्र चौधरी के हत्यारों को सजा नहीं मिल जाती।
हमें यह भी समझने की जरूरत है कि इन लोगों के इतनी शक्ति कहा आया? इनके पीछे कौन से विचार के लोग खड़े है? लाइसेंसी हथियार से ताबड़तोड़ गोली चलाना, एक विधवा महिला के घर गिरा देना, सकेंद्र चौधरी को मौत के घाट उतार देना कोई आम घटना नहीं है। प्रशासन अपराधियों पर करवाई करने के बजाय, न्याय के लिए संघर्ष कर रहे लोगों पर दबाव बना रही है। मोदी सरकार में सामंतियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। इनके हर मंसूबों पर गरीब जनता कड़ी चोट करेगी।
पलामू और गढ़वा जिला प्रशासन क्षेत्र में शांति बहाल करने के बजाय दशहत फैला रही है। पुलिस हमेशा जमींदारों, भूमाफियों और अपराधी को सरंक्षण देने काम करती रही है। हम एक जुट रहे, संघर्ष जारी रहे। हम जरूर जीतेंगे। चुनाव के समय बहुत से रंग के झंडे दिखते है लेकिन हक हकूक की लड़ाई में सिर्फ लाल झंडा ही दिखता है। बाकी पार्टियां और संगठन के लोग कहा है? इसलिए आज समय के हिसाब से भाकपा माले को मजबूत करने की जरूरत है।
सभा को पोलित ब्यूरो सदस्य सह प्रमंडलीय प्रभारी कॉमरेड हलधर महतो, अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य अध्यक्ष डॉ बी एन सिंह,गढ़वा जिला सचिव कालीचरण मेहता, पलामू जिला सचिव रविंद्र भुइयां, लातेहार जिला सचिव बिरजू राम, गढ़वा के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा मेहता, आर एन सिंह,भिखी पंचायत के मुखिया बीरेंद्र चौधरी, कामेश्वर विश्वकर्मा, पांकी जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, रामराज पासवान, प्रदीप विश्वकर्मा, कपिलदेव प्रजापति, कमेश सिंह चेरो, सुरेश चौधरी, अनिल तिवारी, लालमुनि मेहता, जिला परिषद सदस्य अजय मेंटल, महर्षि वेद व्यास परिषद के गढ़वा अध्यक्ष रविंद्र चौधरी, रमाशंकर चौधरी, आर वाई ए के राज्य सचिव अविनाश रंजन, आइसा राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, आइसा राज्य उपाध्यक्ष रंजीत सिंह, दिव्या भगत, गुड्डू भुइयां, संगीता देवी, उषा देवी, कुंदन मेहता, बिट्टू पासवान, रंजीत मेहता समेत हजारों हजार की संख्या में महिला, पुरुष उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने रांची विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर में कुलपति महोदया के साथ मिलकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का भी आह्वान किया गया। कुलपति डॉक्टर सरोज शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। संगठन भविष्य में भी पर्यावरण जागरूकता और संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, प्रॉक्टर मुकुंद चंद्र मेहता, परीक्षा नियंत्रक संजय सर एवं शिक्षकगण, कर्मचारी एवं आजसू के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और समाज को हरित एवं स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में कुलपति डॉक्टर सरोज शर्मा, प्रॉक्टर मुकुंद चंद्र मेहता, परीक्षा नियंत्रक संजय सर, प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश सचिव डॉक्टर सौरभ शर्मा, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक, प्रशांत महतो, सौरभ यादव, अब्दुल खान, रोशनी मुंडा, तनु कुमारी, निशांत लिंडा, विद्यानंद रॉय, नीरज कुमार, सिद्धार्थ कुमार, पंकज, अमित इत्यादि उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।
एबीएन एडिटोरियल डेस्क। कांग्रेस ने झारखंड से राज्यसभा के लिए प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। झारखंड कांग्रेस के बड़े चेहरे दिल्ली तक का भागदौड़ करते रहे, परंतु कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हेमंत सोरेन से बात की और कांग्रेस के तरफ से उम्मीदवार की घोषणा कर दी।
प्रणव झा अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1990 के दशक में बोकारो जिला युवा कांग्रेस से शुरू की थी और बाद में धनबाद लोकसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस प्रभारी समेत अन्य पदों पर कार्य किया है। प्रणव झा मैथिल ब्राह्मण हैं मूल रूप से झारखंड के रहने वाले नहीं हैं, लेकिन लंबे समय से बोकारो में रह रहे हैं।
प्रणव झा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के करीबी हैं। राष्ट्रीय सचिव के साथ-साथ कार्यालय सचिव और राष्ट्रीय अध्यक्ष के राजनीतिक सलाहकार भी हैं, राष्ट्रीय अध्यक्ष के सानिध्य का लाभ उन्हें मिला है। प्रणव झा भागलपुर के कहलगांव के रहने वाले हैं और कांग्रेस के दिल्ली गलियारे की राजनीति को भली भांति समझते हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के एक सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन झारखंड रांची के दो दिवसीय प्रवास पर रांची पहुंच रहे हैं। आशा की जा रही है कि 6 अथवा 7 जून को उम्मीदवार की घोषणा वे करेंगे, क्योंकि नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से उम्मीदवार की घोषणा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को करनी है, अब जब कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार दे दिया है तो शीघ्र ही हेमंत सोरेन को भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करनी पड़ेगी। झारखंड में 2 सीट के लिए राज्यसभा का चुनाव अत्यंत ही रोचक मोड़ पर पहुंच चुका है। 18 जून को चुनाव है और परिणाम उसी दिन आने वाला है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। भंडरा-बेड़ो मुख्य पथ पर तुको गांव के समीप बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी। इसी दौरान लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत बेड़ो जतरा कार्यक्रम में भाग वहां से गुजर रहे थे।
घटना को देखकर सांसद ने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और मानवता का परिचय देते हुए घायलों की सहायता में जुट गये। उन्होंने स्थानीय लोगों एवं अपने अंगरक्षकके सहयोग से घायल युवकों को वाहन व्यवस्था कर सीएचसी भंडरा पहुंचाने की व्यवस्था करायी, ताकि उन्हें शीघ्र चिकित्सा सुविधा मिल सके।
घायल तीनों रवि नगेसिया, जोसन नगेसिया और उमेश नगेसिया तीनों पाखर डूमर टोला के रहने वाले हैं। तीनों घायलों में से एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। सांसद भंडरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम जाना।
डॉक्टर से अद्यतन स्थिति का जायजा लिया और समुचित इलाज करने का निर्देश दिया तथा घायलों को आर्थिक सहयोग भी किये । दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचा दिये जाने से स्थिति नियंत्रण में रही।
स्थानीय लोगों ने सांसद के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का ऐसा संवेदनशील व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायक है। वहीं अस्पताल में दो घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर सांसद के साथ आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद वेलू, वीरेंद्र यादव, अमित मिंज भी थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। पलामू जिले के राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप हुए रेल हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने आधिकारिक बुलेटिन जारी कर स्थिति की जानकारी दी है। हादसे में मालगाड़ी के कुल 16 डिब्बे पटरी से उतर गये, जिससे रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के बाद युद्धस्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य चलाया जा रहा है।
भारी मशीनों और तकनीकी टीमों को मौके पर लगाया गया है ताकि क्षतिग्रस्त ट्रैक को जल्द दुरुस्त किया जा सके। रेलवे का दावा है कि रात 12 बजे तक लाइन क्लियर कर परिचालन बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे ने एहतियातन रांची-सासाराम एक्सप्रेस तथा डेहरी आॅन सोन पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया है। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेनों के मार्ग एवं समय में भी बदलाव किए जाने की संभावना जतायी गयी है।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी लगातार घटनास्थल की निगरानी कर रहे हैं। राहत की बात यह है कि अब तक इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि रेल परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। वहीं स्थानीय लोगों और यात्रियों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि कब तक ट्रैक पूरी तरह बहाल होकर रेल परिचालन सामान्य हो पाता है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। जिले में गुरुवार सुबह रेल की पटरियों पर तीन क्षत-विक्षत शव मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शव रांची-बोकारो रेलखंड पर स्थित राधागांव रेलवे स्टेशन के निकट मिले।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आशंका है कि बुधवार रात किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई होगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अधिकारी के अनुसार, मृतकों में से एक की पहचान बोकारो जिले के महुआटांड़ गांव के निवासी बबलू सोरेन के रूप में हुई है।
बोकारो स्टील सिटी रेल थाने के प्रभारी अमरेंद्र पतवार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चास सदर अस्पताल भेज दिया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल और शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं।
टीम एबीएन, रांची। मां शारदे मंच का वार्षिकोत्सव नामकुम के रामपुर गांव के धूमकुड़िया पंचायत में उत्साहपूर्वक मनाया गया। मां शारदे मंच एवं गरुड़ आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वाधान में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। मां शारदे मंच की सहभागिता से अनेक लोगों ने नेत्र जांच शिविर का लाभ उठाया।
100 से अधिक लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपने आंखों का इलाज करवाया। जांच के दौरान लोगों में मोतियाबिंद, अंधेपन, पास की वस्तुओं को देखने में कठिनाई, चश्मा या कांटेक्ट लेंस जैसी समस्याओं की जांच की गयी।
कार्यक्रम के दौरान मां शारदे मंच के सदस्यों ने पौधारोपण कर प्रकृति को हरा भरा बनाने का संकल्प लिया। मां शारदे मंच की अध्यक्ष नीतू सिन्हा ने कहा कि प्रकृति को स्वच्छ और सुंदर बनाकर ही हम स्वस्थ रह सकते हैं। सेवा ही धर्म है और सेवा ही संकल्प है।
सभी को इस पुनीत कार्य में आगे आकर सहयोग करना चाहिए। प्रकृति को स्वच्छ बनाकर ही हम अपने परिवेश और पर्यावरण की सुरक्षा कर सकते हैं। नीतू सिन्हा ने बताया कि ऐसे कार्य मंच के माध्यम से हमेशा आयोजित किये जाते हैं।
मां शारदे मंच का हमेशा यह प्रयास रहता है कि वह समाज को एक नया आयाम प्रदान करें। मौके पर रामपुर की मुखिया सरस्वती देवी एवं मंच की सदस्य शिखा प्रिया, सीमा श्रीवास्तव, रजनी बक्शी, रेनू वर्मा, पुष्पा सिंह, समीर सिन्हा, मनोज सिन्हा, शशांक श्रीवास्तव एवं मार्ग्रेट आदि उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। जिले के बासल थाना क्षेत्र स्थित सियारी टोला में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान सौंदा डी निवासी 28 वर्षीय अभिषेक कुमार शर्मा और 30 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गयी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार शर्मा का जन्मदिन था। जन्मदिन के मौके पर वह अपने मित्र राहुल कुमार के साथ बाइक से पतरातू डैम घूमने गए थे।
बताया जा रहा है कि दोनों ने एक रेस्टोरेंट में जन्मदिन का जश्न मनाया और देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान सियारी टोला के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सड़क किनारे बनी बाउंड्री को तोड़ते हुए करीब 100 फीट अंदर तक चली गयी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण दुर्घटना की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी और दोनों घंटों तक घटनास्थल पर ही पड़े रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर सहायता मिल जाती तो शायद उनकी जान बचायी जा सकती थी। देर रात तक दोनों युवकों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के बाद बुधवार सुबह दुर्घटनास्थल से दोनों के शव बरामद किये गये। घटना की सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बासल थाना प्रभारी कैलाश ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक की तेज रफ्तार माना जा रहा है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक जन्मदिन का जश्न कुछ ही घंटों में दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse