एबीएन सेंट्रल डेस्क। ईस्ट बसूरिया ओपी क्षेत्र के निचितपुर टाउनशिप स्थित मोहलीडीह ग्राउंड, ईस्ट बसूरिया पुलिस चेकपोस्ट के पीछे इन दिनों अवैध कोयला कारोबार खुलेआम चरम पर है। बताया जा रहा है कि दो बाहुबली मिलकर बीसीसीएल के निचितपुर कोल डंप से कोयला चोरी करवा रहे हैं।
मोटरसाइकिल, टोटो और साइकिल के जरिए कोयला लाकर पहले अवैध डिपो में जमा किया जाता है, फिर दिनदहाड़े ट्रकों के माध्यम से बाहरी इलाकों में भेज दिया जाता है।
हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध कारोबार की भनक अब तक न तो सीआईएसएफ को लग पायी है और न ही स्थानीय पुलिस प्रशासन को।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर/पलामू। पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस को हमेशा सतर्क और सक्रिय रहना आवश्यक है। किसी भी शिकायत या सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित किया जाना चाहिए। आमलोगों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीआईजी, पलामू के शहरी क्षेत्र एवं जिले की सुरक्षा तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने पलामू के सिविल कोर्ट परिसर तथा समाहरणालय स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम/ सीसीआर रूम) का निरीक्षण किया।
उन्होंने आमलोगों से भी विधि व्यवस्था संधारण में पुलिस प्रशासन के साथ सहयोगात्मक भूमिका निभाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था, अपने कर्तव्य पालन में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों की सतर्कता तथा उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। डीआईजी के साथ पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन भी थीं।
डीआईजी ने सिविल कोर्ट परिसर एवं उसके बाहरी संरचना का जायजा लिया। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। कोर्ट के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा बलों की तैनाती, सुरक्षा बलों द्वारा सतर्कता और तत्परता के साथ चेकिंग किये जाने की प्रक्रिया का मुआयना किया।
उन्होंने तैनात पुलिस बल को कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों की सतर्कता से जांच सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, कोर्ट परिसर में शांति एवं सुरक्षा के लिए सतर्क रहने और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिये।
डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक के साथ समाहरणालय स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपराध निगरानी और सूचना प्रबंधन आदि यहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस कर्मियों की सतर्कता, उपलब्ध संचार प्रणाली, आपातकालीन सूचना प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम में प्राप्त लाइव फूटेज की स्थिति, उसकी गुणवत्ता, विभिन्न थानों से प्राप्त सूचनाओं का संकलन, फाइलों का रखरखाव और त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने यहां नियुक्त/ प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा सभी थानों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने शहर की सुरक्षा के लिए लगाये गये सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्राप्त लाइव फूटेज की लगातार मॉनिटरिंग करने, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने, रिकॉर्ड्स अद्यतन करते हुए उसका सही से रखरखाव, फाइलों का शीघ्र निष्पादन और पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतते हुए आमजनों को सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा/ नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में केंद्र सरकार की कार्यशैली को लेकर लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने सरकार पर तीखा और आक्रामक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से भाग रही है और संसद को केवल औपचारिकता बनाकर रख दिया गया है। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मौजूदा सरकार एस्केपिस्ट सोच के आधार पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि किसी सवाल का जवाब पहले से तय करके दे दिया जाता है और संसद में गंभीर मुद्दों पर खुली बहस से बचने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संसद चर्चा का सबसे बड़ा मंच होता है, लेकिन सरकार लगातार अपनी जिम्मेदारियों से भागती नजर आ रही है।
सांसद ने कहा कि जब विपक्ष ने गंभीर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की मांग की, तब विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर सदन में आए, दो बयान दिए और तुरंत बाहर चले गये। इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि उस समय ऐसा लगा जैसे सांसदों को केवल सुनने के लिए बुलाया गया हो, मानो वे कोई पेड आॅडियंस हों, जबकि वे देश की जनता द्वारा चुने गये प्रतिनिधि हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश इसी तरह चलाया जायेगा, जहां सरकार जवाबदेही से बचती रहे और संसद में सवाल पूछने वालों को नजरअंदाज कर दिया जाये। कांग्रेस सांसद ने कहा कि बार-बार ऐसे हालात पैदा हो रहे हैं, जहां महत्वपूर्ण मुद्दों को दबाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि जब देश के सामने बड़े संकट और अंतरराष्ट्रीय हालात पर चर्चा की जरूरत होती है, तब सरकार चर्चा से बचती नजर आती है।
उन्होंने यह भी कहा कि क्या विपक्ष की आवाज का कोई महत्व नहीं रह गया है। सांसद ने सवाल उठाया कि क्या लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की बातों को भी अनदेखा कर दिया जायेगा। सुखदेव भगत ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार को विपक्ष के सवालों का जवाब देना ही पड़ता है।
अगर सरकार संसद में बहस से भागेगी और केवल बयान देकर निकल जायेगी, तो यह लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादा दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की है कि संसद में उठ रहे सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर और विस्तार से चर्चा करायी जाये, ताकि देश की जनता को सच्चाई पता चल सके और लोकतंत्र की गरिमा बनी रहे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड मंत्रिपरिषद की अगली बैठक 12 मार्च 2026, गुरुवार को आयोजित की जाएगी। यह बैठक झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से जारी सूचना के अनुसार बैठक शाम 5 बजे शुरू होने की संभावना है। हालांकि यदि उसी दिन विधानसभा की कार्यवाही निर्धारित समय से अधिक समय तक चलती है, तो कैबिनेट की बैठक विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के तुरंत बाद आयोजित की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में राज्य सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और नीतिगत प्रस्तावों पर विचार किया जा सकता है। विभिन्न विभागों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों को भी मंत्रिपरिषद की स्वीकृति के लिए बैठक में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि इन दिनों झारखंड विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। ऐसे में कैबिनेट की यह बैठक कई अहम फैसलों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें विकास योजनाओं और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
टीम एबीएन, रांची। तदाशा मिश्र, महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड ने अपने कार्यालय कक्ष में रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटियातू स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पुलिस महानिदेशक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाये।
इसके लिए तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिये। झारखंड पुलिस आम नागरिकों को आश्वस्त करती है कि राज्य में किसी भी प्रकार के आपराधिक घटना में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
इस बैठक में महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के अतिरिक्त मनोज कौशिक, अपर पुलिस महानिदेशक, अप०अनु०वि०, झारखण्ड, राकेश रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची, ऋषभ कुमार झा, पुलिस अधीक्षक, एटीएस, रांची, पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (सिटी), रांची एंव थाना प्रभारी एयरपोर्ट रांची उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। रांची की धार्मिक व सामाजिक संस्था श्री हनुमान मंडल, रांची का एक दिवसीय 48 वा वार्षिक महोत्सव 29 मार्च को श्री राणी सती मंदिर परिसर, रातू रोड के हनुमान बक्स पोद्दार सत्संग भवन के सभागार में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा।
श्री हनुमान मंडल के अध्यक्ष सज्जन पाड़िया व मंत्री श्रवण अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह महोत्सव एक दिवसीय होगा जो प्रातः 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक सत्संग भवन के सभागार में मनाया जाएगा। प्रातः 7 बजे मुख्य यजमान के द्वारा श्री गणेश पूजन के साथ महोत्सव की शुरुआत की जाएगी। साथ ही प्रातः 8 बजे श्री बालाजी महाराज की अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। प्रातः 8:30 बजे से सुरेश बजाज के द्वारा सामूहिक सुंदरकांड का पाठ सैकड़ो हनुमान जी के भक्तों के साथ सामूहिक रूप में किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री बाला जी का भव्य दरबार, नयनाभिराम झांकी फूलों के अलौकिक श्रृंगार के साथ का आप दर्शन कर सकेंगे। दोपहर में श्री बाला जी के भक्तों के द्वारा छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया जाएगा। साथ ही रांची की धार्मिक संस्था श्री श्याम मंडल, श्री श्याम परिवार और श्री दुर्गा जागरण मंडली, रातू रोड के भक्तों द्वारा भजनों की गंगा प्रवाह की जाएगी।
इस उपलक्ष्य पर दिल्ली से पधारी भावना स्वराज एवं बरेली के डी के राजा जो भजनों के सम्राट माने जाते है उनके द्वारा श्री बालाजी के भजनों की अमृत वर्षा का लाभ आप ले सकेंगे, जो रात्रि तक चलेगा। रात्रि 9 बजे महाआरती के संग प्रसाद का वितरण भी सामूहिक रूप से किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए मंडल के कई सदस्य दिन-रात लगे हुए हैं।
प्रचार मंत्री निर्मल बुधिया ने बताया कि जो लोग भी बाबा को छप्पन भोग अर्पित करना चाहते हैं। सज्जन पाड़िया एवम श्रवण अग्रवाल से संपर्क कर अपना नाम लिखवा सकते हैं। महोत्सव संयोजक नवल टिबड़ेवाल ने बताया 29 मार्च को प्रातः 8:30 बजे से सुंदरकांड पाठ के वाचक सुरेश बजाज के सानिध्य में होने वाले सामूहिक पाठ में जो भी धर्म प्रेमी भाग लेना चाहते हैं वह सुंदरकांड पाठ का कूपन अवश्य प्राप्त कर ले।
अध्यक्ष सजन पड़िया, मंत्री श्रवण अग्रवाल व प्रचार मंत्री निर्मल बुधिया ने वार्षिक महोत्सव में सभी धर्म प्रेमियों को सपरिवार आमंत्रित किया है। उन्होंने अपील की है एक दिवसीय वार्षिक महोत्सव के सारे कार्यक्रमों में भाग लेकर आप पुण्य अर्जित करने का कार्य करें।
महोत्सव को सफल बनाने में सज्जन पाड़िया, श्रवण अग्रवाल, नवल टिबड़ेवाल, निर्मल बुधीया, शिव कुमार भावसिंहका, रमन बगड़िया, प्रवीण मोदी, विजय खोवाल, निरंजन केडिया, नरेंद्र डीडवानिया, रवि भारद्वाज, अरुण बाजोरिया सहित काफी संख्या में सदस्य लगे हुए हैं। उक्त जानकारी संघ के प्रचार मंत्री निर्मल बुधिया ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। आदिवासी छात्र संघ, लोहरदगा के पूर्व अध्यक्ष जगदीप भगत ने कहा है कि संविधान के तहत राष्ट्रीय संवैधानिक पद पर आसीन देश के राष्ट्रपति व प्रथम नागरिक द्रौपदी मुर्मू का बंगाल की धरती पर अपमान काफी निंदनीय है।
इसकी जितना भी निंदा की जाए कम है भारतीय इतिहास में एक महिला मुख्यमंत्री के राज्य में देश के आदिवासी महिला राष्ट्रपति का अपमान अक्षम हैं। इस देश की जनता और खास कर आदिवासी समाज बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कभी माफ नहीं करेगी।
टीम एबीएन, रांची। खाड़ी क्षेत्र में बढ़े युद्ध तनाव के कारण दुबई में फंसे रांची के एक नवदंपति के लिए अब राहत की खबर है। कई दिनों की अनिश्चितता के बाद दोनों को भारत लौटने का टिकट मिल गया है और वे मंगलवार सुबह रांची पहुंचेंगे।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़े युद्ध तनाव के बीच दुबई में फंसे रांची के नवदंपति की आखिरकार सुरक्षित घर वापसी का रास्ता साफ हो गया है। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) रांची के अधिकारी अतुल उरांव और उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मुंबई से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनकी वापसी की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी और राहत का माहौल है।
अतुल उरांव और लातेहार की रहने वाली डॉ. कंचन बाड़ा की शादी 22 फरवरी को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों 27 फरवरी को हनीमून मनाने दुबई गए थे। दोनों की वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन इसी दौरान खाड़ी क्षेत्र में अचानक युद्ध तनाव बढ़ गया।
इसके कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो गईं और नवदंपति दुबई में ही फंस गए। लगातार उड़ानें रद्द होने से दोनों को करीब एक सप्ताह तक वहां इंतजार करना पड़ा। इस दौरान उन्होंने भारत सरकार से भी सुरक्षित वापसी के लिए मदद की अपील की। कई बार टिकट बुक करने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार अंतिम समय में फ्लाइट रद्द हो जाती थी।
अतुल उरांव ने बताया कि आखिरकार 8 मार्च को उन्हें भारत लौटने का टिकट मिल पाया। हालांकि इसके लिए उन्हें करीब 1.12 लाख रुपये खर्च करने पड़े। उन्होंने कहा कि फ्लाइट रद्द होने के कारण हर दिन चिंता और असमंजस में बीत रहा था, लेकिन अब भारत लौटने की खबर से काफी राहत मिली है। नवदंपति के रिश्तेदार और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल अमिताभ पन्ना ने उनकी सुरक्षित वापसी पर खुशी जताई।
उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में हवाई टिकटों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी चिंताजनक है। उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से मांग की कि ऐसी परिस्थितियों में विदेशों में फंसे भारतीयों की मदद के लिए कदम उठाए जाएं, ताकि उन्हें ज्यादा आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse