झारखंड

View All
Published / 2025-01-18 18:07:23
मजदूर नेता ने की अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की मांग

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद/ रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार और धनबाद एसएसपी और धनबाद डीसी को ट्वीट कर हो रहे अवैध लोहा तस्करी पर रोक लगाने की मांग की। कतरास क्षेत्र के छाताबाद में धड़ल्ले से अवैध लोहा का कारोबार चल रहा है। 

अवैध कारोबारी ने छाताबाद के खुशबू मोहल्ला में अपना अवैध गोदाम खोल रखा है जहां से अवैध लोहा कारोबार का संचालन किया जाता है। बताया जाता है कि इस अवैध लोहा कारोबार का संचालन अतुल नामक व्यक्ति के द्वारा किया जा रहा है। 

अतुल ने क्षेत्र में 1 दर्जन लोगों को इस अवैध धंधे में उतार रखा है जो रेलवे, बीसीसीएल और अन्य बन्द फैक्ट्रियों से लोहा कटिंग कर अतुल के गोदाम में कम दामों में बेच देता है। बीसीसीएल और सीआईएसएफ की लापरवाही से क्षेत्र से हर रोज लाखों रुपये का लोहा चोरी हो रहा है लेकिन अवैध लोहा कारोबारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

Published / 2025-01-18 18:04:38
सत्यम सिंह बने आजसू समर्थित छात्र संघ के हजारीबाग जिलाध्यक्ष

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 18/1/25 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) का हजारीबाग जिला कमेटी का विस्तार किया गया। विस्तारीकरण कार्यक्रम में छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, युवा  संयोजक चेतन प्रकाश, अजीत कुमार, दीपक कुमार, जिला प्रवक्ता शिवम मिश्रा, जिला संयोजक शुभम राणा उपस्थित थे। 

इस बैठक की अध्यक्षता  शुभम राणा ने की एवं संचालन शिवम कुमार ने किया। जिसमें सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष सत्यम सिंह, नगर अध्यक्ष राहुल यादव बनाये गये। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी। जिला कमेटी इस प्रकार है 

  • जिला उपाध्यक्ष : विशु नायक, कारण कुमार, आकाश यादव, रिंकू यादव  
  • जिला सचिव : मोहित यादव 
  • सहसचिव : राहुल सिंह  
  • संगठन सचिव : संकेत ठाकुर, किसन सिंह  
  • जिला कोषाध्यक्ष : करण गोप  
  • नगर कमिटी इस प्रकार है।:- 
  • कार्यकरी उपाध्यक्ष : ऋषि निराला  
  • नगर महासचिव : पंकज कुमार  
  • उपाध्यक : विशाल बालाजी  
  • सचिव : सचिन मेहता  
  • मीडिया प्रभारी : उज्ज्वल पाठक  
  • सोशल मीडिया प्रभारी : आशीष राणा।

Published / 2025-01-18 18:03:34
झारखंड विधानसभा में कल्पना को मिली बड़ी जिम्मेदारी

झारखंड विधानसभा की समितियों का पुनर्गठन, कल्पना सोरेन को मिली बड़ी जिम्मेदारी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र 24 फरवरी से आहूत होने जा रहा है। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमों के तहत विधानसभा की 25 समितियों का पुनर्गठन कर दिया है। इस बाबत अधिसूचना जारी हो गयी है।

गांडेय विधायक सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को महिला, बाल विकास समिति का सभापति बनाया गया है। वहीं, बरही के भाजपा विधायक मनोज कुमार यादव को लोक लेखा समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। आमतौर पर यह पद प्रमुख विपक्षी दल को ही दिया जाता है। 

इन विधायकों को मिली जिम्मेदारी 

इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक बसंत सोरेन को प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति, कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव को जिला परिषद एवं पंचायती राज समिति, भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी को सामान्य प्रयोजन समिति, झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक हेमलाल मुर्मू को प्राक्कलन समिति, झामुमो विधायक निरल पूर्ति को सरकारी उपक्रम संबंधी समिति, माले विधायक अरूप चटर्जी को सरकारी आश्वासन समिति, कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव को आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति, झामुमो विधायक उमाकांत रजक को निवेदन समिति, झामुमो विधायक स्टीफन मरांडी को अनुसूचित जाति, जनजाति अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी। 

वहीं, भाजपा विधायक नीरा यादव को पुस्तकालय विकास समिति, कांग्रेस विधायक रामचंद्र सिंह को सदाचार समिति, झामुमो विधायक उदय शंकर सिंह को पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति, भाजपा विधायक सीपी सिंह को विधायक निधि अनुश्रवण समिति, झामुमो विधायक भूषण तिर्की को शून्यकाल समिति, भाजपा विधायक राज सिन्हा को गैर सरकारी संकल्प समिति, झामुमो विधायक सविता महतो को युवा कल्याण संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति, राजद विधायक सुरेश पासवान को अनागत, प्रश्न क्रियान्वयन समिति, झामुमो विधायक दशरथ गगराई को आवास समिति, जदयू विधायक सरयू राय को प्रत्यायुक्त समिति, झामुमो विधायक विकास मुंडा को खाद्य, सार्वजनिक एवं उपभोक्ता मामले समिति का सभापति मनोनीत किया गया है। पुनर्गठित समिति का कार्यकाल गठन की तिथि से एक वर्ष या पुनर्गठन तक के लिए होगा।

Published / 2025-01-18 18:00:36
देवघर : मीना बाजार के भीषण अग्निकांड में करोड़ों का नुकसान

एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। झारखंड के देवघर शहर में स्थित मीना बाजार सब्जी मंडी में शुक्रवार की आधी रात दुकानों में भीषण आग लग गयी। इस आगजनी की घटना में मीना बाजार सब्जी मंडी की लगभग 25 दुकानें जलकर राख हो गयी। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।  

4 दिन पहले भी मंडी में लगी थी आग 

सूचना मिलने पर आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल, आग से करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। 

हालांकि, अब तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। बता दें कि इससे पहले 14 जनवरी 2025 को भी मीना बाजार में आग लगी थी, जिसमें 2 दुकानें जलकर नष्ट हो गयी थी।

Published / 2025-01-17 20:34:30
ठंड की विदाई के बेला में कंबल वितरण ने पकड़ी रफ्तार

ठंड विदा होने को आयी तो झारखंड में बंट रहे सरकारी कंबल

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में सरकार की ओर से सभी 24 जिलों में जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण तब शुरू हुआ, जब ठंड के मौसम की विदाई करीब आ गयी है। बांटे जा रहे कंबलों की सप्लाई से लेकर क्वालिटी में व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही हैं। झारखंड सरकार ने वर्ष 2024-25 के लिए राज्य के सभी 24 जिलों में करीब 30 करोड़ की लागत से 9,20,245 (नौ लाख बीस हजार दो सौ पैंतालीस) कंबलों की खरीद का फैसला लिया।

इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हरियाणा के पानीपत की कंपनी ओम शक्ति टेक्सटाइल्स और धनबाद के बिहारी लाल चौधरी ट्रेड लिंक प्राइवेट लिमिटेड को कंबलों का आर्डर दिया गया। इन कंपनियों को कंबलों की सप्लाई के लिए 11 जनवरी की आखिरी तारीख तय की गयी थी। कई जिलों में अंतिम तारीख के बाद भी सप्लाई का सिलसिला जारी है।

टेंडर की शर्तों को अनुसार आपूर्ति किए जाने वाले कंबल हैंडलूम में निर्मित होने चाहिए, लेकिन विभिन्न जिलों में पावरलूम निर्मित कंबल बांटे जा रहे हैं। सप्लाई आर्डर में यह भी कहा गया है कि कंबल में 70 प्रतिशत ऊन और 30 प्रतिशत सिंथेटिक धागा होना चाहिए। इस कसौटी पर भी कंबल खरे नहीं उतर पा रहे हैं। अधिकांश कंबलों में ऊन की मात्रा 35 से 40 प्रतिशत के बीच होने की शिकायत मिल रही है।

तय मापदंड के मुताबिक धुलाई के बाद कंबल का वजन न्यूनतम दो किलोग्राम होना चाहिए, लेकिन कई जिलों में पाया गया है कि धुलने के बाद कंबल का वजन 1596 से 1662 ग्राम ही है। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने ऐसी गड़बड़ियों को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गुरुवार को एक पत्र लिखा है। 

उन्होंने कहा है कि गुणवत्ता में सुधार के लिहाज से एक कंबल का मूल्य पूर्व वर्ष के मूल्य से 75 से 100 रुपये अधिक रखा गया है। इसके बावजूद आपूर्तिकतार्ओं ने टेंडर की शर्तों का अनुपालन नहीं किया है। राय ने कहा कि आपूर्तिकर्ताओं की ओर से दो तरह के कंबलों की आपूर्ति की जा रही है। 

करीब 10 प्रतिशत कंबल ऐसे हैं, जो टेंडर की शर्तों के अनुरूप हैं, जबकि 90 प्रतिशत कंबलों की क्वालिटी खराब है। ऐसा इसलिए किया गया है, ताकि जांच होने पर इन्हीं 10 प्रतिशत कंबलों के नमूने के आधार पर पेश किया जाये। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

Published / 2025-01-17 20:33:25
सड़क पर शव दफनाने पर बवाल

बीच सड़क पर दफना दिया गया शव, इलाके में फैल गई दहशत

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची से एक हैरान कर देने वाली खबर आ रही है, जहां कुछ लोगों ने सड़क को खोदकर वहां एक शव का दफना दिया। शव का सारा क्रियाकर्म भी सड़क पर ही हुआ। इस घटना से इलाके के लोग दहशत में आ गये हैं। रांची के बरियातू इलाके में एक शव बीच सड़क पर दफनाये जाने की खबर ने इलाके में दहशत फैला दी है। यह घटना स्थानीय लोगों के लिए चौंकाने वाली है। 

शव को सड़क के बीचों-बीच दफनाये जाने का कारण भी अब तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना से अब यह भी दहशत है कि आखिर इस शव का होगा क्या? क्या इसी तरह शव सड़क में दफन रहेगा या फिर शव को बाहर निकालकर कहीं और दफनाया जायेगा। साथ ही इस बात की भी जानकारी लगार्यी जा रही है कि आखिर वह कौन से बात थी कि 40 से 50 लोग सड़क को खोदकर उसमें शव दफना कर चले गये।  

मिली जानकारी के मुताबिक, मौके पर 40-50 की संख्या में लोग पहुंचे। पहले सभी ने अंतिम संस्कार की क्रियाओं को किया। और बीच सड़क पर शव दफना कर चले गये। हालांकि इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव का संबंध किसी अपराध से तो नहीं है। इस घटना से लोगों में भय का माहौल बन गया है। 

ऐसी घटनाओं में आमतौर पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठते हैं और स्थानीय प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की उम्मीद की जाती है। पुलिस भी इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और बयानों के आधार पर इस बात के सारे सच जानने में लगी हुई है। इसके बाद ही इसपर कुछ एक्शन होगा।

Published / 2025-01-17 20:32:37
श्री राधा-कृष्ण मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता, महिलाओं ने किये भजन-कीर्तन

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में झारखंड के सबसे बड़े श्री राधा- कृष्ण मंदिर, श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि संकट चौथ व्रत पूजा के अवसर पर आज विशेष पूजा-पाठ किया गया। महिलाओं ने भजन- कीर्तन किये। 

महिला समिति के सदस्यों के सुमधुर भजनों में खूब झूमे एवं श्री राधा कृष्ण के भोग लगाये गये। चौथ व्रत का सनातन धर्म में विशेष महत्व माना गया है। इस दिन गणपति बप्पा की पूजा की जाती है। मान्यता है कि ये व्रत रखने से संतान की लंबी आयु और खुशहाल जीवन की प्राप्ति होती है। माताएं शुभ मुहूर्त में गणेश भगवान की पूजा करती है और फिर रात में चांद के दर्शन करके अपना व्रत खोलती है। 

आज भी हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। भव्य मंदिर के शीश महल में विराजमान भगवान श्री राधा -कृष्ण, श्रीमद् भागवत गीता ग्रंथ, भगवान का वस्त्र, मोर मुकुट, मुरली की पूजा अर्चना किया जा रहा है। मंदिर में श्री कृष्ण की जन्म से लेकर महाभारत तक की झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 

रांची का श्री राधा कृष्ण मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है झारखंड के विभिन्न जिलों एवं  दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर का दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे पूरे श्रद्धा भाव के साथ श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना कराकर प्रसाद बांटें।

Published / 2025-01-17 20:31:53
तिरू फॉल : दो इंजीनियर सहोदर समेत तीन की मौत

पिकनिक मनाने गये 3 लड़कों की वाटरफॉल में डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम

टीम एबीएन, बुढ़मू/ रांची। बुढ़मू प्रखंड के तिरूफॉल में डुबने से शुक्रवार को हेहल रांची निवासी स्व पद्मलोचन दास के दो इंजीनियर पुत्रों आशीष कुमार (23) व अंकुर कुमार (26) और करीबी रिश्तेदार चान्हो थाना क्षेत्र के करकट निवासी अशोक गिरि का पुत्र दीपक गिरि (19) की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार ये सभी नयी गाड़ी खरीदने की खुशी में पूरे परिवार के साथ तिरूफॉल में पिकनिक मनाने आये थे। 

सुबह दस बजे लगभग तिरूफॉल में नहाने के दौरान अचानक आशीष डूबने लगा और उसको बचाने के प्रयास में दीपक और अंकुर भी डुब गये। तीनों को पानी में डूबते देखकर अंकुर की मां भी तीनों को बचाने के प्रयास में पानी के अंदर गयी लेकिन प्रयास में असफल होने पर बाहर आ गयी। 

सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों को रस्सी के सहारे बाहर निकाल कर सीएचसी बुढ़मू लेकर आयी। डॉक्टर ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

आशीष दिल्ली में इंजीनियर था

मृतक आशीष दिल्ली के गुड़गांव में नौकरी करता था जबकि अंकुर भी इंजीनियर था और उसकी हाल में ही रांची के आईएचएम में नौकरी लगी थी। आशीष की छुट्टी खत्म हो गयी थी और आज शाम की फ्लाइट से उसे दिल्ली जाना था। उससे पहले ही यह हादसा हो गया। आशीष और अंकुर की मां पिपरवार थाना में कार्यरत है।  दीपक श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज रांची में पढ़ाई करता था।

सुरक्षा की व्यवस्था नहीं

तिरूफॉल सहित प्रखंड के अन्य पर्यटन स्थल में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। तिरूफॉल में गांव के कुछ लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए कमेटी बनाकर रखा गया था लेकिन यह सिर्फ पर्यटकों से वसूली तक सीमित है। इनके पास सुरक्षा की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। सूचना पाकर बीडीओ धीरज कुमार और सीओ सचिदानंद वर्मा सीएचसी पहुंचे। बीडीओ और सीओ ने कहा कि क्षेत्र में स्थित सभी पर्यटन स्थल में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जायेगा।

परिजनों के चीत्कार से गमगीन हुआ माहौल

एक साथ तीन शवों को देख और उनके परिजनों की करुण चीत्कार से बुढ़मू सीएचसी में माहौलगमगीन हो गया। वहां मौजूद हर शख्स की आंखें इनको देख नम हो गयी।

Page 450 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse