झारखंड

View All
Published / 2024-11-02 21:13:02
2019 में 42 और 2024 में 49, हेमंत पर कार्रवाई करे चुनाव आयोग : संजय सेठ

हेमंत सोरेन ने चुनाव आयोग से फर्जीवाड़ा किया, तत्काल कार्रवाई हो : संजय सेठ

टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्र में फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि 2019 में सोरेन ने चुनाव आयोग के समक्ष दाखिल हलफनामे में अपनी उम्र 42 वर्ष बतायी थी और पांच साल बाद 2024 में उन्होंने खुद को 49 वर्ष का बताया है। यह सीधे तौर पर चुनाव आयोग के साथ फ्रॉड है।

रांची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि इंडी गठबंधन के अंदर आंखों में धूल झोंकने वाले एक से बढ़कर एक जादूगर मौजूद हैं। एक जादूगर वह हैं, जो कभी आलू से सोना बनाने का दावा करते हैं तो कभी जलेबी की फैक्ट्री लगाने की बात करते हैं। दूसरे जादूगर झारखंड में हैं, जो अपनी उम्र पांच साल में सात साल बढ़ा लेते हैं। यह तो सरासर ठगी है।

उन्होंने कहा कि हर किसी को ठगना सोरेन जैसे नेताओं की आदत है। इन्होंने राज्य के युवाओं को पांच लाख नौकरी देने, महिलाओं को चूल्हा खर्च के नाम पर हर महीने दो हजार देने, लड़कियों की शादी में सोने का सिक्का देने की बात कर जनता को ठगा है। सोरेन ने अपने पिता शिबू सोरेन की कसम खाकर कहा था कि अगर पांच लाख युवाओं को नौकरी नहीं दी तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उनसे पूछना चाहिए कि उन कसमों-वादों का क्या हुआ?

संजय सेठ ने दावा किया कि इस चुनाव में राज्य की जनता पीएम मोदी की विकास यात्रा और उनके संकल्पों पर भरोसा कर राज्य में एनडीए की सरकार बनायेगी। पूरे राज्य में भाजपा के प्रति जन-जन में गजब का उत्साह दिख रहा है। राज्य की मौजूदा झूठी-फरेबी सरकार का काउंटडाउन शुरू हो गया है।

इन्हें समझ में आ गया है कि इनकी सत्ता जाने वाली है और फ्रस्ट्रेशन में इनके लोग राज्य के व्यापारियों से लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं तक को धमकाने में जुटे हैं। भाजपा के नेता-कार्यकर्ता इससे घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह रांची के सांसद होने की हैसियत से यह दावा कर रहे हैं, इस संसदीय सीट की सभी छह सीटों पर एनडीए जीत दर्ज करेगी।

Published / 2024-11-02 21:11:35
तीन लाख के इनामी माओवादी सीताराम रजवार की जेल में मौत

51 से अधिक हमले का था आरोपी

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। 13 लाख के इनामी माओवादी कमांडर सीताराम रजवार की पलामू सेंट्रल जेल में मौत हो गयी है। सीताराम रजवार पर झारखंड में 10 और बिहार में 03 लाख का इनाम रह चुका है। पलामू पुलिस ने अगस्त महीने में सीताराम रजवार को गिरफ्तार किया था। 

पलामू सेंट्रल जेल में अचानक उसकी तबीयत खराब हुई थी और इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पलामू सेंट्रल जेल के जेलर प्रमोद कुमार ने बताया कि सीताराम रजवार की मौत हो गयी है, उसकी तबीयत खराब हुई थी। उल्टी होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 

सीताराम रजवार बिहार के औरंगाबाद के एनटीपीसी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। जेल प्रबंधन की तरफ से परिवार को सूचना दी गयी, दंडाधिकारी की मौजूदगी में उसके शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। अगस्त के पहले सप्ताह में पुलिस ने एंटी नक्सल अभियान के दौरान उसे गिरफ्तार किया था। सीताराम रजवार तीन दशक तक भाकपा माओवादी में सक्रिय था। 

सीताराम रजवार पर झारखंड बिहार में 51 से अधिक नक्सली हमले को अंजाम देने का आरोप था। 2021-22 में बिहार के औरंगाबाद में माओवादियों ने जन अदालत लगाकर एक ही परिवार के दो महिला और पुरुष की हत्या कर डाली थी। 2006-07 बिहार के औरंगाबाद के माली थाना में माओवादियों ने हमला किया था। इस हमले में छह पुलिस जवान शहीद हुए थे। इस दौरान माओवादियों ने थाना से सभी हथियार को लूट लिया था।

Published / 2024-11-02 21:05:27
नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता बोले- मनमानी टिकट बांटे हैं, तो 25 सीट हमलोग कहां से जीतेंगे...

झारखंड कांग्रेस की संवाद बैठक में टिकट बंटवारे को लेकर बवाल 

संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल नाराज होकर निकले बाहर 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को रांची के डिबडीह सेलिब्रेशन हॉल में पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इसमें कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, सीनियर आॅब्जर्वर सांसद गौरव गोगोई, सांसद सुखदेव भगत सहित कई नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

बैठक के दौरान केसी वेणुगोपाल ने 25 सीट जीतने का प्रदेश कांग्रेस को लक्ष्य दिया। साथ ही उन्होंने नेताओं को गठबंधन मजबूत करने के लिए टास्क भी दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, टिकट कटने से नाराज कई नेताओं ने उनके सामने नाराजगी जतायी। बैठक में टिकट बंटवारे में भेदभाव का आरोप लगाते हुए हंगामा किया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रत्याशियों को टिकट देने में पार्टी ने मनमानी की है। अब 25 सीट हमलोग कैसे जिता सकेंगे।

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार इधर सभी नेता एक-एक कर अपने संबोधन कर रहे थे, लेकिन जैसे ही प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर संबोधन करने पहुंचे तो सामने बैठे नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। बात यहीं नहीं रुकी। जब पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर मंच पर पहुंचे तो उन्हें बोलने नहीं दिया गया और हुटिंग शुरू हो गयी। 

इसके बाद केसी वेणुगोपाल जब संबोधन के लिए खड़े हुए तो फिर से पार्टी कार्यकर्ताओं ने बात नहीं सुनने को लेकर नाराजगी व्यक्त की। जिसके बाद के सी वेणुगोपाल ने संक्षिप्त संबोधन कर नाराज होकर बाहर निकल गये। यहां तक कि प्रेस कॉन्फ्रेंस होना था, लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस भी नहीं हुआ और संगठन महासचिव निकल गये।

वहीं बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि यह जो चुनाव संबंधित जो कमेटी बनी हुई, जिसमें कंप्लेंट कमेटी, मेनिफेस्टो कमेटी, सोशल मीडिया कमेटी होती है और कोआर्डिनेशन वगैरा के लिए जो कमेटी होती है, उन सभी कमेटी की समीक्षा के लिए हमारी बैठक थी। इसके अलावा 2 घंटे अलग से झारखंड के चुनाव के बारे में सारी चीजों पर चर्चा हुई। साथ ही कमेटी मेंबर के साथ संवाद कार्यक्रम हुआ जिसमें सभी ने अपनी अपनी बात रखी। उसके बाद वेणु गोपाल ने सभी को संबोधित किया।

संवाद कार्यक्रम के हंगामेदार होने को लेकर पूछे गये सवाल पर कहा कि एक आदमी था हालांकि उसे बुलाया नहीं गया। वह कार्य करता था, इमोशनल था अपनी बात रखी। समझ में ही नहीं आया कि वह क्या कह रहा था। साथ ही गुलाम अहमद मीर ने कहा कि संगठन प्रभारी ने सभी को मुस्तैद होकर चुनाव में एक जड़ता से लग जाने के कहा। इस चुनाव को जीतने के लिए सारे दिशा निर्देश संगठन प्रभारी ने दिये।

Published / 2024-11-02 21:04:05
सरकार की प्राथमिकता ही मेरी प्राथमिकता : अलका तिवारी

अलका तिवारी ने मुख्य सचिव का लिया पदभार

टीम एबीएन, रांची। 1988 बैच की आईएएस अलका तिवारी ने झारखंड के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मॉडल कोड आफ कंडक्ट लागू है, इसलिए पद पर रहकर प्राथमिकता बताना उचित नहीं है। 

जैसे ही सरकार का गठन हो जाता है और सरकार के अनुकूल जनहित में काम करना ही उनकी प्राथमिकता होगी। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे ही राज्य में नयी सरकार का गठन हो जायेगा, वह सरकार की योजनाओं पर प्राथमिकता के अनुसार काम करेंगी।

Published / 2024-11-02 12:18:23
रांची और जमशेदपुर में भूकंप के झटके, 5 सेकंड तक कांपी धरती

टीम एबीएन, रांची।झारखंड के कई हिस्सों में आज सुबह करीब 9.23 पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। लगभग 5 सेकेंड तक आवाज के साथ झटके महसूस किए गए। रेक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 मापी गई है। बताया जा रहा है कि भूकंप का केन्द्र बिंदु सरायकेला से 13 किमी दूर जमशेदपुर रांची और राउरकेला के बीच में था।
जमशेदपुर के कुछ इलाकों में भूकंप का झटकेमहसूस किएगए। वहीं रांची के तमाड़ में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।भूकंप के झटकों से डरकर लोग घरों से बाहर आ गए। इसके बाद से ही डर का माहौल बना हुआ है। फिलहाल किसी तरह के कोई नुकसान की खबर नहीं है।

Published / 2024-11-01 19:57:34
हेमन्त ने मंईयां सम्मान योजना के लिए बंद कर दी विधवा पेंशन : बाबूलाल

  • मंईयां सम्मान योजना के लिए विधवा पेंशन को किया बंद
  • बाबूलाल मरांडी ने लगाये हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप

टीम एबीएन, रांची। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स के जरिए एक बार फिर हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि हेमंत सोरेन सरकार ने मंईयां सम्मान योजना की राशि देने के लिए विधवा पेंशन को बंद कर दिया है, जिससे उनकी असली सोच उजागर हो गयी है।

बाबूलाल मरांडी ने आगे लिखा एक ओर हेमंत महिला सशक्तीकरण का दंभ भर रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर उन्होंने विधवा महिलाओं का पेंशन बंद कर उन्हें बेसहारा कर दिया है। 

हेमंत अपनी नाकामियों को छुपाने और महिलाओं को दिग्भ्रमित करने के लिए चुनाव से ठीक पहले विधवा महिलाओं का पेंशन बंद कर मंईयां योजना शुरू की है। माताएं बहनें हेमंत जी की हकीकत जान चुकी हैं, इसलिए हेमंत सरकार चुनाव के समय महिला हितैषी बनने का ढोंग रच रही है।

साथ ही झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि माताओं बहनों को भलीभांति पता है कि नारी सशक्तीकरण का कार्य सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में माताओं बहनों को आत्मनिर्भर बनाने की ऐसी योजनाएं पहले से ही क्रियान्वित हैं।

मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना, छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना, महाराष्ट्र में लाडली बहन योजना, ओडिशा में सुभद्रा योजना के माध्यम से माताओं बहनों को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि झारखंड में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के साथ ही माताओं बहनों को स्वावलंबी बनाने के लिए गोगो दीदी योजना के तहत के बैंक खाते में हर महीने की 11 तारीख को 2,100 रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जायेगी।

Published / 2024-11-01 19:53:00
अजब-गजब : डीएवी गांधीनगर के बच्चों ने दीया से बनाया कबड्डी कोर्ट

टीम एबीएन, रांची। डीएवी गांधीनगर में विद्यालय के खिलाड़ियों ने विद्यालय में दीपोत्सव में दीया के माध्यम से कबड्डी कोर्ट का निर्माण किया जो अत्यन्त ही मनमोहक रहा।

विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने इस मनमोहक दृश्य को यूनिटी का प्रतीक माना और दीपक के माध्यम से कबड्डी कोर्ट का निर्माण खिलाड़ियों की समर्पण की भावना को दर्शाता है। 

इस अवसर पर विद्यालय के खेल प्रशिक्षक गोविंद झा, कौशल कुमार, जी नवीन के माध्यम से बच्चों ने मनमोहक दृश्य बनाया।

Published / 2024-11-01 19:46:07
सिल्ली विस क्षेत्र में देवेंद्रनाथ महतो ने बनायी पोलिंग मैनेजमेंट की रणनीति

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली। राज्य का माहौल त्योहारों के साथ चुनावी रंग में रंग चुका है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा भी अपने चुनावी रेस में है। सिल्ली विधानसभा क्षेत्र इस चुनाव में काफी होट चुनावी क्षेत्र बन गया है। 

एनडीए और इंडिया एलाइंस के प्रत्याशी के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो के उतरने से रोमांचित मुकाबला हो गया है। प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो ने अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों का प्रखंड स्तरीय बैठक संपन्न किया।

सोनाहातु प्रखंड में राधा रानी मैदान बांकु, सिल्ली प्रखंड का बैठक सिंहपुर मुरी एवं राहे प्रखंड का बैठक शिवटांगरा मैदान में सम्पन्न किया गया। बैठक में दीपावली, सोहराय, बरदखुंटा की शुभकामना सहित मुख्य रूप से पोलिंग बूथ मैनेजमेंट पर गहन चर्चा की गयी।

सभी पोलिंग स्टेशन का प्रभारी और सह प्रभारी का चयन किया गया। चुनावी रणनीति बात किया गया। बताते चलें कि कृष्णा महतो का विधानसभा स्तरीय प्रभारी और सह प्रभारी में काम जीत सिंह मुंडा एवं संयोजक में ठाकुर दास मुंडा को चयन किया गया। घर घर अपने चुनाव चिन्ह कैंची छाप का संदेश प्रसारित करने को कहा गया।

Page 494 of 1697

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse