झारखंड

View All
Published / 2025-03-11 23:21:04
अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ का होली मिलन समारोह

  • रंगों और हंसी-खुशी का त्योहार है होली : भरत चन्द्र महतो

टीम एबीएन, रांची। अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में आज सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्यू बार भवन के प्रथम तल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ के सदस्यों ने एक दूसरे पर अबीर लगाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी। 

संघ के प्रधान महासचिव भरत चन्द्र महतो ने इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं को अबीर लगाकर एवं अंग वस्त्र देकर होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों और हंसी खुशी का त्योहार है। होली आपसी भाईचारा और प्रेम को प्रगाढ करता है। होली के अवसर पर जो रंग हम एक दूसरे को लगाते हैं उससे आपसी प्रेम प्रगाढ होता है। 

इस अवसर पर अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ की उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, विजय कुमार कोईरी,  जीतेन्द्र प्रसाद,निरंजन राम, विजय कुमार गुप्ता, अंजु कुमारी, डोली, सुजाता, ब्रजेन्द्र नाथ महतो, बिपिन बिहारी देवरत्न, मीडिया प्रभारी मृत्युंजय प्रसाद समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।

Published / 2025-03-11 23:19:22
झारखण्ड के माननीयों ने मनायी गर्दा मचाओ होली

  • झारखंड विधानसभा में हेमंत सोरेन ने खेली ऐसी होली

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा में मंगलवार (11 मार्च 2025) को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने जमकर होली खेली। रंग-अबीर के साथ-साथ फूलों की भी होली खेली गयी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन की तरफ फूलों की पंखुड़ियां बिखेरीं, तो वह शरमा गयीं। मुस्कुराने लगीं। 

षष्ठम् झारखंड विधानसभा के द्वितीय (बजट) सत्र की कार्यवाही समाप्त होने के बाद झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी सरकार के मंत्री के साथ-साथ सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक शामिल हुए। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे पर फूलों की बारिश की। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पवित्र त्योहार की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Published / 2025-03-11 23:16:39
हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन आज 12 मार्च को, तैयारियां अंतिम चरणों में

*प्रेस- विज्ञप्ति*

*हाँस्य कवि सम्मेलन का आयोजन आज 12 मार्च को, तैयारियां अंतिम चरणों में*
---------------------------------------------

कवि सम्मेलन आयोजन समिति,रांची के तत्वाधान में होली के पावन अवसर पर 12 मार्च 2025 को रात्रि 9 बजे से स्थानीय मारवाड़ी भवन, हरमु रोड, रांची मे अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है।

कवि सम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक नारसरिया, सचिव अनिल अग्रवाल एवं मुख्य संयोजक सुरेश चंद्र अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्साह एवं उमंग के पावन पर्व होली के अवसर पर 12 मार्च को आयोजित कवि सम्मेलन में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त सुप्रसिद्ध हास्य कवि सुनील पाॅल (लाफ्टर चैलेंजर), ठहाको के सरदार जानी बैरागी, हास्य व्यंग कवि रमेश मुस्कान, इटावा वीर रस के कवि गौरव चौहान, श्रृंगार रस की प्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती डॉ. भुवन मोहिनी, एवं हास्य-व्यंग्य के कवि शशिकांत यादव पधार रहे हैं। जिसमें हास्य रस, वीर रस, श्रृंगार रस, व्यंग कविता कवि-कवित्रि प्रस्तुत कर फगवा के मौसम में श्रोताओं को हंसी के ठहाके की बौछार के साथ-साथ तीखे बाण व्यंग्य का मधुर संगम से सरावोर करेंगे।

पूर्व अध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने बताया कि कवि सम्मेलन के सफल आयोजन हेतु विभिन्न समिति जिसमें- स्वागत सत्कार-पवन शर्मा वं विनोद जैन, अर्थ-व्यवस्था- ललित कुमार पोद्दार, मंच सभागार निर्माण व्यवस्था- मनोज बजाज व रतन मोर, सुरक्षा व्यवस्था- पवन पोद्दार एवं कमल जैन, सभागार अतिथ्य व्यवस्था- अनिल अग्रवाल, प्रशासनिक कार्य- किशोर मंत्री वं कमल जैन, अल्पाहार व्यवस्था- पवन पोद्दार तथा कार्यक्रम मीडिया प्रभारी - सुरेश चंद अग्रवाल व मनोज बजाज को दी गई है।

समिति के निर्वतमान अध्यक्ष विनोद जैन ने कहा कि कवि सम्मेलन मे पूर्णतया प्रवेश निःशुल्क है, लगभग 3000 श्रोताओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी, जिसमें महिलाओं को बैठने के लिये विशेष व्यवस्था की गई है।

आयोजन के प्रवक्ता सह मंच सभागार व्यवस्थापक मनोज बजाज ने कहा इस वर्ष कि कवि सम्मेलन आयोजन का उद्घाटनकर्ता प्रसिद्ध समाजसेवी राजेंद्र भुजानिया, मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ एवं विशिष्ट अतिथि सहायक समिति के पूर्व अध्यक्ष श्री सुरेश चंद अग्रवाल के कर कमलो से किया जायेगा।

श्री पवन शर्मा व पवन पोद्दार ने बताया कि दर्शकों के लिए एलईडी भी मैदान में लगाए जाएंगे। हल्के जलपान की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन के द्वारा पूर्ण सहयोग का आश्वासन मिला है।

कुल 19 सदस्यीय आयोजन समिति मे सुरेश चंद्र अग्रवाल, ललित कुमार पोद्दार, विनोद कुमार जैन, अशोक कुमार नारसरिया, पवन शर्मा, पवन पोद्दार, मनोज बजाज, अनिल अग्रवाल, किशोर मंत्री, कमल जैन, अनूप अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, पुनीत पोद्दार, रतन मोर, राजेश भारतीय, अंजय सरावगी, हरि कनोडिया, निर्भय शंकर हरित, चंद्रप्रकाश धेलिया सक्रिय रूप से जुटे हुए है।

*प्रेस प@उक्त जानकारी प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी मनोज बजाज ने दी।

Published / 2025-03-11 21:04:41
श्री जैन श्वेतांबर ओसवाल संघ, रांची का होली मिलन समारोह 16 मार्च को

टीम एबीएन, रांची। श्री जैन श्वेतांबर ओसवाल संघ रांची होली मिलन समारोह दिनांक 16 मार्च को दिगंबर जैन भवन, हरमू में धूमधाम से मनाया जायेगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी तत्पश्चात विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं, जिसमें बच्चे, महिलाएं आदि होली गीत, संगीत, नृत्य आदि पेश किये जायेंगे। 

श्री जैन श्वेतांबर ओसवाल संघ के अध्यक्ष सुभाष बोथरा एवं सचिव विमल दस्सानी ने सकल समाज के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर सफल बनाने का आग्रह किया है।

Published / 2025-03-11 21:01:10
प्रदूषण रोकथाम की दिशा में उठायें बेहतर कदम : उपायुक्त

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक  

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला पर्यावरण समिति की बैठक हुई। इसमें मुख्य रूप से वन प्रमंडल पदाधिकारी सह जिला पर्यावरण समिति के सदस्य सचिव सत्यम कुमार, नगर आयुक्त जावेद हुसैन उपस्थित थे। 

बैठक में वेस्ट मैनेजमेंट प्लान के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लान, सीडी वेस्ट मैनेजमेंट प्लान, बॉयोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट प्लान, हजारदौस वेस्ट मैनेजमेंट, ई-वेस्ट मैनेजमेंट प्लान, वाटर क्वालिटी मैनेजमेंट, घरेलू सीवेज प्रबंधन, इंडस्ट्रीयल वेस्ट वाटर मैनेजमेंट, एयर क्वालिटी मैजमेंट, माइनिंग एक्टिविटी, ध्वनि प्रदूषण प्रबंधन प्लान आदि पर विचार-विमर्श हुआ। 

उपायुक्त ने पर्यावरण संरक्षण, संवर्द्धन तथा प्रदूषण की रोकथाम की दिशा में बेहतर कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने जमीन चिन्हित कर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि मंगरदाहा एवं पोखराहा में जमीन चिन्हित किया गया है। इसके लिए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। 

नगर पंचायत एवं नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि उनके स्तर से विभागीय समन्वय कर डीपीआर तैयार कर भूमि चिह्नित करने की कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने इसपर सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का कार्य हो रहा है। उपायुक्त ने अन्य जगहों पर इस कार्य को शुरू कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

उपायुक्त ने वायामेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर चल रहे कार्यो की सतत निगरानी हेतु निगरानी कमेटी एवं अवैध माइनिंग की गतिविधि की रोकथाम के लिए माइनिंग गतिविधि मैजमेंट प्लान बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध माइनिंग की गतिविधियों की रोकथाम हेतु अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तर पर कमेटी गठित करने का निर्देश दिया। 

इस कमेटी में संबंधित क्षेत्रों के वन क्षेत्र पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी रहेंगे। कमेटी अवैध माइनिंग के संभावित क्षेत्रों में प्रतिमाह कम से कम अलग-अलग चार दिन औचक निरीक्षण कर अवैध माइनिंग की गतिविधियों को रोकने और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने का कार्य करेगा। वाटर क्वालिटी मैजमेंट प्लान की चर्चा करते हुए ग्रिन जोन स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि मूर्ति एवं अन्य पूजन सामग्री को ग्रिन जोन में ही प्रवाहित किया जा सके। 

वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स बोर्ड लगाने तथा बैटरी आदि ई-वेस्ट मैजमेंट के लिए दिन निर्धारित कर ई-वेस्ट संग्रह करने का निर्णय लिया गया। इससे ई-वेस्ट के निपटान में सुविधा होगी। वाटर क्वालिटी मैनेजमेंट प्लान पर चर्चा करते हुए तालाब एवं नदी में गंदे पानी जाने से रोकने को लेकर तैयारी करने का निर्णय लिया गया। इन सबों के लिए जनता को जागरूक करने पर बल दिया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के दिशा में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उक्त पदाधिकारी के अलावा भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु पदाधिकारी नवनीत वीआर, उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, सिविल सर्जन डॉ अनिल सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, खनन पदाधिकारी, नगर पंचायत एवं नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

Published / 2025-03-11 20:55:13
गंदगी की चादर में लिपट रहा आस्था का केंद्र कौलेश्वरी मंदिर परिसर

कौलेश्वरी मंदिर परिसर में गंदगी का अंबार, सुविधाओं का घोर अभाव

प्रबंधन समिति और प्रशासन की लापरवाही पर उठ रहे सवाल

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हंटरगंज/चतरा। विश्व प्रसिद्ध मां कौलेश्वरी मंदिर, जो सनातन, बौद्ध और जैन धर्मों के संगम स्थल के रूप में जाना जाता है, प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हो रहा है। झारखंड-बिहार के अलावा विदेशों तक प्रसिद्ध यह धार्मिक स्थल हर साल हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है। बावजूद इसके, मंदिर परिसर और आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

हर साल मंदिर में हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना और मुंडन संस्कार के लिए आते हैं। हाल ही में 7205 बच्चों का मुंडन संस्कार किया गया, लेकिन श्रद्धालुओं को पीने के पानी, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी झेलनी पड़ी। खासकर महिला श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। 

मंदिर प्रबंधन समिति लाखों रुपये का राजस्व वसूलती है, लेकिन इन पैसों का इस्तेमाल मंदिर की देखरेख और साफ-सफाई पर नहीं किया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मंदिर परिसर के इर्द-गिर्द कचरे का ढेर लगा है, जबकि दो प्राकृतिक सरोवर भी बदहाल स्थिति में हैं। सुरक्षा व्यवस्था का भी अभाव है, जिससे श्रद्धालु असहज महसूस करते हैं। 

पर्वत के नीचे शराब की बिक्री का आरोप 

सूत्रों के मुताबिक, मंदिर से लगे क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही है, जिससे धार्मिक स्थल की गरिमा धूमिल हो रही है। प्रशासन की निष्क्रियता से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं, और मंदिर आने वाले श्रद्धालु असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। 

क्या कहते हैं मंदिर विकास प्रबंधन समिति के सदस्य

इस मामले में जब मंदिर विकास प्रबंधन समिति के सदस्य अरविंद कुमार केशरी से बात की गयी, तो उन्होंने कहा कि काफी दिनों से मजदूरों की तलाश की जा रही है, लेकिन मिल नहीं रहे हैं। होली के बाद मंदिर परिसर की सफाई करवा दी जायेगी। श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस जवाब से संतुष्ट नहीं हैं और मांग कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करे। 

लोगों का कहना है कि यदि लाखों की आमदनी हो रही है, तो साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा? प्रशासन और प्रबंधन समिति की इस लापरवाही पर अब सवाल उठने लगे हैं।

Published / 2025-03-11 18:07:13
राज्य को अपराधमुक्त बना रही झारखंड पुलिस : डीजीपी

गैंगस्टर अमन साव एनकाउंटर पर बोले झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता, कहा- अपराधमुक्त राज्य बना रही है पुलिस

टीम एबीएन, रांची। झारखंड का टेरर कहा जाने वाला अमन साव एनकाउंटर में मारा गया। इस घटना पर हजारीबाग पहुंचे राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने झारखंड को अपराध मुक्त करने के लिए पुलिस काम कर रही है। 

डीजीपी ने कहा है कि यह पूरी घटना कैसे घटी है इसे लेकर एटीएस के एसपी को घटनास्थल पर भेजा गया है। पूरे मामले की तह तक जाने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में एक जवान घायल भी हुआ है। 

दरअसल, अमन साव को रायपुर से झारखंड के एक कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड में भेजा जा रहा था। क्योंकि वह शातिर अपराधी था। ऐसे में सुरक्षा के लिए एटीएस की टीम भी साथ में थी। इसके बावजूद घटना कैसे घटी है यह जांच का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का काम अपराधी को पकड़कर जेल भेजना है और झारखंड की पुलिस वह कर रही है। लेकिन यह घटना कैसे घटी है यह भी जांच का विषय है। 

डीजीपी ने यह भी कहा कि झारखंड में अमन साव, विकास तिवारी, अमन श्रीवास्तव और प्रिंस खान गिरोह सक्रिय है। इन सभी पर नकेल कसा जायेगा। झारखंड अपराधमुक्त राज्य हो इसके लिए पुलिस अपना काम कर रही है। 

बता दें कि एटीएस की टीम अमन साव को तीन वाहनों के काफिला से रायपुर से रांची लेकर आ रही थी। इसी बीच पलामू में एटीएस की टीम पर हमला हुआ और अमन साव को छुड़ाने की कोशिश की गयी। इस हमले में एटीएस की जवाबी कार्रवाई में अमन साव मारा गया। 

वहीं, एटीएस के एक हवलदार राकेश कुमार जख्मी हुए हैं। प्रमोद कुमार सिंह झारखंड एटीएस में डीएसपी हैं। प्रमोद कुमार पर ही कुख्यात गैंगस्टर अमन साव को छत्तीसगढ़ के रायपुर से रांची लाने की जिम्मेदारी थी।

Published / 2025-03-11 18:04:42
रांची : दर्दनाक हादसे में दो की मौत, चार घायल

रांची में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ट्रक में मारी जोरदार टक्कर, 2 की मौत; 4 घायल 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी में आज यानी मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी। 

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सड़क हादसा मंगलवार सुबह-सुबह करीब 3:00 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि रांची सदर थाना क्षेत्र में राम लखन सिंह कॉलेज के पास एक ट्रक खड़ा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गये।

वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही लोग मौके पर एकत्रित हुए और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।

Page 411 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse