एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज चैनपुर स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन एवं अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं, जिसपर आयुक्त ने प्राचार्य एवं शिक्षकों के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन किया। इस दौरान कुछ शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। जिसके कारण कई छात्राएं कक्षा से बाहर निकलकर शोरगुल कर रहीं थीं। आयुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से कई सामान्य प्रश्न पूछे गये, परंतु कई छात्राएं सरल प्रश्नों का भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पायीं।
ऐसी स्थिति पर उन्होंने संबंधित वर्ग शिक्षकों एवं प्राचार्य को सही से तरीके से अध्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की पहली जिम्मेदारी विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करना है।
आयुक्त ने विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन की दैनिक खपत-सह-स्टॉक पंजी, दैनिक उपस्थिति सारांश सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की।
जांच में कई पंजी अद्यतन नहीं पाये गये। मार्च माह के कॉलम पूरी तरह खाली थे। मध्याह्न भोजन से संबंधित संचिका में भी प्रविष्टियां स्पष्ट नहीं थीं तथा पूर्व में भरे गए कई कॉलम संदेहास्पद एवं मनगढ़ंत प्रतीत हुए। इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि पंजियों को खाली रखना और माह के अंत में एक साथ भरना अनियमितता और आपकी स्वेक्षाचारिता की ओर इंगित करता है।
उन्होंने सभी अभिलेखों/पंजियों को प्रतिदिन अद्यतन करने का स्पष्ट निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि प्राचार्य कक्ष के सामने ही वाहनों की पार्किंग की गई है। इसपर उन्होंने नाराजगी जताते हुए वाहन की पार्किंग व्यवस्थित ढ़ंग से करने का निदेश दिया। आयुक्त ने प्राचार्य को विद्यालय के शिक्षकों एवं अन्य शैक्षणिक कार्यों पर पूर्ण नियंत्रण रखने का सख्त निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों का भविष्य निर्माण करते हैं, इसलिए विद्यार्थियों की पढ़ाई, अनुशासन और विद्यालय की समुचित व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने पठन-पाठन की गुणवत्ता सुधारने, अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने और विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी की जांच की गई, जिसमें कई गड़बड़ियां सामने आयीं। कई विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति कम पाई गई, जबकि पंजी में अधिक दर्ज थी। इतना ही नहीं, 14 मार्च की तिथि के सामने कई छात्राओं के नाम पर पहले से ही अनुपस्थित दर्शाते हुए क्रॉस लगा दिया गया था, जबकि निरीक्षण की तिथि 13 मार्च है। इस पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया।
आयुक्त ने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के लिए तैयार मध्याह्न भोजन तथा स्टॉक में रखे चावल की जांच की। चावल की बोरियों को चूहों द्वारा कुतरा हुआ पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जतायीं। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना विद्यार्थियों के पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए इसके साथ किसी प्रकार की लापरवाही या खिलवाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा खाद्यान्न का सुरक्षित और व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने कहा कि यदि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में कमी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, तो इसके लिए विद्यालय के प्राचार्य स्वयं जिम्मेदार होंगे।
टीम एबीएन, रांची। इंडेन गैस उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए IOCL (इंडेन गैस) द्वारा गैस रिफिलिंग के लिए मैन्युअल बुकिंग की व्यवस्था की गई है। कंपनी के सर्वर में अपग्रेडेशन की प्रक्रिया जारी रहने के कारण फिलहाल उपभोक्ताओं को बुकिंग में आ रही असुविधा को देखते हुए यह वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
IOCL (इंडेन गैस) के पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कंपनी के सर्वर में भारी संख्या में बुकिंग आने के कारण तकनीकी अपग्रेडेशन की आवश्यकता पड़ी है। सर्वर अपग्रेडेशन का कार्य जारी है और इसके पूरा होते ही उपभोक्ता सामान्य रूप से गैस सिलेंडर की ऑनलाइन/सामान्य बुकिंग कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि रांची में इंडेन गैस के लगभग डेढ़ लाख उपभोक्ता हैं। कंपनी द्वारा गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और प्रतिदिन पूर्व की भांति लगभग 10,500 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं के बीच की जा रही है।
IOCL (इंडेन गैस) के पदाधिकारी ने उपभोक्ताओं से पैनिक बुकिंग नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं तक नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
इस बीच उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए रांची के विभिन्न इंडेन गैस वितरकों द्वारा मैन्युअल बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर संपर्क कर उपभोक्ता अपने गैस सिलेंडर की बुकिंग करा सकते हैं।
IOCL (इंडेन गैस) द्वारा बताया गया कि सर्वर अपग्रेडेशन का कार्य पूरा होते ही गैस बुकिंग की प्रक्रिया पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान उपभोक्ताओं से सहयोग और धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड मुख्यमंत्री, स्वास्थ मंत्री झारखंड सरकार, झरिया विधायक रागिनी सिंह, धनबाद डीसी को ट्वीट कर अस्पताल पर कार्यवाई और लाइसेंस रद्द करने की मांग कि और लिखा कि बकाया रुपयों के लिए शव को बनाया बंधक, सड़क हादसे में घायल झरिया निवासी संजीत सिंह (54 वर्ष) की मौत के बाद, अस्पताल प्रबंधन ने केवल 20,864 रुपये बकाया होने के कारण शव परिजनों को सौंपने से इनकार कर दिया।
अस्पताल का यह रवैया पुराना है और कोई भी अस्पताल कानूनी तौर पर मृतक को बंधक नहीं बना सकता। अस्पताल अक्सर वेंटिलेटर और अन्य सुविधाओं के नाम पर पैसे की उगाही करता है। शव को परिजनों को सौंपने से इनकार कर देने के बाद सूचना मिलने पर नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह जी तुरंत अस्पताल पहुंचे।
संजीव सिंह जी ने अपने निजी कोष से बकाया राशि का भुगतान किया, जिसके बाद मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया। सिंह मेंशन हर दुखियारी परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और इस बार अस्पताल को इसकी सजा समझ आ जाएगी, में सरकार से यह मांग करता हु कि ऐसे अस्पताल का तुरंत लाइसेंस को रद्द किया जाए।
टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग स्थित परमहंस हिन्दु रत्न से सुशोभित डा• संत शिरोमणी स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य मेएम.आर. एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित झारखंड के सबसे बड़े श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर एवं सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से सेवा कार्यों में परेशानी बढ़ गई है।
संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित इस मंदिर और आश्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती है।ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन निःशुल्क वेजिटेबल खिचड़ी का भंडारा आयोजित होता है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
प्रत्येक रविवार को अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा का आयोजन विगत 5 वर्षों से हो रहा है भंडारा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु भोजन ग्रहण करते हैं वहीं सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे 50 से अधिक निराश्रित प्रभुजनों को रोजाना तीनों समय भोजन कराया जाता है। इसके अलावा लगभग 30 से अधिक सेवादारों के भोजन की भी व्यवस्था यहीं से होती है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस की लगातार कमी से भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। इस महत्वपूर्ण सेवा कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए संबंधित विभाग को रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में शीघ्र समाधान एवं आवश्यक उपाय करने चाहिए। ट्रस्ट आश्रम में चूल्हा लगाने पर भी विचार कर रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा/ रांची। देश के विभिन्न हिस्सों में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर गुरुवार को संसद परिसर में विपक्ष का गुस्सा फूट पड़ा। लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी जी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की नीतियों ने पूरे देश को संकट में डाल दिया है।
प्रदर्शन के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि आज देश की स्थिति ऐसी हो गयी है कि नरेंद्र भी गायब हैं और सिलेंडर भी गायब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की गलत नीतियों और अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकने की वजह से देश में एलपीजी की भारी किल्लत पैदा हो गयी है।
भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने विदेशी दबाव के सामने सरेंडर कर दिया है और इसका सीधा असर देश की जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों से एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं, जहां लोग घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, फिर भी उन्हें गैस नहीं मिल रही है।
सांसद भगत ने केंद्र सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि मोदी सरकार आम जनता की परेशानियों से पूरी तरह बेखबर है और लोगों को उनके हाल पर तड़पने के लिए छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई और गैस संकट ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार के पास इसका कोई ठोस समाधान नहीं है।
संसद परिसर में हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन के सांसदों ने तख्तियां और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गैस संकट पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। विपक्ष का कहना है कि अगर जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन तेज किया जायेगा। मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी, सांसद के सी वेणुगोपाल सहित काफी संख्या में सांसद उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। 18 पड़ाह हेंदेहस का तीन दिवसीय क्षेत्रीय विशु सेंदरा का आयोजन भुट खाड़ पेसरार में 18 पड़ाह वेल विफाई उरांव की अध्यक्षता में की गयी। इस बैठक के मुख्य अतिथि केंद्रीय वेल लक्ष्मीनारायण भगत ने कहा कि विशु सेंदरा ही हमारा आदिवासी समाज का सुप्रीम कोर्ट है। इस बैठक के माध्यम से ही आदिवासी समाज मे कुरीति को दूर किया जाता है।
बैठक में ही नियम कानून बनता है जिसे गांव के अलावा समाज के लोगों को मानना पड़ता है। इसी नियम की तहत आज पेसा कानून नियमावली बनायी गयी है। वेल लक्ष्मीनारायण भगत ने कहा कि आज के समय में पढ़े लिखे आदिवासी समाज के युवाओं को आगे आना होगा और समाज मे फैली कुरीति को दूर कर समाज के लोगों को विकास में मुख्य भूमिका निभाना होगा।
इस बैठक में कोड़ा पड़ाह वेल (नगर) जगदीप भगत, बुदेश्वर उरांव, शिवशंकर टाना भगत, उदय भगत, बुद्धिमन भगत, बिकराम भगत, दिलेश्वर भगत, राजधानी, उरांव, बलित उरांव, सुदित उरांव, बलदेव उरांव, विश्वनाथ उरांव, सुखदेव उरांव, शत्रुधन उरांव, विरेंदर उरांव, नंदकेसवार उरांव आदि सैकड़ों 18 पड़ह के लोग उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। जिला के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर श्री आदिनाथ भगवान के जन्म एवं तप कल्याणक के पावन अवसर पर अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन के पश्चात 1 अप्रैल 2026 से आयोजित होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए वेदी शिलान्यास किया गया। नवीन वेदी शिलान्यास के शुभ अवसर स्वर्ण शिला, रजत शिला आदि के माध्यम से भक्तों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
संपूर्ण कार्यक्रम परम पूज्य मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी श्री अभय भैया जी के सानिध्य में संपूर्ण समाज की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रात: कालिन अभिषेक पूजन के उपरांत 7.45 बजे से विधिपूर्वक समस्त क्रियाएं हुई।
प्रथम वेदी शिलान्यासकर्ता स्नेहप्रभा, संजय कुमार, अजय कुमार, विजय कुमार, पांड्या परिवार एवं द्वितीय वेदी शिलान्यासकर्ता अशोक कुमार, अजीत कुमार, सेठी परिवार को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर अरविंद शास्त्री, अंकित शास्त्री, समाज के अध्यक्ष प्रदीप बाकलीवाल, मंत्री जीतेन्द्र छाबड़ा, संजय पांड्या, पूरणमल सेठी, सौरभ विनायक्या, चेतन पाटनी, टिकमचंद छाबड़ा, अशोक सेठी, आकाश सेठी, हेमन्त सेठी, संदीप दगड़ा और कई लोग मौजूद थे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी राकेश काशलीवाल ने दी।
टीम एबीएन, रांची। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। इन अफवाहों के कारण झारखंड के गढ़वा जिले में लोग घबराकर बड़ी मात्रा में ईंधन खरीदने लगे हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी की अफवाह फैलने के बाद कई पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। जैसे ही कमी की खबरें फैलनी शुरू हुईं, लोग ज्यादा मात्रा में पेट्रोल, डीजल और गैस जमा करने के लिए पंपों और गोदामों पर पहुंचने लगे।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। एसडीएम ने कई पेट्रोल पंपों पर छापेमारी कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पंप संचालकों में हड़कंप मच गया।
इस मामले पर गढ़वा के उपायुक्त (डीसी) ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। डीसी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में युद्ध जरूर चल रहा है, लेकिन देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि देश में इन जरूरी ईंधनों का करीब आठ सप्ताह का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसलिए लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।
डीसी ने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति पेट्रोल, डीजल या एलपीजी गैस का अवैध रूप से भंडारण करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि आपदा जैसी स्थिति में मुनाफा कमाने या मौका तलाशने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse