टीम एबीएन, रांची। डीएवी. स्पोर्ट्स क्लस्टर लेवल स्पोर्ट्स; क्लस्टर 2 के तत्वावधान में डी ए वी आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में बालक अंडर 19 में विजेता एवं बालिका अंडर-19 में उपविजेता तथा डीएवी. नीरजा सहाय स्कूल में आयोजित हैंडबॉल प्रतियोगिता में एस. आर. डीएवी. पब्लिक स्कूल पुंदाग अंडर 17 बालक एवं बालिका की टीम विजयी घोषित हुई।
वहीं डीएवी. पब्लिक स्कूल बरियातू में आयोजित बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बालिका अंडर 14 की टीम उपविजेता बनी तथा बालक अंडर 14 एवं 17 की टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
प्राचार्य डॉ तापस घोष ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आज पूरे देश में खेलकूद को विशेष महत्त्व दिया जा रहा है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया आंदोलन का हिस्सा बनना बड़े गर्व की बात है।
डीएवी. संस्था दूरदर्शी है। हमारी संस्था में बहुत पहले से ही विद्यार्थियों के चहुमुखी विकास पर ज़ोर दिया जाता है। हमारे खिलाड़ी स्कूल स्तर से उठकर राज्य स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने वरिष्ठ खेल शिक्षक आशीष जायसवाल, प्रणव प्रताप सिंह सहित सभी विजेताओं को बधाई तथा शुभकामनाएं दीं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एस. आर. डीएवी. पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूम -धाम से गुरु पूर्णिमा समारोह मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभ आरंभ प्राचार्य डॉ तापस घोष ने मुख्य अतिथि शशि प्रकाश झा
भारतीय प्रशासनिक सेवा, अभियान निदेशक ,राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ,विशिष्ट अतिथि विवेकानंद केंद्र ,कन्याकुमारी, रांची शाखा के सम्मानित पदाधिकारी जयंत कुमार झा, विकास कुमार सिन्हा, चिराग़ परमार तथा कुछ वरिष्ठ शिक्षकों के साथ मिलकर ज्ञान दीप प्रज्वलित करके किया। तत्पश्चात प्राचार्य ने सभी अतिथिगण का औपचारिक स्वागत किया।विद्यालय के नन्हें - मुन्ने बच्चों ने गुरु वंदना (भजन) प्रस्तुत करके सबका मन मोह लिया।कक्षा अष्टम और एकादश की छात्राओं ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करके शमा बांध दिया।
कक्षा अष्टम के विद्यार्थियों ने गुरु - शिष्य परंपरा पर हृदय स्पर्शी लघु नाटिका प्रस्तुत किया ।इस अवसर पर कक्षा नवम से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करके सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शशि प्रकाश झा ने बच्चों को संबोधित करते हुए गुरु पूर्णिमा के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु का काम केवल शिक्षा देना ही नहीं है, बल्कि वे तो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देते हैं, वे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार भी देते हैं।
प्राचार्य ने भी कहा कि भारत में गुरु - शिष्य परंपरा अत्यंत प्राचीन है।सभी शिक्षकों को इसकी गरिमा बनाए रखनी चाहिए तथा शिष्यों को भी अपने शिक्षकों के निर्देशानुसार काम करना चाहिए, तभी उनका भविष्य उज्ज्वल बन सकता है। शांतिपाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।
टीम एबीएन, रांची। रांची जिला राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेंद्र महतो के नेतृत्व में रविवार को पार्टी कार्यालय हरमू रोड में भाजपा और आजसू के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजद की सदस्यता ग्रहण की।
समाजसेवी संतोष कुमार यादव के नेतृत्व में भाजपा और आजसू कार्यकर्ताओं ने लालू राबड़ी और तेजस्वी यादव पर आस्था व्यक्त करते हुए और राजद की नीतियों और सिद्धांतों को समाज के निचले तबके तक पहुंचाने के संकल्प के साथ राजद की सदस्यता ली। जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र महतो ने दल में शामिल होने वाले कार्यकतार्ओं का स्वागत पार्टी का पट्टा पहना कर तथा सदस्यता रसीद काट कर किया।
राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता सदस्य ग्रहण करने वालों में संतोष कुमार यादव के अलावा मुख्य रूप से मिथुन चौधरी, अमीर राय, वीरेंद्र ठाकुर, तरुण प्रकाश, बैजनाथ मुंडा, हिमांशु कुमार, दीपक कुमार, रवि कुमार यादव, कामेश्वर सिंह, राम इकबाल चौधरी, रवि कुमार बावरी, शुभम करमाली, मुकेश मंडल, शशांक कुमार, अमित लोहार, रोमित लोहार, चंदू टोप्पो, शुभम कुमार के नाम शामिल हैं।
सदस्यता ग्रहण समारोह की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र महतो ने की। संचालन महासचिव मुख्तार अंसारी ने किया। इस मौके पर मुख्य रूप से मनोज कुमार अग्रवाल, कांके प्रखंड अध्यक्ष सुरज कुमार, पालेंदु कुमार पाल, सलिल अंसारी, रामभजन सिंह सहित राजद के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन महासचिव कमलेश कुमार ने किया।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में 219 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। आज का महाप्रसाद श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के सदस्य कुसुम पोद्दार उनके पुत्र दीपक पोद्दार पुत्री श्रद्धा अग्रवाल और उनके परिवार के सौजन्य से 101 किलो दूध का केसरिया खीर का महाप्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
अन्नपूर्णा महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12:30 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, तत्पश्चात मंदिर परिसर में उपस्थित दो हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आज के महाप्रसाद में केसरिया खीर, आलू चिप्स का पैकेट का वितरण किया गया। तत्पश्चात भजन- संध्या के कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायकों ने कृष्ण दरबार में मनमोहक भजनों से भक्तों को अमृत गंगा का रसपान कराते हुए खूब झुमाया।
श्री राधा कृष्ण के जयकारा एवं भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया तथा भक्तगण भक्ति रस में डूब गए। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गयी। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि संस्था द्वारा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर मे आज अन्नपूर्णा महाप्रसाद एवं भजन संध्या में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का भीड़ लगा रहा। तथा भगवान श्री राधा कृष्ण मंदिर में 7 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।
मौके पर डुंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, सज्जन पाडिया, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, सुनील पोद्दार, शिवभगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, नंद किशोर चौधरी, विशाल जालान, अंजनी अग्रवाल, बिष्णु सोनी, बिजय कुमार अग्रवाल, मुरली प्रसाद, चंद्रदीप साहु, हरीश कुमार, परमेश्वर साहु, बसंत वर्मा, महेश वर्मा, संतोष देवी अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, उर्मिला पाडिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के संस्थापक परमहंस डॉ संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम श्री राधा कृष्ण मंदिर पुंदाग रांची में सोमवार आज 21 जुलाई को पधार रहे हैं।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि 21 जुलाई, दिन सोमवार को अपराह्न 2.30 बजे से संध्या 5 बजे तक श्री राधा कृष्ण मंदिर मे परम वंदनीय सद्गुरु श्री सदानंद महाराज जी का जन्म दिवस एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जायेगा।
मौके पर श्री सदगुरु महाराज हम सबों शिष्यों व श्रद्धालुओं को अपनी दिव्य वाणी से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु पूजन, भजन- सत्संग प्रवचन के माध्यम से अमृत वर्षा का रसपान करायेंगे। कार्यक्रम के समापन पर गुरु महाराज जी सबों को आशीर्वाद एवं प्रसाद देंगे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, जमशेदपुर/ रांची। 20 जुलाई 2025 को कुसुम कमानी आॅडिटोरियम, बिष्टुपुर, जमशेदपुर में सरकार योग अकादमी ने योग विशेषज्ञ जगदीश सिंह को योग के क्षेत्र में समर्पण और अमूल्य योगदान के सम्मान में झारखंड राज्य योग लवर्स पुरस्कार 2025 प्रदान किया।
ज्ञात हो कि जगदीश सिंह योग के क्षेत्र में लगातार कई वर्षों से काम करते आ रहे हैं और गांव गांव जाकर योग सिखाने का काम करते हैं। इन्होंने राची विश्वविद्यालय से योगिक साइंस में एम एस सी की डिग्री प्राप्त है। इसके अलावा उन्हें योग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर कई सारे पदक और सम्मान प्राप्त है।
वर्तमान में जगदीश सिंह, झारखण्ड सरकार के स्वास्थ्य विभाग मे सी. एच. सी ओरमांझी मे योग प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही डब्ल्यूएफएफ योगासन झारखंड चैप्टर द्वारा 19 जुलाई को आयोजित योगासन चैंपियनशिप में जगदीश को मास्टर बी ग्रुप में स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। आये दिन देश भर में अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसे होते रहते हैं। लेकिन क्या आपको मालूम है कि झारखंड के गुमला में 5 महीने में सड़क हादसे में 136 लोगों की जान जा चुकी है।
गुमला सदर अस्पताल के डीएस डॉ अनुपम किशोर का दावा है कि गुमला अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार जनवरी से लेकर मई माह तक गुमला में अब तक अलग-अलग घटनाओं में 315 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 136 लोगों की जान सड़क हादसों में गयी है। पांच माह के अंदर 67 लोगों ने फांसी लगाकर या जहर खाकर अपनी जान दी है। इसमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं जिसमें कुछ ने प्रेम- प्रसंग में अपनी जान दी। कुछ ने मोबाइल और बाइक के चक्कर में जान दी।
इसके अलावा 12 लोगों की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हुई है। हाथी के हमले से पांच माह में 7 लोगों की जान गयी है। हालांकि कुछ लोगों ने हाथी को देखकर भाग कर अपनी जान बचा ली। बिजली करंट से भी 3 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, घरेलू समस्या, काम के दबाव सहित कई अन्य कारणों से दबाव में रहने वाले 17 लोगों की हृदयगति रूकने से जान जा चुकी है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। झारखंड में ग्रामीण क्षेत्रों मे आये दिन हाथियों के झुंड आने और लोगों के घर फसल आदि के नुकसान की खबर आती रहती है, लेकिन अब हाथियों ने शहर की ओर रूख कर लिया है। लातेहार शहर में जंगली हाथी के प्रवेश से लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हाथी सबसे पहले शनिवार रात सबानो रोड में देखा गया। सुबह तकरीबन तीन बजे इसे लातेहार सब्जी मार्केट, सदर अस्पताल के पास बैठे हुए देखा गया। वहां सब्जी लेने आये एक व्यक्ति को उसने दौड़ा भी दिया। इसके बाद हाथी धर्मपुर पहुंचा। जहां यह पुराने पुलिस लाइन के पीछे शिव मंदिर और आंगनबाड़ी के पास देखा गया। कुछ लोगों ने बताया कि हाथी स्टेडियम की ओर भी गया था।
फिलहाल, हाथी को नवोदय विद्यालय रोड, रेलवे स्टेशन समेत शहर के कई अलग अलग स्थानों पर देखा जा रहा है। शहर में हाथी के आने-जाने से नागरिकों में डर का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित तरीके से खदेड़ने और नियंत्रण में लेने की मांग की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse