टीम एबीएन, रांची। दरभंगा हाउस रांची में सीसीएल के वरीय अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग, भारत सरकार के अध्यक्ष हंसराज गंगाराम अहीर की एक-एक महत्वपूर्ण विभागीय बैठक सम्पन्न हुई।
जिसमें ओबीसी वर्ग के अधिकारों और आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की गयी। विधायक मनोज कुमार यादव और राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग के सदस्य भुवन भूषण कमल सहित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस तरह के बैठक का उद्देश्य आमतौर पर ओबीसी वर्ग के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों द्वारा की जाने वाली पहल की समीक्षा करना होता है। इसमें आरक्षण नीतियों के कार्यान्वयन, कल्याणकारी योजनाओं और अन्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई।
हंसराज गंगाराम अहीर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में लिए गए निर्णय और सिफारिशें ओबीसी वर्ग के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह बैठक इस दिशा में एक सकारात्मक कदम है कि ओबीसी वर्ग के लिए निर्धारित आरक्षण नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी ढंग से पालन हो और पारदर्शिता बनी रहे।
राज्यपाल से मिले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज भवन में शिष्टाचार भेंट की।
राज्यपाल ने राज्यवासियों को रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर एवं गढ़वा–रेहला फोरलेन बाईपास समर्पित करने के साथ-साथ राज्य में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात देने के लिए केंद्रीय मंत्री के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया।
उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की स्वीकृति और प्रगति में उनके द्वारा किए जा रहे सक्रिय प्रयासों के लिए बधाई दी। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों से न केवल राज्य में आवागमन की सुविधा में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।
टीम एबीएन, पलामू। पलामू पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार, पलामू जिले में उत्पाद विभाग और हरिहरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की गयी है।
यह कार्रवाई हरिहरगंज थाना क्षेत्र के ममरखा गांव में गुरुवार की शाम करीब सात बजे की गयी। इसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गयी। कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई हुई है। छापामारी में लगभग एक हजार पेटी से अधिक अंग्रजी शराब जब्त की गयी।
पुलिस को आशंका है कि शराब को तस्करी करने के लिए स्टोर कर रखा गया था। जब्त की गयी शराब का बाजार मूल्य करीब 80 लाख रुपये बताया जा रहा है। इस कार्रवाई में पलामू उत्पाद अधीक्षक संजीत कुमार देव, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, सीओ मनीष कुमार सिन्हा व उत्पाद विभाग के एसआई अमित सिंह शामिल थे।
उत्पाद अधीक्षक संजीत कुमार देव ने बताया कि छापेमारी के दौरान शराब के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाये गये हैं। इनके आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। बरामद शराब की कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
टीम एबीएन, रांची। मुख्य सचिव अलका तिवारी ने श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित विभागों के प्रमुख और देवघर तथा दुमका के उपायुक्त, एसपी व अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा की। इस दौरान ठोस निर्णय लिए गए और उसका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेही तय की गई।
अलका तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पुख्ता बनायें। आपात स्थिति से निपटने के लिए जो जहां तैनात हों, वे प्रशिक्षित, जवाबदेह और संवेदनशील हों। मुख्य सचिव ने कहा कि भगदड़ की स्थिती नहीं बने, इसके लिए तय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें। श्रद्धालु एक जगह अधिक संख्या में इकट्ठे नहीं हों, इसके लिए ऐसी व्यवस्था बनायें कि वे छोटे-छोटे समूह में रहें।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मी शिफ्ट बदलने पर तभी अपना स्थान छोड़े, जब उनका विकल्प वहां आ जाये। भीड़ नियंत्रण के लिए एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन आदि के फुटेज की लगातार मॉनिटरिंग हो और लगे कि कहीं भीड़ ज्यादा हो रही है, तो बिना समय जाया करे तत्काल उसे नियंत्रित करें।
इसके अलावा यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं का मार्ग समतल हो, ताकि ठोकर लग कर गिरने की आशंका खत्म हो जाये जहां सीढ़ी आदि हो वहां फिसलन नहीं हो। श्रद्धालुओं के आने-जाने की अलग व्यवस्था हो। अचानक बिजली गुल नहीं हो। बिजली कटने के साथ उसकी पुनर्बहाली की वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखें। कहीं भी बिजली का नंगा तार नहीं हो और वह नीचे की ओर झूलता हुआ नहीं हो।
अलका तिवारी ने कहा कि इंट्री पवाइंट पर मेटल डिटेक्टर से लोगों को गुजारने के दौरान इसका विशेष ध्यान रखा जाए कि वहां अत्यधिक भीड़ की स्थिति नहीं बने। वहीं पूर्व में मंदिर का कपाट खुलने के साथ भीड़ का दबाव बढ़ने का अनुभव रहा है। इसे देखते हुए जिले के उपायुक्त और एसपी उस समय अपनी मौजूदगी सुनिश्चित करते हुए व्यवस्था नियंत्रण की बागडोर संभाले।
साथ ही रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की तदाद काफी बढ़ती है, इसे भी संज्ञान में रखते हुए व्यवस्था बनायें। उन्होंने निर्देश दिया कि आपात विभाग से जुड़े मुख्यालय के आला अधिकारी मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लें और कमियों को समय रहते दुरुस्त कराएं।
उन्होंने कहा कि कि बारिश के मौसम को देखते हुए स्वच्छता पर पूरा फोकस करें। शुद्ध पेयजल की उपलब्धता बनी रहे। श्रद्धालुओं के लिए बने टेंट सिटी में शौचालय, पेयजल, शयन आदि की व्यवस्था के लगातार मेंटेनेंस पर बल देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि इसके लिए कारगर व्यवस्था बनाएं।
बता दें कि झारखंड में राजकीय श्रावणी मेला 11 जुलाई से शुरू हो रहा है। यह 9 अगस्त तक चलेगा। हर साल लाखों की तादाद में श्रद्धालु बाबा नगरी और बाबा बासुकीनाथ धाम आते हैं।
टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड के गढ़वा पहुंचकर रेहला फोरलेन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही गडकरी ने 2 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। नितिन गडकरी ने गढ़वा के लोगों को कुल 2460 करोड़ की सौगात दी। इस मौके पर राज्य सरकार में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, सांसद विष्णु दयाल राम सहित कई नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इससे पहले केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री गडकरी का स्वागत किया। गडकरी रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से से ही हेलीकॉप्टर से गढ़वा गये। इसके बाद गडकरी गढ़वा में रेहला फोर लेन रोड का उद्घाटन करने के बाद रांची लौटे।
इस दौरान नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्र झारखंड के बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं लागू की जाएंगी। गडकरी ने कहा कि खनिज संसाधनों से समृद्ध झारखंड में राजमार्ग क्षेत्र में महत्वपूर्ण विकास होगा। उन्होंने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, मैं झारखंड के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।
उन्होंने कहा कि मैं लोगों को राज्य में दो लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के क्रियान्वयन का आश्वासन देता हूं। गडकरी ने कहा, हमने राज्य में 40,000 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं पूरी की हैं। वर्तमान में हम 70,000 करोड़ रुपये की लागत वाली राजमार्ग परियोजनाओं को लागू कर रहे हैं, जबकि 75,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
उन्होंने कहा कि 36 हजार करोड़ रुपये की लागत से वाराणसी-रांची-कोलकाता हरित गलियारे (ग्रीनफील्ड कॉरिडोर) का काम मार्च 2028 तक पूरा हो जायेगा जबकि जनवरी, 2028 तक 12,800 करोड़ रुपये की लागत से रांची-वाराणसी आर्थिक गलियारा बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली-कोलकाता के बीच 31,700 करोड़ रुपये की लागत से छह लेन वाली कॉरिडोर परियोजना का काम जून 2026 तक पूरा हो जायेगा।
गडकरी ने कहा कि चुनाव तक राजनीति होनी चाहिए, लेकिन चुनाव के बाद विकास की राजनीति होनी चाहिए। उन्होंने राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार द्वारा उठाए गए लोकलुभावन कदमों की ओर इशारा किया। उन्होंने झारखंड सरकार से राज्य में भूमि अधिग्रहण, वन विभाग से मंजूरी और अन्य मुद्दों से संबंधित बाधाओं को दूर करने का भी आग्रह किया।
मंत्री ने कहा, हम झारखंड और बिहार सहित अन्य राज्यों के बीच बेहतर संपर्क सुनिश्चित करेंगे। गडकरी ने कहा कि राज्य में 2014 में 2,600 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क था, जो अब 4,470 किलोमीटर हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के 19 आकांक्षी जिले अब राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।
मंत्री ने गढ़वा में शंख से खजूरी तक 1,130 करोड़ रुपये की लागत से बने 23 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले राजमार्ग का उद्घाटन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़-झारखंड अंतरराज्यीय सीमा से गुमला तक राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के 32 किलोमीटर लंबे हिस्से को चार लेन बनाने के लिए 1,330 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला भी रखी।
टीम एबीएन, रांची। जेसीआई रांची, जेसीआई इंडिया के मंडल 3 की सबसे बड़ी शाखा है। पहली बार जेसीआई रांची ने मंडल के कार्यक्रम मिडकॉन की मेजबानी जोहार मिडकॉन 2025 के नाम स्वरूप की। इस कार्यक्रम में मंडल 3 के सभी जेसीआई शाखाओं ने भाग लेते हुए 165 लोग शामिल हुए जिसमें बीते 6 माह के उपलब्धियों पर शाखाओं को पुरस्कृत किया गया। इस बार जेसीआई रांची को कुल 22 पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
जेसीआई रांची के अध्यक्ष जेसी प्रतीक जैन को बेस्ट अध्यक्ष मंडल 3 रीज़न ए से सम्मानित किया गया व जेसीआई रांची को बेस्ट शाखा के खिताब से नवाजा गया। कार्यक्रम के उदघाटन समारोह के मुख्य अतिथि रहे राजीव रंजन प्रसाद, अध्यक्ष झारखंड गौशाला न्यास बोर्ड व कार्यक्रम के समापन समारोह के मुख्य अतिथि रहे झारखंड के पूर्व इंडियन क्रिकेट टीम के बल्लेबाज सौरभ तिवारी।
इस कार्यक्रम के संचालक जेसी सिद्धार्थ जयसवाल व प्रशांत पाटोदिया ने कॉन्फ्रेंस एडवाइजर पूर्व मंडल अध्यक्ष जेसी अभिषेक केडिया व जेसी संजय जैन और जेसी राजीव रंजन के नेतृत्व में सफलता पूर्वक संचालन किया। जेसी ऋषभ जैन, ऋषभ अग्रवाल, तपिश केडिया, ऋषभ जालान, किशन अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, रौनक सिंह व सचिव सन्नी केडिया ने कार्यक्रम के संचालन में साथ निभाया।
एबीएन सोशल डेस्क। विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग व श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवशयनी एकादशी कहा जाता है। यह एकादशी अत्यंत पुण्य दायिनी मानी जाती है। यह दिन भगवान विष्णु के शयन करने और चातुर्मास के आरंभ का प्रतीक है। इस वर्ष देवशयनी एकादशी 6 जुलाई दिन- रविवार को मनाई जाएगी।
देव शयनी एकादशी को हरि शयनी एकादशी पद्मा एकादशी और आषाढ़ी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु क्षीर सागर में शेषनाग की शैया पर योगनिद्रा में चले जाते हैं। यह निद्रा चार महीनों तक रहती है, जिसे चातुर्मास कहा जाता है। इस अवधि में भगवान विष्णु का उत्तरायण से दक्षिणायन गमन होता है, और यह काल तपस्या, व्रत, संयम और भक्ति का होता है।
इस एकादशी को समस्त जगत के पालनकर्ता श्री हरि विष्णु जी की विधिवत पूजा कर शयन कर दिया जाता है, चातुर्मास में श्री विष्णु योग निद्रा में चले जाएंगे,भगवान के शयन के साथ ही विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, उपनयन जैसे शुभ एवं मांगलिक कार्यों पर अस्थायी रोक लग जाती है। यह निषेध कार्तिक माह के देव प्रबोधिनी उठनी एकादशी तक रहता है।
उसके बाद शुभ एवं मांगलिक कार्य प्रारंभ होते हैं और जब भगवान पुनः जागृत होते हैं। देव शयनी एकादशी का व्रत अत्यंत फलदायी माना गया है। इस दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान कर व्रत का संकल्प लिया जाता है। भगवान विष्णु का पीले पुष्पों, तुलसी पत्र, पंचामृत व धूप-दीप से पूजन किया जाता है। व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और रात्रि को जागरण कर भगवान के भजन-कीर्तन करते हैं।
एकादशी तिथि का व्रत द्वादशी तिथि पर पारण के साथ संपन्न होता है। शास्त्रों में कहा गया है कि एकादशी का व्रत स्वर्ग और मोक्ष दोनों प्रदान करता है। इसी दिन से सन्यासी, साधु और भक्तजन विशेष तप, नियम और साधना प्रारंभ करते हैं। गृहस्थ जीवन में भी इस काल में तामसिक प्रवृत्तियों से दूर रहकर सात्विक जीवन अपनाने का संदेश दिया जाता है।
देव शयनी एकादशी केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह आत्मशुद्धि, आत्मनियंत्रण और आध्यात्मिक उन्नयन का अवसर है। यह दिन हमें भीतर झाँकने, जीवन में संयम लाने और ईश्वर के प्रति समर्पण की भावना को प्रबल करने की प्रेरणा देता है। जब भगवान विश्राम में हों, तब भक्तों का कर्तव्य है कि वे अपने जीवन को साधना और सेवा में लगाएँ। यही है देव शयन का वास्तविक रहस्य।
टीम एबीएन, रांची। शोहदा-ए-करबला की याद में आज एक दिवसीय रक्तदान शिविर संपन्न किया गया। यह रक्तदान शिविर आज गुरुवार को डोरंडा पुराना हाई कोर्ट के पास संपन्न हुआ। रज्जा यूनिट फाउंडेशन के द्वारा लहू बोलेगा संस्था के सहयोग से संपन्न हुआ। इसमें लोगों की उत्सुकता देखने को मिली। लोगों द्वारा इसमें लगभग 20 यूनिट तक रक्त संग्रह किया गया। एकत्रित रक्त सदर अस्पताल ब्लड बैंक रांची को सोंपा गया।
कार्यक्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। रक्तदान के दौरान श्री महतो ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अब तक रक्तदाताओं के प्रति उदासीन रवैया रहा है।
आए दिन रक्त के कमी के कारण राज्य में सैकड़ो लोगों की आकस्मिक मृत्यु हो रही है। ब्लड डोनेशन और स्टोरेज पर राज्य सरकार को गंभीर होनी चाहिए। ब्लड डोनेशन कैंप आर्गेनाइजेशन को आर्थिक सहयोग और बल्ड डोनर को 25 रुपए से बढ़ाकर 250 रुपए तक रिफ्रेशमेंट राशि होनी चाहिए।
राज्य के सभी 24 जिलों में वोल्वो लाल AC बस उपलब्ध कराया जाय। वर्तमान समय में झारखंड में एक मात्र वोल्वो लाल AC बस है वह भी खराब है। इस फाउंडेशन कमेटी असफर खान, नदीम खान, शाहनवाज अब्बास, मोहम्मद फहीम, साकिब रज्जा, बबर खान आदि लौग मोजूद रहे।
बताते चलें कि यह रक्तदान शिविर हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी के याद पर किया गया। इमाम हुसैन अपने हक, इंसाफ और न्याय के लिए करबला मैदान में अपने परिवार के साथ शहीद हुए थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse