टीम एबीएन, रांची। झारखंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसमें विभिन्न दलों के नेताओं ने शारीरिक और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए योगाभ्यास में भाग लिया।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रांची के बिरसा मुंडा फन पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया और कहा, योग केवल एक अभ्यास नहीं है, बल्कि यह एक जीवनशैली है जो हृदय, आत्मा और मस्तिष्क के बीच संतुलन स्थापित करती है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के अंबिकापुर में आयोजित एक योग सत्र में भाग लिया, जबकि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने देवघर में योगाभ्यास किया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस अवसर पर बधाई दीं और सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, योग जीवन को संतुलित और समग्र रूप से स्वस्थ रखने का एक शक्तिशाली तरीका है। यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, विचारों में स्पष्टता लाता है और जीवन को स्थिरता प्रदान करता है। आइए हम सभी संकल्प लें कि हम योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री अंसारी ने रांची के बिरसा मुंडा फन पार्क में आयोजित योग सत्र का नेतृत्व किया, जिसमें भाजपा विधायक सी पी सिंह भी उपस्थित थे। मंत्री ने कहा, हमारे देश में वर्षों से योग का अभ्यास किया जाता रहा है। यह केवल एक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह हृदय, आत्मा और मस्तिष्क के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवनशैली है।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग मे श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में श्री कृष्ण प्रणामी महिला समिति द्वारा भजन- कीर्तन सत्संग किया गया। भजन- कीर्तन कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा श्री राधा कृष्ण पर आधारित गाये मनमोहक भजनों से पूरा कृष्ण दरबार भक्तिमय हो गया।
महिला भजन गायकों ने अपने सुमधुर भजनों से सत्संग में बड़ी संख्या मे उपस्थित महिला श्रोताओं को खूब झुमाया। तत्पश्चात मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे ने प्रसाद का विधिवत भोग लगाया एवं सामूहिक महाआरती के पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को श्री राधा कृष्ण मंदिर मे महिला समिति द्वारा भजन- कीर्तन सत्संग का आयोजन किया जाता है। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
एबीएन, न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिला में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के बहाली के विज्ञापन को स्थगित कर दिया गया है। सरकार के स्तर से यह फैसला लिया गया है। बता दें कि पलामू में कुछ दिनों पहले 585 फोर्थ ग्रेड के पद पर बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इस जारी विज्ञापन को रद्द कर दि या गया है।
झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तरफ से बहाली को स्थगित करने के मामले की पुष्टि की गयी है। 13 जून को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार समाहरणालय में 132, जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय 273, स्वास्थ्य विभाग में 151, जिला सहकारिता कार्यालय में तीन और वन प्रमंडल कार्यालय में 26 पदों पर बहाली होनी थी। विज्ञापन जारी होने के साथ ही विवाद शुरू हुआ था।
पूरे मामले में शुक्रवार को कुछ अभ्यर्थियों ने कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम हेमंत सोरेन को भी ज्ञापन दिया था और वित्त मंत्री को भी पूरे मामले की जानकारी दी थी। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी यह कहा था कि पूरा मामला उनके संज्ञान में है। पलामू में विज्ञापन जारी होने के साथ ही विवाद शुरू हो गया था। पाली के लिए मैट्रिक के अंक को मेरिट बनाया गया था वहीं स्थानीयता को लेकर भी सवाल उठे थे।
इस बहाली को लेकर विज्ञापन जारी होने के साथ सुप्रीम कोर्ट के आदेश के द्वारा बर्खास्त 251 अनुसेवक और युवक आंदोलन पर उतर गये थे। बर्खास्त अभ्यर्थियों ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी मुलाकात की थी। वही युवकों के एक दल ने समाहरणालय का भी घेराव किया था। इसके विरोध में बर्खास्त अनुसेवकों ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा भी की थी।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ संवाद कर राज्य में हो रहे भारी बारिश को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों को पूर्ण रूप से अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों से कहा है कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल जमाव की समस्या से आम जनमानस को निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाये जायें।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिये कि लोकल अथॉरिटीज के साथ समन्वय स्थापित कर जलजमाव की स्थिति को जल्द से जल्द खत्म करने का प्रयास करें। जिलों में इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सड़क, पुल-पुलिया, घर, फसल इत्यादि को हुए नुकसान का आकलन कर राज्य सरकार को तत्काल रिपोर्ट भेजी जाये ताकि प्रभावित लोगों को राहत और मुआवजा देने में किसी तरह का कोई विलंब नहीं हो।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि जिलों में स्थापित कंट्रोल रूम को पूर्ण रूप से सक्रिय रखें। अतिवृष्टि को देखते हुए वाटरफॉल, बराज इत्यादि पर्यटन स्थलों में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए ठऊफऋ की टीम के साथ-साथ स्थानीय लोगों का भी सहयोग लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वॉटरफॉल में आवश्यकता के अनुरूप सुरक्षा कर्मी भी तैनात रखें।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र जहां जल जमाव की स्थिति है वहां छिड़काव कार्य करें ताकि इसकी वजह से जो बीमारियां उत्पन्न होती है उसे नियंत्रित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बरसात के मौसम में सर्प दंश (स्नेक बाइट) के भी ज्यादा मामले आते हैं, ऐसे में सभी जरूरी दवाइयां स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध कराये जायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मॉनसून की शुरुआत में ही भारी बारिश हो रही है, ऐसे में यह जरूरी है कि बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से निपटने की पूरी तैयारी पहले से ही रखें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भारी बारिश के कारण सड़क, पुल, पुलिया से संबंधित जो भी क्षति पहुंची है उसकी शीघ्र मरम्मत हो।
उन्हेंने निर्देश दिया कि किसी भी पुल या ब्रिज के धंसने का एक और मुख्य कारण अवैध बालू निकासी हो सकता है, इसकी भी जानकारी लें तथा ऐसे कार्यों पर अविलंब रोक लगायें। मौके पर मंत्री डॉ इरफान अंसारी, मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के उपायुक्त उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमेत सोरेन की अध्यक्षता में 20 जून 2025 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। जिनमें प्रमुख इस प्रकार हैं :
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूमधाम से 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह मनाया गया। मौके पर खेल शिक्षक आशीष जायसवाल के मार्गदर्शन में योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया।
प्राचार्य डॉ तापस घोष ने वरिष्ठ शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संदेश में विद्यार्थियों को न केवल योग अपनाने की प्रेरणा दी, बल्कि योग को प्रचारित - प्रसारित करने की भी सलाह दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष में एक दिन योग करना काफी नहीं है, बल्कि नियमित रूप से योगाभ्यास करने से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी। पूरी दुनिया के लोग योग करके सुस्वास्थ्य को प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा दर्शायी गयी योग की विभिन्न मुद्राएं थीं। उन्होंने मिलकर सहज योग के विभिन्न आसन किये। विद्यालय परिसर में योग की धूम रही। योगासन अभ्यास के इस सत्र में विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष हवन का आयोजन किया गया। हवन के बाद भजन का आयोजन किया गया, विद्यालय के प्राचार्य श्री एमके सिन्हा ने हवन में विशेष रूप से भाग लिया।
हवन के बाद अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य एमके सिन्हा ने किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री सिन्हा ने कहा कि योग आत्मा से जोड़ता है। योग शांति प्रदान करता है। योग से रोग दूर होते हैं और सकारात्मकता आती है।
उन्होंने यम,नियम, आसन प्राणायाम, प्रत्याहार धारणा ध्यान और समाधि के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूएनओ में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव दिया था जिसे मान लिया गया। वर्ष 2015 में पहला योग दिवस मनाया गया तबसे हर वर्ष योग दिवस मनाया जाता है।
बाद में सत्यानंद योग संस्थान की झारखंड इकाई के अध्यक्ष स्वामी मुक्तरथ ने छात्रों को ताड़ासन, वृक्षासन जैसे आसनों का अभ्यास कराया। अपने संबोधन में श्री मुक्तरथ ने कहा कि नियमित योग से कैंसर जैसी बीमारियों को ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन सवा घंटे योगाभ्यास से सारे लोग डाइबिटीज और ब्लड प्रेशर से बच सकते हैं।
मौके पर जूनियर और सीनियर विंग के सभी छात्र और शिक्षक, झारखंड सत्यानंद योग संस्थान के कार्यकर्ता मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के आलोक इंद्र गुरु ने दी।
एबीएन डेस्क। झारखंड हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री आलमगीर आलम द्वारा दायर जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। यह याचिका प्रवर्तन निदेशालय द्वारा टेंडर घोटाले में गिरफ्तारी के बाद दाखिल की गई थी। पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलम, जो पाकुड़ से चार बार विधायक रह चुके हैं, 15 मई 2024 से हिरासत में हैं।
उन पर ईडी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मनचाही कंपनियों को ठेके दिलवाए और इसके बदले कमीशन लिया। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की एकल पीठ ने की, जिन्होंने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse