टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। वहीं राज्य के कई जिलों में 25 जून तक बारिश के आसार हैं। विभाग के अनुसार 21 जून यानी आजराज्य के उत्तर-पश्चिमी एवं उत्तर-पूर्वी जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में 22 और 23 जून को गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। 24 जून को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 25 जून को राज्य के सभी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.9 और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया जबकि जमशेदपुर में 26 और 21.4, डालटेनगंज में 28.6 और 23.5, बोकारो में 28.1 और 24.5 तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही। भारी बारिश से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर महज दो डिग्री सेल्सियस रह गया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कई जिलों में पिछले 48 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने भारी तबाही मचाई दी है। अब तक 10 लोगों की मौत और 25 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया, मकान गिर गये, पुल टूट गए और नदियां उफान पर हैं। हालात को देखते हुए एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू के लिए भेजी गई हैं।
खूंटी जिले में मिट्टी धंसने से 2 छात्रों की मौत हो गई। 22 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चला, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। खूंटी के डोड़मा गांव में एक कच्ची दीवार गिरने से 19 साल के राजकुमार मांझी की मौत हो गई। चाईबासा (प. सिंहभूम) में 1 महिला की मौत और 3 बच्चे घायल हो गए।
रांची के तमाड़ में घर गिरने से 6 साल की एक बच्ची की जान चली गई। खूंटी के अड़की क्षेत्र में करकरी नदी पर 6 मजदूर पुल पर फंस गए। रेस्क्यू जारी है। रांची के नामकुम इलाके में 25 से अधिक लोग पानी में फंसे थे, जिन्हें सुरक्षित निकाला गया। सिमडेगा-खूंटी के बीच बनई नदी का पुल टूट गया, जिससे ओडिशा से संपर्क टूट गया। एक ट्रक भी फंस गया।
लातेहार (बालूमाथ) में एक ट्रक पानी में बह गया। जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। हजारीबाग (बरकट्ठा) में पानी भरी सड़क पर बस फिसलने से 10 लोग घायल हो गए हैं। वहीं, लगातार बारिश से जमशेदपुर में टाटा-रांची मार्ग पर सड़कें जलमग्न हो गईं। रामगढ़ (रजरप्पा) में भैरवी नदी में उफान आने से दुकानें डूब गईं।
एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज जन्मदिन है। इस खास मौके पर देशभर से लोग उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की ढेरों बधाईयां दीं।
इसी बीच झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं साथ ही उनके स्वास्थ्य रहने की कामना की।
सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा देश की माननीय राष्ट्रपति आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आपका दूरदर्शी नेतृत्व और समर्पण देश के लिए प्रेरणास्रोत है। मरांग बुरु आपको सदैव स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें, यही कामना करता हूं।
टीम एबीएन, रांची। एचइसी (हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन) के मामले में बनी एक संसदीय समिति की बैठक 20 जून को दिल्ली में होगी। इस बैठक में झारखंड से मुख्य सचिव अलका तिवारी, उद्योग सचिव अरवा राजकमल भी हिस्सा लेंगे।
यह समिति एचइसी के पुनरुद्धार और वित्तीय स्थिति की समीक्षा कर रही है। समिति ने एचइसी से एक विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है, जिसमें कंपनी के घाटे, कर्मचारियों की औसत आयु और प्राप्त पैकेज की जानकारी शामिल है।
समिति का मुख्य उद्देश्य एचइसी की वर्तमान स्थिति का आकलन करना और इसके पुनरुद्धार के लिए उपाय सुझाना है। इस समिति में 30 सदस्य हैं, जिनमें 20 लोकसभा और 10 राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। बताया गया कि बैठक में एचइसी द्वारा तैयार किये गये पुनरुद्धार पैकेज पर बात होगी। जिसमें रेलवे, इसरो आदि के लिए उपकरण निर्माण करना शामिल है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में पिछले 2 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते आज सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। जानकारी के मुताबिक भारी बारिश की वजह से कई नदियां उफान पर है।
दामोदर, बराकर, स्वर्णरेखा सहित कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है। लोहरदगा में भारी बारिश की वजह से शंख नदी उफान पर आ गयी है। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे जाने से मना कर दिया है। भारी बारिश की वजह से रांची के बेड़ो में डायवर्जन बह गया जिससे आवागमन बाधित हो गया है। वहीं, तोरपा में बनई नदी पर बना पुल अचानक गिर गया।
पुल के गिर जाने की वजह से आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। पुल गिरने के समय पुल से एक ट्रक गुजर रहा था। ड्राइवर की समझदारी से ट्रक नदी में समाने से बच गया। पुल टूटते ही ट्रक के ड्राइवर ने ब्रेक लगाया और पुल के टूटे हुए हिस्से में जाकर ट्रक अचानक से रूक गया। ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
बात करें रांची की, तो वहां गलियों में जल का बहाव इतना तेज है कि ऐसा लग रहा है कि जैसे छोटी नदी हो। शहर के कई इलाकों में जलजमाव की वजह से सड़कें तालाब में तब्दील हो गयी है, जिससे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो चुका है। कई लोगों के घरों में पानी भर गया है जिससे काफी दिक्कत हो रही है।
वहीं, रांची निवासी अर्जुन यादव का घर पूरी तरह डूब चुका है। घर का सामान पानी में तैर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश में यह स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है। नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी/ रांची। जिले में भारी बारिश के कारण एक कुआं ढह जाने से मिट्टी के नीचे 22 घंटे तक दबे रहने के बाद दो स्कूली छात्रों के शव बरामद कर लिये गये हैं। पुलिस ने बताया कि रांची जिले में मिट्टी का एक मकान ढह जाने के कारण 10 वर्षीय लड़की की भी मौत हो गयी।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। अलग-अलग जिलों में एक पुल और एक खाली आवासीय इमारत भी ढह गयी जबकि कई नदियां उफान पर हैं। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने बताया कि मुरहू थाना क्षेत्र के तहत मुरहू पंचायत में 9 और 10 वर्षीय दो स्कूली छात्र एक निमार्णाधीन कुएं के पास थे तभी बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह ढह गया।
खूंटी की उपायुक्त आर रॉनिटा ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक दल को बचाव अभियान में तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान बुधवार रात से ही जारी था और दोनों लड़कों के शव बृहस्पतिवार दोपहर को करीब साढ़े 12 बजे बरामद कर लिये गये जबकि रांची में तमाड़ पुलिस थाना क्षेत्र के तहत मुरपा गांव में भारी बारिश के कारण मिट्टी से बना एक मकान ढहने से 10 वर्षीय एक लड़की की भी मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त लड़की घर पर अकेली थी। भारी बारिश के कारण खूंटी के तोरपा में बनायी नदी पर पुल का एक हिस्सा भी ढह गया है जिससे खूंटी-सिमडेगा सड़क मार्ग बाधित हो गया है। रॉनिटा ने बताया कि वहां मार्ग परिवर्तित किया गया है और एनडीआरएफ का दल भी भेजा गया है। रांची, सरायकेला-खरसावां और पूर्व सिंहभूम समेत कई जिलों में भारी बारिश से सामान्य जनजीवन बाधित हो गया है।
भारी बारिश के मद्देनजर रांची और खूंटी समेत कई जिलों में स्कूल बंद हैं। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रांची में पिछले दो दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है और बृहस्पतिवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में टाटा स्टील की सहायक कंपनी टायो रोल्स की एक खाली रिहायशी इमारत बृहस्पतिवार सुबह ढह गयी।
टाटा स्टील ने एक बयान में बताया कि इमारत को पहले ही खाली कर दिया गया था, वहां पर अवरोधक लगाये गये थे और उसे रहने के लिए असुरक्षित घोषित किया जा चुका था। जमशेदपुर में पिछले दो दिन से मूसलाधार बारिश के कारण खरकई और स्वर्णरेखा के उफान पर होने के मद्देनजर एक अलर्ट जारी किया गया है।
एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को बताया गया कि दोनों नदियों का जल स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। पूर्वी सिंहभूम जिले के प्रशासन ने दोनों नदियों के डूब वाले इलाकों में रह रहे लोगों से सतर्क रहने को कहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, राहे/रांची। मानसून राज्य में प्रवेश कर चुका है। मानसून आते ही सरकारी व्यवस्था का पोल खुल रही है। राहे के धोबी टोला पिछले दो-तीन दिनों के बारिश से संपूर्ण जलमग्न हो गया है। सड़कों में भारी मात्रा में जलजमाव हो गया। घरों के अंदर घुटना तक पानी हो गया।
मनुष्य एवं जानवरों का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई कच्चे मकाने क्षतिग्रस्त हो गये। इसकी सूचना मिलते ही झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो पहुंचे। लोगों की तात्कालिक समस्या से अवगत हुए उन्हें ढाढ़स बंधाया।
राहे बीडीओ अशोक कुमार एवं सीओ जया मुर्मू को बुलाया गया। समस्या समाधान को लेकर ग्रामीणों के बीच पदाधिकारी से तीन घंटे लंबी वार्ता चली। जलमग्न से हुए क्षति व समस्या से अवगत हेतु देवेंद्रनाथ महतो ने बीडीओ, सीओ एवं अन्य पदाधिकारियों के संपूर्ण मोहल्ला का पद-भ्रमण किया।
मौके पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि हमने इस समस्या का जानकारी कई बार अधिकारियों को दिया था। पिछले 29 मई 2025 को उपायुक्त से मिलते हुए पूर्व ही इस समस्या का लिखित ज्ञापन दिया गया था। परंतु सरकारी व्यवस्था में उदासीनता के कारण आज तक समाधान नहीं हो सका। श्री महतो ने इस प्राकृतिक आपदा से राहत एवं क्षतिपूर्ति के लिए सरकार से समुचित त्वरित कार्रवाई की मांग की।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 3 कतरास के मछली पट्टी में पुरानी नाली को तोड़कर नगर निगम नाली का पुन:निर्माण किया जा रहा है। जिसमें भरी घोटाला किया जा रहा है। घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
जिसके बाद इस मामले को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद डीसी को शिकायत करते हुए कहा है कि संवेदक द्वारा नाली पुनर्निर्माण करने के बदले पुरानी नाली को अवैध रूप से कब्जा कर मछली दुकान बनाने वाले कब्जाधारियों को बचाने के उद्देश्य से नई नाली का निर्माण किया जा रहा है।
ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है तो सरकार को चूना लगाया जा रहा है। नगर निगम के वार्ड के जेई है वो अच्छे से जांच नहीं करते हैं और जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करते हैं। क्योंकि ठेकेदार से जेई को मोटा कमीशन मिलता है।
इस प्रकार की कार्यशैली से सरकार की छवि धूमिल करने की साजिश की जा रही है। शीघ्र ही निगम के उच्च अधिकारियों से उक्त नाली निर्णय निर्माण का निरीक्षण कराया जाये तथा पारदर्शिता रखकर कार्य किया जाये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse