टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक चंपाई सोरेन ने बांग्लादेशी घुसपैठ और धर्मांतरण को लेकर चिंता जतायी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने इन समस्याओं को बढ़ावा दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो झारखंड और देश को इन चुनौतियों से मुक्त कर सकती है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को संविधान यात्रा निकालने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि वह खुद संविधान निर्माता के साथ न्याय नहीं कर पाई। बंगाल और झारखंड में हो रहे तीव्र धर्मांतरण और घुसपैठ को लेकर उन्होंने कहा, यह स्थिति बेहद गंभीर है लेकिन सरकारें आंखें मूंदे बैठी हैं।
अपने घर वापसी अभियान की सफलता को साझा करते हुए चंपाई सोरेन ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में दर्जनों आदिवासियों ने अपने मूल धर्म में वापसी की है। उन्होंने इसे अपने अभियान की जीत बताया और कहा कि मिशनरियों द्वारा फैलाये जा रहे भ्रमजाल को तोड़ने में वह सफल हो रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने यह भी दोहराया कि बीजेपी का उद्देश्य सिर्फ राजनीतिक नहीं, सांस्कृतिक और सामाजिक जागरूकता फैलाना भी है, ताकि आदिवासी समाज को अपनी जड़ों से जोड़ा जा सके।
सोरेन सरायकेला जिले के आदित्यपुर में आयोजित भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से अंबेडकर जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के पश्चात उन्होंने मंच से कांग्रेस, इंडिया गठबंधन और राज्य सरकारों पर गंभीर आरोप लगाये।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ। भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस ने धोखा दिया था। पार्टी की मूल प्रवृत्ति ही धोखा देने की रही है, चाहे वह अंबेडकर को चुनाव में हराना हो या अलग झारखंड राज्य के गठन का विरोध करना।
टीम एबीएन, रांची। लंबे समय से पार्टी की कमान संभाल रहे गुरुजी (शिबू सोरेन) के बाद हेमंत सोरेन के हाथ में झारखंड मुक्ति मोर्चा का कमान दिया गया है। हेमंत सोरेन वर्तमान में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष थे। गुरुजी शिबू सोरेन की खराब स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र को देखते हुए हेमंत सोरेन को इससे पहले कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी।
कुशल नेतृत्व के साथ पार्टी को पिछले लोकसभा-विधानसभा चुनाव में भारी सफलता दिलाकर हेमंत सोरेन ने अपनी पहचान बनाने में सफल रहे। हालांकि इस दौरान कई बाधाएं भी आई, मगर इसके बाबजूद वे इससे उबरने में सफल हुए। सरकार के साथ संगठन की बागडोर संभाले हेमंत सोरेन को कठिन दौर में अपनी पत्नी कल्पना सोरेन का साथ मिला और वो बाधाओं को दूर कर पार्टी को मजबूती प्रदान की।
इधर हेमंत सोरेन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर महाधिवेशन में उपस्थित नेताओं ने अपने नए अध्यक्ष का स्वागत फूलों के माला से की। मंच पर उपस्थित नेताओं में बधाई देने वालों में सबसे आगे बसंत सोरेन थे। इसके बाद कल्पना सोरेन, नलिन सोरेन, मथुरा महतो, मंत्री हफिजुल हसन, सुप्रीयो भट्टाचार्य, विनोद पांडे आदि नेता शामिल थे।
इन सबके बीच महाधिवेशन में जेएमएम के द्वारा केंद्रीय समिति सदस्य की घोषणा विनोद पांडे ने की। जिसमें कुल 284 सदस्य होंगे। केन्द्रीय समिति में साहिबगंज जिला से हेमंत सोरेन, पंकज मिश्रा सहित 13 सदस्यों को केंद्रीय समिति का सदस्य बनाया गया है।
इसी तरह दुमका में शिबू सोरेन, नलिन सोरेन, बसंत सोरेन, आलोक कुमार सोरेन, अब्दुल सलाम अंसारी, लुईस मरांडी सहित 13 सदस्य केंद्रीय समिति के सदस्य होंगे। रांची में सुनील श्रीवास्तव, मधु मंसूरी, मनोज पांडे, अभिषेक कुमार पिंटू, महुआ माजी सहित 14 लोगों को केंद्रीय समिति का सदस्य बनाया गया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक फ्लावर डेकोरेशन दुकान में दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया गया। गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड स्थित फ्रेश पेटल नाम की दुकान में एक लाख 67 हजार रुपये लूट लिये गये।
बताया जाता है कि फ्लावर डेकोरेशन की दुकान में दो अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। दुकान के स्टाफ राकेश ने बताया कि अचानक दो अपराधी हथियार लेकर दुकान में घुस आये और उनके साथ मारपीट करते हुए 1.67 लाख रुपये लूट लिये।
दुकान के 300 मीटर की दूरी में गोंदा थाना, चीफ जस्टिस आवास, मुख्यमंत्री आवास, विधानसभा अध्यक्ष साहित कई एवं कई उच्च स्तरीय प्रशासनिक का आवास है। भीड़भाड़ के इलाके में इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस भी 45 मिनट बाद पहुंची। इस तरह की घटना से व्यापारियों दुकानदारों में खौफ का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस तंत्र दुरुस्त नहीं होने के कारण अपराधी बेखौफ ऐसी घटना का अंजाम दे रहे हैं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में शराब के दामों में कमी की जा सकती है। एक्साइज विभाग ने फैसला लिया है कि शराब के ऊपर वैट घटाकर 5 फीसदी कर दिया जाये।
मौजूदा समय में शराब के ऊपर 75 फीसदी वैट लागू है। वित्त विभाग ने भी एक्साइज को अनुमति प्रदान कर दी है। वैट कम होने के बाद शराब के दामों में काफी कमी आ जायेगी। उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शराब के दाम कम किए जाने को लेकर पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्यों में वैट काफी कम है, जिसकी वजह से झारखंड को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शराब के दाम कम किए जाने का प्रस्ताव जल्द कैबिनेट में लाया जायेगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही शराब के दाम कम हो जाएंगे, सरकार मानकर चल रही है कि वैट घटने से राजस्व में अच्छी खासी बढ़ोतरी होगी।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में शराब पर कम वैट लागू है। ऐसे में झारखंड में शराब महंगी होने के कारण लोग बाहरी राज्यों से खरीदारी करते हैं। इससे झारखंड को नुकसान उठाना पड़ता है।
ऐसे में सरकार नया प्रस्ताव ला रही है। सरकार को उम्मीद है कि दाम कम करने से शराब की बिक्री में इजाफा होगा। सरकार को 4500 करोड़ रुपये सालाना राजस्व इकट्ठा होने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो सरकार ने 2700 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया था।
4 महीनों में जुटाया 1400 करोड़ का राजस्व
पिछले 4 महीनों की ही बात करें तो झारखंड सरकार 1400 करोड़ का राजस्व जुटा चुकी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद शराब के दाम काफी कम हो जायेंगे। अनुमान के मुताबिक जो शराब की बोतल अब 5000 रुपये की है, वैट घटने के बाद उसके दाम 3200 रुपये रह जायेंगे। फिलहाल यह प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के प्रमुख राजनीतिक दल झामुमो का 13वां महाधिवेशन आज से प्रारंभ हुआ, जो कल तक चलेगा। इस महाधिवेशन में पूरे झारखंड से झामुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे हैं।
खास बात यह है कि झारखंड के साथ-साथ महाधिवेशन में 8 से अधिक राज्यों से, जहां पार्टी कार्य कर रही है, 3500 से अधिक प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। महाधिवेशन की शुरुआत पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन द्वारा की गई, जो झारखंड को अलग राज्य बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रसिद्ध हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी मां रूपी सोरेन और धर्मपत्नी कल्पना सोरेन भी उपस्थित थीं।
महाधिवेशन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन से उपजी हुई पार्टी है। झारखंड को बिहार से अलग करने के लिए झामुमो का गठन किया गया था। गुरुजी (शिबू सोरेन) के नेतृत्व में जब आंदोलन की रूपरेखा तैयार हो रही थी, तब झारखंड के विभिन्न इलाकों से लोग बड़ी संख्या में इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए आते थे।
गुरुजी के साथ कई लोगों ने अपना सब कुछ बलिदान किया। त्याग और समर्पण के माध्यम से झारखंड को एक अलग राज्य के रूप में पहचान मिली, लेकिन हमें यह स्वीकार करना दुखद है कि झारखंड कई वर्षों तक उन लोगों के हाथों में रहा जिनका आदिवासियों और मूलनिवासियों से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने सिर्फ झारखंड को लूटने का काम किया।
कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे, केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य, सांसद विजय हांसदा, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर और पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। गढ़वा जिले में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। तालाब में डूबने से एक साथ 4 बच्चों की मौत हो गयी।
इस घटना के बाद से गांव में कोहराम मच गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना गढ़वा थाना क्षेत्र के उड़सुगी गांव की है। विस्तृत समाचार की प्रतीक्षा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। देवघर में चोरों ने एक फ्लैट में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दरअसल यहां चोर एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर 50 लाख नकद और कीमती आभूषण चुराकर फरार हो गये। वहीं चोरी की इस बड़ी घटना ने पूरे इलाके के लोगों में दहशत का माहौल कायम कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिले के नगर थाना क्षेत्र पुराना तीन नंबर फांड़ी मुहल्ले स्थित साईं पंचानन एन्क्लेव की है।
चोरी की ये घटना उक्त स्थान पर रहने वाले व्यवसायी विमल अग्रवाल के घर पर हुई है। बताया जा रहा है कि जब चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया उस वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। फ्लैट मालिक विमल अग्रवाल अपने काम पर थे जबकि घर के अन्य सदस्य विवाह समारोह में शामिल होने के लिए शहर से बाहर गए हुए थे।
पीड़ित शख्स ने बताया कि चोर अलमारी से करीब 50 लाख रुपये नकद, हीरे और सोने के कीमती आभूषण लेकर रफू चक्कर हो गये। वहीं इस संबंधी पीड़ित ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल चोरों की पहचान की जा रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। हजारीबाग से एक सनसनीखेज वारदात की खबर निकलकर सामने आ रही है। दरअसल यहां बेखौफ बदमाशों ने आज यानी मंगलवार को दिनदिहाड़े एक पेट्रोल पंप के मैनेजर की हत्या कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना हजारीबाग जिले के इचाक सिझुआ गांव की है। मृतक शख्स की पहचान शंकर कुमार के रूप में हुई है जो कि सल्फरनी पेट्रोल पंप का मैनेजर था। मैनेजर बैंक में पैसा जमा करने जा रहा था। इसी दौरान अपराधी रास्ते में पहले से ही घात लगाए बैठे हुए थे।
अपराधियों ने मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। जिससे मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं खौफनाक वारदात को अंजाम दे अपराधी भाग गए। आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि वास्तविक सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आयेगी।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में भेजा। वहीं पुलिस हादसे की छानबीन में जुट गई और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया हैं। साथ ही पुलिस ने कहा इस घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse