झारखंड

View All
Published / 2024-11-19 20:58:11
गरीबों के मसीहा राजद नेता राजेश यादव का निधन

राजद नेता राजेश यादव का निधन, पार्टी और समर्थकों में शोक की लहर

टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व विधायक भोला यादव ने राष्ट्रीय जनता दल झारखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। पूर्व विधायक भोला यादव ने कहा कि यादव लगातार गरीबों, दलितों एवं शोषितों के उत्थान के लिए कार्य करते रहे हैं। 

वे लगातार झारखंड राजद के विस्तार के लिए कार्य करते रहे। वे मृदुभाषी, हाजिर जवाबी और मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से हम लोगों ने एक सच्चा समाजसेवी खो दिया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके आत्मा को ईश्वर चिर शांति प्रदान करें एवं उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

राजेश यादव के आकस्मिक निधन पर प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव, झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पर्व अध्यक्ष गौतम सागर राणा, संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश पासवान, सुभाष प्रसाद यादव, मुख्य प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, आबिद अली, प्रणव कुमार बबलू सहित अन्य नेताओं ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक अच्छा नेता खो दिया जो अत्यंत दुखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को और चाहने वालों को दुख सहने की शक्ति दें।

Published / 2024-11-19 18:19:03
रांची को कराची बनने से बचायें : गिरिराज सिंह

गिरिराज सिंह ने झारखंड के वोटरों से की अपील, कहा- जनता ध्यान रखे, रांची को कराची न बनने दें

टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को झारखंड के लोगों को एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग जब मतदान करने जायें, तो इस बात का विशेष ध्यान रहे कि उन्हें रांची को किसी भी कीमत पर कराची नहीं बनने देना है। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं झारखंड के मतदाताओं से निवेदन करूंगा, जब आप मतदान करने जायें, तो यह जरूर सोचे कि दुमका डिवीजन में लगातार हिंदुओं की आबादी घट रही है। रोहिंग्या मुस्लिम लगातार आदिवासियों की बेटियों से शादी कर रहे हैं। 

यह लोग बेटी, माटी और रोटी तीनों छीन रहे हैं। उन्होंने कहा, दुमका, साहिबगंज, देवघर या पलामू हो। अगर आप जिलेवार पूरी स्थिति को समझने का प्रयास करेंगे, तो आपको खुद ब खुद पूरी स्थिति के बारे में पता चल जायेगा। लिहाजा, जब आप लोग वोट देने जायें, तो मेहरबानी करके इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आपको रांची को कराची और दुमका को बांग्लादेश नहीं बनने देना है।

इसलिए मैं जनता के बीच जाकर लगातार इस बात पर जोर दे रहा हूं कि एक रहोगे तो सेफ रहोगे, जबकि बंटोगे तो कटोगे। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को सिर्फ अपने वोट के लिए इस्तेमाल किया है। इन्हें आदिवासियों के हितों से कोई लेना देना नहीं है। आदिवासियों के हित के बारे में अगर कोई पार्टी सही मायने में सोचती है, तो वो कोई और नहीं, वो सिर्फ भाजपा ही है।

Published / 2024-11-19 18:11:43
झारखंड चुनाव : दुमका में निष्पक्ष वोटिंग की तैयारी में जुटा प्रशासन

  • कल झारखंड विधानसभा के अंतिम चरण का मतदान, दुमका में निष्पक्ष वोटिंग सम्पन्न कराने को लेकर प्रशासन तैयार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका/ रांची। कल यानी बुधवार को झारखंड में दूसरे और आखिरी चरण के चुनाव है। दुमका जिले में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। दुमका के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आंजनेयुलु दोड्डे और पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खरवार ने संयुक्त रूप से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से की गयी आवश्यक तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अपने अपने मतदान केंद्रों पर 20 नवम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदाता मतदान कर सकेंगे। जबकि नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के 10 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक ही मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। 

पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अपने अपने मतदान केन्द्रों पर निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी आवश्यक व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि चुनाव की घोषणा के बाद एमसीसी उल्लंघन से संबंधित एक भी मामला संज्ञान में नहीं आया है। 

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव के तिथि की घोषणा के बाद आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के मद्देनजर 131 वारंट निष्पादित किये गये। इसमें 66 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। जबकि 65 वारंटियों ने पुलिस के दबाव में न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। वहीं, एक देसी कट्टा बरामद किया गया। 

खरवार ने बताया कि जिले में 12 प्राथमिकी दर्ज की गयी तथा 806 लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126 के तहत कार्रवाई की गयी तथा 387 लोगों से चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के बांड दाखिल करने की कार्रवाई की गयी। उन्होंने बताया कि इस दौरान 15 लाख 13 हजार रुपये नकद राशि जब्त किये गये। उन्होंने बताया कि 272119 लीटर शराब जब्त किये गये।

Published / 2024-11-18 20:18:24
झारखंड-राजस्थान की कला में फ्यूजन का तड़का

एबीएन सेंट्रल डेस्क (नई दिल्ली)। दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे ट्रेड फेयर के झारखंड पवेलियन में लगी एक स्टॉल पर जमशेदपुर के एक युवा ने झारखंड और राजस्थान में फ्यूजन का तड़का लगा कर एक स्टार्टअप शुरू किया है। इस फ्यूजन में इस युवा ने झारखंड के पारंपरिक आभूषणों को नये अंदाज में ट्रेंडी बना दिया है नए जामने के ये आभूषण मेले में लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। 

सिल्क की साडी पर कलाकारी को देखने के बाद दोस्तों ने उन्हें ऐसे आभूषण बनाने के लिए प्रेरित कियो खास बात यह है की वह पोषक के रंग से मेल खाते हुए रंग व जूलरी आन आर्डर डिमांड भी बना रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन में जमशेदपुर के धीरज जैन राजस्थान की कला को झारखंड की ज्वेलरी पर उकेर रहे हैं। उन्होंने दोनों राज्यों की कला का फ्यूजन कर दिया है। 

वर्तमान में मानवाधिकार में स्नाकोत्तर की पढाई कर रहे धीरज जैन ने 2016 में यह स्टार्टअप शुरू किया था। छोटे स्तर पर शुरुआत करने के बाद अब उन्हें बड़े आर्डर अन्य शहरों से मिलने लगे हैं। धीरज बताते हैं कि डिजाइनिंग से ले कर ज्वेलरी को जोड़ने का काम वो खुद करते हैं। सीप पर पेंटिंग मोती स्टोन का प्रयोग करते हुए वह एक पीस चार घंटे में बनाते हैं। 

कुछ कामों में उनकी मां सहयोग करती हैं। इस छोटे स्टार्टअप की शुरूआत अब  बिजनेस का रूप लेने लगा है। वह बताते हैं कि डिजाइनिंग में रूचि थी। इसलिए एक बार सिल्क की साडी में कुछ स्टोन के साथ डिजाइनिंग की वह साडी काफी आकर्षक बनी उसके बाद दोस्तों के कहने पर ज्वेलरी की डिजाइनिंग शुरू की वह ज्वेलरी पर राजस्थान की कला की पेंटिंग करते हैं। अपनी कला के जरिये वह कण के बूंदें, गले का हार, अंगूठी, ब्रेसलेट तैयार करते हैं।

Published / 2024-11-17 20:09:18
झारखंड पवेलियन में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग झारखंड का स्टाल दिखा रहा प्रदेश के समृद्धि की झलक

  • झारखंड पवेलियन में लोगों को लुभा रहा है शुद्ध प्राकृतिक शहद
  • जामुन का सिरका और महुआ का लड्डू और अचार     

एबीएन सेंट्रल डेस्क (नई दिल्ली)। दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला के झारखण्ड पवेलियन में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की स्टॉल पर लोग जानकारी के साथ साथ प्राकृतिक शहद, जामुन का सिरका, जामुन की गुठलियों का पावडर, महुए का लड्डू खूब पसंद कर रहे हैं। 

वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग झारखण्ड के नोडल अधिकारी गोरख नाथ यादव के अनुसार झारखंड की भूमि पर 31.8% वन पाये जाते हैं। हमारे वनों में सबसे ज्यादा अधिकता शाल वृक्ष की है। इसके अलावा गमहार, शीशम, सागवान आदि के पेड़ भी पाये जाते हैं। जिनकी लकड़ियों का उपयोग व्यावसायिक और घरेलू सामानों के लिए किया जाता है। 

सौंदर्यीकरण के लिए हमारे पास गुलमोहर, जकरंदा, प्लेटोफार्म, अमलतास जैसे पेड़ हैं। बांस की बहुतायत भी ग्रामीणों और व्यवसायियों के लिए आमदनी का श्रोत है। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग वनों के संरक्षण के लिए कई परियोजनाओं पर काम करती है, जिसमें मुख्यमंत्री जन वन योजना अहम है। 

संरक्षण के लिए विभाग ग्रामीणों को साथ ले कर समिति बना देती है, जिनकी सहायता से वनों की सुरक्षा निश्चित हो पाती है। जिसके फलस्वरूप हमारा पर्यावरण भी संतुलित रहता है। साथ ही इन्हीं समितियों द्वारा वनों में पाये जाने वाले उत्पादों का प्रसंस्करण कर उसकी बिक्री की जाती है। 

इस वर्ष पवेलियन की स्टाल पर हनी बी विलेज डेवलेपमेंट समिति, राज महल आदि के उत्पादों की बिक्री की जा रही है। हमारे प्रदेश की शहद प्राकृतिक होती है उसके अलावा विशेष शहद जैसे लीची, करंज, वन तुलसी, वाइल्ड हनी आदि प्रमुख है। साथ ही आचारों की बात करे तो मशरूम का अचार, महुए का अचार, कटहल का अचार, जामुन का सिरका, महुए का लड्डू, सीसत के रेशों के उत्पाद प्रमुख हैं।

उनके अनुसार झारखंड के वनों से आॅर्गैनिक काजू, शहद, लाह जैसी बहुमूल्य चीजें प्राप्त होती है। वहीं जड़ी बूटी की बात करें तो शतावर, गोखरू, कालमेघ, नीम, अनंतमूल, अर्जुन, ब्राह्मी, शंखपुष्पी, बाकस वासा, हड़जोड़, कचनार, भृंगराज आदि झारखंड और देश के दूसरे कोनों की मांग भी पूरी करते हैं। हमारा विभाग वन्य जीवों के संरक्षण के लिए भी काफी कार्य करता है।

झारखंड राज्य  में 1 व्याघ्र आरक्ष्य, 1 गज आरक्ष्य, 1 राष्ट्रीय उद्यान, 11 वन्य प्राणी आश्रयणी, 1 जैविक उद्यान, 1 मृग विहार 1 मगर प्रजनन केंद्र,  व्याघ्र आरक्ष्य पलामू बेतला,  गज आरक्ष्य सिंहभूम दलमा, बेतला राष्ट्रीय उद्यान एवं 11 वन्य प्राणी आश्रयणी यथा हजारीबाग वन्यप्राणी आश्रयणी, कोडरमा वन्यप्राणी आश्रयणी, गौतम बुद्ध वन्यप्राणी आश्रयणी, पालकोट वन्यप्राणी आश्रयणी, महुआडांड़ भेड़िया आश्रयणी, पलामू वन्यप्राणी आश्रयणी, तोपचांची वन्यप्राणी आश्रयणी, लावालौंग वन्यप्राणी आश्रयणी, महुआडांड वन्यप्राणी आश्रयणी, उधवा पक्षी आश्रयणी एवं दलमा वन्य प्राणियों का इन-सीटू संरक्षण किया है। 

जबकि मूटा मगर प्रजनन केंद्र रांची, बिरसा मृग विहार कालामाटी रांची तथा भगवान बिरसा जैविक उद्यान ओरमांझी रांची में वन्य प्राणियों का एक्स-सीटू संरक्षण किया जाता है। झारखंड मंडप में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग इन सभी जानकारियों को साझा कर रही हैे। आज झारखंड पवेलियन में झारखंड के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आई टी डी ए लातेहार प्रवीण गगरे ने पवेलियन का अवलोकन किया।

Published / 2024-11-17 20:04:02
रांची : सिविल कोर्ट के अधिवक्ता को पितृशोक

 टीम एबीएन, रांची। रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता, अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ के प्रधान महासचिव एवं झारखंड अधिवक्ता कल्याण समिति के सचिव भरत चन्द्र महतो के पिता नंद लाल महतो (81) का आज अपने पैतृक आवास सिल्ली प्रखंड के लोदमू गांव में निधन हो गया। 

वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। श्री महतो अपने पीछे धर्म पत्नी, दो पुत्र एवं एक पुत्री का भरा पूरा परिवार छोड़ गये। उनका अंतिम संस्कार कल पूर्वाह्न 9 बजे लोदमू स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर किया जायेगा। 

उनके निधन पर अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, उपाध्यक्ष अजहर अहमद खान, रेखा वर्मा, निरंजन राम, मीडिया प्रभारी मृत्युंजय प्रसाद,अधिवक्ता कल्याण समिति के अध्यक्ष पीडी सिंह, राजेश मंडल, विजय कोइरी, मेघा नैया आदि ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है।

Published / 2024-11-17 14:12:41
जब नमाज के लिए छुट्टी मिलती है, तो हनुमान चालीसा के लिए भी छुट्टी मिले : हिमंता बिश्वा शर्मा

  • नमाज पढ़ने के लिए छुट्टी मिल सकती है तो हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए क्यों नहीं, झारखंड में गरजे CM हिमंत सरमा

टीम एबीएन, रांची। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ एक बड़ा बयान दिया है, जिसमें उन्होंने शुक्रवार को स्कूलों की छुट्टी और मंगलवार को छुट्टी के मुद्दे पर सवाल उठाया। उनका कहना था कि अगर उनके लिए (मुस्लिम समुदाय) शुक्रवार को स्कूलों की छुट्टी दी जा सकती है तो हिन्दू समुदाय के लिए मंगलवार को छुट्टी क्यों नहीं हो सकती?

स्कूलों में शुक्रवार की छुट्टी पर विवाद

असम के मुख्यमंत्री ने कहा, स्कूल कब बंद होते हैं, रविवार को या शुक्रवार को? मैं हेमंत सोरेन से पूछना चाहता हूं कि अगर आप मुस्लिम समुदाय के लिए शुक्रवार को छुट्टी दे सकते हैं तो हमारे बच्चों के लिए भी मंगलवार को स्कूल बंद क्यों नहीं कर सकते? उन्होंने इस बयान को झारखंड में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिया।

संविधान और सांप्रदायिकता पर CM सरमा का बयान

हिमंत बिस्वा सरमा ने आगे कहा, हम हिन्दू साम्प्रदायिक नहीं हैं। जब संविधान बन रहा था, तो संविधान सभा में सभी लोग हिन्दू थे। हम चाहते तो कह सकते थे कि देश में छुट्टी मंगलवार को होनी चाहिए, लेकिन हमनें वृहद दृष्टिकोण दिखाया और रविवार को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया। अब अगर झारखंड में शुक्रवार को छुट्टी हो सकती है, तो हम भी मंगलवार को छुट्टी की मांग कर सकते हैं।

CM सरमा ने एक्स पर किया ट्वीट

अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर उन्होंने लिखा कि मैं झामुमो और कांग्रेस सरकार से पूछना चाहता हूं - अगर नमाज पढ़ने के लिए छुट्टियां मिल सकती हैं, तो हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए छुट्टी क्यों नहीं मिलती? इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक और सांप्रदायिक मुद्दे को उठाया और अपने बयान को मजबूती दी।

झारखंड और बिहार में शुक्रवार की छुट्टी पर विवाद

यह विवाद नया नहीं है। इससे पहले भी झारखंड और बिहार में शुक्रवार को स्कूलों की छुट्टी को लेकर विवाद उठ चुका है। पिछली बार झारखंड के जामताड़ा और दुमका जिलों के 33 स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी का मामला सामने आया था। इसके बाद, बिहार के किशनगंज में भी 37 स्कूलों में यही स्थिति देखी गयी थी।

बिहार शिक्षा मंत्री ने की थी जांच की घोषणा

जैसे ही ये मामले तूल पकड़ने लगे, बिहार शिक्षा विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने जांच के आदेश दिए थे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी थी और इस मुद्दे की जांच शुरू की थी।

क्या है असम CM का उद्देश्य?

हिमंत बिस्वा सरमा का बयान न केवल शुक्रवार की छुट्टी के मुद्दे पर सवाल उठाता है, बल्कि यह सांप्रदायिक मुद्दों को भी छेड़ता है। उन्होंने हनुमान चालीसा और नमाज पढ़ने के संदर्भ में अपनी बात रखी और सरकारों से यह सवाल पूछा कि क्या एक समुदाय को विशेष अधिकार मिल सकते हैं, जबकि दूसरे समुदाय के लिए कोई विशेष सुविधा नहीं है।

असम सीएम का बयान इस बात को और बढ़ा देता है कि देश में धर्म और छुट्टियों के मुद्दे पर बहस और विवाद बढ़ रहे हैं। राजनीतिक दृष्टिकोण, सांप्रदायिकता, और शैक्षिक अधिकारों को लेकर यह मुद्दा राजनीति में तूल पकड़ सकता है।

Published / 2024-11-17 14:05:12
रामगढ़ : बस दुर्घटना में एक की मौत, 24 घायल

  • रामगढ़ में यात्रियों से भरी बस पलटी, एक की मौत, 24 से अधिक यात्री घायल

टीम एबीएन, रामगढ़। गोला मुरी मार्ग के बरलंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत हारुबेरा रम्हारु गांव के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गयी, जिसमें एक महिला की मौत हो गयी। वहीं, बस में सवार 24 से अधिक लोग घायल हो गये।

इनमें से पांच की हालत गंभीर बतायी जा रही है। दुर्घटना की सूचना पर बरलंगा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार लोगों से भरी एक बस आदिवासियों के धार्मिक स्थल रजरप्पा के लुगुबुरू से पूर्वी सिंहभूम लौट रही थी। इस दौरान बस गोला के बरलंगा थाना क्षेत्र के रम्हारु में पलट गयी। 

बताया जा रहा है कि बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिसमें हादसे के दौरान एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गयी। महिला की पहचान लेवाडीह निवासी सोनाली टुडू के रूप में हुई। वहीं, करीब 24 से अधिक लोग घायल हो गये।

बरलंगा थाना प्रभारी अनंत कुमार सिंह ने बताया कि बस दुर्घटना की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचा तो देखा कि सड़क किनारे बस पलटी पड़ी है। 

यात्री बस में फंसे हुए हैं। किसी तरह सभी को बस से निकाला गया। इसके बाद एम्बुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया गया।

Page 484 of 1697

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse