झारखंड

View All
Published / 2025-02-07 21:11:52
उलीडीह के करकरी नदी पर लगा दो दिवसीय टुसु मेला

टीम एबीएन, रांची। रांची के सुदूर पूर्वी क्षेत्र तमाड़ के उलीडीह ग्राम में स्वर्णरेखा की सहायक करकरी नदी के तट लगने वाले दो दिवसीय टुसू मेले के समापन अवसर पर लगभग बीस हजार से अधिक लोगों के विशाल जनसमूह के बीच आसपास गावों से आए बहुत से चौड़ल दल आये थे। अपने अपने गावों से लाये चौड़ल के साथ परंपरागत वेशभूषा में गाजे-बाजे व ढोल नगाड़ों के साथ महिला-पुरुषों, बालक-बालिकाओं व युवक-युवतियों के नृत्य दल भी आये हुए थे। बहुत उत्साह और जोश खरोश के साथ उन्होंने पंचपरगना भाषा के लोकगीतों से सारे वातावरण को गुंजायमान करते हुए आकर्षक सामूहिक नृत्य भी प्रस्तुत किये।

मेले में आये सभी चौड़ल और चौड़ल के साथ आये नृत्य दलों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विश्व हिन्दू परिषद झारखंड के अशोक कुमार अग्रवाल प्रांत सह सेवा प्रमुख ने सभी चौड़ल और नृत्य दलों के प्रमुखों को सद्भावना स्वरूप एक एक श्रीरामचरितमानस की प्रति उपहार में दी ताकि गांव गांव में राम नाम का अधिक से अधिक प्रभाव बन सके।

सभी चौड़ल व नृत्य दलों को नकद पुरस्कार राशि पूर्वी तमाड़ की जिला परिषद सदस्या भवानी सिंह मुंडा, विधायक प्रतिनिधि ऋषिकेश महतो, उलीडीह पंचायत मुखिया व मेला के अध्यक्ष सुखराम सिंह मुंडा व अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों ने दी। सभी सम्मानित चौड़ल दलों के प्रमुखों मंचासीन गणमान्य व्यक्तियों को रांची हरमू से आये बिजय मिंज ने शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया।

विश्व हिन्दू परिषद सेवा विभाग झारखंड के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि ये टुसू मेले पंचपरगना क्षेत्र में सामाजिक समरसता का प्रतीक एक सामाजिक आर्थिक विकास की परंपरा को आगे बढ़ाने वाला त्यौहार है। यह कृषि से जुड़ा त्यौहार है। जैसा कि देश के हर कोने में विभिन्न नामों से यह पर्व मनाया जाता है उसी प्रकार रांची जिले के पचपरगना क्षेत्र में यह टुसु पर्व के रूप में मनाया जाता है, यह पर्व जिसे लोग मकर संक्रांति से लेकर शिवरात्रि तक नदी किनारे मेलों के रूप में लगाते हैं। इन मेलों में ऊंच-नीच, गरीब-अमीर, छोटे-बड़े का भेदभाव मिटाकर सभी मत-पंथ के लोग उत्साह से परंपरागत रूप में नाचते-गाते भाग लेते हैं। छोटे बड़े दुकानदार अपना हर प्रकार का व्यापार करते हैं।

मौके पर बुंडु सीडीपीओ/उप अधीक्षक पुलिस ओम प्रकाश, तमाड़ थाना प्रभारी और महिला थाना नशामुक्ति जागरुकता अभियान के अन्तर्गत ग्रामीण जनों को अफीम की खेती से अलग रहने का संदेश दिया इसके लिए झारखंड सरकार के सांस्कृतिक मंत्रालय की ओर से तैयार एक आकर्षक नृत्य नाटिका भी मेले में प्रस्तुत की गयी। 

जिसमें बताया गया कि किस प्रकार लोग अफीम की खेती कर अपने घर परिवार व समाज को बर्बाद कर रहे हैं। ओमप्रकाश ने बताया कि थोड़े से धन के लालच में लोग अपनी आगे आने वाली पीढ़ी को बर्बाद कर रहे, अपनी आने वाली पीढ़ीओं को नशे के गर्त में ढकेल रहे हैं। हमें इनसे बचना चाहिए और समाज को नशे से दूर रखने का प्रयास करना चाहिए। अफीम की खेती के स्थान पर सब्जी व अन्य नकद फसलों उगाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करनी चाहिए।

अशोक अग्रवाल ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले केवल  सतीघाट बारेंदा सोनाहातू प्रखंड में ही टुसू मेला लगता था, परंतु अथक प्रयास कर आज से 38 वर्ष पूर्व सोनाहातू प्रखंड के सितुमडीह, लांदुपडीह तमाड़ प्रखंड के पारसी, ऐदेल पीढ़ी (पुंडीदिरी), घाघर सतिया, ईचागढ़ में पिलीद हाईस्कूल व बुंडु प्रखंड के ऐदेल हातू स्थित सूर्य मंदिर पर मेलों की शुरुआत की गयी। आज तो इस क्षेत्र में 25 से 30 मेले लगने लगे हैं। ये मेले पूरे क्षेत्र में न केवल सामाजिक समरसता के पर्याय बन गए हैं वही सामाजिक आर्थिक विकास में मील के पत्थर बनते जा रहे हैं। उक्त जानकारी अशोक कुमार अग्रवाल और संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-02-07 21:08:39
शादी के 19वें सालगिरह पर मां कामाख्या के दरबार पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना

शादी की 19वीं सालगिरह पर मां कामाख्या मंदिर पहुंचे सीएम हेमंत और कल्पना सोरेन, की पूजा-अर्चना

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन की आज 19वीं शादी की सालगिरह है। विवाह के वर्षगांठ पर आज दोनों ने असम में विश्व प्रसिद्ध प्राचीन मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- आज विवाह के वर्षगांठ पर असम में विश्व प्रसिद्ध प्राचीन मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। 

मां कामाख्या सभी को सुखी, समृद्ध और स्वस्थ जीवन प्रदान करें, यही कामना करता हूं। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन के साथ तस्वीरें भी साझा की। बता दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रमुख शिबू सोरेन के बड़े बेटे की शादी ओडिशा में हुई है। ओडिशा की रहने वाली कल्पना सोरेन से शिबू सोरेन परिवार की पहली मुलाकात एक शादी समारोह में हुई। 

बताया जाता है कि पहली नजर में शिबू सोरेन परिवार ने कल्पना सोरेन को अपनी बहू के रूप में स्वीकार कर लिया। फिर दोनों परिवारों की आपसी सहमति से शादी की तारीख तय हो गई। संताली रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई। 

वैलेंटाइन वीक के पहले दिन 7 फरवरी 2006 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए। हेमंत सोरेन की बारात रामगढ़ के पैतृक गांव नेमरा से क्योंझर के लिए रवाना हुआ। जब हेमंत सोरेन की शादी हुई, उस वक्त उनके पिता शिबू सोरेन केंद्र सरकार में कोयला मंत्री थे।

Published / 2025-02-07 21:04:19
जल्द आयेगी मंईयां सम्मान योजना की छठी किस्त

विभाग ने जारी किया ये निर्देश

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना का जनवरी माह का भुगतान अभी तक लाभार्थियों के खाते में नहीं पहुंचा है। जिसकी वजह से लाभुकों के चेहरे पर मायूसी छायी हुई है। वहीं इस देरी की वजह से सभी बहन-बेटियां बेसब्री से राशि का इंतजार कर रही है। बता दें कि विभाग की ओर से बताया गया है कि योजना में गड़बड़ी सामने आने के बाद सरकार ने सभी लाभार्थियों के पुन: सत्यापन का आदेश दिया। 

पिछले एक महीने से यह सत्यापन प्रक्रिया चल रही है और अब यह अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सत्यापन पूरा होते ही छठी किस्त का भुगतान शुरू कर दिया जायेगा। बता दें कि, मंईयां सम्मान योजना को लेकर खाद्य आपूर्ति विभाग ने निर्देश जारी किया है कि सभी जिलों के आपूर्ति पदाधिकारी राशन कार्डधारियों का 25 फरवरी तक ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से करा लें। 

वहीं विभाग की तरफ से ये स्पष्ट किया गया कि मंईयां सम्मान योजना का लाभ देने में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए लिया गया है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की छठी किस्त आने का लाभुक इंतजार कर रहे हैं। किस्त नहीं जाने के पीछे की वजह लाभूक का सत्यापन नहीं होना है। 

सभी की जांच की जा रही है जिस वजह से लाभुक को किस्त मिलने में देरी आ रही है। सभी चीजें सामान्य होगी और पैसा लाभुक के खाते में पहुंच जायेगा। वहीं अब बड़े स्तर पर कैम्प लगाकर सभी का सत्यापन और राशन कार्ड का ई-केवाइसी किया जा रहा है। लाभुकों को उम्मीद है कि जल्द ही उनके खाते में योजना की राशि आ जायेगी।

Published / 2025-02-07 21:03:04
सभ्य समाज में हिंसा का कभी कोई स्थान नहीं : उप विकास आयुक्त

  • जन भागीदारी और जन-जागरूकता से समाज में हिंसा, नशामुक्ति व कुप्रथा की रोकथाम में मिलेगी सफलता 
  • बाल विवाह, महिला, बाल हिंसा एवं नशामुक्ति को रोकने तथा किशोरी सशक्तिकरण को लेकर जिलास्तरीय कार्यशाला आयोजित 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। सभ्य समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं होता। किसी को अधिकार हनन व फिजिकल रूप से आघात पहुंचाने की अनुमति नहीं है। हर व्यक्ति को जीवन जीने का अधिकार है। हिंसा का प्रतिकार होनी चाहिए। हिंसा व कुप्रथा की रोकथाम के लिए कानूनी प्रावधान भी है। साथ ही समाज में जागरूकता के कार्य किए जा रहे हैं। महिला एवं बाल हिंसा की रोकथाम में सभी की भागीदारी आवश्यक है। वहीं सभी स्टेक होल्डर्स की अहम भूमिका है। जन भागीदारी और जन-जागरूकता से समाज में हिंसा, नशामुक्ति व कुप्रथा की रोकथाम में सफलता मिलेगी। यह बातें उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने कही। वे आज बाल विवाह, महिला एवं बाल हिंसा तथा नशामुक्ति को रोकने तथा किशोरी सशक्तिकरण को लेकर आयोजित जिलास्तरीय कार्यशाला में बोल रहे थे। जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया।

उप विकास आयुक्त ने बच्चों के अधिकार एवं संरक्षण को सुनिश्चित करने हेतु जिला वार्षिक कार्य योजना के क्रियान्वयन एवं संबंधित विभागों के समन्वयन हेतु बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में सकारात्मक चर्चा होगी और समाज में इसका सकारात्मक संदेश पहुंचेगा।  

सिविल सर्जन डॉ अनिल सिंह ने नशामुक्ति को लेकर जानकारी साझा करते हुए इसके रोकथाम में सभी को सहयोगी बनने की अपील की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी। जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश ने स्कूलों में चलाये जा रहे जागरूकता अभियान की चर्चा की। श्रम अधीक्षक ने बच्चों के बचाव एवं पुनर्वास से संबंधित पहलुओं पर प्रकाश डाला।

कुप्रथा मिटाने के लिए मिलकर कार्य करने की जरूरत

लीगल एड डिफेंस काउंसिल के डिप्टी चीफ संतोष पांडेय ने बाल विवाह, महिला एवं बाल हिंसा की रोकथाम को लेकर कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज में अशिक्षा एक चुनौती है। आपसी सहयोग से हमें कुप्रथा को मिटाने में सफलता मिलेगी। समाज में कुरीतियों एवं कुप्रथाओं की रोकथाम के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किये जाते रहे हैं। 

उन्होंने पोक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, लिंग परीक्षण संबंधी कानून, मुआवजा योजना आदि के लिए बने कानूनी प्रावधान तथा डालसा, झालसा एवं नालसा की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम एवं गतिविधियों के बारे भी जानकारी दी। यूनिसेफ/एक्सआईएसएस  के परियोजना निदेशक डॉ तबरेज ने जिला कार्ययोजना हितधारकों की भूमिका और इसके महत्व पर चर्चा की। 

जेएसएलपीएस की डीपीएम अनिता केरकेट्टा एवं डीएमएसडी प्रवीण कुमार ने लैंगिक समानता और जेएसएलपीएस की भूमिका पर प्रकाश डाला। एनडीएफ के प्रतिनिधि सचिव हरेंद्र कुमार ने जागरूकता अभियानों एवं समर्थन कार्यों की जानकारी दी। इसके अलावा अन्य प्रतिनिधियों ने कार्यों की जानकारी दी।  
कार्यशाला का संचालन व विषय प्रवेश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने किया। 

उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में जिला पंचायत राज पदाधिकारी विनय कुमार श्रीवास्तव, एनडीसी विक्रम आनंद सहित जिलास्तरीय अन्य पदाधिकारी एवं स्टेक होल्डर्स उपस्थित थे।

Published / 2025-02-07 15:16:11
एसआर डीएवी पुंदाग के स्काउट एंड गाइड का विशेष जंबूरी में धमाकेदार प्रदर्शन

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पुंदाग के 25 बच्चों ने भारत स्काउट एवं गाइड के 75 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 दिवसीय विशेष डायमंड जुबली जंबूरी में भाग लिया।ध्यातव्य रहे कि इस वर्ष विशेष जंबूरी का आयोजन तमिलनाडु में त्रिची के सिपकोट इंडस्ट्रियल पार्क में किया गया, जिसमें इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, मलेशिया, सऊदी अरब, नेपाल, श्रीलंका सहित भारत के कुल 25,000 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

पहली बार एसआर डीएवी के स्काउट मास्टर अनुरंजन कुमार और गाइड कैप्टन शिल्पा सिंह के नेतृत्व में  एसआर डीएवी पुंदाग के 25 प्रतिभागियों सहित झारखंड के क़रीब 85 प्रतिभागी उक्त जंबूरी में शामिल हुए। राज्य के बालक वर्ग का नेतृत्व जमशेदपुर जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार व बालिका वर्ग का प्रतिनिधित्व फुल केरिया एक्का ने किया।

संख्या बल कम होने के बावजूद सभी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भारत स्काउट एवं गाइड के झारखंड राज्य प्रशासक श्री अनिल कुमार सिंह, रांची जिला संगठन आयुक्त दिलीप कुमार सहित विभिन्न जिला के संगठन आयुक्त तन-मन से आयोजन स्थल पर डटे रहे।

प्राचार्य एसके मिश्र ने  दिनांक 24 जनवरी को सभी प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। वहीं गुरुवार को वापस लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया।उन्होंने बच्चों से उनका अनुभव पूछा तथा अगली बार भी इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने  की सलाह दी।

उनके अनुसार विद्यार्थियों के चहुमुखी विकास के लिए इस प्रकार के आयोजनों में भाग लेना लाभप्रद होता है। उन्होंने यह आश्वासन दिया कि अगली बार इस वर्ष के अंत तक छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय जंबूरी में और अधिक प्रतिभागियों को भेजा जायेगा।

Published / 2025-02-06 21:26:02
नगर आयुक्त, डीडीसी ने राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला के तैयारियों का लिया जायजा

दो दिवसीय मेला 11 एवं 12 फरवरी को 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुबियाखांड़ (पलामू)। पलामू के दुबियाखांड़ में 11 एवं 12 फरवरी को आयोजित होने वाले आदिवासी विकास महाकुंभ मेले की तैयारी जोरों पर चल रही है। जिला प्रशासन के साथ मेला आयोजन समिति मेले की तैयारियों में जुटा है। मेले की तैयारियों का जायजा लेने गुरूवार को नगर आयुक्त जावेद हुसैन, उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने अधिकारियों के साथ मेला परिसर पहुंचे। 

अधिकारियों ने मेला आयोजन की तैयारी की गति को बढ़ाने का निदेश दिया। मेला परिसर की भूमि का समतलीकरण का कार्य पूर्ण हो गया है। वहां स्टॉल बनाने एवं जर्मन टेण्ट एवं हैंगर लगाने का कार्य किया जा रहा है। मेले को वृहद रूप देने का कार्य हो रहा है। नगर आयुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने मेले में साफ-सफाई, बिजली, पानी की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निदेश दिए। 

मेला परिसर से बिजली के पोल को हटवाते हुए दूसरे उचित स्थानों पर सिफ्ट किये जाने का निर्देश दिया। साथ ही पिछली बैठकों में लिए गए निर्णय एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। पदाधिकारियों ने मुख्य समारोह स्थल पर प्रवेश के साथ-साथ वैकल्पिक रास्ते भी तैयार करने का निर्देश दिया। मेला में  वीआईपी एवं सामान्य पार्किंग को चिन्हित किया गया। 

पार्किंग स्थल के लिए साइनेज लगाने का निर्देश दिया। मेला स्थल पर विभिन्न विभागों के लिए तैयार किये जा रहे स्टॉल का भी पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने स्टॉल के उपर संबंधित विभागों के फ्लैक्स बोर्ड लगाने का निदेश दिया, ताकि संबंधित व्यक्ति या लाभुक आसानी से अपने जरूरत के स्टॉल पर पहुंच सकें। मेला आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा सामुदायिक भवन को दुरूस्त करने की मांग पर पदाधिकारियों ने इसे शीघ्र ठीक कराने का भरोसा दिया। 

निरीक्षण में सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीना, जिला कल्याण सह जिला खेल पदाधिकारी सेवा राम साहू, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, हृदयानंद सिंह, भर्दुल कुमार सिंह, उमेश सिंह आदि उपस्थित थे। 

Published / 2025-02-06 21:25:11
डीएवी गांधीनगर में मनायी गयी एनडी ग्रोवर की पुण्यतिथि

टीम एबीएन, रांची। डी ए वी पब्लिक स्कूल सीसीएल गांधीनगर में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा, मध्यप्रदेश, बंगाल, नेपाल आदि तक डी ए वी स्कूलों के संस्थापक एवं विस्तारक महान शिक्षाविद् महात्मा एन डी ग्रोवर की 17वीं पुण्यतिथि मनायी गयी। मौके पर विशेष प्रार्थना सभा सह यज्ञ का आयोजन किया गया। 

इस कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों के साथ विद्यालय के सभी छात्र उपस्थित थे। प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने अपने संदेश में कहा कि ग्रोवर साहब युग पुरुष थे। शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उनके प्रयास अतुल्य हैं। उन्होंने एक निस्वार्थ कर्मयोगी की तरह डी ए वी संस्थाओं के उन्नयन में अनुपम योगदान दिया है। 

श्रीनिराकार आचार्या  ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रोवर साहब निष्काम कर्मयोगी थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के लिए अर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा के सौ से अधिक पावन मंदिरों की स्थापना की छात्रों ने जहां दस लाख से अधिक विद्यार्थी ज्ञान अर्जित कर रहे हैं। एक अकिंचन साधनहीन व्यक्ति भी असंभव को संभव कैसे बना सकता है, इस बात के वे प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। 

उनके जीवन का प्रत्येक कर्म समाज के लिए प्रेरणा है।उनका चरित्र वर्णन से परे है। विद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ। वैद्यनाथ मिश्र ने उनके जीवन से संबंधित कई संस्मरणों को छात्रों के साथ साझा किया। शिक्षकों के अलावे नवम वर्ग की छात्रा मानसी एवं शौर्यदीप ने भी अपने भाषणों के द्वारा उनके जीवन पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रजेशजी सिन्हा, के नलिनी, एस एम वसुधा, सोमा घटक, संध्या रानी, गोविंद झा, पूर्णचंद्र आर्य कविता मुखर्जी आदि की भूमिका रही।

Published / 2025-02-06 21:23:43
गिरिडीह : पेड़ से झूलता मिला नवोदय विद्यालय के छात्र का शव

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। जिले के गांडेय में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में एक छात्र का शव संदिग्ध स्थिति में पेड़ पर झूलता मिला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गयी है। जानकारी के जवाहर नवोदय विद्यालय के 11 वीं का छात्र 17 वर्षीय रामप्रसाद यादव (राजधनवार थाना क्षेत्र के बलहारा निवासी) का शव विद्यालय परिसर के अंदर निर्मित छात्रावास के बाहर एक पेड़ में फांसी के फंदे से झूलता मिला।

गुरुवार की सुबह जब छात्रों की नजर मृत छात्र पर पड़ी तो हो हल्ला करना शुरू कर दिया। इसके बाद गांडेय थाना प्रभारी दल बल के साथ पहुंचे और शव को नीचे उतारा। इधर, छात्रों और परिजनों ने स्कूल के प्राचार्य समेत शिक्षकों पर हत्या का आरोप लगाया है। 

मौके पर एसडीपीओ जीत वाहन उरांव, बीडीओ निसात अंजुम, प्रमुख राजकुमार पाठक, इंस्पेक्टर मो कमाल खान भी पहुंचे और जानकारी ली। इधर, सामाजिक और राजनीतिक पेंच के बीच करीब 8 घंटे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।

Page 433 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse