झारखंड

View All
Published / 2025-01-09 18:14:40
जामताड़ा : मांदर की थाप पर थिरके स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी

जामताड़ा में सोहराय मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जामताड़ा/ रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री आवास जामताड़ा के सामने आयोजित सोहराय मिलन समारोह बीते बुधवार को बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी उपस्थित हुए। समारोह में लगभग 45,000 लोगों की भारी उपस्थिति रही, जिसने पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया। 

कार्यक्रम में आदिवासी परंपरागत नृत्य और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। इस मौके पर मंत्री इरफान अंसारी आदिवासी महिला कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मांदर की थाप पर जमकर थिरके। मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सबसे पहले सभी को सोहराय पर्व की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, हमारे समाज की खूबसूरती यही है कि हम मिलजुल कर हर त्यौहार मनाते हैं। आज हम सभी एकजुट होकर सोहराय मना रहे हैं। मैं समस्त झारखंड वासियों को भी इस पर्व की ढेरों शुभकामनाएं देता हूं। मंत्री ने अपनी हैट्रिक जीत पर जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी की बदौलत मैं तीसरी बार विधायक बना हूं और मंत्री पद पर हूं। 

भाजपा ने मुझे हराने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन हमारा आदिवासी समाज एकजुट रहा और प्रचंड वोट देकर मुझे फिर से जीत दिलायी। भाजपा वाले आज तक मुझमें कोई ऐब नहीं निकाल पाये हैं। मंत्री ने भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति की निंदा की। उन्होंने कहा कि आज अगर मेरा आदिवासी समाज मेरे साथ नहीं होता, तो मैं विधायक नहीं बन पाता। 

मीडिया में तो मुझे हार चुका दिखाया गया था, लेकिन आप सबने मुझे जिताया। मैं निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा करता हूं और हर सुख-दुख में आपके साथ खड़ा रहता हूं। मंत्री ने जात-पात की राजनीति पर बोलते हुए कहा, इतना काम करने के बावजूद अगर जात-पात में बंटकर वोट दिया जाता है, तो बुरा जरूर लगता है, लेकिन मैं विश्वास दिलाता हूं कि विकास कार्य लगातार जारी रहेगा। मैं हमेशा सभी के लिए खड़ा रहूंगा और आदिवासी समाज को सशक्त बनाने के लिए काम करता रहूंगा। 

अंसारी ने कहा कि जामताड़ा में मैंने आदिवासी समाज को एक अलग पहचान देने और उनकी आवाज बुलंद करने का काम किया है। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने सोहराय पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा, यह आदिवासियों का सबसे बड़ा त्योहार है, और हम हर वर्ष इसे धूमधाम से मनाते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि नफरत से समाज नहीं चलता। गरीबों के लिए धड़कता हुआ दिल ही सच्चा दिल है। जामताड़ा हमेशा प्रेम और भाईचारे का प्रतीक रहा है। भाजपा की जात-पात की राजनीति यहां नहीं चलेगी। हमें कांग्रेस की नीतियों पर चलना होगा, जो मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देती है।

इस अवसर पर मंत्री डॉ अंसारी द्वारा उपस्थित लगभग 45,000 लोगों के बीच कंबल वितरित किये गये। वहीं, कंबल वितरण का यह कारवां काफी समय से जारी है और सोहराय पर्व के शुभ अवसर पर भी यह परंपरा निभायी गयी। इस कार्य से सभी के चेहरे पर खुशी झलक रही थी। सोहराय मिलन समारोह में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने मंत्री डॉ अंसारी की लोकप्रियता को फिर से साबित किया। 

लोगों का कहना है कि मंत्री ने अपने शासनकाल में जनता का दिल जीतने का काम किया है। उनकी सेवा भावना और निष्ठा के कारण जनता उन्हें दिल से चाहती है। यह कार्यक्रम मंत्री आवास के सामने आयोजित किया गया था, जो हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 

मौके पर अध्यक्ष दीपिका बेसरा, कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, प्रभु मंडल मुक्ता, मंडल प्रमुख अंजलि हेंब्रम, आनंद लाल मरांडी, जिला प्रवक्ता इरशाद उल, हक आरसी, बीरबल अंसारी, विनोद छतरी, तनवीर आलम, अरुण दास, जयप्रकाश तिवारी और पार्टी के सभी पदाधिकारी गण कार्यकर्ता गण एवं सभी सम्मानित लोग उपस्थित हुए।

Published / 2025-01-09 18:05:53
मारवाड़ी सम्मेलन ने जोन्हा प्रखंड के चार गांवों में बांटे 260 कंबल

टीम एबीएन, रांची। कड़ाके की ठंड को देखते हुए रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान कंबल वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत चौथे चरण मे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र जोन्हा प्रखंड के 4 ग्रामीण क्षेत्रों जरडीह, मनी छप्पर, जोनहा, काशीडीह गांव में गरीब एवं जरूरतमंदों को 260 कंबल का वितरण किया गया। 

इस अवसर पर रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने कहा की सर्दी के मौसम मे गरीब एवं असहाय लोग ठंड से परेशान रहते हैं। सम्मेलन द्वारा विगत कई वर्षों से जनसेवा की तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कंबल वितरण किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गो के लिए मदद पहुंचाना है। 

निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण करने से बढ़कर कोई पुनीत कार्य नहीं है। मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। मारवाड़ी सम्मेलन के महामंत्री विनोद कुमार जैन ने कहा कि कंबल वितरण का कार्यक्रम सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर चलता रहेगा। कंबल जरूरतमंदों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। 

कंबल वितरण का यह कार्यक्रम न केवल ठंड से बचाव में मदद करता है बल्कि यह लोगों में सामाजिक सहयोग और जिम्मेदारी की भावना भी उत्पन्न करता है। कंबल मिलने पर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे उन्होंने मारवाड़ी सम्मेलन को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम मे रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन, अनिल कुमार अग्रवाल के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। उक्त जानकारी रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-01-09 18:02:12
हिंदू स्वाभिमान का प्रतीक है श्रीराम जन्मभूमि मंदिर : डॉ बिरेन्द्र साहु

टीम एबीएन, रांची। सनातन हिन्दू सांस्कृतिक अवधारणाएं ही भू-धरा पर समस्त जीवों के कल्याण की चिंतन करने वाला एकमात्र परंपरा है। विश्व गुरु के रूप में विद्यमान भारतीय संस्कृति सदैव से विश्व को पथ-प्रदर्शित करता रहा है। यह परंपरा सदैव निर्वाध रूप से चलते रहे, इसके लिए दानव वृत्ति लोगों से देवतुल्य जनमानस को संघर्ष करता रहना पड़ा है। 

भगवान पुरुषोत्तम श्रीराम ने भी असुरीशक्ति को समाप्त कर सत्य रूपी रामराज की स्थापना की थी। भगवानराम के प्रति सनातन परंपरा के जनमानस को अटूट श्रद्धा एवं विश्वास सदैव से रहा है, परंतु इस विश्वास को तोड़ने के लिए 1528 ई में अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम जन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर को अक्रांताओं के द्वारा क्षति पहुंचाकर हिंदू पौरुष को ललकारा गया था। 

इस जन्मभूमि को विवादित कर यहां पर पूजन व्यवस्था पर विघ्न डाला गया था। इसे मूल रूप में पुन: प्राप्त करने के लिए 76 संघर्षों में लगभग साढ़े चार लाख सनातन हिंदू जनमानस के बलिदान के बाद गीता जयंती तदनुसार 6 दिसंबर, 1992 को हिंदू समाज ने अपने माथे में लगे कलंक को धो डाला था। 

लंबी न्यायायिक प्रक्रिया के बाद विगत पौष शुक्ल द्वादशी तदानुसार 22 जनवरी, 2024 को यशस्वी प्रधानमंत्री व देश के समग्र पंथ-संप्रदाय के साधु-संतों की नेतृत्व में भगवान पुरुषोत्तम श्रीराम लला का भव्य एवं अलौकिक नूतन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा किया गया। इस प्राण प्रतिष्ठा के दृश्य को देखकर भारतवर्ष ही नहीं अपितु पूरा संसार आनंदित, हर्षित, उल्लासित व गौरवान्वित हुए थे। 

समस्त विश्व के हिंदू समाज ने भगवान पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्म स्थल पर पुण: प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को भव्य दीपावली के रूप में मनाकर अपनी अटूट श्रद्धा एवं विश्वास को दशार्या था। उक्त बातें विश्व हिंदू परिषद, झारखंड-बिहार के सहमंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु ने कही। 

डॉ साहु ने समस्त हिंदू जनमानस से आह्वान किया है कि इस पावन गौरव के छण व हिंदू पौरुष को अविस्मरणीय बनाये रखने के लिए हिंदू स्वाभिमान के प्रतीक श्रीराम जन्मभूमि में स्थापित श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा के द्वितीय वर्षगांठ पर पौष शुक्ल द्वितीया तद्नानुसार 11 जनवरी, 2025 को प्रत्येक मंदिरों घरों में अवश्य भगवा झंडा  लहरायेंं, हनुमान चालीसा पाठ करें, श्रीरामचरित मानस पाठ करें, भजन कीर्तन का अनुष्ठान करें  दीपोत्सव मनावें, महाआरती करें, प्रसाद भोग चढ़ावे एवं प्रसाद ग्रहण करें।

Published / 2025-01-09 17:58:38
पौष द्वादशी को भव्य मनाने की तैयारी

श्री राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा वर्षगांठ पौष शुक्ल द्वादशी को, सभी मंदिरों में हो कार्यक्रम : अजय पारिक

एबीएन सोशल डेस्क। विश्व हिंदू परिषद रांची महानगर की धर्म रक्षा निधि समर्पण  का समापन कार्यक्रम श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर धर्मशाला, रांची में संपन्न हुआ। मौके पर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री सह केंद्रीय सेवा प्रमुख श्री अजय पारीक ने कहा कि प्रभु श्रीराम संपूर्ण सनातन समाज के आदर्श है जिनका चरित्र समाज में समरसता का भाव भरता है। 

अयोध्या में पिछले वर्ष पौष शुक्ल द्वादशी को श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा संपूर्ण हिंदू समाज के स्वाभिमान के पुनर्जागरण का क्षण था। उन्होंने समस्त हिंदू समाज से आह्वान किया हिंदू हिंदू बनकर रहे अपने धर्म, संस्कृति का विस्मरण ना हो इसका प्रयास स्वयं एवं समाज के बीच करें। पौष शुक्ल द्वादशी  (11 जनवरी 2025) को सभी मंदिरों में श्री हनुमान चालीसा पाठ, भजन कीर्तन, समरसता संगोष्ठी हो। 

मौके पर क्षेत्र मंत्री वीरेंद्र विमल, प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र केंद्रीय टोली के ओ पी लाल, प्रांत सह कोषाध्यक्ष शिव शंकर साबू, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख विजय कुमार, प्रांत प्रचार प्रसार सहप्रमुख प्रकाश रंजन, रेणु अग्रवाल, अमरनाथ ठाकुर, महानगर अध्यक्ष  कैलाश केसरी, मंत्री विश्वरंजन सहमंत्री राजेश अग्रवाल, सुमन कुमार, योगेश खैड़वाल, अनिल जलान, अजय राजगढ़िया, अनिल तिवारी, संजय ठाकुर, किशुन जी, रवि शंकर राय, अमर प्रसाद सहित कई लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी रांची महानगर के मंत्री विश्वरंजन ने दी।

Published / 2025-01-08 22:33:22
अमर शहीद शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह का बलिदान आज भी आंदोलन के लिए प्रेरणादायक : देवेन्द्र नाथ महतो

  • झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा रांची टीम ने शहीद शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह को किया माल्यार्पण

टीम एबीएन, रांची। आज 8 जनवरी 2025 को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा रांची के बैनर तले अमर शहीद शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह के 168 वाँ शहादत दिवस मनाया एवं माल्यार्पण किया।

मौके पर जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो दोनों वीरों को खिराज -ए - अकीकत पेश करते हुए कहा कि 1857 की क्रांति ने आजादी की चिंगारी को सम्पूर्ण देश भर में सुलगा दिया था, जिससे छोटानागपुर के पहाड़ पर्वत भी धधक उठा था। 

लॉर्ड डलहौजी के जुल्म से बेबस होकर 1857 आजादी का क्रांति में झारखंड में आजादी का बिगुल बजाने वाले शहीद शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह ने झारखंड की राजधानी रांची और उसके आस पास के क्षेत्रों को आजाद करा दिया और रामगढ़ छावनी पर हमला बोल दिया तथा अंग्रेजों को मार भगाया। 

वहां से सफलता मिलते ही दोनों चाईबासा की तरफ अपने सेना के साथ कुचकर वहां के डिप्टी कमिश्नर का हत्या कर दी। इसके बाद शेख भिखारी संथाल परगना की और कुच कर गये थे दुमका में भीषण युद्ध हुआ था। युद्ध में विजय प्राप्त कर दुमका से फिर दोनों रांची वापस आये थे। 

जीत घोषित होने के उपलक्ष्य में तत्कालीन राजा विश्वनाथ शाहदेव डोरंडा के एक से सात नवंबर 1857 तक विजय का जश्न मनाया था। तब अंग्रेज नाराज होकर दानापुर छावनी से काफी संख्या में सेना और अस्त्र शस्त्र लेकर आए, शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह का अड्डा चुटूपालू घाटी में जमकर जंग हुई।

जब शेख भिखारी के पास से गोली बारूद खत्म हुआ तो पत्थर का टुकड़ा गिराने लगे जिसमें अनेकों अंग्रेज सैनिक मर गए थे। तभी अंग्रेजी सेना के कमांडर मैकडोनाल्ड ने शेख भिखारी तक पहुंचने का गुप्त रास्ता का पता लगाया और टिकैत उमराव सिंह के साथ दोनों को पकड़ लिया। 

शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह दोनों का खौफ इतना भयानक था कि उसी घाटी पर बिना मुकदमा चलाये 8 जनवरी 1858 ई0 को सार्वजनिक फांसी दी गई। जो घटना पूरा इतिहास को झकझोर के रख दिया है। 1857 के आजादी क्रांति में तांत्या टोपे, मंगल पांडे, नादिर अली समेत चतरा में 150 क्रांतिकारियों को फांसी दिया गया था,  77 क्रांतिकारियों को एक ही गड्डे में दफनाया गया था।

रानी लक्ष्मीबाई युद्ध के दौरान शहीद हो गई थी, वीर कुंवर सिंह को जंग के मैदान से लगी चोट से शहीद हुए थे, बहादुर शाह जफर को देशद्रोह का मुकदमा कर बर्मा में निर्वासन का सजा सुनाया गया था नाना साहेब, बेगम हजरत महल, मौलवी अहमदुल्ला शाह ऐसे अनेकों ने बलिदान दिया था।

कार्यक्रम के मौके पर देवेंद्र नाथ महतो, चंदन रजक, अयूब अली, रविन्द्र, अजहर अजरूद्दीन, इरशाद आलम, शाहिद भाई, सोएल अहमद, साबी, अरशद साह, प्रदीप, के अलावा अन्य लोग शामिल हुए।

Published / 2025-01-08 21:21:23
6 दिवसीय पूर्ण आवासीय प्राकृतिक चिकित्सा उपचार शिविर का हुआ शुभारंभ

टीम एबीएन, रांची। पवित्रम सेवा परिवार के तत्वावधान में झारखंड में पहली बार धनबाद के पुराना बाजार स्थित शंभू धर्मशाला में  6 दिवसीय पूर्ण आवासीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का शुभारंभ सांसद ढुल्लु महतो के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन करके किया गया। 

पवित्रम सेवा परिवार के मुख्य संयोजक अजय भरतिया एवं प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि प्राकृतिक चिकित्सा शिविर के उद्घाटन के साथ-साथ आंध्रप्रदेश की विश्व विख्यात पुंगानूर गो माता का पूजन एवं पवित्रम सेवा परिवार के द्वारा तैयार की गयी काऊ एंबुलेंस का उद्घाटन भी सांसद ढुल्लु महतो द्वारा किया गया।

पवित्रम सेवा परिवार पिछले कई वर्षो से घायल, बीमार गोवंश की सेवा चिकित्सा  गांव गांव में जैविक खेती एवं गौत्पादों का नि:शुल्क प्रशिक्षण, प्रचार -प्रसार कर रहा है, यह काऊ एम्बुलेंस सड़को पर होने वाली दुर्घटनाग्रस्त गायों, बीमार -गायों एवं अन्य पशुओं को चिकित्सा सहायता पहुंचाने का कार्य करेगी।

इस शिविर में झारखंड से रांची, जमशेदपुर, धनबाद के अलावे दूसरे राज्यों हरियाणा, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार आदि राज्यों से भी लोग भाग लेने आये है, इस शिविर का उद्देश्य आहार एवं जीवन-शैली को ठीक करते हुए प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से साध्य एवं असाध्य सभी रोगों को ठीक करना है।

इस शिविर में प्रतिदिन शाम को ओपीडी की भी व्यवस्था की गयी है, जो पूर्णत: नि:शुल्क है,  पवित्रम  सेवा परिवार स्कूलों एवं कालेजों में भी जाकर विभिन्न कार्यक्रमो के माध्यम से बच्चों के बीच आरोग्य के प्रति जागरूकता फैला रहा है, इस शिविर में पवित्रम सेवा परिवार के अलावे कई स्वयंसेवी संस्था भी अपना सक्रिय योगदान दे रहे है।आने वाले दिनों में ऐसे शिविर झारखंड के आलावा अन्य शहरों में भी कराने की योजना है।

Published / 2025-01-07 21:32:52
मेडिका में भर्ती कराये गये पूर्व सांसद कड़िया मुंंडा

पूर्व सांसद कड़िया मुंडा की तबीयत बिगड़ी, रांची के मेडिका हॉस्पिटल में एडमिट

टीम एबीएन, रांची। पूर्व उपाध्यक्ष सह भाजपा के वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा (88 वर्ष) की तबीयत बिगड़ गयी है। उन्हें रांची के मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पूर्व सांसद के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने जानकारी दी है कि वे लगातार मेडिका हॉस्पिटल के डॉक्टर के संपर्क में हैं और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।

तीन दिन पहले कड़िया मुंडा की तबीयत खराब हुई थी। खूंटी के सिविल सर्जन डॉ नागेश्वर मांझी ने उनके घर जाकर स्वास्थ्य जांच की थी। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें मंगलवार को रांची रेफर किया गया। जांच के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

Published / 2025-01-07 20:45:53
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने पर सम्मानित हुए पत्रकार दीपक मुखर्जी

  • जेएसजेयु कोर कमेटी ने होटल पार्क प्राइम में बैठक कर एनयुजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को सम्मानित किया
  • फरवरी में राजस्थान के माउंट आबू में होने वाले राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में झारखंड का प्रतिनिधिमंडल होगा शामिल

टीम एबीएन, रांची। नेशनल यूनियन का जर्नलिस्ट (इंडिया) के झारखंड से निर्विरोध दोबारा निर्वाचित होने वाले हिंदुस्तान लोहरदगा के ब्यूरो चीफ दीपक कुमार मुखर्जी का झारखंड जर्नलिस्ट यूनियन जेएसजेयु की ओर से सम्मानित किया गया। इसके अलावा फरवरी माह में राजस्थान के माउंट आबू में होने वाले राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक को लेकर चर्चा की गयी। 

रांची के मोरहाबादी स्थित होटल पार्क प्राइम में जेएसजेयु कोर कमेटी की बैठक में उन्हें मोमेंटो, शॉल, और गुलदस्ता देकर कोर कमेटी के सदस्यों और प्रदेश अध्यक्ष बलदेव प्रसाद शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष स्वामी दिव्य ज्ञान, महासचिव एनके मुरलीधर, झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा, झारखंड ओपन यूनिवर्सिटी के प्राध्यापक और जर्नलिस्ट शशि भूषण कुमार, एमिटी यूनिवर्सिटी जर्नलिज्म फैकल्टी के सुमित कुमार रोहित आदि ने सम्मानित किया।

मौके पर बलदेव प्रसाद शर्मा ने कहा कि यह हम सबों के लिए गर्व का विषय है, कि झारखंड से दीपक मुखर्जी लगातार दूसरी बार वरीय उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुए हैं। झारखंड, बिहार, ओडिशा, असम, त्रिपुरा, बंगाल आदि राज्यों में संगठन को सशक्त बनाने का काम सभी मिलजुल कर करेंगे। एनयुजे राष्ट्रवादी पत्रकारों  का संगठन है, जो बिना भेदभाव के पत्रकारों की हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती है। उन्हें न्याय के साथ उनका हक अधिकार दिलवाने का काम करती है। इस बार संगठन के अध्यक्ष के रूप में भोपाल के सुरेश शर्मा और राष्ट्रीय महासचिव के रूप में उत्तर प्रदेश के अयोध्या से त्रियुग नारायण तिवारी चुने गये हैं। 

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष स्वामी दिव्य ज्ञान ने कहा कि हम सभी को राज्य के तमाम जिलों में संगठन को सशक्त बनाना होगा। कार्यक्रम कर विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से संपर्क कर जनसरोकार की पत्रकारिता को धारदार बनाना होगा। पत्रकारिता समाज और व्यवस्था के बीच कड़ी के रूप में काम करता रहा है। संगठन सदैव निष्पक्ष, निर्भीक, ईमानदार और साहसिक पत्रकारिता के लिए संगठन सभी के साथ खड़े हैं। 

महासचिव नंदकिशोर मुरलीधर ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर देश के बड़े शैक्षणिक संस्थाओं की स्थापना हो रही है। इन संस्थानों में पत्रकारिता फैकेल्टी की स्थापना की गयी है। ऐसे में राज्य में पत्रकारिता के सुनहरा भविष्य नजर आ रहे हैं। कोरोना के समय अखबारों का जो प्रसार पर असर पड़ा था। अब उसका सुप्रभाव दिख रहा है। प्रसार कोरोना का पहले जैसा हो गया। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच अखबारों का बढ़ना शुभ संकेत है। यह राज्य के हजारों पत्रकारों की निष्पक्षता और तथ्यात्मक रपट को मान्यता देती है।

Page 455 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse