एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए राहुल सिंह अपराधी गिरोह के 7 अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के द्वारा क्षेत्र में लगातार हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।
दरअसल, लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी राहुल सिंह के कुछ सहयोगी चंदवा थाना क्षेत्र के चिरो मोड़ के पास जमा हुए हैं और किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद डीएसपी अरविंद कुमार और पुलिस इंस्पेक्टर रणधीर कुमार के नेतृत्व में टीम बनाकर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गयी। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी की और 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों में जगदीश सिंह, बबलू सिंह, मनोज सिंह, दीपक सिंह, गणेश यादव, रॉकी कुमार और अशोक लोहरा शामिल हैं। सभी अपराधी चंदवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा गोली समेत अन्य सामान भी बरामद किया।
टीम एबीएन, रांची। पूरे देश में समाचार पत्रों के समक्ष गहराते संकट और मौजूदा समस्याओं को दूर करने के लिए नवगठित अखिल भारतीय समाचार पत्र प्रकाशक - संपादक संघ की आज यहां रांची प्रेस क्लब में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में अखबारी कागज (न्यूज प्रिंट) को पूरी तरह जीएसटी से मुक्त करने की मांग की गयी।
इस मांग को लेकर संघ आगामी फरवरी माह में नयी दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मेलन आयोजित करेगा और केंद्र सरकार से इस समस्या का हल निकालने का आग्रह करेगा।
बैठक में उपस्थित बिहार, झारखंड, नयी दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों के चार दर्जन से अधिक समाचार पत्रों के प्रकाशकों-संपादकों ने कहा कि आज देश के समाचार पत्र कई कठिनाइयों के दौर से गुजर रहे हैं और इन्हें दूर करने के लिए संघ निरंतर प्रयास करेगा।
टीम एबीएन, लोहरदगा। युवा दिवस और राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के पहले वर्षगांठ पर हनुमान जी की जन्म भूमि आंजन में अंजनी माता महोत्सव के अतिसफल आयोजन के लिए अंजनी धाम राष्ट्रीय समिति अध्यक्ष बाबा दिवाकर पाठक ने तमाम लोगों के प्रति आभार जाता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस, वन विभाग, कीर्तन मंडलियों और भजन गायक -गायिका, मीडिया और जनप्रतिनिधियों के साथ आम हनुमान भक्तों का अपार सहयोग और समर्थन मिला।
यही वजह है की आनलाइन समेत सवा पांच लाख लोगों ने देश भर में एक साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से देश में नई ऊर्जा का संचार हुआ। वही हनुमान भक्तों का शक्ति का संचय हुआ है।
बाबा दिवाकर पाठक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के जयंती के शुभ अवसर पर आंजन धाम को वैश्विक पहचान दिलाने और जिलों में स्थित सभी धार्मिक और पौराणिक जगह का कॉरिडोर बने, देश दुनिया के लोग गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, रांची, टूरिज्म के रूप में आयें।
पूरे क्षेत्र का पर्यटन के माध्यम से सर्वांगीण विकास हो, इसी उद्देश्य को लेकर विगत तीन वर्षों से तीन दिवसीय माता अंजनी महोत्सव के तहत आंजन धाम कार्यक्रम आयोजित कर हनुमान भक्तों में भक्ति भाव और हर्षोल्लास का भाव उत्पन्न किया गया। इसमें झारखंड पश्चिम बंगाल उत्तर प्रदेश छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड के कई जिलों से बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबी शामिल हुए।
इनमें सिर्फ हनुमान भक्त ही नजर आये, जाति नाम का कोई चीज नजर नहीं आया। समापन के दिन भजन संध्या का कार्यक्रम किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, पूर्व सांसद समीर उरांव कई धर्मगुरु शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने अंजन धाम के समुचित विकास के लिए इसे वन विभाग से मुक्त करने की मांग की।
आंजन धाम में 48 घंटे का अखंड हरि कीर्तन, आंजन धाम में रुद्राभिषेक, मां अंजनी का भव्य पूजन, हनुमान जी का भव्य आरती, प्रत्यक्ष रूप से करीब 50000 से ऊपर और आनलाइन रूप से पांच लाख लोगों सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किये। तीनों दिन चले भंडारे में दो लाख भक्तजन में भंडारा महाप्रसाद ग्रहण किया।
आंजन धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर पाठक ने इस भव्य आयोजन के लिए क्षेत्र के सभी सनातनी धर्म के लोगों, प्रेस मीडिया, जिला प्रशासन को बधाई दी है। 144 वर्ष के इस महाकुंभ का मकर संक्रांति पर्व सभी के जीवन मे खुशहाली लाये की शुभकामना दी है। कमेटी के सभी लोगों का आभार जताया है, जिन्होंने तन मन धन से आंजन महोत्सव को सफल बनाया है। राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द मिश्रा ने बतलाया है।
आंजन महोत्सव हरेक वर्ष 12 जनवरी को किया जायेगा। पर्यटक स्थलों का विकास महोत्सव को मुख्य मकसद रहेगा। इसके लिए सभी स्थानों पर जाकर कमेटी द्वारा बैठक कर प्राचीन कहानी, परंपरा संग्रहित की जायेगी। कमेटी द्वारा चयनित धार्मिक जगहों के ख्याति-प्रसिद्धि के लिए स्थल पर जाकर ग्रामीणों के साथ सनातन आंदोलन चलायेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से झारखंड के सभी सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से आगामी बजट सत्र से पूर्व सुझाव एवं परामर्श आमंत्रित किये हैं।
डॉ अंसारी ने नववर्ष के शुभ अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए आज कहा कि झारखंड राज्य का आगामी वित्तीय बजट सत्र शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग का बजट भी विधानसभा के पटल पर प्रस्तुत किया जायेगा।
इस क्रम में उन्होंने आग्रह किया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधि अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करें, ताकि बजट में उन सुझावों का यथासंभव समावेश कर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर एक बार फिर बड़ी गड़बड़ी की खबर सामने आ रही है। दरअसल, झारखंड के गढ़वा जिले के खरौंधी प्रखंड में एक ही महिला के खाते में कई लाभुकों की राशि पहुंच रही है। जिस कारण कई महिलाओं को योजना की राशि नहीं मिल पा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कंप्यूटर आपरेटरों ने लाभुकों के बैंक खातों को अपने चहेते जानकारों के खातों के साथ लिंक कर दिया। जिस कारण लाभुकों के खाते मे राशि नहीं आयी। जब इस बात की जानकारी कई लाभुक महिलाओं को हुई तो महिलाएं शिकायत लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचीं। साथ ही लाभुकों ने ये भी खुलासा किया कि उन्हें राशि का आधा हिस्सा कंप्यूटर आपरेटरों को कमीशन देना पड़ रहा है। वहीं इस बाबत बीडीओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
बताया जा रहा है कि सत्यनारायण गुप्ता के खाते में छह लाभुक महिलाओं की राशि जा रही है। वहीं सत्येंद्र साह के खाता में एक महिला, मुकेश शाह के खाते में एक महिला तथा लालती देवी के खाते में आठ महिलाओं योजना राशि भेजी जा रही है, जबकि लाभुक महिला को इस योजना के लाभ से वंचित रखा जा रहा है।
बता दें कि इससे पहले भी झारखंड के बोकारो जिले से एक प्रज्ञा केंद्र संचालक आनंद प्रजापति नाम के पुरूष ने अपने नाम से इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कर लिया। जब योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में पैसे ट्रांसफर हुए, तो आनंद के खाते में भी राशि पहुंच गयी। आनंद के खाते में 6500 रुपए ट्रांसफर हो गये। जानकारी मिलने पर प्रशासन ने एक्शन लेते हुए आनंद से ब्याज सहित 6500 रुपये वसूले। साथ ही उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में झारखंड के सबसे बड़े श्री राधा- कृष्ण मंदिर, श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में भारी भीड़ उमड़ रही है। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि 5 जनवरी को मंदिर के उद्घाटन के बाद 10 दिनो मे 1 लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर में आकर श्री राधा कृष्ण के दर्शन किये।
मकर संक्रांति के अवसर पर आज विशेष पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। आज 15 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। भव्य मंदिर के शीश महल में विराजमान भगवान श्री राधा-कृष्ण, श्रीमद् भागवत गीता ग्रंथ, भगवान का वस्त्र, मोर मुकुट, मुरली की पूजा अर्चना की जा रही है। मंदिर में श्री कृष्ण की जन्म से लेकर महाभारत तक की झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र है।
रांची का श्री राधा कृष्ण मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है झारखंड के विभिन्न जिलों एवं दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर का दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे पूरे श्रद्धा भाव के साथ श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना कराकर प्रसाद वितरण कर रहे हैं। ट्रस्ट के सभी पदाधिकारीगण, सदस्यगण सुचारू रूप से व्यवस्था मे लगे हुए हैं। उक्त जानकारी श्री कृष्णा प्रणाम सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने प्रधानमंत्री कोल इंडिया ओर बीसीसीएल और झारखंड सरकार और धनबाद डीसी को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने लिखा कि हिलटॉप हाई राइस आउटसोर्सिंग कंपनी के मालिक आलोक अग्रवाल पर महाप्रबंधक अंजय सिंह के मनमानी और लापरवाही के कारण अग्नि युक्त कोयला स्लाइड से झुलसे कर्मी मुन्ना चौहान की मौत हो गयी। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई तक नहीं हुआ और सिर्फ लीपा पोती कि गयी है।
कंपनी ने कर्मियों को कोई भी सेफ्टी नहीं दिया है। बिना सेफ्टी के कर्मियों से महाप्रबंधक अंजय सिंह दबंगता के बल पर करवाते थे काम ओर नियमो को तख्त पे रख कर कम्पनी चलाया जा रहा था। अपने स्तर से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का कृपा करेंगे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश के राजधानी रांची अंतर्गत नगरी प्रखंड के रानीचुआं में रविवार से आहूत तीन दिवसीय स्वर्णरेखा महोत्सव के दूसरे दिन किसान मेला के संपन्न होने पर स्थानीय नागरिकों को आम का पौधा वितरित करने के बाद समाजसेवी बजरंग महतो ने मीडिया को संबोधित करते हुए किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर स्वावलंबी बनाने की बात कही।
साथ ही श्री महतो ने स्वर्णरेखा नदी के उदगम स्थल पर आहूत इस कार्यक्रम में नदियों को प्रदूषण मुक्त करने की संकल्प आमजन मानस से दुहरवायी।वहीं इस मौके पर मौजूद जिलापार्षद पूनम महतो ने तीन दिवसीय स्वर्णरेखा महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को आहूत किसान मेला में सूबे के कृषि विभाग का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया गया और विभाग के ऊपर उदासीन होने का आरोप लगाया।
स्वर्णरेखा महोत्सव के दूसरे दिन जिलापार्षद दंपती ने एक स्वर से पर्यावरण व नदियों के संरक्षण-संवर्धन का आह्वान आमजनमानस से किया। इस मौके पर विधान पार्षद स्व रामानंद सिंह के सुपौत्र जंतुविज्ञानी प्रो (डॉ) धीरज सिंह सूर्यवंशी को जिला पार्षद के द्वारा आम का पौधा देकर सम्मानित किया गया।आयोजन का समापन मंगलवार को स्वर्णरेखा नदी के उदगम स्थल पर पूजा पाठ का कार्यक्रम के बाद विधिवत समापन होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse