टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार राज्य में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह प्रशिक्षण डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में 20 से 23 मई 2025 तक आयोजित किया जा रहा है।
इस चार दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रमंडलवार विभाजित किया गया है, जिसमें प्रत्येक दिन अलग-अलग प्रमंडलों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
20 मई को दक्षिणी छोटानागपुर, 21 मई को उत्तरी छोटानागपुर, 22 मई को संथाल परगना और 23 मई को कोल्हान एवं पलामू प्रमंडल के मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के हर कोने में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता अभियान सशक्त और प्रभावी ढंग से संचालित हो।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को मादक पदार्थों की लत के कारण, इसके दुष्परिणाम, संभावित उपचार और संबंधित कानूनी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। यह बताया गया कि स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान को किस तरह प्रभावशाली बनाया जा सकता है। साथ ही नशे की चपेट में आए युवाओं को पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य में नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने में स्वयं सहायता समूह, नेहरू युवा केंद्र संगठन और स्थानीय युवा क्लबों की भूमिका अहम है। इन संस्थाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है। युवाओं को नशे के खिलाफ प्रेरित करने और उन्हें सहयोग प्रदान करने की दिशा में इन संगठनों की सहभागिता अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के कई विभागों के पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए हैं, जिन्हें मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। इनमें स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड पुलिस, झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन सोसाइटी और वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग शामिल हैं।
23 मई को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन होगा। समापन सत्र में सभी प्रमंडलों से आए मास्टर ट्रेनरों द्वारा साझा किए गए अनुभवों और सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस प्रशिक्षण के माध्यम से राज्य सरकार निषिद्ध मादक पदार्थों के खिलाफ एक सशक्त और समन्वित जागरूकता अभियान चलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर/ रांची। जमशेदपुर प्रधान डाक में कल दिनांक 18 मई को आॅल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड का चौथा राज्य सम्मेलन साधन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में एसोसिएशन के महासचिव डी के देवनाथ भी उपस्थित हुए।
सम्मेलन में राज्य सचिव एम जेड खान ने अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जिस पर सम्मेलन में उपस्थित कई जिलों विशेषकर धनबाद, रांची, पलामू, जमशेदपुर आदि के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे तथा झारखंड में पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स की समस्याओं से भी अवगत कराया। चर्चा के पश्चात प्रतिवेदन को आम सहमति से पारित किया गया। कोषाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ साहू ने सभा में आय- व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। सभा ने इसे भी आम सहमति से पारित किया।
अंत में एसोसिएशन के महासचिव डी के देवनाथ ने सदस्यों का आह्वान करते हुए कहा कि पेंशनर्स की समस्याओं को राज्यों के सर्किल कार्यालय के समक्ष 23 मई को धरना दिया जायेगा और डाक महाध्यक्षों को सचिव डाक विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा।
चौथे राज्य सम्मेलन में रांची से 8 प्रतिनिधियों विशेष कर साधन सिन्हा, के डी राय व्यथित, एम जेड खान, शमीम अख्तर, जयनारायण प्रसाद, त्रिलोकी नाथ साहू, धनेश्वर गोस्वामी एवं देवचरण साहू शामिल हुए। सभा का संचालन एम जेड खान ने किया तथा जगदेव प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त जानकारी आल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड के राज्य सचिव एम जेड खान ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद आज बैठक कर आवास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। समाहरणालय के ब्लॉक सी स्थित सभागार में आयोजित बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी तरह की आवास योजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाकर पूर्ण कराने का निर्देश दिया दिया।
उन्होंने राज्य स्तर से नीचे वाले पंचायत सचिव को एक सप्ताह में प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य प्रगति नहीं होने पर वेतन स्थगित करने की कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने प्रखंड कर्मी से टू डायरी जिला को समर्पित करने का निर्देश दिया, ताकि जिला से अप्रूवल के पश्चात वेतन भुगतान किया जा सके।
उप विकास आयुक्त ने सभी बीपीओ, ब्लॉक कोआॅर्डिनेटर को बायोमैट्रिक उपस्थिति की विवरणी जिला को भेजने एवं अप्रूवल के पश्चात ही वेतन भुगतान करने का निर्देश दिया। बैठक में डीआरडीए निदेशक रतन सिंह, जिला प्रशिक्षण समन्वयक अभय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, पंचायत सचिव आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। हैदराबाद में चारमीनार के पास गुलजार हाउस में हुई भीषण आग दुर्घटना में अग्रवाल मोदी परिवार तथा अन्य परिवार के 17 जिंदगियों के असामयिक निधन पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरा शोक संवेदना व्यक्त की है।
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि इस हृदय विदारक दुखदाई घटना से संपूर्ण समाज का मन बेहद व्यथित है। इस दर्दनाक घटना में परिवार की खुशियां कुछ ही समय में राख में बदल गयी। सहारे के लिए अपनों की चीखें परिवार की वेदनाएं और दर्द भरे आंसुओं ने आज समूचे देश के नागरिकों के दिलों को झकझोर कर रख दिया है।
रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन एवं संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने इस भीषण त्रासदी पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा है कि इस बेहद मुश्किल की घड़ी में मारवाड़ी सम्मेलन परिवार के सभी सदस्य शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवार के दिवंगत आत्माओं को चिर शांति व अपने चरणों में स्थान दें तथा परिवार के अन्य घायल पीड़ितों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें, साथ ही शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने रांची के कांके में राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के दूसरे फेज के निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। लेकिन जमीन मापी की प्रक्रिया शुरू होते ही विवाद भी शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को जमीन मापी नहीं करने दिया। प्रशासन का दावा है कि कांके में रिनपास के पीछे बिरसा एग्रीकल्चर की जमीन पर रिम्स पार्ट-2 का निर्माण होना है। लेकिन ग्रामीणों की दलील कुछ और ही है।
लिहाजा, मापी स्थल पर दिनभर गतिरोध बना रहा। ग्रामीणों ने यह कहते हुए मापी के कार्य को रुकवा दिया कि न तो जमीन खाली करने को लेकर कोई मुआवजा दिया गया और न ही नोटिस। प्रशासन जबरन जमीन को हड़पना चाह रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित जमीन के कागजात उनके पास मौजूद हैं। जबकि कांके अंचल के सीओ का कहना है कि जिस जमीन पर मापी हो रही है, वह बिरसा एग्रीकल्चर की है।
इस दौरान स्थानीय पुलिस के सहयोग से ग्रामीणों को समझाने की पूरी कोशिश की गई। लेकिन ग्रामीण पीछे नहीं हटे। जवाब में ग्रामीणों ने संबंधित जमीन पर सरना झंडा गाड़ दिया। दरअसल, स्वास्थ्य विभाग ने 110 एकड़ में 1074 करोड़ की लागत से रिम्स-2 बनाने का फैसला लिया है।
यहां मरीजों के लिए 700 बेड की सुविधा होगी। साथ ही यूजी की 100 और पीजी की 50 सीटों के लिए पढ़ाई होगी। स्वास्थ्य मंत्री की दलील थी कि रिम्स का भवन बहुत पुराना हो चुका है। इसलिए फेज-2 का निर्माण करना बेहद जरूरी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अजय नाथ शाहदेव ने अपने प्रतिद्वंद्वी एसके बेहरा को शिकस्त देकर जेएससीए में जीत का परचम लहरा दिया। सोमवार को टीम अजय के सभी नव निर्वाचित अधिकारियों ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई दी।
झारखंड का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम जेएससीए में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव समाप्त हो चुका है। परिणाम घोषित होने के बाद यह साफ हो गया कि अब जेएससीए की कमान नव निर्वाचित अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव संभालेंगे। टीम अजय के सभी अधिकारियों ने जीत हासिल कर ली है। आज जेएससीए के सभी नव निर्वाचित अधिकारियों ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव और इंडियन क्रिकेट टीम में रह चुके मशहूर क्रिकेटर सौरभ तिवारी समेत अन्य अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बधाई दी। इस दौरान अजयनाथ शाहदेव, संजय पांडे, सौरभ तिवारी और शाहबाज नदीम समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची से एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आ रही है। दरअसल, यहां अपराधियों ने घर में घुसकर शख्स की हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार, मामला कांके डैम इलाके का है। मृतक शख्स की पहचान रमेश उरांव के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि घर में कुछ बदमाश घुसे और रमेश उरांव को निशाना बनाया। अपराधियों ने रमेश उरांव को चाकुओं से गोद-गोद कर मार डाला। घटना के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गये।
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस घटना की गहनता से छानबीन कर रही है। हालांकि अभी घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका।
टीम एबीएन, रांची। सिल्ली, सोनाहातू, राहे, बुंडू, अनगड़ा, कांके, ईचागढ़ क्षेत्र में हो रहे अवैध बालू ढुलाई रोक का मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा।
बुंडू व चांडिल टॉल प्लाजा, अनगड़ा व बुढ़मू ब्लॉक परिसर में मजिस्ट्रेट नियुक्त और स्पेशल टास्क फोर्स गठन कर संध्या 6 बजे से रात्रि 2 बजे तक बालू उठाव क्षेत्र में कड़ी निगरानी करने की मांग की।
अवैध बालू खनन/ ढुलाई का मामला तुल पकड़ते जा रहा है। आज दिनांक 19/05/2025 को जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो डीजीपी अनुराग गुप्ता जी से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन। देवेंद्र नाथ महतो ने डीजीपी अनुराग गुप्ता जी से रांची क्षेत्र के सिल्ली, सोनाहातू, राहे, बुंडू, कांके, ईचागढ़ समेत सम्पूर्ण प्रदेश में अवैध बालू / पत्थर खनन व ढुलाई पर रोक लगाने की मांग की।
डीजीपी को ज्ञापन के माध्यम से ध्यान आकृष्ट कराया गया कि रांची क्षेत्र के सिल्ली, सोनाहातु, राहे, बुंडू, अनगड़ा, कांके, ईचागढ़ समेत संपूर्ण झारखंड प्रदेश में अवैध खनन और ढुलाई धड़ल्ले से हो रही है। संबंधित कई अप्रिय घटनाएं देखने को मिल रही है। राज्य का राजस्व में भारी नुकसान एवं पंचायत के अधिकार का हनन हो रहा है। तथा प्राकृतिक अस्तित्व में खतरा भी मंडरा रहा है।
साथ ही देवेन्द्र द्वारा यह भी जानकारी दिया कि हमारे संगठन द्वारा अवैध खनन बंद करो अभियान के तहत उक्त क्षेत्रों में कई बार संवैधानिक आंदोलन के माध्यम से अवैध खनन और ढुलाई को रोका है तथा विभागीय अधिकारीयों को कानूनी कार्रवाई हेतु अवगत भी कराया है। हमारे द्वारा दिनांक 07/03/2025 को निदेशक, खनन विभाग झारखंड को अवैध बालू /पत्थर खनन का सम्पूर्ण जानकारी देते हुए रोकने की मांग की थी।
जिसकी प्रतिलिपि रांची जिला पदाधिकारी- खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वन विभाग एवं उपायुक्त को भी दिया था जिसके आलोक में दिनांक 21/03/2025 को सिल्ली थाना क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई की जांच करने हेतु रांची सदर अनुमंडलीय पदाधिकारी, रांची जिला खनन पदाधिकारी, जिला खनन टास्क फोर्स के साथ जांच में पहुंचे थे तभी एक हाईवा के द्वारा जांच कर रहे पदाधिकारीयों को कुचलकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया था।
इस मामले पर जांच अधिकारियों के द्वारा सिल्ली थाना में एफआईआर दर्ज भी किया गया है जो खबर अखबार के सुर्खियों मे रहा। अवैध कारोबारियों का मनोबल इतना परवान में है कि हमारे संगठन द्वारा चलाये जा रहे अवैध खनन बंद करो अभियान को कुचलने और संवैधानिक आवाज को दबाने के लिए बालू कारोबारियों के द्वारा मेरे समेत मेरे कई साथियों के ऊपर सिल्ली थाना कांड संख्या 29/25 के तहत नामजद मनगढ़ंत झूठा एफआईआर भी दर्ज किया गया है एवं मुझे लगातार जान से मारने की धमकी भी दिया जाते रहा है। अभी भी उक्त क्षेत्रों में अवैध खनन/ढुलाई निरंतर जारी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse