टीम एबीएन, सिल्ली, रांची। आज प्रथम स्वतंत्रता सेनानी रघुनाथ महतो जी का शहादत दिवस राज्य भर में मनाया गया। चुवाड़ विद्रोह के महानायक के शहादत दिवस पर विभिन्न राजनैतिक व सामाजिक संगठनों ने उनके विचारधारा की बात कही।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने भी अपने संगठन पदाधिकारियों के साथ 247वें शहादत दिवस मनाया। आज शनिवार को सुबह लोवाडीह चौक में रघुनाथ महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत शहादत स्थल सिल्ली के कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगीत व लोकसंस्कृति का रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
देवेंद्रनाथ महतो ने 05 अप्रैल 1778 में किता टोला के जंगलों में हुए रघुनाथ महतो के लड़ाई को याद करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई को हमें आत्मसात करते हुए प्रतिदिन संघर्ष की जरूरत है।
उनके अनमोल कथन अपना गांव अपना राज, दूर भगाओ विदेशी राज को सिद्ध करने के लिए बाहरी विचारधारा के खिलाफ सामने से लड़नी होगी। यहां के आदिवासी-मूलवासी के साथ शोषण की प्रक्रिया अब भी लगातार जारी है। ब्रिटिश शासन के तहत वर्तमान पुलिस प्रशासन व्यवहार कर रही हैं।
सिल्ली में शहादत स्थल के कार्यक्रम के दौरान संगठन जिला अध्यक्ष संजय प्रसाद महतो, पार्वती देवी, हरे कृष्णा, निवेदिता देवी, रम्भावती बाला, जाकिर खान, खुदीराम महतो, गुहीराम स्वांसी आदि लोग मौजूद रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पांकी/तरहसी, (पलामू)। रामनवमी पर्व को लेकर आज जिले के विभिन्न प्रखंडों में फ्लैग मार्च निकाला गया। उपायुक्त शशि रंजन एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के नेतृत्व में पांकी एवं तरहसी में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें जिले के कई वरीय पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पांकी थाना परिसर से निकाली गयी फ्लैग मार्च पांकी के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण उपरांत संपन्न हुआ।
इस दौरान अधिकाद्वय ने रामनवमी जुलूस मार्ग, रामनवमी जुलूस मिलन स्थल, श्री राम जानकी मंदिर सहित कई स्थानों का भ्रमण कर विधि व्यवस्था का जायजा लिया। शांति समिति के सदस्यों, स्थानीय पदाधिकारियों एवं आमलोगों से बातचीत की। सुरक्षा से संबंधित जानकारी ली और किसी प्रकार की समस्या की स्थिति में प्रशासन से सीधा संपर्क करने की बातें कही। साथ ही सभी से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी पर्व मनाने की अपील की।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने तरहसी प्रखंड के मझिगांवा गांव में मॉ झालखंडी मंदिर पहुंचकर नवरात्र मेले की विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, मंदिर में प्रवेष व निकास की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था आदि अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु की गई व्यवस्था एवं रामनवमी को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया। मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों से यहां की व्यवस्थाओं के बारें में जानकारी भी लिया। मंदिर समिति की ओर से उपायुक्त शशि रंजन, पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, नगर आयुक्त जावेद हुसैन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा को सम्मानित किया गया।
उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सजग है। रामनवमी पर्व श्रद्धा, भक्ति व उत्साहपूर्वक पर्वक मनाएं। शांति में खलल डालने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि रामनवमी पर्व को लेकर पूरे जिले में एहतियायत बरती जा रही है। पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए व्यापक तैयारी की गयी है। दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
सभी जगहों पर शांति समिति की बैठक हो चुकी है। साथ ही फ्लैग मार्च निकालकर सभी से शांति एवं सौहार्दपूर्ण पर्व मनाने की अपील गयी है। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही नगर निगम के शहरी क्षेत्र में मेदिनीनगर नगर निगम के आयुक्त के द्वारा पेयजल, चलंत शौचालय, डस्टबीन उपलब्ध कराने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी है। उन्होंने कहा कि पर्व को लेकर भ्रामक खबरों एवं अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने कहा कि रामनवमी में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। वहीं सोशल मीडिया एवं इंटरनेट मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी तरह के अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
फ्लैग मार्च में नगर आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल, प्रखंड, अंचल व थाना स्तरीय पदाधिकारी एवं पुलिस जवान शामिल हुए। इधर, रामनवमी को लेकर मनातू, पांडू सहित अन्य प्रखंडों में फ्लैग मार्च निकालकर रामनवमी शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गयी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में चिलचिलाती धूप के बीच एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलनेवाला है। रामनवमी के बाद मौसम परिवर्तन से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। रामनवमी पर मौसम साफ रहेगा। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका जाहिर की गयी है।
मौसम विभाग ने इसे लेकर चेतावनी जारी की है। येलो और आॅरेंज अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। छह अप्रैल को रामनवमी है। चारों तरफ इसे लेकर उल्लास है। इस दिन मौसम का मिजाज कैसा रहेगा? इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
मौसम विभाग ने अपने पूवार्नुमान में बताया है कि रविवार को आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। झारखंड में सात अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलेगा। इसका असर नौ अप्रैल तक दिखेगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वज्रपात की भी आशंका है।
इसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। येलो और आरेंज अलर्ट जारी कर मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब रहने पर सतर्क रहें। सावधान रहें। पेड़ के नीचे खड़े नहीं रहें। बिजली के खंभों से दूर रहें।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम श्री राधा कृष्ण मंदिर पुंदाग में 06 अप्रैल दिन रविवार को भारतीय हिंदुओं के महापर्व रामनवमी के सुअवसर पर विशेष पूजा- अर्चना, भजन- कीर्तन सत्संग, महाप्रसाद एवं महाआरती का आयोजन किया गया।
मंदिर परिसर में दोपहर 12:30 बजे से 201वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा महाप्रसाद केसरिया मेवायुक्त खीर का वितरण किया जायेगा। अपराह्न 12 बजे से 2 बजे तक भजन- संकीर्तन का संगीतमय कार्यक्रम होगा। तत्पश्चात सामूहिक महाआरती की जायेगी।
उक्त जानकारी देते हुए श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने सभी श्रद्धालुओं से ज्यादा से ज्यादा संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
टीम एबीएन, रांची। श्री महावीर मंडल बड़ागांई ने बेलटंगरा स्थित श्रीश्री पंचदेव मंदिर प्रांगण में अस्त्र-शस्त्र चालान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में 15 स्थानों से अखाड़ा पहुंचे थे, जिसमें श्री महावीर मंडल सम्राट क्लब चुटिया के खिलाड़ियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन प्रस्तुत करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले टीम को शील्ड, तलवार, महावीर पताका एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। बाकी टीम को सांत्वना पुरस्कार के रूप में मोमेंटो, तलवार एवं महावीर पताका देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर अतिथि श्री महावीर मंडल के अध्यक्ष जय सिंह यादव, पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, मंत्री सुभाष साहू, पूर्व मंत्री ललित ओझा व राजू यादव, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता व राहुल सिन्हा चंकी, पूर्व सहमंत्री राकेश सिंह, मुख्य चुनाव प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद राजेश गुप्ता छोटू सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष शंकर दुबे मंत्री गोपाल पारीक आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।
सभी उपस्थित पदाधिकारी एवं खिलाड़ियों का स्वागत श्री महावीर मंडल बडगांई के अध्यक्ष डॉ बिरेन्द्र साहू, पूर्व अध्यक्ष डॉ जीवाधन प्रसाद, मंत्री बस कुमार साहू, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, रामानंद साहू, दीपक साहू, शेखर साहू, मनीष साहू, प्रताप कुमार, बसंत साहू, संजय साहू, धीरन साहू, रमेश तिर्की, अशोक साहू बालसाय महतो, प्रेम लोहरा, बैद्यनाथ महतो, अमित वर्मा, रंजीत वर्मा आदि ने अंग वस्त्र ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर किये।
मौके पर श्री महावीर मंडल रांची के सभी पदाधिकारियों ने आगामी 6 अप्रैल को बाजे-गाजे, अस्त्र-शास्त्र एवं महावीर पताकाओं के साथ 4 बजे फिरायालाल चौक पहुंचने का आग्रह किये। उक्त जानकारी श्री महावीर मंडल, बड़ागांई के मंत्री बस कुमार साहू ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। बोकारो स्टील लिमिटेड कंपनी एडीएम मुख्य द्वार पर विस्थापित आपरेटिंस संघ के द्वारा नौकरी की मांग को लेकर आंदोलन के दौरान सरकारी लाठी से विस्थापित बेटा प्रेम कुमार महतो का आंदोलन स्थल से मौत का मामला संपूर्ण झारखंड में तूल पकड़ता जा रहा है। रांची में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में अल्बर्ट एक्का चौक पर कैंडल मार्च सह बीएसएल महाप्रबंधक का पुतला दहन किया गया।
मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने आक्रोशित मूड में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में माफिया, कंपनी और प्रशासन की गुंडागर्दी हावी है। बोकारो में विस्थापित बेटा प्रेम कुमार महतो की आंदोलन स्थल से मौत लोकतंत्र मूल्य की हत्या है। बोकारो, मांडू, सिंदरी, बड़कागांव, मुरी, जमशेदपुर, रांची में भी कंपनी का गुंडागर्दी चरम पर है। यहां के सभी सफेदपोश कंपनी के साथ व्यवसायी बन गए।
कैंडल मार्च के माध्यम से मांग करते हैं कि मृत परिवार को एक करोड़ मुआवजा और परिवार के पांच सदस्य को नौकरी तथा कंपनी और विस्थापितों के बीच प्रत्येक महीना बैठक की तिथि सुनिश्चित की जाये।
साथ ही कहा कि बोकारो जैसी ही स्थिति संपूर्ण झारखंड में है।
जो विस्थापित अपना हक अधिकार मांगने जाते हैं, उसको हक अधिकार देने के बजाय पुलिसिया लाठी से मौत मिलती है। कंपनी की इसी कुव्यवस्था के खिलाफ संपूर्ण झारखंड के लोगों को एकजुट होने की आवश्यकता है। कैंडल मार्च के मौके पर भारी संख्या में छात्र मौजूद थे कंपनी और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।
टीम एबीएन, कर्रा, लोधमा। तिग्गा गांव के रहने वाली 50 वर्षीय महिला लिवनी मुंडाईन पति गोमा बालमुचू सुबह अपने खेत में किसी काम से जा रही थी।
तभी रास्ते में 11000 तार टूट कर जमीन पर गिर गया था और महिला का पैर तार पर पड़ गयी, जिससे घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गयी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में रामनवमी और मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किये गए हैं। 05 अप्रैल को रामनवमी की झांकी और 06 अप्रैल को शोभायात्रा निकलेगी। इसके अगले दिन 07 अप्रैल को मां दुर्गा का प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकलेगा। तीनों कार्यक्रम के दौरान शहर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ेगी।
इसके मद्देनजर रांची में कल (05 अप्रैल 2025) शाम से बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा शहर के विभिन्न रूटों पर निजी वाहनों के लिए नो एंट्री रहेगी। कल 5 अप्रैल की शाम रामनवमी की झांकियां निकलेगी। इसी कारण शाम 5 बजे से अगली सुबह 6 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश शहर में पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
6 अप्रैल को सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। 7 अप्रैल को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इन वाहनों को रिंग रोड के जरिये डायवर्ट किया जायेगा। इसके अलावा शहर में छोटे मालवाहक वाहनों का भी प्रवेश बंद रहेगा। रामनवमी के दिन 6 अप्रैल को दोपहर 1 बजे से जुलूस की समाप्ति तक निजी और यात्री वाहनों के लिए विभिन्न मार्गों पर नो एंट्री रहेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse