झारखंड

View All
Published / 2025-05-03 21:30:02
एमजीएम अस्पताल का लावारिश वार्ड का बरामदा धारासाई, तीन मरीजों की मौत

लावारिश मरीज रखे जाते थे बी-ब्लॉक के प्रथम और द्वितीय तल पर 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। कोल्हान का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल के बी-ब्लॉक का एक हिस्सा गिरा गया। यह मेडिसीन विभाग का लावारिश वार्ड था जिसमें वैसे मरीज भर्ती थे जिनकी खोज-खबर लेने वाला कोई नहीं है। इस दुर्घटना में तीन मरीजों के जान गंवाने की आशंका है जिसमें से दो क्रमश: डेविड, लूटा का शव बचावकर्मियों ने निकाल लिया है जबकि चांद नामक मरीज का शव मलबे से निकालने की कोशिश बचावकर्मी कर रहे हैं। बता दें कि पहले ही दो मरीज घायल निकाले जा चुके हैं जो खतरे से बाहर हैं। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मेडिसीन वार्ड का बी-ब्लॉक के प्रथम और द्वितीय तल का बरामदा अपरान्ह पौने चार बजे अचानक आवाज के साथ धारासाई हो गया। इस बरामदे में करीब पांच मरीज भर्ती थे जिनमें से एक बुर्जुग महिला समेत दो को निकाल लिया गया जबकि तीन मरीज मलबे में दबे हुए थे। अस्पताल के उपाधीक्षक डा. नकुल चौधरी ने बताया कि यहां भर्ती तीन मरीज अभी तक खोजे नहीं जा सकें हैं। बचावकर्मी मलबे में उन्हें खोज रहे हैं। यद्यपि कुछ देर बाद दमकल विभाग, एनडीआरएफ की टीम ने मलबे से एक मरीज को बड़ी मुश्किल से निकाला।  

बचाव कार्य में जुटा है एनडीआरएफ और दमकल विभाग 

एमजीएम अस्पताल हादसे में मलबे में दबे मरीजों को निकालने के लिए दमकल विभाग, एनडीआरएफ और जिला पुलिस की टीम लगी हुई है। टाटा स्टील दमकल विभाग के बचावकर्मी मजहरुल बारी भी बचाव कार्य में योगदान दे रहे हैं। प्रशासन की ओर से सबसे पहले धालभूम की एसडीओ श्रीमती शताब्दी मजुमदार पहुंची और इसके बाद डीसी अनन्य मित्तल और एसएसपी किशोर कौशल भी पहुंचे। अधिकारी बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। 

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ नकुल चौधरी का बयान 

हादसे को लेकर एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक नकुल चौधरी ने कहा कि यह भवन 40 साल से भी ज्यादा पुराना है। इस घटना में जो भी मरीज दबे हैं, सभी लावारिस हैं। उनका कोई परिचय नहीं है। मलबे में दबे एक वृद्ध महिला समेत दो मरीजों को सुरक्षित बाहर निकल गया है जबकि अन्य की जानकारी अभी तक नहीं है। उन्होंने बताया कि दूसरी मंजिल का कोरिडोर का एक हिस्सा गिरा है।  

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे सरयू राय और पूर्णिमा साहू 

मामले की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू दास और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय घटनास्थल पर पहुंचे और इस हादसे के लिए सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। 

आपको बता दें कि राज्य सरकार के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने मनगो डिमना रोड स्थित एमजीएम मेडिकल कालेज के पास 500 बेड का नया अस्पताल बनवाया है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। इस अस्पताल में पुराने एमजीएम अस्पताल के मरीजों को शिफ्ट करना था, लेकिन पानी की कमी और अन्य तकनीकी कारणों से वह शिफ्टिंग नहीं हो पाई है। 

एमजीएम का बिल्डिंग नहीं, पूरा हेल्थ सिस्टम कोलेप्स हुआ है : चंपाई सोरेन 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने यहां बयान जारी कर कहा है कि  जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में बिल्डिंग का एक हिस्सा ढहने से दो मरीजों की मौत एवं कुछ लोगों के घायल होने की दुखद सूचना मिली है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। 

चंपाई सोरेन ने आगे कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अस्पताल में अपना इलाज करवाने गए मरीजों के साथ ऐसी घटना हो गई। यह सिर्फ एक बिल्डिंग नहीं, बल्कि पूरा सिस्टम ही कोलैप्स कर चुका है। यह सरकार पहले से ऐसे सरकारी भवनों का सर्वे नहीं करवाती, बल्कि ऐसी दुर्घटनाओं के बाद जांच के नाम पर खानापूर्ति कर के चुप बैठ जाती है, अगली दुर्घटना के इंतजार में। 

एमजीएम अस्पताल दुर्घटना पर विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य सरकार को ठहराया जिम्मेदार 

जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू ने कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को मेडिसिन वार्ड की दो मंजिलों की बालकनी गिरने की घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस गंभीर हादसे के लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जिम्मेदार ठहराया है।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक पूर्णिमा साहू ने अस्पताल का दौरा किया और हादसे में घायल हुए चार मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. नकुल चौधरी से सभी घायलों, विशेष रूप से गंभीर रूप से घायल महिला को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने स्त्री एवं प्रसूति वार्ड में भर्ती नवप्रसूता महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन से कहा जबकि हादसे के बाद अस्पताल में दहशत का माहौल बना हुआ था और मरीजों में भय व्याप्त था।  

विधायक ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार और विशेषकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री महोदय भाजपा नेताओं पर टिप्पणी करने और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने में व्यस्त रहते हैं, जबकि अस्पतालों की स्थिति सुधारने और मरीजों को सुरक्षित माहौल में इलाज देने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री ने एमजीएम अस्पताल का दौरा किया था, लेकिन जर्जर भवनों की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया।  यह उनकी जिम्मेदारी थी कि सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आए मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो, लेकिन यह घटना दर्शाती है कि झामुमो-कांग्रेस ने मरीजों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। 

अस्पताल के दौरे के दौरान विधायक ने भवनों की जर्जर स्थिति और गरीब मरीजों के इलाज को लेकर अस्पताल कर्मचारियों की उदासीनता पर गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने देखा कि नर्सें और अन्य कर्मचारी अपने काम में लापरवाह दिखे और मरीजों की देखभाल के लिए कोई सजग नहीं था।  
श्रीमती साहू ने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए और जिन अधिकारियों की लापरवाही से यह घटना हुई है उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाने की तत्काल आवश्यकता है। 

घटना स्वास्थ्य विभाग की पोल खोलने वाली: सरयू राय 

जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने एमजीएम अस्पताल के एक हिस्से का छज्जा गिर जाने और चार मरीजों के घायल होने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। यहां जारी एक बयान में सरयू राय ने कहा कि शनिवार की यह घटना स्वास्थ्य विभाग की उपेक्षा की पोल खोलने वाली है। यह अस्पताल पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के आवास के समीप है। उनका तो लगातार दौरा होता रहता था। बीच में यहां के उपायुक्त ने एक एडीएम को अस्पताल में सुधार का जिम्मा दिया था।  

श्री राय ने कहा कि प्रशासन एमजीएम की व्यवस्था को सुधार नहीं पा रहा है। भवन निर्माण जर्जर है। वह 8-9 साल से जर्जर भवन निर्माण के बारे में कहते आ रहा हैं। कई बार भवन निर्माण विभाग को भी तलब किया गया। सरयू राय ने कहा कि भवन के रख-रखाव की जिम्मेदारी तो भवन निर्माण विभाग की ही है। भवन निर्माण विभाग भवन की स्थिति की कैसे समीक्षा करता है और अस्पताल प्रबंधन को बताता है कि नहीं बताता है, इसकी जांच होनी चाहिए।  

श्री राय ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह आरोप-प्रत्यारोप का वक्त नहीं है लेकिन एमजीएम का जो नया भवन बन रहा है, वह नया भवन भी इस तरीके से बन रहा है कि अस्पताल भवन तैयार हो गया और पानी की व्यवस्था ही नहीं है। अस्पताल वहां शिफ्ट नहीं हो सकता। यह बदइंतजामी का शिकार होकर रह गया है। इसके लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन दोषी है।

Published / 2025-05-03 19:50:29
विश्व पत्रकारिता दिवस हर उस व्यक्ति का दिन जो स्वतंत्र विचार, लोकतंत्र और मानवाधिकारों में रखता है विश्वास : संजय सर्राफ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा है कि हर वर्ष 3 मई को विश्व पत्रकारिता स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। यह दिवस पत्रकारों की स्वतंत्रता, उनके अधिकारों की रक्षा, और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करता है। यह दिन हमें स्मरण कराता है कि पत्रकारों को बिना डर या पक्षपात के सत्य को सामने लाने की आजादी होनी चाहिए। 

संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 1993 में इस दिवस की आधिकारिक घोषणा की गई थी, जबकि इसकी प्रेरणा 1991 में विंडहोक (नामीबिया) में अफ्रीकी पत्रकारों द्वारा पारित विंडहोक घोषणा से मिली। इस घोषणा में स्वतंत्र, विविधतापूर्ण और स्वतंत्र प्रेस की मांग की गई थी। तब से लेकर आज तक, यह दिवस वैश्विक स्तर पर प्रेस की स्वतंत्रता और मीडिया कर्मियों की सुरक्षा के मुद्दे को उजागर करता है।

पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ मानी जाती है। इसका कार्य है सत्ता की जवाबदेही तय करना, समाज में जागरूकता फैलाना और जनता की आवाज बनना। लेकिन आज के दौर में यह स्तंभ कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। कई देशों में पत्रकारों को सेंसरशिप, धमकियों, हिंसा और यहां तक कि जान से मारने जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है। 

रिपोर्टर्स विद आउट बॉर्डर्स द्वारा जारी प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भी कई देशों की स्थिति चिंताजनक है। भारत में भी पत्रकारिता की स्वतंत्रता को लेकर चिंता के स्वर उभरते रहे हैं। डिजिटल युग में जहां एक ओर सूचनाओं का विस्तार हुआ है। वहीं फेक न्यूज, ट्रोलिंग और दबाव की राजनीति ने पत्रकारों के कार्य को और जटिल बना दिया है। ऐसे में प्रेस की नैतिकता, निष्पक्षता और निडरता को बनाये रखना बेहद आवश्यक हो गया है। 

इस दिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम पत्रकारों की स्वतंत्रता का सम्मान करेंगे, उनके अधिकारों की रक्षा करेंगे और एक ऐसी मीडिया संस्कृति को प्रोत्साहित करेंगे जो सत्य, न्याय और पारदर्शिता को बढ़ावा दे। विश्व पत्रकारिता स्वतंत्रता दिवस केवल पत्रकारों का दिन नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति का दिन है जो स्वतंत्र विचार, लोकतंत्र और मानवाधिकारों में विश्वास रखता है।

Published / 2025-05-02 22:58:16
7 मई को झारखंड कैबिनेट की बैठक

कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 7 मई 2025 को झारखंड कैबिनेट की बैठक बुलायी गयी है। सीएम की अध्यक्षता में बुधवार को प्रोजेक्ट भवन के मंत्रिपरिषद कक्ष में शाम 4 बजे से कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। 

सीएम के विदेश यात्रा से लौटने के बाद यह पहली कैबिनेट की बैठक होगी। ऐसे में यह बैठक काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इधर राज्य सरकार की महत्वकांक्षी मंईयां सम्मान योजना की अप्रैल माह की राशि भी अब तक लाभुकों को नहीं मिली है। इस पर भी कोई बड़ा अपडेट आ सकता है।

Published / 2025-05-02 22:56:58
जल्द खाते में आयेगी मइयां सम्मान की राशि 5000 रुपये

मंईयां सम्मान योजना पर आया बड़ा अपडेट

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को अब भी अप्रैल माह की राशि का इंतजार है। अगर आप भी उनमें से एक है तो आपके लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार जल्द ही एक साथ दो माह की राशि (5 हजार रुपये) लोगों के खाते में भेज देगी। अभी फिलहाल आवेदनों का सत्यापन चल रहा है। 

जगह जगह पर शिविर लगाकर आधार सीडिंग, सत्यापन और ई‐केवाइसी की प्रक्रिया जारी है। उम्मीद की जा रही है कि यह काम अगले हफ्ते तक पूरा कर लिया जाएगा। सत्यापन और आधार सीडिंग का कार्य पूरा होने के बाद महिला, सुरक्षा और बाल विकास विभाग सभी जिलों को राशि भेज देगा।

 इसके बाद लाभुकों के खाते में पैसा आना शुरू हो जाएगा। संभावना है कि इस माह के तीसरे या चौथे हफ्ते से मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने वालों को पैसा मिलना शुरू हो जाएगा। इस बार केवल उन्हें लोगों को यह राशि दी जाएगी क्योंकि जिन्होंने अपना खाता आधार कार्ड से लिंक कराया हो।

Published / 2025-05-02 21:07:37
समूह बनाकर पढ़ाई करने व रूचि के अनुसार करियर का चुनाव करने से सफलता कदम चूमेगी : नगर आयुक्त

  • विद्यार्थियों के प्रश्नों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को किया शांत
  • फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर के लिए किया गया मार्गदर्शन
  • जिला प्रशासन की ओर से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग-सह-सिनेमा स्क्रीनिंग कार्यशाला का आयोजन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। 10 वीं 12 वीं के बाद उच्च शिक्षा ग्रहण करें। वर्तमान दौर में सूचना तंत्र मजबूत है। इसका सदुपयोग कर आगे बढ़ें। मन में कुछ खास व अलग करने की शौक पालें। समूह बनाकर पढ़ाई करें और अपनी रूचि के अनुसार करियर का चुनाव करने से सफलता कदम चूमेगी। यह बातें नगर आयुक्त जावेद हुसैन ने कही। वे आज मेदिनीनगर के टाउन हॉल में आयोजित करियर काउंसलिंग-सह-सिनेमा स्क्रीनिंग कार्यशाला में बोल रहे थे। 

कार्यशाला में जिले के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11 वीं एवं 12 वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अलावा अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया। अतिथियों ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा एवं सफलता के लिए प्रेरित किया। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर के लिए मार्गदर्शन किया गया। नगर आयुक्त ने सभी को जीवन/भविष्य में अच्छा करने की शुभकामनाएं दी।

सफलता के लिए समय प्रबंधन, समर्पण व कठिन परिश्रम आवश्यक: एसडीओ

सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा ने कहा कि ओवर आल डेवलपमेंट सभी के लिए आवश्यक है। पढ़ाई के लिए अपनी रूचि को प्राथमिकता दें। लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करें। स्कूल से ही मन लगाकर पढ़ें और अच्छे अंक लायें। परीक्षा में सफल होने के लिए समय प्रबंधन, डेडिकेशन/समर्पण, कठिन परिश्रम आवश्यक है।

आई.आई.टी. गुवहाटी से एमटेक किये शुभम कुमार ने जेईई, नीट आदि विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी संबंधी जानकारी दी। आई.आई.टी. धनबाद से बीटेक किये सुमित कुमार ने जेईई/इंजीनियरिंग परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। बीटेक, एमटेक सहित वैज्ञानिक बनने की दिशा में तैयारी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रयास जारी रखेंगे, तो सफलता मिलेगी।

मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की पेडियाट्रिक विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. विनिता ने चिकित्सा/मेडिकल क्षेत्र में करियर का चुनाव कर बेहतर करते हुए सफलता अर्जित करने के लिए मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल क्षेत्र में कई विभाग हैं, जिसका चयन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सक बनने के लिए कठिन परिश्रम आवश्यक है। मेडिकल क्षेत्र में रिसर्च भी बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि अनुशासन व पैशन होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को क्लास से ही कठिन परिश्रम शुरू करने की सलाह दी। 

एमबीबीएस के छात्र श्रेष्ठ शर्मा* ने कम सुविधाओं में सफलता अर्जित करने के गुर बताएं। उन्होंने अपनी रूचि के अनुसार करियर का चुनाव करने का सुझाव दिया। कार्यशाला में जिले के वरीय पदाधिकारियों, विषय विशेषज्ञों एवं विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी मार्गदर्शकों ने विद्यार्थियों को उनके बेहतर भविष्य के लिए मार्गदर्शन किया।

विद्यार्थियों ने मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, एलएलबी, कंप्यूटर साइंस, व्यवसायिक, सेना आदि विभिन्न क्षेत्रों में अपने करियर बनाने हेतु प्रश्नों को पूछा। अधिकारी एवं विषय विशेषज्ञों ने प्रश्नों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासा शांत किया। कार्यशाला में जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश, जिला शिक्षा अधीक्षक संदीप कुमार, विभिन्न विषयों एवं क्षेत्र के विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Published / 2025-05-02 21:04:04
कदाचारमुक्त करायें NEET (UG) की परीक्षा : उपायुक्त

*सूचना भवन, पलामू*

*जिला जनसंपर्क कार्यालय, पलामू।*

*प्रेस विज्ञप्ति संख्या 01/05-2025*

*02 मई 2025*

*मेदिनीनगर (पलामू)*
*---------*
*कदाचारमुक्त कराएं NEET (UG) की परीक्षा: उपायुक्त*

*NEET (UG) की परीक्षा 4 मई को, पलामू में बनाए गये 4 केन्द्र*

*गिरोह व अवांक्षित व्यक्तियों पर प्रशासन की कड़ी नजर*

*सीसीटीवी, जैमर तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति यंत्र का हो रहा अधिष्ठापन*

*परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल एवं दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था*

*एम्बुलेंस के साथ तैनात रहेंगे मेडिकल टीम*

*परीक्षा को लेकर विशेष बस सेवा का होगा परिचालन*

  • *उपायुक्त की अध्यक्षता में परीक्षा के सफल संचालन को लेकर हुई बैठक*
    *-------
    एबीएन  नेटवर्क, पलामू। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG) 2025 परीक्षा 4 मई 2025 को होगी। इसके लिए पलामू जिले में 4 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केन्द्र प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में हैं, जहां अपराह्न 2 से 5 बजे तक परीक्षा संचालित होगी। पलामू में 1623 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा आयोजन को लेकर पलामू जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से व्यापक तैयारी की गई है। कदाचार मुक्त, सुगमतापूर्वक एवं सफलतापूर्वक परीक्षा संचालन को लेकर पलामू उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में पदाधिकारियों की बैठक हुई।

उपायुक्त शशि रंजन ने जिले में कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन का सख्त निदेश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर केन्द्राधीक्षक/पर्यवेक्षक, दंडाधिकारी के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। वहीं सभी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षक कक्ष एवं सभी कमरों में सीसीटीवी, जैमर तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति यंत्र का अधिष्ठापन कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजन को लेकर गिरोह एवं अवांक्षित व्यक्तियों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। इसमें संलिप्त लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभ्यर्थियों की जांच के बाद प्रवेश

उपायुक्त ने स्टैटिक दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारियों को जांच टीम द्वारा अभ्यर्थियों की जांच कराकर ही प्रवेश दिलाने का निदेश दिया है। उन्होंने कहा कि महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला टीम एवं पुरूष अभ्यर्थियों की जांच पुरूष टीम द्वारा कराएं, ताकि अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र में किसी प्रकार की कोई अवांछित वस्तु, चिट-पुर्जा आदि परीक्षा केन्द्र के अंदर नहीं ले जा सकें।

गैर व्यक्तियों की प्रवेश नहीं

उन्होंने परीक्षा केन्द्र के अन्दर केवल परीक्षा संचालन से संबंधित पदाधिकारी एवं वीक्षक तथा कर्मी ही प्रवेश करें। उन्होंने कोई भी गैर व्यक्तियों को परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश नहीं करने देने का निदेश दिया है।

उपायुक्त ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को परीक्षा अवधि में भ्रमणशील रहकर परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण करते हुए कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

उपायुक्त ने आकस्मिकता के मद्देनजर सभी परीक्षा केन्द्रों पर एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति करने का निदेश सिविल सर्जन को दिया है। साथ ही परीक्षार्थियों के आवागमन के मद्देनजर परीक्षा तिथि के दिन पूर्वाह्न 9 बजे से अपराह्न 1 बजे तक तथा परीक्षा समाप्ति के पश्चात् संध्या 5 बजे से संध्या 7 बजे तक जिला अंतर्गत बस स्टैंड एवं स्टेशन से विशेष बस सेवा का परिचालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया। वहीं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को परीक्षा केन्द्रों पर आने वाले दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त संख्या में व्हील चेयर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने का निदेश सहायक नगर आयुक्त को दिया गया। इसके अलावा उपायुक्त ने अन्य संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा का सफल संचालन करने का निर्देश दिया है।

उपायुक्त शशि रंजन ने परीक्षार्थियों से अपील किया है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा निर्धारित वस्तु ही परीक्षा केन्द्र पर लाएं। किसी तरीके की चिट, पुर्जा आदि कोई अवांछित सामग्री लेकर नहीं लाएं। प्रवेश के दौरान जांच टीम द्वारा किए जा रहे जांच एवं परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करें। साथ ही परीक्षा के नियमों का सख्ती से पालन करें।

परीक्षा के सफल संचालन को लेकर सभी समन्वय के साथ कार्य करने का निदेश दिया गया। प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल संबंधित परीक्षा केन्द्र पर निर्धारित तिथि को समय से पहुंचकर केन्द्राधीक्षक/पर्यवेक्षक के निदेशानुसार आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, नगर आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, उड़नदस्ता-सह-गश्ती दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Published / 2025-05-02 20:58:42
सेक्रेड हार्ट स्कूल में मना मजदूर दिवस

  • डॉक्टर, नर्स, शिक्षक और मजदूर के वेश में सजे बच्चों ने मन मोहा
  • चतुर्थवर्गीय कर्मियों को किया गया सम्मानित

टीम एबीएन, झुमरी तिलैया। सेक्रेड हार्ट स्कूल में एक मई को मजदूर दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय में कार्यरत चतुर्थ वर्ग के कर्मियों को तिलक लगाकर उनका सम्मान किया गया। 

दूसरी ओर बच्चों के बीच कई कार्यक्रम हुए। डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर, शिक्षक और मजदूर के वेशभूषा में सजे बच्चों ने लोगों का मन मोह लिया। अलग-अलग वेशभूषा में सजे बच्चों में निशांत, सुप्रिया, आरव, मनीष, आंचल, सौम्या, वीरू, नित्या, निशु, प्रवीण और दैविक सहित अन्य बच्चों के नाम शामिल हैं। 

यहां आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका कामिनी सहाय, सीमा जैन, प्रियंका कुमारी गुप्ता, सरोज पांडेय, स्वीटी सिन्हा, रूबी कुमारी वर्मा, कुंतल जेठवा, अनुष्का शर्मा, दीक्षा सिंह का विशेष योगदान रहा। इसके पहले शिक्षिका सीमा जैन ने चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इनमें राजू सिंह, विपिन कुमार यादव,  रंजीत कुमार, रिंकी कुमारी, संगीता देवी, मुनवा देवी, मिन्ता देवी सहित अन्य के नाम शामिल हैं। 

इस मौके पर प्राचार्य प्रमोद कुमार शर्मा ने समाज के विकास में मजदूरों के योगदान को सराहा और कहा कि मजदूरों ने अपने अथक परिश्रम से देश को सजाने और संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज के विकास में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस मौके पर उप प्राचार्य प्रवीण कुमार, कोऑर्डिनेटर शगुफ्ता परवीन, रूटिंग इंचार्ज दीपक सर्राफ, पीटीआई राकेश पांडेय के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।

Published / 2025-05-02 20:56:42
श्रम शक्ति राष्ट्र की उन्नति का आधार है : सारिका

  • प्रेरणा शाखा ने मजदूरों के बीच गमछा, टोपी, सत्तू व अन्य सामग्रियों का किया वितरण

टीम एबीएन, कोडरमा। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की पूर्व संध्या पर झुमरी तिलैया के श्याम बाबा पथ में कार्यरत मजदूरों के बीच गमछा, सत्तू और मिठाई का वितरण मारवाड़ी युवा मंच की इकाई प्रेरणा शाखा के द्वारा अपने सामाजिक दायित्व के तहत किया गया। इस अवसर पर मजदूरों के चेहरे पर खुशी देखी गई। प्रेरणा शाखा की अध्यक्ष सारिका लड्ढा ने कहा की श्रम शक्ति राष्ट्र की उन्नति का आधार है।

जीवन में श्रम से ही आगे बढ़ा जा सकता है। इसलिए हमें मेहनत कर जीवन का लक्ष्य पाने की कोशिश करनी चाहिए। मजदूरों के परिश्रम और मेहनत से ही क्षेत्र, राज्य और राष्ट्र का विकास संभव है। उन्होंने आगे कहा की मजदूर के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। श्रमिक दिवस को लेकर प्रेरणा शाखा भी इनके संघर्षों के साथ है।

उन्होंने कहा कि कोई आलीशान भवन बनाना हो या फिर किसी भी कंपनी या उद्योग को संचालित करना हो इसके उत्पादन में इसमें मजदूरों की अहम भूमिका होती है। इस अवसर पर लगभग दो दर्जन मजदूरों को आनंद सबके लिए कार्यक्रम के तहत  शरबत भी पिलाया गया। मौके पर  नेहा हिसारिया, गुंजन अग्रवाल, नेहा जैन, रश्मि गुटगुटिया, प्रीति गुटगुटिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Page 361 of 1693

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse