*अग्रवाल सभा एवं मारवाड़ी सहायक समिति ने सिमडेगा में आशा गोयल की निर्मम हत्या की घोर निन्दा की*
*मुख्यमंत्री से त्वरित न्याय एवं कठोर कार्रवाई की मांग*
रांची अग्रवाल सभा एवं मारवाड़ी सहायक समिति ने सिमडेगा जिले में 14 मई को स्व० शेडू अग्रवाल की पुत्री सुश्री आशा गोयल की अत्यंत निर्मम हत्या की घोर निंदा की है। अग्रवाल सभा रांची के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल एवं सचिव अनिल अग्रवाल मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने संयुक्त रूप से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र प्रेषित कर कहा है कि अग्रवाल सभा एवं मारवाड़ी समाज इस दुखद एवं अमानवीय घटना की घोर निंदा करता है तथा यह न केवल एक जघन्य अपराध है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सामाजिक न्याय व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले की शीघ्र उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराई जाए। सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। मृतका के परिवार को उचित आर्थिक एवं कानूनी सहायता दी जाए। परिवार की सुरक्षा का समुचित प्रबंध किया जाए। झारखंड राज्य में महिला सुरक्षा को लेकर कड़े दिशा- निर्देश एवं अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा है कि इस घटना से न केवल सिमडेगा अपितु समस्त झारखंड के अग्रवाल समाज में भारी गहरा रोष है। यदि इस घटना पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास कमजोर होगा। आपसे आग्रह है कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस पत्र की प्रतिलिपि-पुलिस महानिदेशक झारखंड, अध्यक्ष राष्ट्रीय महिला आयोग नई दिल्ली, अध्यक्ष राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग नई दिल्ली, एवं उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक सिमडेगा जिला को भी प्रेषित किया गया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। पलामू से एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आ रही है। दरअसल यहां शुक्रवार देर रात घर के बाहर सो रही महिला को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया। वहीं इस घटना से पूरे इलाके में तनाव तथा दहशत का माहौल कायम हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के बाघामार गांव के बोहला टोली की है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय विमला देवी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतका के पति हरि भुइयां ने बताया कि वे दोनों पति-पत्नी घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान उसको गोली की आवाज सुनाई दी तो देखा विमला देवी के सिर पर गोली मार कर 3 बदमाश फरार हो गए।
वहीं उनकी पत्नी ने सिर पर गोली लगने की वजह से मौके पर ही दम तोड़ दिया। आशंका जताई जा रही है कि पूर्व के किसी विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है। इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
टीम एबीएन, रांची। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकी एवं उसके आकाओं पर प्रहार कर जैसे पराक्रम का प्रदर्शन किया है उससे पूरा भारत गौरवान्वित है।
झारखण्ड मैथिली मंच भी सेना के शौर्य को सलाम करता है। उनके हौसला अफजाई के लिए आज झारखण्ड मैथिली मंच के तत्वावधान में विद्यापति दलान हरमू से विद्यापति चौक मेन रोड तक दुपहिया वाहन के माध्यम से तिरंगा यात्रा निकाली गई। मेन रोड पर स्थित बाबा विद्यापति के मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित कर सेना के शौर्य को सलाम करते हुए नारेबाजी की गई ।
कार्यक्रम में मैथिली मंच के संरक्षक अरूण कुमार झा, अध्यक्ष विनय कुमार झा, महासचिव जयन्त कुमार झा, बाबू लाल झा, किशोर झा, ब्रज कुमार झा, संतोष कुमार झा, नरेश झा, नर्मदेश्वर झा, रंधीर झा, आशुतोष मिश्र, मुकेश कुमार झा, नारायण तिवारी, इन्द्र जीत यादव, लक्ष्मी नारायण दीक्षित, दया शंकर चौधरी, मिहिर झा सहित काफी संख्या में सदस्य सम्मिलित हुए। आयोजन को सफल बनाने में श्री अरूण कुमार झा का योगदान सराहनीय रहा है।
टीम एबीएन, रांची। डी ए वी गांधीनगर में दस दिवसीय निशुल्क ग्रीष्म कालीन प्रशिक्षण शिविर विभिन्न खेलों का आयोजन हो रहा है, इसमें आज सभी प्रशिक्षणार्थियों को योग का अभ्यास कराया गया।
साथ ही म्यूजिक, तबला डांस गिटार, हरमोनियम, ढोलक, के साथ बास्केटबॉल, नेटबॉल , कराटे, तथा बैडमिंटन के साथ और भी खेलों प्रशिक्षण लक्ष्मी कुमारी , श्रुति कुमारी, गोविंद झा, कौशल कुमार, स्वाति शिप्रा, नमिता के द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है।
योग का अभ्यास स्वामी मुक्तिरथ जी के द्वारा दिया गया। इस अवसर पर विधालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने स्वामी मुक्तिरथ जी को बुकें और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)।पोलिटेकनिक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2025 का आयोजन 18 मई 2025 (रविवार) को होगा। पलामू जिले में 9 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केन्द्रों पर 4,546 परीक्षार्थी भाग लेंगे। 10ः30 बजे पूर्वाह्न से एक बजे अपराह्न तक परीक्षा संचालित होगी। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी। वहीं परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थित दर्ज की जाएगी।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों या गजेट्स यथा मोबाईल, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पेजर, लॉग टेबल, स्मार्ट वॉच इत्यादि का प्रयोग वर्जित रहेंगे। कोई परीक्षार्थी इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों या गजेट्स का प्रयोग नहीं करेंगे। परीक्षा केन्द्रों पर इसे ले जाने की मनाही है। परीक्षा को लेकर पलामू जिला प्रशासन सजग है। प्रशासनिक तैयारी पूर्ण की कर ली गई है।
परीक्षा केन्द्रों पर शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखने तथा कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों के लिए स्ट्रैटिक दंडाधिकारी एवं उड़नदस्ता-सह-गश्ती दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। उपायुक्त शशि रंजन एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने परीक्षा को लेकर संयुक्त आदेश जारी कर कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने का निदेश दिया है।
उपायुक्त शशि रंजन के निदेश पर नोडल पदाधिकारी-सह-डी.आर.डी.ए. निदेशक रतन कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में सभी केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता-सह- गश्ती दण्डाधिकारी के साथ बैठक हुई।
बैठक में परीक्षा को कदाचाररहित, कदाचारमुक्त, सफलता एवं सुगमतापूर्वक संचालन कराने का निदेश दिया गया। नोडल पदाधिकारी ने परीक्षा केन्द्र पर नियुक्त कर्मियों को निषक्षता एवं नियमबद्धता के साथ कार्य करने तथा परीक्षा संचालन संबंधी विभिन्न निदेशों एवं नियमों का समुचित पालन करने का निर्देश दिया।
पोलिटेकनिक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के लिए पलामू में 9 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केन्द्र मेदिनीनगर के शहरी क्षेत्रों में अवस्थित हैं। इन परीक्षा केन्द्रों में राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय (जिला स्कूल), विमला पाण्डेय मेमोरियल ज्ञान निकेतन स्कूल, बैरिया, एम.के.डी.ए.भी. पब्लिक स्कूल, चियांकी, आर.के. गिरिवर प्लस टू उच्च विद्यालय, ब्राइट लैण्ड स्कूल, बाईपास रोड, एलिट पब्लिक बी.एड. कॉलेज, चियांकी, बी.सी.सी. मिशन बालिका उच्च विद्यालय, आबादगंज वाई.एस.एन.एम. कॉलेज एवं आर.के. ब्राह्मण प्लस टू उच्च विद्यालय शामिल हैं।
पोलिटेकनिक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के आयोजन को लेकर परीक्षा केन्द्रों पर निषेधाज्ञा घोषित किया गया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रदत शक्तियों का उपयोग करते हुए परीक्षा केन्द्रों के 100 मीटर की परिधि में परीक्षा की तिथि को परीक्षा के दौरान बी.एन.एस.एस. के अंतर्गत निषेधाज्ञा घोषित की है। यह निषेधाज्ञा परीक्षा केन्द्रों पर निर्धारित तिथि को ही लागू होगा।
निषेधाज्ञा घोषित होने से परीक्षा केन्द्रों के 100 मीटर की परिधि के अंदर कोई भी व्यक्ति घातक हथियार लाठी (बूढ़ा एवं अपंग) को छोड़कर भाला, गड़ासा, छूरा, अग्नेयास्त्र लेकर नहीं चलेगा। वहीं दाह-संस्कार, धार्मिक एवं शादी-विवाह के जुलूस को छोड़कर पांच अथवा पांच से अधिक व्यक्ति एक साथ मजमा बनाकर नहीं चलेगा। कोई भी संस्था/व्यक्ति द्वारा बिना अनुमति के लाउडस्पीकर का प्रयोग वर्जित होगा।
परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/वीक्षक/परीक्षार्थी/पुलिस बल को छोड़कर कोई भी व्यक्ति परीक्षा केन्द्रों के 100 मीटर की परिधि में नहीं जायेगा। कोई भी व्यक्ति का अनावश्यक प्रवेश वर्जित रहेगा या चिट-पुर्जा, प्रश्नपत्र वितरित नहीं करेगा। परीक्षा केन्द्र के 100 मीटर की परिधि के अंदर सभी फोटो स्टेट (फोटो कॉपी) के दुकान में परीक्षा संबंधी कोई भी अनुचित कार्य नहीं होंगे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग सिविल परीक्षाफल प्रकाशन मामला लगातार आज दूसरे दिन राजभवन तक पहुंचा। आज (शनिवार) को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्रनाथ महतो समेत पांच सदस्यीय शिष्ट मंडली महामहिम राज्यपाल महोदय संतोष गंगवार जी से मुलाकात किया। 11 वीं से 13 वीं सिविल सेवा, फॉरेस्ट रेंजर ऑफिसर, फूड सेफ्टी सिक्योरिटी ऑफिसर,असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति व अन्य मामले को लेकर विस्तृत जानकारी दी गयी।
राज्यपाल ने टेलिफोनिक वार्ता करते हुए आयोग से परीक्षाफल प्रकाशन में विलंब का कारण जवाब तलब और यथाशीघ्र रिजल्ट प्रकाशन का निर्देश दिया। आयोग ने रिजल्ट प्रकाशन पर सकारात्मक आश्वासन दिया। मौके पर प्रेस संबोधन करते हुए देवेन्द्र नाथ महतो ने रिजल्ट प्रशासन में हुए इस भारी विलंब का सरकार पर उदासीन रवैया का आरोप लगाया। रिजल्ट में विलंब होना सेटिंग-गेटिंग व धांधली का दुर्गंध है।
कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आयोग मई महीने के अंत सप्ताह तक परीक्षाफल जारी करे अन्यथा जून महीने में छात्र व अभिभावकों के सहयोग से हमारा संगठन बृहद आंदोलन करने को बाध्य होंगे। गवर्नर से मुलाकाती के छात्र शिष्टमंडली में देवेंद्र नाथ महतो, सत्यनारायण शुक्ला, हर्षित सिंह, श्याम तिवारी, चंदन कुमार रजक, अजित महतो मौजूद रहे।
बताते चलें कि सिविल सर्विसेज अभ्यर्थी पिछले 10 दिनों से अपने मांगों को लेकर अनशन आमरण पर बैठे हुए थे। कल शुक्रवार को डुमरी विधायक जयराम महतो ने गवर्नर महोदय से मुलाक़ात कर सकारात्मक आश्वासन के साथ आंदोलन को रोका। संपूर्ण सफल वार्ता हेतु पुनः आज राजभवन से बुलावा किया गया था जो सफल रहा।
टीम एबीएन, रांची। राज्यसभा सांसद डॉक्टर महुआ माजी के सांसद मद से दस मार्च 2024 में जमीयतुल कुरैश पंचायत द्वारा संचालित अल कुरेश तालीमी मिशन स्कूल की ऊपरी छत और छत की मजबूती के लिए पिलर सहित जीर्णोद्धार और रंग रोगन कराया गया, जिसका उद्घाटन राज्य सभा सांसद डॉक्टर महुआ माजी ने 17 मई 2025 को रांची विधानसभा क्षेत्र के कांटा टोली कुरैशी मोहल्ला स्थित तालीमी मिशन स्कूल का शिलापट्ट के समक्ष नारियल फोड़कर व फीता काटकर विधिवत उद्घाटन की।
मौके पर डॉक्टर महुआ माजी ने स्कूल के छात्रा छात्राओं, शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं मोहल्ले के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे ही मुझे स्कूल के बारे में जानकारी प्राप्त हुई जमीयतुल कुरेश पंचायत के महासचिव एवं पत्रकार परवेज कुरैशी द्वारा तो मैंने उनके आवेदन पर तुरंत निर्णय लिया क्योंकि शिक्षा और स्कूल की बात थी तो मैं इस पर पहल किया और जो भी हमसे हो सका मैंने उसे पूरा किया और भी जो ज़रूरतें होगी मुझे जैसा बताया गया है मैं आगे भी इस पर काम करूंगी। बशर्ते स्कूल में बच्चे पढ़े और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें।
मौके पर जमीयतुल कुरैश पंचायत के सदर गुलाम गौस कुरैशी पप्पू ने कहा कि हम लोगों से जो प्रयास हो रहा है, हम लोग कर रहे हैं, आपसे अनुरोध है, कि आप हमारा सहयोग करें। वही महासचिव परवेज कुरैशी ने कहा कि मेरे आवेदन पर तुरंत निर्णय लेकर काम कराने के लिए तहे दिल से मैं आभार व्यक्त करता हूं और स्कूल में डेस्क बेंच की आवश्यकता है बच्चे आ रहे हैं लेकिन बेंच की कमी होने के कारण दाखिला नहीं हो पा रहा है तो आपसे अनुरोध है कि डेस्क बेंच की व्यवस्था कराने में सहयोग करें।
वहीं झारखंड प्रदेश जमीयतुल कुरैश के प्रदेश अध्यक्ष सह झारखंड आंदोलन कारी मुजीब कुरैशी ने धन्यवाद ज्ञापन में कहा कि जमीयतुल कुरैश पंचायत द्वारा संचालित इस स्कूल में जो भी कमियां थी उसे पूरा कराने में राजसभा सांसद डॉक्टर महुआ माजी ने पूरी कोशिश की , उम्मीद करते हैं आगे भी मदद करेंगी। हम लोगों से जो हो सकेगा हम लोग भी हर स्तर से पूरा समाज आपके लिए कल भी खड़े थे आगे भी खड़े रहेंगे।
मौके पर स्कूल की शिक्षिका नगमा निगार, शाईदा परवीन ,मुस्कान ,तनु परवीन, अनम निशा एवं स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं मोहल्ले से हाजी अजीम कुरेशी, गुलाम जावेद, समाजसेवी इम्तियाज मुन्ना, आमीर कुरैशी,यासीन कुरैशी, फिरोज कुरैशी ,फरहाद कुरैशी, आशिक कुरैशी, इरफान कुरैशी ,फेकू कुरैशी, यूनुस कुरैशी , हुसैन कुरैशी, जाबीर कुरैशी, मोइनुद्दीन कुरेशी , तजमुल कुरैशी, कमरान कुरैशी, समाजसेवी सद्दाम कुरैशी, अफजल कुरैशी, राजा खान, आजाद कुरैशी, अरशद कुरैशी, बशीर कुरैशी सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।
टीम एबीएन, रांची। रांची के बाजारों में लीची की आवक शुरू हो गई है। अभी लीची मुख्य रूप से आसपास के क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल से आ रही है। हालांकि, फिलहाल लीची में न तो पूरी मिठास है और न ही पर्याप्त गूदा, जिस कारण यह ग्राहकों को ज्यादा आकर्षित नहीं कर रही।
अभी खुदरा बाजारों में लीची 80 से 100 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है, जबकि थोक बाजार में बंगाल से आने वाली लीची 800 से 1200 रुपये प्रति कार्टन में मिल रही है। व्यापारियों का मानना है कि अगले 5-6 दिनों में आवक बढ़ने से कीमतों में गिरावट आ सकती है। बिहार की प्रसिद्ध शाही लीची ने भी रांची के बाजारों में दस्तक दे दी है।
हालांकि इसमें भी फिलहाल मिठास कम है, जिस वजह से इसकी आपूर्ति सीमित है। शाही लीची अभी 150 से 200 रुपये प्रति सैकड़ा की दर से बिक रही है। इस बार बिहार में शाही लीची की अच्छी पैदावार हुई है, इसलिए आने वाले दिनों में बाजार में इसकी भरपूर उपलब्धता और कीमतों में गिरावट की उम्मीद है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse