टीम एबीएन, रांची। झारखंड में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इसे लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारी में जुटी हुई है। वहीं, इससे पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। झारखंड कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा ने सोमवार को पार्टी छोड़कर भाजपा का हाथ थाम लिया है।
मानस सिन्हा ने हिमंत बिस्वा सरमा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। भाजपा ज्वाइन करने के बाद उन्होंने कहा कि पिछले 27 सालों तक कांग्रेस की सेवा की और अलग-अलग पद भी संभाला, लेकिन पार्टी ने समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं दिया। जिसके बाद मैंने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया। मानस सिन्हा ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
जिसके बाद असम के सीएम और झारखंड चुनाव के सह प्रभारी सरमा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में किसी भी प्रत्याशी को टिकट तीन मानदंडों के आधार पर दिये जाते हैं।
पहला पार्टी को पैसा देना, दूसरा विधायक और किसी मंत्री के परिवार से संबंध होना और तीसरा जो पीएम मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। बता दें कि हाल ही में कुणाल सारंगी ने बीजेपी पार्टी छोड़कर झामुमो का हाथ थामा है। चुनाव के तारीखों की घोषणा के बाद से प्रदेश में दल-बदल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
आपको बता दें कि झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटें हैं। 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में प्रदेश में मतदान होगा। वहीं, 23 नवंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किये जायेंगे। झारखंड में एनडीए और इंडिया एलायंस दोनों ही लगातार चुनावी रैलियों और जनसभाओं को संबोधित करते नजर आ रहे हैं।
भाजपा की पकड़ कोल्हान सीट पर कमजोर मानी जाती है और यहां से ही प्रदेश में सरकार बनाने का काम होता है। कोल्हान के अंदर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले आते हैं। 2019 विधानसभा चुनाव की बात करें तो कोल्हान में झामुमो ने शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं, इस क्षेत्र में भाजपा ने अपने पुराने सभी प्रत्याशियों को बदल दिया है और पार्टी ने 10 सीटों पर नये उम्मीदवार उतारे हैं।
टीम एबीएन, गिरिडीह/ रांची। सोमवार का दिन गिरिडीह जिला के लिए नामांकन का दिन रहा। धनवार विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह पार्टी प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी ने नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। बाबूलाल मरांडी खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष पहुंचे और पर्चा दाखिल किया।
यहां इनके साथ केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले बाबूलाल मरांडी अपने पैतृक गांव कोदाईबांध से निकले और गावां पहुंचे। यहां समर्थकों ने उनका स्वागत किया। यहां मां दुर्गा की आराधना करने के बाद बाबूलाल मरांडी खोरीमहुआ के लिए रवाना हुए।
इनके साथ भारी संख्या में पार्टी नेता और उनके समर्थक नजर आये। बता दें कि धनवार विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रतिष्ठा की सीट है। इस सीट पर बाबूलाल के खिलाफ भाकपा माले के राजकुमार यादव, जेएमएम के निजामुद्दीन अंसारी और निर्दलीय निरंजन राय ने ताल ठोकी है।
टीम एबीएन, रांची। रांची में धनतेरस और दीपावली (29 व 30 अक्तूबर) को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात में बदलाव किया है। इसके तहत अपर बाजार में शहीद चौक से किशोरी यादव चौक तक सभी प्रकार के चारपहिया वाहन, आटो व ई-रिक्शा का दिन के 12:30 से रात 12 बजे तक प्रवेश बंद रहेगा।
दोनों तरफ से उक्त वाहनों के आने-जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगायी गयी है। इसलिए इन इलाकों से आने जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग की तलाश करनी होगी। इस संबंध में ट्रैफिक एसपी कैलाश करमाली ने बताया कि इसके लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गयी है।
टीम एबीएन, रांची। सनातन धर्म का सबसे बड़ा पर्व यानी महापर्व छठ को लेकर शहर तैयारी में जुट गया है। सोमवार को इसे लेकर राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर मंदिर के बगल स्थित जगन्नाथपुर तालाब की साफ-सफाई शुरू कर दी गयी है।
इसे लेकर जिला प्रशासन ने कई सफाई करने वाले वाहनों को लगाया है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल इस तालाब में इतनी गंदगी है कि इसमें छठ करना संभव नहीं था। लेकिन प्रशासन की मुहिम से लोगों में खुशी है।
टीम एबीएन, कोडरमा। विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन कोडरमा में एक अनोखी पहल की गई है। जिला प्रशासन कोडरमा (निर्वाचन शाखा) अंतर्गत स्वीप कोषांग के तहत झुमरी तिलैया स्थित ब्लॉक मैदान पर निर्वाचन थीम पर पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव का तीन दिवसीय मेला का आगाज किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने फीता काट कर पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव का उद्घाटन किया। तत्पश्चात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह पुलिस प्रेक्षक सुधांशु वर्मा, व्यय प्रेक्षक सुरेन्द्र कुमार मीना, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त ऋतुराज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग नीतीश कुमार निशांत व अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव अंतर्गत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, पुलिस प्रेक्षक सुधांशु वर्मा, व्यय प्रेक्षक सुरेन्द्र कुमार मीना, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त ऋतुराज समेत अन्य अतिथियों को पुष्प गुच्छ व शॉल भेंट कर अभिनंदन किया गया।
नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग सह सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग नीतीश कुमार निशांत ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि मतदाता जागरूकता को लेकर कई तरह की गतिविधियों को आयोजित किया जा रहा है ताकि मतदाताओं को नैतिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा सके। स्वीप कार्यक्रम के तहत खेल कूद प्रतियोगिता, मेंहदी/पेंटिंग/लेखन/वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता, साइकिल रैली समेत अन्य गतिविधियों का आयोजन कर मतदाताओं को नैतिक मतदान करने के प्रेरित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि निर्वाचन के थीम पर यह तीन दिवसीय पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव का आयोजन किया गया है। इसमें विभिन्न पब्लिशर और बुक सेलर के द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव के माध्यम से जिले के शत-प्रतिशत मतदाताओं को नैतिक मतदान करने के लिए संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस लोकतंत्र के महा उत्सव में सभी मतदाताओं की सहभागिता है।
अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए 13 नवंबर को अपने अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करें। इस पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव को सफल बनायें। वहीं जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पुस्तक मेला का अधिक से अधिक लाभ उठायें और यहां पर विभिन्न स्टॉलों में विभिन्न प्रकार के पुस्तकें लगायें गये, उनका लाभ उठायें और आगामी 13 नवंबर 2024 दिन बुधवार को अपने मतदान केंद्र में जाकर मतदान करें और एक जिम्मेदार मतदाता का फर्ज निभाएं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चलो चले अब आई है अपनी बारी, हम सबको मिलकर निभानी है अपनी जिम्मेदारी, बेकरी की मिठास, बदलाव का एहसास, एक एक वोट के साथ। दीपोत्सव के साथ मतोत्सव मनायें ताकि 13 नवंबर को कोडरमा विधानसभा के लिए होने वाले मतदान में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि 13 नवंबर को कोडरमा विधानसभा के लिए 429 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें, ज्यादा से ज्यादा लोग दीपावली और छठ महापर्व के साथ लोकतंत्र के महापर्व को भी उत्सव के रूप में मनाए।
पुलिस प्रेक्षक सुधांशु वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव का आयोजन करना जिला प्रशासन कोडरमा की अच्छी पहल है। अभी चारों तरह चुनाव का माहौल है, इस चुनावी माहौल में 13 नवंबर 2024 को अपने 19 कोडरमा विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदान अवश्य करें।
पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव में प्रेस गैलरी, हेल्प डेस्क, अर्ट एंड क्राफ्ट गैलरी, अनुज्ञा बुक्स, झारखंड झरोखा, प्रिय साहित्य भवन, यश प्रकाशन, समय प्रकाशन, उड़ान पब्लिकेशन, शर्मा बुक सेंटर वाणी प्रकाशन, जय मां बुक सेंटर, बेकरी की मिठास बदलाव का एहसास वोट के साथ बुमेन फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड जयनगर, जेएसएलपीएस समेत अन्य स्टॉल लगायें गये हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, पुलिस प्रेक्षक सुधांशु वर्मा, व्यय प्रेक्षक सुरेन्द्र कुमार मीना, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त ऋतुराज द्वारा स्टॉल का निरीक्षण किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, पुलिस प्रेक्षक सुधांशु वर्मा, व्यय प्रेक्षक सुरेन्द्र कुमार मीना, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त ऋतुराज द्वारा 13 नवंबर 2024 को वोट करेगा कोडरमा का गुब्बारा उड़ाया गया और सभी जिलेवासियों से मतदान करने की अपील की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, पुलिस प्रेक्षक सुधांशु वर्मा, व्यय प्रेक्षक सुरेन्द्र कुमार मीना, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त ऋतुराज व अन्य पदाधिकारियों और कर्मी ने 19 कोडरमा विधानसभा क्षेत्र के लिए हस्ताक्षर बोर्ड पर हस्ताक्षर कर और सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर नैतिक मतदान करने का संदेश दिया।
पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव में लेखक सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लेखक शामिल हुए और लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व पर चर्चा हुई। क्रिएटिव राइटिंग व पेंटिंग प्रतियोगिता विभिन्न विद्यालयों के बच्चे शामिल हुए।
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश पुरेंदु, जिला शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम, जिला सहकारिता पदाधिकारी रूमा झा, जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
टीम एबीएन, कोडरमा। रविवार को निर्दलीय प्रत्याशी और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने कोडरमा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनसम्पर्क अभियान चलाया। मरकच्चो और डोमचांच प्रखंड के दुधपनिया, बच्छेडीह, भीमेडीह, कुशमई, ताराटांड़, पसियाडीह, पूरनानगर, जमडिहा, धोबियाडीह सहित कई गांवों का दौरा करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
शालिनी गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि क्षेत्र के हर व्यक्ति के सुख-दुख में साथ देना है।
जनसम्पर्क के दौरान शालिनी गुप्ता ने कहा कि उनके एजेंडे में कोडरमा के हर वर्ग के लोगों को उनके अधिकार दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देने का वादा करते हुए कोडरमा के ढिबरा और पत्थर उद्योग को पुनर्जीवित करने की बात कही। उन्होंने कहा, यह उद्योग कोडरमा की पहचान रहा है, और इसे पुनः खड़ा करना मेरी प्राथमिकता है। इससे स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नये अवसर खुलेंगे।
शालिनी गुप्ता ने विशेष रूप से महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि वे चाहती हैं कि हर महिला आर्थिक रूप से सशक्त हो और अपने परिवार का सहारा बने। इसके साथ ही, शालिनी गुप्ता ने बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करने के लिए बरियारडीह में एक बड़े कारखाने की स्थापना का वादा किया। उनका मानना है कि इस कारखाने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा।
जनसम्पर्क के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुधार पर भी जोर दिया। शालिनी गुप्ता ने कहा कि सड़कों का निर्माण कराया जायेगा और शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जायेगा। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए उन्होंने सदर अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर और आईसीयू की स्थापना का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे गंभीर चिकित्सा स्थितियों में लोगों को बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शालिनी गुप्ता के इस अभियान में ग्रामीणों का बड़ा समर्थन मिला और सैकड़ों लोगों ने उनकी बातों को ध्यान से सुना। ग्रामीणों ने उनके विचारों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
टीम एबीएन, रांची। सुदेश महतो की पार्टी आजसू ने भी अपने तीसरे उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने डुमरी विधानसभा क्षेत्र से यशोदा देवी को टिकट दिया है, जो झारखंड आंदोलनकारी नेता दिवंगत दामोदर महतो की पत्नी हैं।
यहां इनका मुकाबला झामुमो उम्मीदवार बेबी देवी और जेएलकेएम के युवा नेता जयराम महतो से होगा। एनडीए गठबंधन में सीट शेयरिंग में आजसू को 10 सीटें मिली हैं, जिसमें गिरिडीह जिले की डुमरी सीट आजसू पार्टी के पाले में आयी है।
इस सीट पर आजसू पार्टी के तीन नेता दुर्योधन महतो, यशोदा देवी और बैजनाथ महतो ने अपनी दावेदारी पेश की थी, लेकिन पार्टी ने इन तीनों में से यशोदी देवी को मैदान में उतारा है। इसके पहले पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। जिसमें 10 सीटों में से आठ उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गयी थी।
इस लिस्ट में सिल्ली से सुदेश महतो, रामगढ़ से सुनीता चौधरी, लोहरदगा से नीरू शांति भगत, जुगसलाई से रामचंद्र सहिस, मांडू से निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, ईचागढ़ से हरेलाल महतो और पाकुड़ विधानसभा सीट से अजहर इस्लाम को टिकट दिया गया।
टीम एबीएन, जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी सीट झारखंड की सबसे महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है क्योंकि पिछली बार यहां से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चुनाव लड़ा था। इस बार रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास साहू को बीजेपी ने यहां से टिकट दिया है।
वैसे 2005,2009 और 2014 के चुनाव में रघुवर दास ने यहां विरोधियों के पांव को कभी टिकने नहीं दिया था, लेकिन 2029 के चुनाव में निर्दलीय कैंडिडेट सरयू राय ने बड़ी मार्जिन से रघुवर दास को हरा दिया था। इस बार बीजेपी ने जमशेदपुर पूर्व सीट से पूर्णिमा दास साहू को चुनावी मैदान में उतारा है तो सरयू राय जमशेदपुर पश्चिमी से जेडीयू कैंडिडेट के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं 2019 के चुनाव में जमशेदपुर पूर्व में निर्दलीय कैंडिडेट सरयू राय ने सबको चौंका दिया था। सरयू राय ने राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को चारों खाने चित कर दिया था। सरयू राय 73 हजार नौ सौ 45 वोट लाकर पहले स्थान पर रहे थे।
वहीं बीजेपी कैंडिडेट रघुवर दास 58 हजार एक सौ 12 वोट ही लाने में सफल रहे थे तो कांग्रेस कैंडिडेट गौरव बल्लभ 18 हजार नौ सौ 76 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। वहीं 2014 के विधानसभा चुनाव के नतीजे पर गौर करें तो जमशेदपुर पूर्व सीट से रघुवर दास ने बंपर वोट हासिल किया था। रघुबर दास ने काफी बड़ी मार्जिन से कांग्रेस कैंडिडेट पर जीत दर्ज की थी।
रघुवर दास ने 1 लाख तीन हजार चार सौ 27 वोट हासिल किया था जबकि कांग्रेस कैंडिडेट आनंद बिहारी दुबे महज 33 हजार दो सौ 70 वोट ही हासिल कर पाये थे। इस तरह से रघुवर दास ने 70 हजार एक सौ 57 वोटों के रिकॉर्ड मार्जिन से कांग्रेस कैंडिडेट को हरा दिया था। वहीं झारखंड विकास मोर्चा के अभय सिंह 20 हजार आठ सौ 15 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse