झारखंड

View All
Published / 2026-06-16 23:07:46
रांची : पीड़ित परिवार को एचईसी स्टेट ऑफिसर और पुलिस से न्याय की आस

  • एचईसी स्टेट ऑफिसर और पुलिस से न्याय की आस
  • पीड़ित ने कहा- पैसे के बल पर जन वितरण प्रणाली का डीलर बनकर अवैध रूप से काबिज है आरोपी

टीम एबीएन, रांची। राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। भारी इंजीनियरिंग निगम (एचईसी) के एक दिवंगत कर्मचारी का दिव्यांग बेटा अपनी बुजुर्ग मां के साथ पिछले कई दिनों से राँची की सड़कों के किनारे रहने को विवश है। 

पीड़ित का आरोप है कि उसके आवंटित सरकारी क्वार्टर पर एक रसूखदार व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है और विरोध करने पर उन्हें मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया है। 

मामले को लेकर पीड़ित ने 16 जून को धुर्वा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। इससे पहले भी पीड़ित ने 27 जून 2022 और 3 अप्रैल 2026 को धुर्वा थाने में आवेदन देकर गुहार लगाई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

सड़क किनारे रात गुजारने को मजबूर

दोनों पैरों से लाचार पीड़ित संजीत कुमार और उनकी बूढ़ी मां पिछले दो दिनों से राँची की सड़कों के किनारे रहने को मजबूर हैं। एक तरफ जहां सरकार और प्रशासन दिव्यांगों और बुजुर्गों के संरक्षण के बड़े-बड़े दावे करते हैं। 

वहीं राजधानी के वीआईपी इलाके धुर्वा में एक दिव्यांग अपनी ही छत के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। पीड़ित ने थाना प्रभारी से भावुक अपील करते हुए कहा है कि इस भीषण संकट में मुझ गरीब और लाचार पर कृपा कर मेरा आवास वापस दिलाया जाए।

Published / 2026-06-16 20:42:13
धनबाद : जोगता क्षेत्र के नमक फैक्ट्री, श्याम बाजार में चल रहा अवैध कोयला कारोबार

रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर कार्रवाई की मांग 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जोगता क्षेत्र के नमक फैक्ट्री, श्याम बाजार एवं सिजुआ 10 नंबर मोड़ स्थित काली मंदिर के समीप बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा है। रत्नेश कुमार का कहना है कि जोगता क्षेत्र अंतर्गत स्थित नमक फैक्ट्री की आड़ में लंबे समय से अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा है। 

कुछ समय पूर्व इस क्षेत्र में जमीन धंसने की घटना भी सामने आयी थी, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया था। बावजूद इसके अवैध कारोबार पर रोक नहीं लग पायी ओर धड़ल्ले से अवैध कोयला तस्करी जारी है। 

श्याम बाजार और सिजुआ 10 नंबर मोड़ स्थित काली मंदिर के समीप से प्रतिदिन ट्रकों एवं हाइवा के माध्यम से कोयला बाहरी मंडियों में भेजा जा रहा है। वहीं, जोगता थाना प्रभारी एक ईमानदार थाना प्रभारी हैं। अवैध कारोबारी प्रशासन को गुमराह कर अवैध कोयला कारोबार चलाया रहे हैं, जिससे पुलिस प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है।  

धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक लगातार अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगा रहे हैं, लेकिन कुछ कोयला माफिया प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर अवैध कारोबार कारोबार चला रहे हैं, जिसे लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार, झारखंड पुलिस तथा धनबाद पुलिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर ट्वीट कर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।

Published / 2026-06-16 20:37:49
अंग दान कई अन्य लोगों को नयी जिंदगी, उम्मीद और नया भविष्य दे सकता है : हेमंत सोरेन

  • अंग दान कई अन्य लोगों को नयी जिंदगी, उम्मीद और नया भविष्य दे सकता है : हेमंत सोरेन

टीम एबीएन, रांची। मंगलवार को सीएम हेमंत सोरेन ने रांची में अंग और ऊतक दान (आॅर्गन और टिश्यू डोनेशन) के विषय पर आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अंग दान सिर्फ एक मेडिकल प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह इंसानियत, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का सबसे बड़ा उदाहरण है।
एक व्यक्ति द्वारा किया गया अंग दान कई अन्य लोगों को नयी जिंदगी, नयी उम्मीद और नया भविष्य दे सकता है।

 कहा कि केरल में, जब एक छोटी बच्ची की अचानक मौत के बाद उसके माता-पिता ने उसके अंग दान किये, तो वह पल बहुत भावुक कर देने वाला था। मैंने उस बच्ची के पिता से फोन पर बात भी की थी। आज का दौर टेक्नोलॉजी पर आधारित मेडिकल सिस्टम का है। मेडिकल के क्षेत्र में टेक्नोलॉजी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो रहा है। रोबोटिक आॅपरेशन हो रहे हैं। लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट किये जा रहे हैं।

उन्होंने अपील की है कि अंग दान के बारे में जागरूकता बढ़ाने, इससे जुड़े कानूनी और सामाजिक पहलुओं के बारे में लोगों को सही जानकारी देने और ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जरूरत है। इस दिशा में राज्य सरकार लगातार कोशिशें कर रही है।

Published / 2026-06-16 19:09:00
प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर समाजसेवी संजय सर्राफ हुए सम्मानित

  • प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर समाजसेवी संजय सर्राफ हुए सम्मानित
  • केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न और पुस्तिका देकर किया सम्मानित

एबीएन सोशल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रांची के सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिष्ठित समाजसेवी हस्तियों को सम्मानित किया।

 इसी क्रम में रांची के कांके रोड स्थित भुवालका हाउस में आयोजित एक सम्मान समारोह में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं व्यवसायी संजय सर्राफ को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संजय सर्राफ को अंगवस्त्र एवं शॉल ओढ़ाकर, स्मृति-चिह्न तथा विशेष पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया।

 मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे समाजसेवियों का सम्मान करना अत्यंत गौरव एवं प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण में समाजसेवियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और उनके योगदान को सदैव सम्मान मिलना चाहिए। 

सम्मान प्राप्त करने वाले समाजसेवी संजय सर्राफ पिछले लगभग दो दशकों से रांची सहित झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समाज में सेवा, जागरूकता, संगठनात्मक एकता तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया है। उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के कारण उन्होंने झारखंड के सामाजिक क्षेत्र में एक विशिष्ट एवं सम्मानजनक पहचान स्थापित की है।

वर्तमान में संजय सर्राफ झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन में प्रांतीय संयुक्त महामंत्री, हिंदी साहित्य भारती में उपाध्यक्ष तथा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग, झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन, राष्ट्रीय सनातन एकता मंच एवं पवित्रम सेवा परिवार में प्रांतीय प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

इसके अतिरिक्त वे अग्रवाल सभा, मारवाड़ी सहायक समिति, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं तथा विभिन्न पदों पर रहते हुए जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने संजय सर्राफ के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए प्रेरणादायी बताया। 

समारोह में पूर्व सांसद अजय मारू, पार्षद नकुल तिर्की, भगवती भुवालका, मुकेश काबरा, कैलाश सिंघानिया, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, रविंद्र मोदी, जयंत शाहदेव, पुष्पा भुवालका, आदित्य भुवालका सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाज के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित थे।

Published / 2026-06-16 19:06:24
प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार झारखंड की गोष्ठी संपन्न

  • प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार झारखंड की गोष्ठी संपन्न

एबीएन सोशल डेस्क। गायत्री शक्तिपीठ बोकारो के प्रांगण में प्रांतीय युवा समन्वय समिति झारखंड के आह्वान पर बोकारो उपजोन के सक्रिय कार्यकर्ताओं, ट्रस्ट से जुड़े कार्यकर्ता एवं सक्रिय महिला मंडल की बहनों की गोष्ठी बोकारो जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक ट्रस्टी बिजय प्रसाद बर्णवाल की अध्यक्षता में हुई। 

गोष्ठी में बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, कोडरमा, टाटानगर के युवा प्रतिनिधियों के साथ बोकारो उपजोन के समन्वयक श्याम नंदन सिंह, बोकारो के जिला समन्वयक मुकेश मिश्रा, प्रांतीय युवा समन्वय समिति के प्रांतीय समन्वयक संतोष राय, समिति के मार्गदर्शक नरेश भट्ट, शिव कुमार वर्णवाल, नीरज महतो एवं सुरेश यादव, बोकारो के सभी युवा प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।

 गुरुदेव द्वारा रचित सत्संकल्प पाठ बहन सुमन दीदी ने कराया। आगामी 19 से 21 अप्रैल 2027 में आयोजित होने वाले प्रांतीय युग सृजेता शिविर जिसमें डॉ चिन्मय  पंड्या जी भाई साहब का मार्गदर्शन झारखंड के युवाओं  को प्राप्त होने जा रहा है। 

जिसकी तैयारी से संबंधित पहली गोष्ठी हुई। आज की गोष्ठी में शिविर के आयोजन स्थल, आयोजन समिति, उपजोन एवं जिला स्तर पर सांगठनिक ढांचा के मजबूत करने एवं नियमित संपर्क बढ़ाने पर चर्चा की गयी। प्रांत स्तर पर प्रत्येक 15 दिनों में आॅनलाइन गोष्ठी कर प्रगति की समीक्षा का निर्णय लिया गया। 

अधिक से अधिक युवाओं को इस कार्यक्रम में सक्रिय करते हुए शांतिकुंज, हरिद्वार द्वारा चलाया जा रहा गतिविधियों में शामिल हो ऐसा प्रयास करना है। गुरुदेव का संकल्प मनुष्य में देवत्व का उदय धरती पर स्वर्ग का अवतरण कैसे साकार हो। जनसंपर्क बढ़ाना, इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी से अपनी साधना को बढ़ाने पर जोर देने की बात की गयी।

आज की गोष्ठी में धन्यवाद ज्ञापन बोकारो जिला युवा समन्वयक गीता कुमारी ने करते हुए कहा कि ऐसा अवसर इस धरा में गुरुदेव के आने के बाद 45 वर्षों में पुन: हम सभी का सौभाग्य मिला है। इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ झारखंड के युवा को मिले। उक्त जानकारी गायत्री परिवार ट्रस्ट के ट्रस्टी धीरेंद्र कुमार महतो ने दी।

Published / 2026-06-16 19:04:26
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का खतरा!

  • राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का खतरा!
  • झारखंड राज्यसभा चुनाव में पार्टियों को क्रॉस वोटिंग का डर, विधायकों संग कर रहे हैं मंथन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान से कुछ दिन पहले राज्य में विपक्षी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायकों को यहां एक होटल में ले जाया जा रहा है। गठबंधन के एक सूत्र ने यह जानकारी दी। 

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वे (राजग विधायक) 18 जून को चुनाव की रणनीति बनाने के लिए बैठक करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या विधायक दो दिनों तक होटल में ही रहेंगे, मरांडी ने कहा, हम बैठक करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य की दो राज्यसभा सीटों में से एक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत पर विश्वास जताया।

विजयी होने के लिए एक उम्मीदवार को प्रथम-वरीयता वाला न्यूनतम 28 वोट प्राप्त करना आवश्यक है। सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक ने कहा कि भाजपा-नीत राजग के पास नाथवानी को चुनाव में विजेता बनाने के लिए राज्य विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल नहीं है, जब तक कि क्रॉस वोटिंग न हो।

झारखंड विधानसभा में इंडिया गठबंधन के 56 सदस्य हैं, जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के दो सदस्य शामिल हैं। राजग के कुल 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 21 तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), आॅल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) के एक-एक विधायक शामिल हैं। 

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का भी एक विधायक है। राज्य की एक राज्यसभा सीट झामुमो के सह संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी। दूसरी सीट भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के कारण खाली हो रही है।

Published / 2026-06-16 18:58:55
झारखंड : एसआईआर में 1.63 करोड़ वोटरों को नहीं देने होंगे कोई दस्तावेज

  • झारखंड : एसआईआर में 1.63 करोड़ वोटरों को नहीं देने होंगे कोई दस्तावेज
  • झारखंड में एसआईआर: 1.63 करोड़ मतदाताओं को नहीं जमा करने होंगे कोई दस्तावेज

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 2026 की मतदाता सूची के 1.63 करोड़ मौजूदा मतदाताओं को वर्तमान एसआईआर प्रक्रिया में कोई भी दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। इन मतदाताओं को प्रारूप एसआईआर मतदाता सूची और 2026 की अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए गणना अवधि के दौरान केवल विधिवत भरा हुआ और हस्ताक्षरित प्री-फिल्ड गणना फॉर्म तथा हालिया रंगीन तस्वीरें जमा करनी होगी।

 मैपिंग कार्य समाप्त होने के बाद अब चुनाव आयोग का मुख्य फोकस 30 जून से शुरू हो रहे मतदाताओं के पहचान को लेकर है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के अनुसार राज्य के 2026 की मतदाता सूची के शेष बचे अनमैप मौजूदा मतदाताओं के स्वयं और पैतृक मैपिंग का दूसरा और अंतिम सत्र गणना अवधि 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 के दौरान आयोजित किया जायेगा।

अनमैप किए गए मतदाताओं से अनुरोध है कि यदि आप या आपके माता-पिता झारखंड के बाहर पिछली एसआईआर मतदाता सूची में मतदाता के रूप में पंजीकृत थे, तो गणना अवधि के दौरान बीएलओ के घर-घर दौरे के समय झारखण्ड या अन्य राज्य/ केंद्र शासित प्रदेश की 2003 की एसआईआर मतदाता सूची का विवरण बीएलओ को अवश्य उपलब्ध करायें।

मतदाता, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि (उनके बीएलए-2 सहित) और चुनावी प्रक्रिया के अन्य हितधारक www.voters.eci.gov.in पर जाकर पिछले एसआईआर विवरण में अपना नाम आसानी से खोज सकते हैं। मतदाताओं द्वारा दस्तावेजों को जमा करने की आवश्यकता को कम करने के लिए ही मौजूदा मतदाताओं की स्वयं और/या पैतृक मैपिंग की जा रही है।

एसआईआर में मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण तिथि

  • 30.06.2026 से 29.07.2026 - बीएलओ द्वारा घर-घर का दौरा (हाउस टू हाउस विजिट)।
  • 05.08.2026 - प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन।
  • 05.08.2026 से 04.09.2026 - दावा और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि।
  • 05.08.2026 से 03.10.2026 - नोटिस और सत्यापन की अवधि।
    07.10.2026 - अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।
  • 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरा कर रहे युवा भी बनेंगे वोटर

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि 2026 की मतदाता सूची के केवल सीमित संख्या में मौजूदा मतदाताओं और झारखंड में मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के इच्छुक नये मतदाताओं को ही दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता होगी। जिन मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता है, उनकी सूची 5 अगस्त 2026 को या उसके बाद प्रत्येक मतदान केंद्र और सीईओ झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जायेगी। 

उन्हें संबंधित ईआरओ (एफड) द्वारा दस्तावेज जमा करने के लिए व्यक्तिगत नोटिस भी तामील किया जायेगा। भारत के जो पात्र नागरिक 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरा कर रहे हैं। वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप में घोषणा पत्र और सहायक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 जमा करें। झारखंड में नये मतदाता के रूप में पंजीकरण करने के लिए, पिछले एसआईआर में माता-पिता के मतदाता पंजीकरण विवरण का उद्धरण पृष्ठ या स्वयं का विवरण (यदि कोई पात्र नागरिक 2003 के एसआईआर में पंजीकृत था लेकिन 2026 की मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है) माता-पिता या स्वयं के मामले में पर्याप्त दस्तावेज माना जायेगा।

इसके अतिरिक्त जन्म तिथि और जन्म स्थान के आधार पर अन्य दस्तावेज मान्य होंगे। मौजूदा मतदाताओं की स्वयं या पैतृक मैपिंग संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ द्वारा मतदाताओं या उनके परिवार के सदस्यों द्वारा ईसीआईनेट में बीएलओ ऐप के माध्यम से दी गयी जानकारी के आधार पर की जा रही है।

इसलिए, प्रवासी श्रमिकों, झारखंड से बाहर पढ़ रहे छात्रों या अस्थायी रूप से झारखंड से बाहर रह रहे अन्य लोगों को मैपिंग के उद्देश्य से बीएलओ के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की कोई आवश्यकता नहीं है। प्रवासी श्रमिकों, झारखंड से बाहर पढ़ रहे छात्रों आदि की ओर से परिवार के सदस्य के माध्यम से बीएलओ से संपर्क करके या ईसीआईनेट में उपलब्ध बुक-ए-कॉल सुविधा या झारखंड के प्रत्येक घर में चिपकाए गए स्टिकर पर उल्लिखित बीएलओ के फोन नंबर के माध्यम से मैपिंग का कार्य किया जा सकता है।

इसी तरह, गणना फॉर्म पर भी प्रवासी श्रमिकों के परिवार के सदस्य द्वारा संबंध के प्रकार और नाम का उल्लेख करते हुए। ईसीआईनेट के माध्यम से आॅनलाइन या बीएलओ से इलेक्ट्रॉनिक रूप में व्यक्तिगत गणना फॉर्म प्राप्त करके हस्ताक्षर किये जा सकते हैं और वे हस्ताक्षरित गणना फॉर्म को इलेक्ट्रॉनिक संचार माध्यमों से बीएलओ को इलेक्ट्रॉनिक रूप से भेज सकते हैं।

Published / 2026-06-16 18:37:56
झारखंड में राज्यसभा चुनाव : नाथवाणी के लिए एनडीए हुई फूल्ली एक्टिव!

  • झारखंड में राज्यसभा चुनाव : नाथवाणी के लिए एनडीए हुई फूल्ली एक्टिव!
  • राज्यसभा चुनाव में परिमल नाथवानी के लिए एनडीए ने बिछायी रणनीतिक बिसात, क्रॉस वोटिंग की चर्चाए तेज

टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं। सोमवार देर शाम प्रदेश भाजपा कार्यालय में एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक का मुख्य उद्देश्य एनडीए समर्थित प्रत्याशी और उद्योगपति परिमल नाथवानी की जीत सुनिश्चित करने तथा गठबंधन के विधायकों को एकजुट रखने की रणनीति तैयार करना था।

मतदान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई

बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रत्याशी परिमल नाथवानी समेत एनडीए के सभी विधायक मौजूद रहे। नेताओं ने चुनावी गणित और मतदान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

एनडीए को चार अतिरिक्त वोट की जरूरत

वर्तमान संख्या बल के अनुसार राज्यसभा चुनाव में एनडीए के पास 24 वोट हैं, जबकि जीत के लिए उसे चार अतिरिक्त मतों की आवश्यकता होगी। ऐसे में चुनावी मुकाबले में क्रॉस वोटिंग और अंतरात्मा के आधार पर मतदान की चर्चाएं भी तेज हो गयी हैं। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भरोसा जताते हुए कहा कि कई विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज पर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे। उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में महागठबंधन के भीतर संभावित सेंध और क्रॉस वोटिंग की संभावना से जोड़कर देखा जा रहा है।

दिलचस्प होगा मुकाबला

झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग और हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों का इतिहास भी रहा है, जिससे इस बार का चुनाव और दिलचस्प बन गया है। बैठक के बाद भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने मीडिया से कहा कि एनडीए के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और परिमल नाथवानी की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की गयी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के सभी 81 विधायक मतदाता हैं और कई विधायक अंतरात्मा की आवाज पर नाथवानी के पक्ष में मतदान करेंगे। जायसवाल ने विश्वास जताया कि एनडीए प्रत्याशी की जीत तय है।

Page 41 of 1685

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse