झारखंड

View All
Published / 2024-10-24 21:14:59
नामांकन के बाद बोले हेमंत- फिर बनेगी हमारी सरकार

सीएम हेमंत सोरेन ने बरहेट विधानसभा से दाखिल किया नामांकन, कहा- झारखंड में बनेगी महागठबंधन की सरकार

टीम एबीएन, बरहेट/ रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने गुरुवार को बरहेट विधानसभा से अपना नामांकन दाखिल किया। करीब एक घंटे तक मुख्यमंत्री निर्वाचित पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत के साथ बैठे। इस दौरान उन्होंने दो सेट में नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस रहा। 

नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री समाहरणालय भवन के मुख्य द्वार पर पहुंचे और मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे बरहेट विधानसभा से प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करने आये हैं। नामांकन के दौरान की कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली है। 

उन्होंने कहा कि इस बार झारखंड में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। हमें जनता का विश्वास मिला है, साहिबगंज में राजमहल, बोरियो और बरहेट तीनों विधानसभा क्षेत्र में झामुमो फिर अपना परचम लहराने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री भाजपा का प्रचार करने आ रहे हैं। चुनाव के बाद सब अपने काम में लग जायेंगे, यहां कोई नजर नहीं आयेगा। 

गौरतलब हो कि मौसम खराब होने के कारण सीएम का हेलीकॉप्टर दुमका से उड़ान नहीं भर सका। जिसके बाद सीएम हेमंत सोरेन सड़क मार्ग से ही साहिबगंज पहुंचे। नामांकन के बाद उन्हें तीन जनसभाओं को संबोधित करना था, लेकिन शाम हो जाने के कारण उन्होंने सिर्फ बरहेट विधानसभा में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। 

मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम पतना प्रखंड स्थित अपने आवास पर करेंगे। वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि शुक्रवार को भी वे साहिबगंज में रहेंगे और राजमहल विधानसभा के चरवाहा मैदान और बोरियो प्रखंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

Published / 2024-10-24 21:14:02
पलामू : नक्सली मुठभेड़ में कई राउंड फायरिंग, कोई हताहत नहीं

पलामू के पहाड़ी इलाके में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, अंधाधुंध फायरिंग, रोजमर्रा के सामान जब्त

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड के पलामू जिले में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई है। इसमें दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। पहाड़ी इलाके का फायदा उठाते हुए नक्सली भागने में सफल रहे। इस दौरान पुलिस ने नक्सलियों द्वारा उपयोग में लाए जा रहे सामान को जब्त किया। मुठभेड़ के बाद पुलिस इलाके में सर्च आपरेशन चला रही है। 

पलामू जिले के छतरपुर, नावाबाजार और पाटन थाना क्षेत्र के बॉर्डर इलाका तुरीदाग के पहाड़ी इलाके में पुलिस और टीएसपीसी नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस और टीएसपीसी नक्सलियों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस दौरान पुलिस ने नक्सलियों के रोजमर्रा के सामान बरामद किये हैं।

Published / 2024-10-24 21:13:25
आज जनार्दन पासवान की सभा में चतरा में दहाड़ेंगे चिराग पासवान

आज झारखंड आयेंगे चिराग, लोजपा (रा) के उम्मीदवार जनार्दन पासवान के नामांकन में होंगे शामिल

टीम एबीएन, रांची। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्र सरकार में मंत्री चिराग पासवान झारखंड में चतरा सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से अपनी पार्टी के उम्मीदवार जनार्दन पासवान के 24 अक्टूबर के नामांकन में शामिल होंगे। 

पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान ने बताया कि लोक जनशक्ति पार्टी एवं एनडीए समर्थित चतरा के उम्मीदवार जनार्दन पासवान के पक्ष में राष्ट्रीय अध्यक्ष चतरा में रोड शो करेंगे एवं जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सेवा विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची पहुंचेंगे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जायेगा। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से चतरा के लिए रवाना हो जायेंगे। 

बिरेन्द्र प्रधान ने बताया कि पासवान चतरा से अपने पार्टी के प्रत्याशी जनार्दन पासवान के नामांकन में शामिल होने के बाद भाजपा एवं एनडीए समर्थित सिमरिया विधानसभा के उम्मीदवार उज्जवल दास एवं भावनाथपुर विधानसभा के उम्मीदवार भानुप्रताप शाही के नामांकन में भी शामिल होंगे। ज्ञाताव्य है कि झारखण्ड विधानसभा की 81 सीटों में 68 सीटों पर भाजपा, 10 सीटों पर आजसू, 02 सीटों पर जदयू एवं 01 सीट पर लोजपा रामविलास एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है।

Published / 2024-10-24 21:11:58
पलामू : बाराती गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, चार की मौत

  • झारखंड में बड़ा सड़क हादसा : बरातियों से भरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलटी, 4 लोगों की मौत...3 घायल

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया है जिसमें 4 लोगों की मौत हो गयी। जबकि 3 अन्य घायल हो गये हैं। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। 

बताया जा रहा है कि एक स्कॉर्पियो बरातियों को लेकर जा रही थी। बारात बिहार के गया जिला के छकरबंधा गांव से लेस्लीगंज आ रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर पलट गई जिससे 4 लोगों की मौत हो गयी, वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां सभी का इलाज चल रहा है। 

मृत व्यक्तियों में दूल्हे के रिश्तेदार जावेद अंसारी, आसिन अंसारी एवं 2 अन्य शामिल हैं। सभी मृतकों की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है। शादी की खुशियों के माहौल में यह घटना मातम का कारण बन गयी। वहीं, घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन मेदनीनगर पहुंचे।

Published / 2024-10-24 21:11:03
झामुमो ने बिशुनपुर से फिर बनाया चमरा लिंडा को प्रत्याशी

झामुमो ने जारी की तीसरी लिस्ट, गोमिया से योगेंद्र प्रसाद को बनाया उम्मीदवार

टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बीते बुधवार रात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। सूची के अनुसार झामुमो ने योगेंद्र प्रसाद को गोमिया से, सुखराम उरांव को चक्रधरपुर से, चमरा लिंडा को बिशुनपुर से, जिग्गा सुसारण होरो को सिसई और स्नेहलता कंडुलना को खूंटी से उम्मीदवार बनाया।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि गोमिया से योगेंद्र प्रसाद उम्मीदवार होंगे। योगेंद्र प्रसाद एक बार यहां से विधायक रह चुके हैं, लेकिन एक केस में दोषी ठहराए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गयी थी। वहीं, इससे पहले झामुमो पार्टी पहली लिस्ट में 35 उम्मीदवारों की पहली सूची और 1 उम्मीदवार की दूसरी सूची जारी कर चुकी है। 

पहली सूची में बरहेट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय से कल्पना सोरेन के नाम का एलान किया गया था। वहीं, दूसरी सूची में रांची से महुआ माजी की उम्मीदवारी का ऐलान किया गया था। इस तरह से अब जेएमएम ने कुल 41 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है।

Published / 2024-10-23 21:07:14
एनटीपीसी ने फिर किया ठगने का काम : विस्थापित प्रभावित अधिकार समिति

टीम एबीएन, रांची। विस्थापित प्रभावित अधिकार समिति के सदस्यों ने आज पंचवाहिनी मंदिर में एक बैठक की और बैठक के दौरान सदस्यों ने कहा कि एनटीपीसी ने फिर एक बार हम लोगों के साथ ठगने का काम किया है। प्रस्तावित 2 सितंबर जंतर मंतर दिल्ली में हम लोगों का आंदोलन था, जिसे एनटीपीसी के अधिकारियों के द्वारा आश्वासन दिया गया था कि समिति के लोगों को रोजगार दिया जायेगा, इस आलोक में समिति द्वारा आंदोलन भी स्थगित कर दिया गया और आज एनटीपीसी हमारे लोगों को नौकरी में नहीं रख रहा है। 

विस्थापित प्रभावित अधिकार समिति के अध्यक्ष खुशबू देवी ने कहा कि अब आंदोलन की नयी रूपरेखा होगी। दिल्ली जाने के पहले हम लोगों का पतरातू में एक जल सत्याग्रह के माध्यम से एनटीपीसी के अधिकारियों को जागने का काम किया जायेगा और अगर इससे अधिकारी नहीं मानेंगे तो हम लोगों का दिल्ली में आंदोलन किया जायेगा। साथ ही समिति के अन्य सदस्यों ने कहा कि एनटीपीसी के अधिकारी सिर्फ हम लोगों के साथ छल कर रहे हैं। 

राज्य सरकार के द्वारा बनाये गये अधिनियम का भी यहां अनुपालन नहीं किया जाता है। इसको लेकर हम लोगों को एक बार फिर से आंदोलन की आवश्यकता है। मौके पर उपस्थित लोगों में प्रदीप साहू, सुरेश प्रसाद साहू, दयानंद प्रजापति, एमडी सुभान अंसारी, मुस्ताक अंसारी, विनोद कुमार, अनुज कुमार मुंडा, श्याम कुमार मुंडा, अनिल कुमार मुंडा, सुनील मुंडा, सूरज कुमार, जिलानी अंसारी, मनोज कुमार मुंडा, वीर कुमार मुंडा, हंसराज, वसीम अंसारी, सोहनलाल कुमार, अमन कुमार मुंडा, अनुज कुमार मुंडा, संतोष मुंडा, अमित कुमार, कुलेश्वर कुमार महतो, जीतू कुमार, राजेश्वर राम, निसार अहमद, मुस्लिम अंसारी, रूपेश करमाली, जलेसर राम, मिथिलेश कुमार, सुनील प्रजापति, सुनीता देवी, सविता देवी, रशीदा निसार, विवाह सो देवी, जमीला खातून, संगीता देवी, सावित्री देवी, अंजू देवी, अन्य देवी, सैफू निशा, निक्की देवी, पूनम कुमारी, अनु कुमारी, बसंती कुमारी, रेखा देवी, अंजली देवी, बासमती देवी, रेखा देवी, किरण देवी, उषा देवी, डोली देवी आदि शामिल हैं।

Published / 2024-10-23 21:06:15
राजस्थान भवन में विहिप के क्षेत्रीय पूर्णकालिक वर्ग का समापन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी/रांची। विश्व हिंदू परिषद पटना क्षेत्र की बैठक खूंटी के राजस्थान भवन में संपन्न हुई। बैठक में उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार एवं झारखंड के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं ने चार दिवसीय वर्ग में लिया भाग। वर्ग में सभी कार्यकर्ताओं की गुणवत्ता में विकास हेतु इस प्रकार के वर्ग होते हैं। जहां विषयवार कालांशश: अनेक बिन्दुओं पर प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा तथा केन्द्रीय अधिकारियों द्वारा कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया जाता है। 

आज के समापन सत्र को संबोधित करते हुए पटना क्षेत्र के संगठन मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में दायित्वनुसार नि:स्वार्थ भाव से अपने दायित्व का निर्वहन करने की जरूरत है। जिस तरह अभी देश में हिंदू समाज के समक्ष चुनौतियां हैं उनसे सामना करने के लिए ही ऐसे वर्गों की आवश्यकता पड़ती है। आज हमारे ही लोगों को हमारे सामने शत्रु बनाकार खड़ा किया जा रहा है पर हमें ऐसे षड्यंत्रों को योजनाव बद्ध तरीके से समाधान निकालने पर बल दिया। 

कहा अपने मानबिन्दुओं की रक्षार्थ हम सर्वस्व न्यौछावर करने लिए सदैव तत्पर रहने की आवश्यकता है। और यही सच्ची देशभक्ति है। कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि अभी लोकतंत्र का पर्व आने वाला है राजनैतिक पार्टियां अनेक प्रलोभन देकर, जातीय मतभेद, क्षेत्रवाद आदि मुद्दों पर भटकाने की कोशिश करेंगे इन सभी समस्याओं का हम स्वविवेक से हल निकालें और राष्ट्रविरोधियों के मंसूबे पर पानी फेर दें। 

समापन कार्यक्रम के बाद महर्षि बाल्मीकि जयंती भी मनाई गई जिसमें मंदिरों के अर्चक-पुरोहित, स्थानीय पाहन-पुजारी एवं शहर के गणमान्य लोग भी उपस्थित हुए। धन्यवाद ज्ञापन खूंटी जिलाध्यक्ष विनोद जयसवाल ने एवं संचालन जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण जयसवाल ने किया। 

मौके पर पटना क्षेत्र मंत्री वीरेन्द्र विमल, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रान्त मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, बजरंग दल प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, धर्मप्रसार प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा, मंदिर अर्चक पुरोहित प्रमुख मनोज पांडेय, खूंटी जिलाध्यक्ष विनोद जयसवाल, जिला उपाध्यक्ष विकास मिश्रा, शिवराज सिंह, जिला मंत्री राजीव कुमार झा, जिला संयोजक अभिषेक कुमार, कोषाध्यक्ष प्रवीण जयसवाल, सामाजिक समरसता प्रमुख बीरेंद्र सोनी, जिला विशेष सम्पर्क प्रमुख सह नगर अध्यक्ष मुकेश जयसवाल, नगर मंत्री सचित मिश्रा, श्री शेखर कुमार, संजय गुप्ता, प्रकाश अधिकारी आदि अनके कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी प्रचार-प्रसार प्रांत सहप्रमुख प्रकाश रंजन (9334433338) ने दी।

Published / 2024-10-23 21:05:19
झारखंड चुनाव : इस बार बहुओं के हाथ में मिलेगी सत्ता की चाभी

झारखंड में इस बार सियासी रण में बहुओं के हाथ में है किस्मत, रोचक होने वाली है जंग

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनावी रण में कोई कसर न रह जाए इसे देखते हुए हर राजनीतिक दल अपनी कमर कस चुका है। इस बार का इलेक्शन में तस्वीर जरा अलग और दिलचस्प दिखाई देने वाली है। यहां बेटे, बेटियां और पत्नियों का नहीं बल्कि बहुओं का सियासी भौकाल देखने को मिल रहा है।

सियासी विरासत संभालने के लिए इस बार राज्य में नेताओं की बहुओं को जिम्मेदारी दी है। यहां शिबू सोरेन की बहू सीता और कल्पना, रघुबर दास की बहू पूर्णिमा खास भूमिका में हैं। बता दें कि कुछ नेताओं की बहुओं का तो पहली बार राजनीति में डेब्यू होगा तो कुछ खुद को सियासी तौर पर स्थापित कर चुकी हैं।

पूर्व सीएम शिबू सोरेन की 2 बहुओं का सियासी गणित

कल्पना सोरेन

सबसे पहले अगर बात करें कल्पना सोरेन की तो उन्होंने हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद राजनीति में एंट्री मारी है। वह गिरिडिह की गांडेय सीट से सियासी मैदान संभाल रही हैं। कल्पना को 2024 में इस सीट से उपचुनाव में जीत हासिल हुई है। अगर उनकी शिक्षा को देखा जाए तो वह एमबीए कर चुकी हैं। कल्पना की शादी 7 फरवरी 2006 को हेमंत सोरेन से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। कल्पना सोरेन राजनीति में आने से पहले शिक्षा के क्षेत्र में जिम्मेदारी निभा रही थीं।

सीता सोरेन

इसके अलावा शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता भी पॉलिटिक्स में एक्टिव हैं। पति दुर्गा सोरेन के निधन के बाद सीता ने राजनीति की ओर रुख किया। वे जामा सीट से विधायक भी रह चुकी हैं। हालांकि, 2024 में लोकसभा से पहले उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। इस बार उनको जामताड़ा से मैदान में उतारा है। इस सीट पर बीजेपी के लिए डगर कठिन है। यहां आदिवासी और मुस्लिम गठजोड़ काफी परेशानी खड़ी कर सकता है।

राज्यपाल रघुबर दास की बहू पूर्णिमा मैदान में

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास की बहू पूर्णिमा दास जमशेदपूर पूर्वी सीट से मैदान में उतारी गई हैं। ललित दास की पत्नी पूर्णिमा छत्तीसगढ़ की मूल निवासी हैं और ग्रेजुएशन तक उन्होंने पढ़ाई की है। जमशेदपुर में रघुबर दास की सियासी विरासत को लौटाने का जिम्मा पूर्णमा को सौंपा गया है।

निर्मल महतो की बहू सियासी रण में उतरीं

झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले शहीद निर्मल महतो की बहू सविता महतो भी सियासी रण में उतरी हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के सिंबल पर सरायकेला की इचागढ़ सीट से उन्हें मौका दिया गया है। दिलचस्प बात ये है कि  2019 में सविता इस सीट से विजय भी मिली थी। 2014 में पति सुधीर महतो के निधन के बाद सविता ने राजनीति में एंट्री ली। इचागढ़ सीट पर सविता का मुकाबला आजसू उम्मीदवार से है। सबिता महतो ने नौंवी तक की पढ़ाई की हुई है।

भोगता बहू को उतार कर आजमायेंगे किस्मत

हेमंत सोरेन सरकार के मंत्री सत्यानंद भोगता इस बार अपनी बहू को मैदान में उतार कर किस्मत आजमा रहे हैं। उन्होंने 2019 में चतरा (सुरक्षित) सीट से जीतकर विधायकी संभाली थी। लेकिन 2022 में उनकी जाति को केंद्र सरकार ने आदिवासी वर्ग में आरक्षित कर दिया। यही वजह रही कि भोगता और उनके बेटे चतरा सीट से चुनाव लड़ने से वंचित रह गए, लेकिन भोगता ने सियासी हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी बहू रश्मि प्रकाश को यहां से मैदान में उतार दिया है। रश्मि दलित कैटेगरी के अधीन है और इस वजह से चतरा सीट से चुनाव लड़ने योग्य हैं। वह चिराग पासवान के उम्मीदवार जनार्दन पासवान के खिलाफ उतरी हैं।

Page 499 of 1697

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse