झारखंड

View All
Published / 2026-01-19 21:05:13
शिक्षक बिशेश्वर यादव ने किया आरसीसी बाउंड्री वॉल प्लांट का उद्घाटन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, चौपारण/ हजारीबाग। चौपारण स्थित सरदारपुर बेहरा आश्रम मोड़ के पास एसके आरसीसी बाउंड्री वॉल प्लांट का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि शिक्षक सह समाजसेवी विशेश्वर यादव ने फीता काटकर उद्घाटन किया। 

मौके पर संचालक लखन प्रजापति ने अतिथियों को अंग वस्त्र देकर और माला पहनाकर स्वागत किया। सम्मानित अतिथि समाजसेवी सुनील राणा ने विधिवत पूजा अर्चना की। मौके पर मंटू बर्मा, बिट्टू कुमार, राजकुमार बिहार के लाल एस के प्रजापति समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।

Published / 2026-01-18 22:40:45
लालपुर के नवनिर्मित गिरजाघर का उद्घाटन सह आशीष समारोह सम्पन्न

  • लालपुर के नवनिर्मित गिरजाघर का उद्घाटन एवं आशीष समारोह सम्पन्न

टीम एबीएन, रांची। राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के लालपुर पल्ली में आज महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के करकमलों द्वारा नए गिरजाघर के आशीष की धर्मविधि एवं उद्घाटन समारोह सम्पन्न की गई। राँची काथलिक महाधर्मप्रांत एवं विशेष कर लालपुर के विश्वासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा क्योंकि आज लालपुर पल्ली परिसर में नवनिर्मित गिरजाघर की आशीष की धर्मविधि पूरी की गई। 

इस संत जेम्स गिरजाघर के आशीष के समारोही मिस्सा बलिदान अर्पित किया जिसकी अगुवाई राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने की। इस विशिष्ठ दिवस पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद को नाचते गाते हुए पल्ली परिसर तक स्वागत किया गया। तत्पश्चात गिरजे के मुख्य द्वार पर फीता काटा गया एवं कॉन्ट्रैक्टर द्वारा गिरजे घर की चाभी महाधर्माध्यक्ष को सौंपा गया।

महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने स्मारक पट्ट का अनावरण कर समारोही जुलूस के साथ नवनिर्मित गिरजाघर में प्रवेश किया। मुख्य अनुष्ठाता के रूप महाधर्माध्यक्ष ने जल की आशीष की एवं पवित्र जल का छिड़काव विश्वासियों एवं गिरजे घर में किया। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि संत वही है जो प्रभु के प्रकाश को अपने जीवन में समाहित कर ले एवं उसी प्रभु के प्रकाश को दूसरों तक पहुंचाने में माध्यम बने। 

आज जब लालपुर पल्ली में नए गिरजाघर का उद्घाटन हो रहा है हम स्मरण रखें कि यह गिरजाघर हमारे विश्वास का चिन्ह मात्र है लेकिन वास्तविक गिरजा हम सभी विश्वासी ही हैं। हमारी एकता, प्रेम एवं विश्वास द्वारा ही इस गिरजाघर का इतिहास स्वर्णिम अक्षर में लिखा जाएगा। आशीष की धर्मविधि को आगे बढ़ाते हुए क्रिस्म तेल से महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने पवित्र वेदी का अभ्यांजित किया।

परम प्रसाद की धर्मविधि के पश्चात पवित्र संदूक जहां पवित्र साक्रामेंत रखा जाता है, महाधर्माध्यक्ष ने पवित्र जल में धूप अर्पित कर आशीष किया। गिरजेघर के निर्माण कार्य विश्वासियों की उदारता द्वारा प्राप्त धनराशि से ही संभव हो सका है। संत जेम्स गिरजाघर के आशीष एवं उद्घाटन समारोह के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन रहा। बच्चों एवं पल्ली वासियों की प्रस्तुति ने इस कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया।

संक्षिप्त इतिहास

लालपुर पल्ली राँची डायसिस के अंतर्गत आने वाली पल्लियों में सबसे छोटी पल्ली है, लालपुर पल्ली का क्षेत्रफल अन्य पल्लियों की अपेक्षा बहुत छोटा है। इस पल्ली में लगभग 400 परिवार है एवं पंजीकृत पल्लीवासियों की संख्या 2200 से 2300 के करीब है।

पल्ली घोषित होने के पूर्व यहाँ के विश्वासीगण रविवार एवं जन्मपर्व और पास्का पर्व का मिस्सा पूजा हॉली क्रॉस स्कूल के प्रांगण में किया करते थे। उसके बाद राँची डायसिस की ओर से सन् 1992 में श्रद्धेय फा. लियो मिंज को लालपुर भेजा गया, और उसी वर्ष लालपुर की कलीसिया को एक पल्ली के रूप में घोषित किया गया, इस तरह एवं श्रद्धेय फा. लियो मिंज लालपुर पारिश के प्रथम पल्ली पुरोहित के रूप में अपना कार्यभार संभाला।

धर्मविधियों के लिए उपयुक्त स्थान न होने के कारण होली क्रॉस निस्सा पूजा एवं अन्य धार्मिक गतिविधियों होने लगी, और इसी वर्ष 1992 में लालपुर पल्ली में पहला परमप्रसाद संस्कार की धर्मविधि संपन्न हुई। यहीं से इस पल्ली में विभिन्न प्रकार के दस्तावेजों का संचय किया जाने लगा और आज भी जारी है। और इन सभी जिम्मेदारियों को श्री इमिल लकड़ा, प्रथम प्रचारक ने भली-भांति वहन किया।

आज तक एक प्रचारक के रूप में इस कार्य को पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। श्रद्धेय फा. लियो मिंज ने 2004 तक इस लालपुर पल्ली में पल्ली पुरोहित के रूप में अपना योगदान दिया। आज हम उनके प्रति नतमस्तक है। सन् 2004 में लालपुर पल्ली के संचालन का जिम्मा क्लारेशियन धर्मसमाज को दिया गया और श्रद्धेय फा. जोसेफ डेविड सी.एम.एफ. ने लालपुर के पल्ली पुरोहित के रूप में कार्यभार संभाला।

सन् 2007 तक लालपुर पल्लीवासियों के आध्यात्मिक उत्थान के कार्यों में लगे रहे। तत्पश्चात् श्रद्धेय फा. अगस्तुस कुजूर सी.एम.एफ. ने लालपुर पल्ली का कार्यभार संभाला। और सन् 2010 तक अपनी सेवायें प्रदान की। उसी वर्ष सन् 2010 में श्रद्धेय फा. अनीम प्रकाश इंदवार, सी.एम.एफ लालपुर के नये पल्ली पुरोहित नियुक्त किये गये जिन्होंने विभिन्न संघों के गठन में अपनी अहम भूमिका निभाई। 

उनकी सहायता से काथलिक सभा, महिला संघ, युवा संघ एवं पारिश काउंसिल का गठन हुआ। आज हमें गर्व है कि लालपुर पल्ली राँची डायसिस का एकमात्र ऐसा पल्ली है जिसमें पारिश काउंसिल है, जो पल्ली के पुरोहितों और चर्च को हर कार्य में मदद करता है।

1 सितम्बर 2013 को श्रद्धेय फा. अनिम प्रकाश इंदवार सी.एम.एफ. ने नये पल्ली पुरोहित श्रद्धेय फा. फुलजेन्स केरकेट्टा सी.एम.एफ. को लालपुर पल्ली का कार्यभार सौंप दिया। फा. फुलजेन्स पल्ली पुरोहित के रूप में सभी के प्रिय थे. वे मृदुभाषी होने के साथ-साथ सख्त अनुशासन प्रिय व्यक्ति के रूप में भी जाने जाते थे। उन्होंन मई 2017 तक पल्ली पुरोहित के रूप में अपना योगदान दिया।

इनके बाद श्रद्धेय फा. देवसहाय मिंज सी.एम.एफ. ने 11 सितंबर 2017 से पल्ली पुरोहित के रूप में अपना कार्यभार संभाला। फा. देवसहाय के कार्यकाल में लालपुर पल्ली में अनेकों विकास के कार्य हुए। उन्होंने लालपुर पल्ली को ऊँचाईयों तक पहुँचाया। सभी जगहों पर लालपुर पल्ली की एक पहचान बनी। जून 2025 में फा. देवसहाय का तबादला हो गया और पुनः फा. अनिम प्रकाश इदवार पल्ली पुरोहित नियुक्त किये गये।

श्रद्धेय फा. फुलजेन्स ने सन् 2017 में हम लालपुर पल्लीवासियों को एक सपना दिखाया था. एक सुन्दर सपना। एक बार पारिस काउंसिल की मिटिंग में उन्होंने कहा था-हम एक पल्ली हैं. जहाँ विश्वासियों की संख्या अच्छी है। इस पल्ली से लालपुर वासियों के सभी कार्य होते हैं पर यहाँ गिरजाघर नहीं है, इसलिए यहाँ गिरजाघर का होना बहुत जरूरी है। अनेकों बार पारिश काउंसिल की बैठकें हुई, और चर्च निर्माण कमिटी का गठन हुआ।

 इस तरह फैसला लिया गया कि पल्लीवासी चंदा जमा करें, नौकरी वाले एक दिन का वेतन देंगे, लोगों से स्वेच्छादान की अपील की गयी, और पैसा इकट्ठा होना प्रारंभ हुआ। इसी बीच फा. फुलजेन्स का तबादला हो गया, और चर्च निर्माण कार्य की जिम्मेदारी फा. देवसहाय के कंधों पर आ गयी, इस जिम्मेदारी को उन्होंने तब से लेकर आज तक बखुबी निभाया है। 

इनके अथक प्रयास और लगन से लालपुर का नया गिरजाघर बन कर तैयार है एवं हम सभी इसके उद्घाटन के लिए उपस्थित हैं। इस चर्च के निर्माण के लिए लालपुर पल्ली के हर घर के एक-एक सदस्यों की भागीदारी है। उनके निःस्वार्थ सहयोग के बिना निर्माण कार्य संभव नहीं था।

लालपुर के संत जेम्स गिरजाघर के उद्घाटन एवं आशीष के अवसर पर रांची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, फाo आंनद डेविड खलखो, फ़ा० मनोज वेंगतनम, फाo अनिम प्रकाश, फ़o अगस्तुस, अन्य मेहमान पुरोहितगण, धर्मबहनें, एवं पल्ली के विश्वासी हज़ारों की संख्या में शामिल रहे।

Published / 2026-01-18 21:08:03
लातेहार : ओरसा बंगलादारा घाटी के भीषण सड़क हादसे में सात की मौत, 50 से ज्यादा घायल

ओरसा बंगलादारा घाटी में भीषण सड़क हादसा 

छत्तीसगढ़ से महुआडांड़ आ रही बस पलटी, सात की मौत, 87 घायल 

लोटा-पानी (शादी समारोह) में शामिल होने जा रहे थे यात्री, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा बंगलादारा घाटी में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। घटना रविवार शाम 3;30 बजे शाम की है। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से झारखंड के महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत लोध गांव लोटा-पानी (शादी समारोह) में शामिल होने आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चार महिलाओं एवं एक पुरुष की मौके पर ही जबकि कुल सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि 87 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है। 

घाटी में ब्रेक फेल, बस बनी मौत का कारण 

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस (सीजी 15 एबी 0564) में करीब 100 यात्री सवार थे। यात्रियों ने बताया कि घाटी में उतरते समय अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गयी। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार बच्चे, महिलाएं, वृद्ध और पुरुष सभी बुरी तरह घायल हो गए। कई यात्रियों के हाथ-पैर टूट गये, तो कई के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आयी हैं। 

चीख-पुकार से गूंज उठी घाटी, ग्रामीण बने सहारा 

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गयी। कई घायल बस के अंदर फंसे रहे। शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना किसी भेदभाव के घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। ग्रामीणों की तत्परता से कई घायलों की जान बचायी जा सकी। 

प्रशासन और पुलिस ने संभाली मोर्चा 

घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ एसडीपीओ शिवपूजन बहेलिया एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। 

स्वास्थ्य विभाग पर भारी पड़ा घायलों का सैलाब 

घायलों की संख्या अत्यधिक होने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ एवं कार्मेल हॉस्पिटल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ में 60 से अधिक घायलों का इलाज किया गया। कार्मेल हॉस्पिटल में 27 घायलों का उपचार हुआ  

घायल बचाने में जुटे डॉक्टर, डॉ. अमित खलखो के माथे से बहता रहा पसीना 

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार खलखो के नेतृत्व में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पूरी तरह अलर्ट मोड में रही। लगातार आ रहे घायलों के इलाज में जुटे डॉ. खलखो के माथे से पसीना बहता रहा, लेकिन उन्होंने बिना थके हर घायल को संभालने का प्रयास किया। घायलों की भीड़ के कारण अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सीमित संसाधनों के बावजूद डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अथक प्रयास कर स्थिति को नियंत्रित किया। बेहतर इलाज के लिये 32 घायल को  सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया। कई घायलों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा हेतु सदर अस्पताल, गुमला रेफर किया गया। 

मृतकों की पहचान, एक की शिनाख्त बाकी 

हादसे में मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पिपरसोट गांव निवासी रेसंती देवी, प्रेमा देवी, सीता देवी एवं सुखना सुईयां के रूप में की गई है। वहीं एक मृत महिला की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। 

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक, सहायता में जुटे 

इस हृदयविदारक घटना पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह एवं स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त की। घायलों के इलाज एवं व्यवस्था में महुआडांड़ अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि संजय जायसवाल, प्रखंड उपप्रमुख सह कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अभय मिंज, भाजपा मंडल पूर्वी अध्यक्ष प्रशांत सिंह, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष नुरुल अंसारी, कांग्रेस नेता अजीत पाल कुजूर, रामनरेश ठाकुर, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आमिर सुहैल, सीताराम प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

एसडीएम एसडीपीओ, थाना प्रभारी पहुंचे अस्पताल, मदद की अपील 

घटना की जानकारी मिलते ही महुआडांड़ एसडीएम बिपिन कुमार दुबे, एसडीपीओ शिवपूजन बहेलिया, थाना प्रभारी मनोज कुमार, अनुमंडल सांसद प्रतिनिधी संजय जायसवाल आदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने स्थानीय लोगों से कंबल दान कर मदद करने की अपील की। ठंड को देखते हुए अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि संजय जायसवाल ने घायलों के बीच चार कंबलों का वितरण किया। 

मानवता बनी उम्मीद की किरण 

इस भीषण हादसे में ग्रामीणों की मदद, डॉक्टरों की निष्ठा, प्रशासन की तत्परता और सामाजिक सहयोग से कई घायलों की जान बचायी जा सकी। संकट की इस घड़ी में महुआडांड़ ने मानवता और सामूहिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।

Published / 2026-01-18 21:05:49
तीन दिवसीय मारवाड़ महोत्सव 2026 भव्यता के साथ हुआ संपन्न

तीसरे दिन नानी बाई को मायरो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी सहायक समिति के संयुक्त तत्वावधान में हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन रांची में आयोजित तीन दिवसीय मारवाड़ महोत्सव 2026 का भव्य और भावनात्मक समापन अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महोत्सव ने न केवल मारवाड़ी समाज बल्कि संपूर्ण झारखंडवासियों को राजस्थान की राजसी परंपराओं, जीवंत लोक संस्कृति और समृद्ध विरासत से साक्षात्कार कराया। 

तीन दिनों तक चला यह सांस्कृतिक उत्सव जनसैलाब का केंद्र बना रहा, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रमों का आनंद लिया। महोत्सव के अंतिम दिन प्रस्तुत की गयी नानी बाई को मायरो की जीवंत नृत्य-नाटिका ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। पारंपरिक संगीत, भावपूर्ण अभिनय और लोकनृत्य के समन्वय से सजी इस प्रस्तुति ने श्रद्धा, करुणा और सामाजिक मूल्यों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत कर दिया। 

दर्शकों ने इसे खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। राजस्थान से पधारे लगभग 40 ख्यातिप्राप्त लोक कलाकारों ने तीन दिनों तक लोककला, लोकगीत, घूमर, कालबेलिया नृत्य, कठपुतली नृत्य, लोकनाट्य, हास्य प्रस्तुतियों और पारंपरिक रंगों के माध्यम से राजस्थान की जीवित संस्कृति को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। कलाकारों की पारंपरिक मारवाड़ी वेशभूषा, सजीव अभिव्यक्तियां और सुमधुर संगीत ने पूरे वातावरण को राजस्थानी रंग में रंग दिया। 

महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण चोखी धाणी रहा, जहां हजारों लोगों ने 30 से अधिक पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद लिया। दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्जी, केर-सांगरी, मठा, बाजरे की रोटी सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजनों ने लोगों की जीभ को राजस्थानी स्वाद से परिचित कराया। इसके अतिरिक्त महोत्सव में हस्तकला प्रदर्शनी, मेहंदी रचनी, वो अपनी संस्कृति ने जाणो कार्यक्रम, मारवाड़ी परंपरा एवं विरासत की प्रस्तुति, मारवाड़ री मंच पर लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, रंग भरो राजस्थान के अंतर्गत रंगों की रचनात्मक छटा, अपणी माटी रो गीत के माध्यम से मिट्टी से जुड़े मधुर लोकगीत, पगड़ी रो पेंच द्वारा पगड़ी बांधने की कला और हंस लो सा जैसे हास्य से भरपूर कार्यक्रमों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। 

समापन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर एवं विशिष्ट अतिथि विधायक सीपी सिंह रहे। दोनों अतिथियों ने इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नयी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। 

मारवाड़ महोत्सव मारवाड़ी गौरव, संस्कृति और परंपरा का ऐसा भव्य संगम सिद्ध हुआ, जिसने रांची की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं और लंबे समय तक स्मृतियों में जीवित रहने वाला उत्सव बन गया। यह जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

इस अवसर पर रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, ओम प्रकाश अग्रवाल, सुरेश चंद्र अग्रवाल, विनोद कुमार जैन, ललित कुमार पोद्दार, पवन कुमार शर्मा, कमल कुमार केडिया, अरुण भरतीया अनुज अग्रवाल, विकास मोदी, संजीव विजयवर्गीय, विजय अग्रवाल, अभिषेक झाझरिया, डॉली केजरीवाल, शशांक बजाज, विनीता सिंघानिया, कुणाल जालान, शैलेश अग्रवाल, रमन बोड़ा, अशोक नारसरिया, मनोज चौधरी,कौशल राजगढ़िया, सज्जन पाड़िया, निर्मल बुधिया, अनिल अग्रवाल, किशन पोद्दार, कमलेश संचेती, संजय सर्राफ, प्रमोद सारस्वत, सुनील पोद्दार, अमर अग्रवाल, राजेंद्र केडिया, अजय डीडवानिया, किशन पोद्दार, विजय खोवाल,अजय बजाज, प्रकाश धेलिया, प्रमोद बगड़िया, पद्म चंद्र जैन, आनंद जालान, नारायण विजयवर्गीय, अरुण बुधिया, रवि शर्मा, भरत बगड़िया, राजेश भरतिया, राजेश कौशिक, रिंकू अग्रवाल, नरेश बंका, रमाशंकर बगड़िया, अजय भरतिया, कमल शर्मा सहित दोनों संस्था के सदस्यगण उपस्थित थे। 

Published / 2026-01-18 18:31:44
मेधा नि:शुल्क स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

टीम एबीएन, रांची। स्मृति शेष आनंद कुमार के 54वें जन्मदिवस के अवसर एच एम पब्लिक स्कूल चुटिया में मेधा स्वास्थ्य सह रक्तदान शिविर का आयोजन  सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च एक्टिविटी इन झारखंड स्वराज के द्वारा किया गया। शिविर का उद्घाटन एवं मुख्य अतिथि सुदेश महतो, अध्यक्ष आजसू पार्टी, पूर्व उप मुख्यमंत्री ने किया। 

उन्होंने कहा कि रक्त दान महादान होता है, एक यूनिट रक्त से 4 लोगों की जान बचाया जा सकता है। स्वराज के माध्यम से पिछले पांच वर्षों से जो स्वास्थ्य शिविर आनंद कुमार की याद में किया जा रहा है। यह बहुत अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों की स्वास्थ्य सेवा करना समाज में एक बड़ी उपलब्धि है।  

विशिष्ट अतिथि डॉ सुदेश कुमार साहू, डीन, छात्र कल्याण संकाय, रांची विश्वविद्यालय ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जिस तरह एच एम पब्लिक स्कूल का नाम है। उसी तरह समाज सेवा में भी आप लोग बहुत अग्रसर हैं। डॉ शेखर चौधरी (काजल) अध्यक्ष इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, रांची का एक विद्यालय शिक्षा के साथ गरीबों के लिए स्वास्थ्य सेवा भी करती है। मैं इस अवसर पर प्रति वर्ष आता हूं। मुझे इस तरह के शिविर में आना अच्छा लगता है। 

डॉ अशोक कुमार वैद्य, नेफ्रोलॉजिस्ट ने कहा कि लोगों की सेवा रक्त दान करने के सह नेत्र चिकित्सा एवं उद्घाटन कार्यक्रम में आजसू पार्टी के उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, भगवान महावीर आई हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ शिवानंद प्रसाद, गिरधारी महतो, डॉ अजय कुमार महतो, प्रदीप कुमार जैन, अमरदीप वर्मा, सज्जाद आलम, कौशिक चांद, रणधीर कुमार कौशिक, मुकेश कुमार सिंह, सत्येंद्र दुबे, विजय कुमार, जनक महतो, कैलाश कुमार सहित कई लोग शामिल थे। 

नि:शुल्क स्वास्थ्य  एवं रक्तदान शिविर का आयोजन सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च एक्टिविटी इन झारखंड (स्वराज) की ओर से किया गया, जिसमें  रिम्स रांची के डॉ कविता देवघरिया एवं डॉ उमेश कुमार सिंह के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 54 यूनिट रक्तदान किया गया। 

भगवान महावीर नेत्र अस्पताल, बरियातू के सहयोग से डॉ प्रिंस राज डॉ रश्मि कुमारी की टीम के सहयोग से 220 लोगों नेत्र जांच की गयी। दंत परीक्षण श्री टूथ केअर की डॉ शिप्रा साह घोष एवं उनकी टीम ने किया। कुमार डायग्नोस्टिक सेंटर लोअर चुटिया की विश्व भारती एवं उनके टीम के द्वारा मधुमेह जांच बीपी जांच की गयी। 

वेदांता हॉस्पिटल मकचुंद टोली ने साधारण रोग, महिला रोग, पुराने बीमारियों की जांच डॉ आदित्य नारायण सिंह एवं उनकी टीम ने की। इस शिविर से सैकड़ों लोग लाभ लिये। कल्पतरु के डॉ राम सिंह ने पीजियोथेरेपी किया। विद्यालय ने चार विशेष छात्रों को विशिष्ट सेवा अवार्ड से सम्मानित किया, जिसमें प्रिंस महतो, दीप सेन, दीपिका कुमारी, प्रिंस कुमार थे। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों  ने 53 लोगों के बीच कंबल वितरण, स्वेटर वितरण किया। 

विदित हो कि स्मृति शेष आनंद कुमार खुद रक्तदाता, सोशल एक्टिविस्ट के साथ एच एम पब्लिक स्कूल के संस्थापक में से एक रहे हैं जो कोविर्ड काल में गुजर गए, आनन्द सर का इस वर्ष 54 वां अवतरण दिवस है, कार्यक्रम का संचालन अंजली सेन ने किया। जबकि स्वागत भाषण अरविंद कुमार प्राचार्य द्वारा किया गया, रंजीत कुमार द्वारा आनन्द कुमार की जीवनी के बारे बतलाया गया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन नीलम डंहगा ने किया। 

कार्यक्रम  कुमार कमलेश, पूनम, संयुक्ता देवी,  अनामिका सिंह, रणजीत कुमार, सती सिन्हा, बासुदेव कुमार, रवि प्रकाश गोप, संगीता चौहान, सुप्रभा , मनीषा, सरिता, शुभम, पुनीत, सुजाता, पुष्पा, सोनी, सरोज, जया, काजल, ज्योति, सुमन, संतोषी, नीलम,  शोभा, कल्पना, मीना, प्रीति, बीना, मुनी मुंडा, ममता देवी, पुष्पा, महावीर, मंटू, सुमित, विकाश, मनीष, गौतम,  नीलेश, मंजू, पुष्पा, रानी,  के साथ बहुत लोगों का योगदान से शिविर को सफल किया गया।

Published / 2026-01-18 18:30:35
उत्तम यादव ने ली झामुमो की सदस्यता

टीम एबीएन, रांची। रविवार को रांची किशोरगंज स्थित स्कॉट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल मे झामुमो का सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए सदस्यता ग्रहण समारोह में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय के समक्ष रांची के सामाजिक कार्यकर्ता उत्तम यादव के नेतृत्व में हजारों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सदस्यता लेनेवालों को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलायी और पार्टी में स्वागत किया। 

मौके पर विनोद कुमार पांडेय ने सदस्यता लेनेवालों को पार्टी के नीति सिद्धांतों से अवगत कराया और संगठन को मजबूत बनाने हेतु मार्गदर्शन किया। साथ ही राज्य की लोकप्रिय हेमंत सरकार द्वारा चलाये जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाने और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान देने हेतु संकल्प दिलाया। 

मौके पर झामुमो रांची जिला से केंद्रीय सदस्य सह महानगर संयोजक अंतू तिर्की, डॉ हेमलाल मेहता, अश्विनी शर्मा, पवन जेडीया, जिला संयोजक बीरू तिर्की, महानगर संयोजक प्रदीप मिर्धा, अरुण वर्मा, रतीश द्विवेदी, आशुतोष वर्मा, अंकिता वर्मा, कुलदीपक कुमार, डॉ तालकेश्वर, सुनील साहू, राकेश वर्मा, वार्ड 27 के अध्यक्ष सुनील चौरसिया, सचिव मोहन गोस्वामी, वार्ड 28 अध्यक्ष कन्हैया जायसवाल, सचिव साहिल वर्मा, वार्ड 29 से अनुराग तिर्की, सचिव संदीप ठाकुर एवं अन्य कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। 

सदस्यता लेनेवालों में उत्तम यादव, शैलेश नंद तिवारी, नीतेश वर्मा, रंजन माथुर, उमेश साहू, लालवंती देवी, छाया रानी, बंटी साव, रोहित यादव, आर्यन मेहता, निखिल कुमार गुप्ता, सोनू गुप्ता, बीरेंद्र गोप, शुभम विश्वकर्मा, दीपू श्रीवास्तव, आकाश कच्छप, राहुल कच्छप, सावन लिंडा, आनंद तिर्की, संजय तिवारी, राजू गोप एवं अन्य हजारों लोग रहे।

Published / 2026-01-18 18:29:54
पलामू के सैकड़ों लोगों ने ली झामुमो की सदस्यता

टीम एबीएन, रांची। रविवार को रांची स्थित झामुमो केंद्रीय कार्यालय मे पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय के समक्ष पलामू जिला के सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। 

पलामू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में मेदिनीनगर नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष पूनम सिंह के साथ सदस्यता लेनेवालों को पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलायी और पार्टी में स्वागत किया। 

मौके पर विनोद पांडेय ने सदस्यता लेनेवालों को पार्टी के नीति सिद्धांतों से अवगत कराया और संगठन को मजबूत बनाने हेतु मार्गदर्शन किया। साथ ही राज्य की लोकप्रिय हेमंत सरकार द्वारा चलाये जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाने एवं राज्य के विकास मे अपना अहम योगदान देने हेतु संकल्प दिलाया। 

सदस्यता लेनेवालों में पूर्व नप अध्यक्ष मेदिनीनगर पूनम सिंह, सूर्यांश प्रताप सिंह (पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस), आजाद खान, जितेंद्र सिंह, रौनक सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, मो फिरोज, प्रतीक सिंह, रुद्र कुमार, कृष्ण कांत, इम्तियाज अंसारी, गुड्डू कुमार, रौशन कुमार एवं अन्य कई लोग रहे। 

मौके पर पलामू जिला से पार्टी के केंद्रीय सदस्य सह जिला उपाध्यक्ष शानू सिद्दीकी, केंद्रीय सदस्य हाजी ललन, रमेश सिंह, अनुराग सिंह, बबलू सिंह, देवानंद भारद्वाज, रिशु अग्रवाल एवं अन्य कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

Published / 2026-01-18 18:29:10
श्री श्याम मंडल ने शुरू किया आओ चलें गांव की ओर कार्यक्रम

टीम एबीएन, रांची। रविवार को श्री श्याम मंडल, रांची और वन बंधु परिषद रांची चैप्टर के सदस्य रामगढ़ संच के ईदपारा ग्राम वन यात्रा पर गये। वहां उन्होंने ग्राम दर्शन किया। ग्रामीणों से माताओं बच्चों से बातचीत की। परिषद की ओर से चलने वाला एकल विद्यालय का दर्शन कर स्कूल प्रांगण में बच्चों और ग्राम वासियों की सभा बुलायी। 

एकल विद्यालय के बच्चों ने अभूतपूर्व संस्कार और विद्वता का परिचय देते हुए नगर वासियों के प्रत्येक सवाल का जवाब दिया। उन्होंने भारत माता और सरस्वती माता की वंदना में गीत गाये, देश भक्ति की कविताओं का वाचन किया और बताया कि किस प्रकार एकल विद्यालय के माध्यम से उन्हें खेल खेल में पढ़ाई के साथ-साथ अनेक वैदिक मंत्रों, रामायण महाभारत की कहानी किस्सों, हनुमान चालीसा इत्यादि का पूरा ज्ञान हो गया है। 

इस स्कूल की सीख के माध्यम से बच्चे अपने परिवार को नशा मुक्त कर रहे हैं और पोषण वाटिका लगाकर सात्विक भोजन खाने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। ग्राम वासियों ने नगर वासियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए तिलक लगाकर अभिनंदन किया। 

आम के पत्तों से जल छिड़क कर मंगल कामना की। फूलों के हार एवम आम के पत्तों से बने हुए हार व सखुवा पत्तों से बने टोपी  से स्वागत किया और झूमर नृत्य करते हुए सजे हुए छात्रों के नीचे गांव तक लेकर गये। नगर वासियों ने बच्चों की सराहना करते हुए अनेक प्रकार के खेलने पढ़ने और खाने-पीने की वस्तुएं उपहार में दी। 

कार्यक्रम में नगर वासियों की ओर से मुख्यत श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश बागला, मंत्री धीरज बंका, विवेक ढांढनीयां, अजय साबू, रमेश धरणीधरका, केशव सारस्वत, संजय जाजोदिया, ज्योति लखोटिया, सुप्रिया साबू, डोली बागला, प्रियांश पोद्दार की उपस्थिति रही। 

परिषद की ओर से संच प्रमुख किशोर कुमार विद्यार्थी, आचार्य किरण देवी, खीरेंद्र कुमार अंचल अभियान प्रमुख, अजीत कुमार महतो अंचल गतिविधि प्रमुख, नंद किशोर महतो अंचल प्राथमिक शिक्षा प्रमुख, गंगाधर महतो अंचल व्यास प्रमुख, रीता कुमारी संच व्यास एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने ग्राम दर्शन की व्यवस्था को बनाया। उक्त जानकारी श्री श्याम मंडल और श्री श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (9835331112) ने दी।

Page 40 of 1567

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse