झारखंड

View All
Published / 2025-03-02 19:54:15
चौपारण : तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत, गांव में छाया मातम

टीम एबीएन, चौपारण (हजारीबाग)। रविवार की शाम महुदी गांव में दिल दहला देने वाली घटना घटी। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

खेलते-खेलते तालाब में गिरे, नहीं बची जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय यादव और दिनेश यादव के पुत्र शुभम यादव और उदय यादव (उम्र 12 वर्ष) रविवार शाम साइकिल से घर से निकले थे। खेलते-कूदते वे गांव के बाहरी छोर पर स्थित तालाब तक पहुंच गए। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गए।

साइकिल देखकर हुई अनहोनी की आशंका

काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो गांववालों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चों की साइकिल देखकर अनहोनी की आशंका हुई। तुरंत गांव के लोग तालाब पहुंचे और किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गाँव में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद गाँव में मातम पसर गया। मृतकों में एक परिवार का इकलौता बेटा भी था। दोनों बच्चे साधारण परिवार से ताल्लुक रखते थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग उन्हें ढांढस बंधाने में लगे हैं। खबर लिखे जाने तक बच्चों के शव अस्पताल में रखे गये थे और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे।

Published / 2025-03-02 18:06:29
श्री श्याम प्रभु की जीवंत झांकियां रहीं मुख्य आकर्षण का केंद्र

  • डोरी खींच के राखीजे यो है बाबा को निशान, पैदल चालणिये के सागे, चाले बाबो श्याम...
  • 17 कि.मी. की खाटू श्री श्याम ध्वजा निशान पदयात्रा धूमधाम से हुआ संपन्न

टीम एबीएन, रांची। श्री श्याम ध्वजा पदयात्रा समिति के तत्वाधान मे आज नेवरी विकास से निजी मंदिर खाटू श्याम जी हरमू रोड के लिए श्री श्याम प्रभु का ध्वजा निशान पदयात्रा बड़े ही धूमधाम से निकली। नेवरी के श्री दुर्गा मंदिर में सुबह 8 बजे विधिवत पूजा अर्चना के साथ श्री श्याम निशान पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। चारों और श्री श्याम के जयकारा और भक्तों के हाथों में श्री श्याम प्रभु का ध्वज हवाओं के साथ प्रवाहित हो रहा भक्ति रस और सुगंधित फूलों से अलंकृत दिव्यरथ में विराजमान श्री श्याम प्रभु की मनोहरी छवि की सुंदर झांकी का अद्भुत नजारा सबका ध्यानाकर्षित कर रहा था। 

251 निशान धारक महिलाओं एवं पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा के साथ श्री श्याम प्रभु की अद्भुत सुंदरता और उनकी दिव्य आभा भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से भर रही थी। शोभायात्रा के साथ झारखंड के प्रसिद्ध ढाक पार्टी ने भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया जीवंत झांकियां को देख भक्त भाव- विभोर हो गए। निशान पदयात्रा के मध्य में श्याम भक्तों की सुविधा के लिए बूटी मोड़ के पास साहू परिवार की ओर से अल्पाहार करम टोली स्थित शिवांश हाइट्स में भोजन प्रसादी एवं विश्राम की सुंदर व्यवस्था हरिशंकर परशुराम पुरिया के द्वारा की गई थी।

 पूरे रास्ते में हर इंसान प्रभु का दिव्य रूप देख अनुग्रहित था। श्याम भक्त बाबा की ध्वजा अपने कंधे पर उठाकर नाचते- झूमते हुए 17 किलोमीटर इस यात्रा में शामिल होकर अपने आप मे बाबा की कृपा अनुभव कर रहे थे। खाटू धाम की परंपरा के अनुसार 17 किलोमीटर की इस अनुपम पदयात्रा मे चल रहे श्याम भक्तों का पूरे मार्ग में जगह-जगह रांची के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन, अग्रवाल सभा, अग्रवाल युवा सभा, मारवाड़ी युवा मंच,मारवाड़ी सहायक समिति, गौ सेवा समिति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जीण माता सेवा संघ, सहित कई संगठनों ने विशाल शोभा यात्रा का स्वागत कर सेवा शिविर का आयोजन किया।

श्री श्याम का ध्वजा पदयात्रा नेवरी से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गो बूटी मोड़, बरियातू रोड, सर्कुलर रोड, कचहरी रोड, मेन रोड, अप्पर बाजार भ्रमण करते हुए श्री खाटू श्री श्याम मंदिर हरमू रोड में ध्वजा निशान अर्पित के साथ समाप्त हुआ। पदयात्रा मे भजन गायको द्वारा श्री श्याम बाबा के श्री चरणों में समर्पित सुमधुर भजनों- *डोरी खींच के राखीजो यह तो है बाबा को निशान...,श्याम धनी को आयो रे बुलावो...,थारी धुन में बावला खाटू पहुंचा...,जब जब तुझे पुकारे,मेरे श्याम आ जाता मेरे सामने...,जो भी श्याम प्रभु का ध्वजा उठाता है एक जन्म क्या जन्म-जन्म मौज उड़ाता है..,ले ले के हाथों में निशान दीवाना चले खाटू श्याम जी..* का आदि मधुर भजनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्याम भक्त मधुर भजनों की अमृत गंगा में सराबोर होकर 17 कि.मी. पदयात्रा पूरी की।

उक्त जानकारी देते हुए समिति के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने समिति के संयोजक गोपाल मुरारका,हरिशंकर परशुराम पुरिया,ललित कुमार पोद्दार, राजेश ढांढनियां,अशोक लाडिया,रवि चौधरी,संजय परशुरामपुरिया, मनोज खेतान, संजय सर्राफ, प्रवीण सिंघानिया, विष्णु चौधरी,हेमंत जोशी,आनंद चौधरी, प्रदीप अग्रवाल,रोहित अग्रवाल,प्रमोद परशुरामपुरिया, अमित शर्मा,नवीन डोकानियां, उमंग परशुरामपुरिया, मयंक परशुरामपुरिया, अजय खेतान, रमाशंकर बगड़िया, विमल पोद्दार, संजय केडिया, अजय पोद्दार, राजेश केयाल, हरिशंकर कनोडिया, मोनू लाडिया, सनी टिंबरेवाल, निकुंज पोद्दार,सूरज लोधा, मोनू लाडिया, प्रवीण अग्रवाल, सनी टिंबरेवाल, अंशुल सराफ,सहित अन्य श्याम भक्त अपना पूर्ण योगदान दिया। उक्त जानकारी श्री श्याम ध्वजा पदयात्रा समिति, रांची के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी। 

Published / 2025-03-02 17:13:28
मार्च आते ही गर्मी ने पकड़ी रफ्तार

  • मार्च आते ही मौसम हुआ गर्म, कोल्हान के दो जिलों में पारा 38.9℃ पर पहुंचा

टीम एबीएन, रांची। मार्च महीने के पहले ही दिन राज्य के कई जिलों का अधिकतम तापमान 35℃ से ऊपर पहुंच गया। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा और सरायकेला खरसावां जिले में 01 मार्च को अधिकतम तापमान 38.9℃ सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो 01 मार्च का अधिकतम तापमान है।

वहीं, डाल्टनगंज, चाईबासा, गढ़वा, सरायकेला खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 35℃ से ऊपर रहा। मौसम केंद्र रांची से जारी आंकड़े के अनुसार 01 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से अधिक रिकॉर्ड हुआ है।

मौसम केंद्र, रांची से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा है। सबसे अधिक 38.9 ℃ तापमान बहरागोड़ा और सरायकेला में रिकॉर्ड हुआ है। वहीं, राज्य का न्यूनतम तापमान खूंटी में 14.3 ℃ रिकॉर्ड हुआ है। जबकि राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.3 ℃ और न्यूनतम तापमान 18.2 ℃ रहा।

02 मार्च से 07 मार्च तक भी राज्य में आसमान मुख्यतः साफ और मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई मौसम चेतावनी नहीं है।

Published / 2025-03-01 20:41:07
जोगता थाना क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर कार्रवाई की मांग

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद /रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर जिले में हो रहे कोयला के अवैध उत्खनन पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि सोशल मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार जोगता थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के मामले में प्राइवेट मुंशी का नाम उभर कर सामने आया है।

इससे थाना प्रभारी की छवि धूमिल हो रही है। इसलिए धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अनुरोध है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाये।

Published / 2025-03-01 20:40:35
सशक्त समाज के लिए दिव्यांगता के प्रति जागरुकता जरूरी

टीम एबीएन, रांची। मंद बुद्धि व मूक बधिर विशेष दिव्यांग बच्चों के विद्यालय सृजन हैल्प संस्थान इरगू रोड़ कुम्हार टोली रांची (पहाड़ी मंदिर के पीछे) के परिसर में आयोजित दिव्यांगों की सभा में रांची शहर और आसपास से आये सैंकड़ों दिव्यांगों की एक सभा का आयोजन सेवा विभाग विश्व हिन्दू परिषद झारखंड की ओर से किया गया। इस सभा में बहुत से अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया। 

सभा को संबोधित करते हुए अन्तराष्ट्रीय दिव्यांग खेलों के व पारा ओलंपिक के मुकेश कंचन ने दिव्यांगता के प्रति संवेदनशीलता को बल दिया वहीं दिव्यांगता के लिये एडवोकेसी करने वाले राही जी ने दिव्यांगों को समाज में सम्मानजनक स्थान देने, उनके भरण-पोषण के लिए चुनी हुई सरकारों से सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की बात कही वहीं विश्व हिन्दू परिषद झारखंड के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह मुंडा ने पांचों उंगलियों का उदारहण देते हुए कहा कि बंद मुट्ठी में बल होता है। 

समाज के अन्तिम पायदान पर अवस्थित दिव्यांग जनों की सुध लेना उनके प्रति समाज की संवेदनशीलता सुंदर और स्वस्थ समाज के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। सृजन हैल्प संस्थान की निदेशिका गुंजन गुप्ता ने बताया कि उनकी अपनी बेटी जूही कुमारी, जो डाउन सिन्ड्रोम की बच्ची है, को पालने में आ रहा कठिनाई को देखते हुऐ विशेष दिव्यांग बच्चों के लिये अशोक कुमार अग्रवाल के संरक्षण में यह शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया है। 

हिंदू समाज को इन बच्चों की सुरक्षा करनी चाहिये और समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए अपनत्व स्नेह और प्यार देना चाहिए। प्रांत सह सेवा प्रमुख विहिप झारखंड के अशोक कुमार अग्रवाल ने खूंटी जिला निवासी प्रसिद्ध व्यवसायी स्व रामा बाबू सरावगी के दिव्यांग पौत्र केशव सरावगी के अल्पायु में गौलोक वासी होने पर दो मिनट का मौन रख सभी बन्धुओं द्वारा श्रद्धांजली अर्पित की, साथ ही परिजनों से आह्वान किया कि सभी दिव्यांगों में स्व केशव की छवि देखें। 

सुशील बजाज ने सभी दिव्यांग बन्धुओं के बीच प्रसाद और दो व्हीलचेयर्स व अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया। दिव्यांग बन्धु ओम प्रकाश धनबाद, कोरिल कुमार लातेहार, संजय कुमार पासवान लातेहार, बीना कुमारी सक्षम बरियातू, जाहिद अंसारी पिठूरिया और जोगेश्वर कुमार कांके ने भी दिव्यांगों के प्रति समाज को सहनशील और स्नेही बनने पर बल दिया। 

विहिप सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि दिव्यांगों के लिए सहायक उपस्कर, उनके शिक्षण प्रशिक्षण के लिए बहुत सी संस्थाओं का सहयोग किया जा रहा है। उनकी जैविक और नैसर्गिक आवश्यकताओं को देखते हुए दिव्यांग बंधुओं और दृष्टिबाधित दिव्यांगों का समय समय पर सामूहिक आदर्श विवाह भी कराया जा रहा है। अब तक 54 से अधिक दिव्यांगों का विवाह कराया जा चुका है। उक्त जानकारी विश्व हिन्दू परिषद् झारखंड के प्रांत सह-सेवा प्रमुख अशोक कुमार अग्रवाल (8862823043, 8789300579) और विश्व हिन्दू पारिषद झारखंड के प्रवक्ता, सेवा विभाग संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-03-01 20:39:13
एमएमसीएच के प्रबंधन व बेहतर संचालन हेतु कार्यों में गति लायें: नगर आयुक्त

नगर आयुक्त ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) के प्रबंधन व बेहतर संचालन हेतु उपायुक्त शशि रंजन द्वारा निदेशित कार्यो की  गति व निष्पादन को लेकर आज नगर आयुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। मेदिनीनगर नगर निगम के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त ने अस्पताल के बेहतर संचालन को लेकर किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। 

उन्होंने एमटीसी को शिफ्ट किये जाने संबंधित निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल के जर्जर भवन को धवस्त करने की कार्रवाई करने, कैदी वार्ड के लिए चिन्हित स्थान को निरीक्षण कर भौतिक जानकारी प्राप्त करते हुए अवगत कराने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को चिन्हित स्थल का निरीक्षण कर अवगत कराने का निर्देश दिया। 

उन्होंने 7 दिनों के अंदर भवन एवं बिजली से संबंधित कार्यो को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। बिजली विभाग के अभियंता को आवश्यकतानुसार बिजली पोल को सिफ्ट करने तथा आवश्यकतानुसार पेड़ की छंटाई की जरूरत पर उसकी सूची तैयार कर वन प्रमंडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार सिंह, भवन निर्माण विभाग के अभियंता महेन्द्र राम, अस्पताल अधीक्षक सहित अन्य उपस्थित थे। 

Published / 2025-03-01 20:34:24
हेमंत ने नीतिश को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री हेमंत ने बिहार के मुख्यमंत्री को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी। सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। मरांग बुरु आपको हमेशा उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें, यही कामना करता हूं। 

आज सीएम नीतीश कुमार अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। बता दें कि नीतीश कुमार साल 2005 से बिहार की बागडोर संभाले हुए हैं। हालांकि बीच में 20 मई 2014 से लेकर 20 फरवरी 2015 तक नीतीश कुमार की मर्जी से बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी बने थे। 

इससे पहले नीतीश कुमार केंद्र सरकार में रेल समेत कई अन्य अहम महकमों की जिम्मेदारी को संभाल चुके हैं। साल 1977 से नीतीश कुमार ने राजनीति की शुरुआत थी।

Published / 2025-03-01 20:33:33
पलामू : मौलाना पर फायरिंग की कोशिश

पलामू में बेखौफ अपराधी, नमाज पढ़ कर घर लौट रहे मौलाना पर अपराधियों ने की फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां अपराधियों ने एक मौलाना पर हमला किया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।  मामला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के झारिवा का है। 

बताया जा रहा है कि मौलाना लाल मोहम्मद बीते शुक्रवार को कुदागा छोटी मस्जिद में नमाज पढ़ने गये थे। नमाज खत्म होने के बाद बाइक से घर लौटने के दौरान बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने उन पर पिस्टल तान दी और फायरिंग की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चल पायी। इसके बाद अपराधी भाग गये। वहीं, मौलाना पुलिस थाने में अपराधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है।

Page 418 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse