झारखंड

View All
Published / 2026-08-08 20:22:10
जेपीएससी जांच में सीएम हाउस तक आंच जायेगी तो पीछे नहीं हटेंगे सीएम हेमंत सोरेन : सुखदेव भगत

कहा - 19 लोग गिरफ्तार, जांच पारदर्शी, भाजपा को राजनीति का स्पेस नहीं मिल रहा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत ने जेपीएससी पेपर लीक मामले में हेमंत सोरेन सरकार की कार्रवाई का बचाव करते हुए बीजेपी पर तीखा हमला बोला। 

श्री भगत ने कहा, कल आपने देखा होगा कि हमारे जो स्टूडेंट्स जो अनशन पे बैठे हैं उन्होंने भी अपनी सहमति दी है और उन्होंने कहा है बहुत सकारात्मक बातें हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान का जिक्र करते हुए कहा, हेमंत सोरेन ने जिन बातों को कहा था- जांच की आंच अगर सीएम हाउस तक भी जाएगी तो मैं उससे पीछे नहीं हटूंगा। 

सांसद ने जांच की प्रगति बताते हुए कहा, सुप्रिया भट्टाचार्य जो उनके प्रवक्ता हैं और मैं ये कह सकता हूं कि वो झामुमो के लीडर हैं, उनकी मिसेज को भी सम्मन जारी हुआ है। जितने भी मेंबर्स हैं उनको भी सम्मन जारी हुआ है। श्री भगत ने कहा, हम बहुत ही पारदर्शी तरीके से जो जांच की एजेंसी है उनको सहयोग कर रहे हैं और जांच जैसी स्वतंत्र और निर्भीक हो के अपने कार्यों को अंजाम दे रही है। 

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ये अलग बात है कि भारतीय जनता पार्टी की थोड़ी निराशा हो रही होगी। क्योंकि वो जो स्पेस चाह रहे थे  वो उनको नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बीजेपी के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा, सोलह सालों में उन्होंने पांच एग्जाम कंडक्ट किये थे और चौदह से उन्नीस में जो पांच सालों में उन्होंने एक भी एग्जाम कंडक्ट नहीं किया। 

सीबीआई जांच पर सवाल उठाते हुए कहा, जिस सीबीआई जांच की बात वो लगातार कह रहे हैं- जेपीएससी एग्जाम 2006 में उइक जांच करी, वो जांच कहां तक पहुंची आज तक समझ में नहीं आया। उन्होंने सीबीआई की कार्रवाई की तारीफ करते हुए कहा, कि उकऊ पूरी तत्परता पूरी निर्भीकता के साथ उन्नीस लोगों को इन्होंने अरेस्ट किया, अभी जांच जारी है।

Published / 2026-08-08 20:21:10
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का सातवां दिन शहीद निर्मल महतो को समर्पित : देवेंद्र नाथ महतो

छात्र प्रतिनिधिमंडल एवं सरकार के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई वार्ता 

सरकार ने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित अनियमितता एवं धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में आज शनिवार को स्टेट गेस्ट हाउस, मोरहाबादी, रांची में सरकार के प्रतिनिधिमंडल एवं छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण वार्ता हुई। 

वार्ता में सरकार की ओर से मंत्रिमंडल के निम्न सदस्य उपस्थित रहे 

  • मंत्री दीपिका पांडेय सिंह 
  • मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू 
  • मंत्री चमरा लिंडा 
  • मंत्री संजय प्रसाद यादव 

वहीं, छात्र प्रतिनिधिमंडल में निम्न आठ सदस्य शामिल रहे 

  • रामा अवतार महतो 
  • दीनबंधु मंडल 
  • चंदन रजक 
  • विमल कुमार 
  • प्रेम कुमार 
  • रवि शंकर 
  • अमित कुमार शर्मा 
  • कमलेश चौधरी 

वार्ता सकारात्मक माहौल में हुई। छात्र प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों को तथ्यों एवं साक्ष्यों के साथ सरकार के समक्ष रखा। मांगों के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत एवं सघन चर्चा हुई। हालांकि, वार्ता किसी अंतिम एवं निर्णायक निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी। सरकार की ओर से आगे भी वार्ता जारी रखने का आमंत्रण दिया गया। 

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार जल्द ही इस मामले में सकारात्मक निर्णय की घोषणा करेगी। इधर, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने आज झारखंड आंदोलन के शहीद निर्मल महतो को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का सातवां दिन शहीद निर्मल महतो को समर्पित किया। 

उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर छात्रों के न्यायपूर्ण आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाया जायेगा। बताते चलें कि आज छात्रों के सत्याग्रह धरना का 15वां दिन एवं छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का सातवां दिन जारी रहा। 

आंदोलन को समर्थन देने एवं छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू तथा सुप्रसिद्ध अभिनेता पीयूष मिश्रा भी धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और अपना समर्थन व्यक्त किया।

Published / 2026-08-08 20:19:29
रांची जीपीओ में आल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड की बैठक

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 8 अगस्त को रांची जीपीओ में के डी राय व्यथित की अध्यक्षता में आॅल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड की बैठक हुई, जिसमें मुख्यालय के निर्देश पर 10 अगस्त को अपराह्न 3 बजे रांची जीपीओ के प्रांगण 11सूत्री मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जायेगा तथा सचिव डाक विभाग, नई दिल्ली को 11सूत्री मांगों का ज्ञापन भेजा जायेगा। 

इस ज्ञापन में आरटीपी कर्मचारियों जो डाक विभाग में 1981  और  1983 की अवधि के बीच   नियुक्त किये गये थे, उनकी सेवा अवधि को नियमित करना, डाक विभाग के मुख्य डाक घरों से संचालित पेंशन संबंधित   कार्यों को डाक लेखा निदेशक कार्यालय में मनमाने ढंग से हस्तांतरित करने के आदेश का निरस्तीकरण, इंडक्शन ट्रेनिंग की अवधि की गणना कर प्रोन्नति में शामिल कर लाभ देना, कर्मचारियों की तर्ज पर पारिवारिक पेंशन को वेतन वृद्धि का लाभ देना, पारिवारिक पेंशन की मंजूरी में अप्रत्याशित विलंब को  समाप्त करना, अनुशासनिक मामले का अविलंब निपटारा करना आदि शामिल है।

सीजीएचएस में व्याप्त गड़बड़ियां को लेकर भी चिंता व्यक्त की गयी। जन औषधि की आपूर्ति पर भी प्रश्न उठाये गये और इसकी आपूर्ति को सीमित करने की बात कही गयी। काफी वर्षों के बाद सर्कल स्तरीय पेंशन अदालत का आयोजन 11 अगस्त को दिन के  11: 30 बजे मुख्य डाक महाध्यक्ष कार्यालय में किया जा रहा है जिसमें पेंशन से संबंधित मामले का निपटारा किया जायेगा। एसोसिएशन इस राज्य स्तरीय, पेंशन अदालत में  पेंशनर्स का प्रतिनिधित्व करेगा। 

31 जुलाई को रांची में अंतिम कार्यदिवस पर पेंशन भुगतान न किये जाने पर रोष व्यक्त किया गया । कहा गया कि पेंशन मंत्रालय के आदेशानुसार अंतिम कार्य दिवस को पेंशन भुगतान सुनिश्चित किया जाय अन्यथा एसोसिएशन रोष दिवस मनाए जाने पर विवश हो जायेगा। आज की मीटिंग को राज्य सचिव एम जेड खान, साधन कुमार सिंहा,राज्य अध्यक्ष, जीएन शर्मा, त्रिवेणी ठाकुर, एस पी मंडल, अशोक कुमार आदि ने संबोधित किया। 

मौके पर त्रिलोकी नाथ साहू, डी एन साहू, हसीना तिग्गा, अमिता तिर्की, इसाक मिंज, बलदेव साहू, सुखदेव राम, राजेंद्र महतो, परीक्षित सेठ, रंग नाथ पांडे, धनेश्वर गोस्वामी, रामचंद्र प्रसाद, अवधेश पाठक रमेश सिंह, जयराम प्रसाद, अख्तर शाह, मो रफी अहमद, एस पी सिंहा, जी डी साहू, तुलसी उरांव, शिव सेवक पाठक, रमेश काशी आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी आॅल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन  झारखंड, रांची के राज्य सचिव एम जेड खान ने दी।

Published / 2026-08-08 20:16:49
झारखंड : हमर अधिकारी मंच ने गवर्नर को लिखा पत्र

  • हमर अधिकार मंच के अभ्यावेदन पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को कार्रवाई हेतु लिखा पत्र 
  • झारखंड राज्य मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति और सूचना आयोग में धारा 18 के तहत लंबित शिकायतवादों और धारा 19(3) के तहत लंबित द्वितीय अपीलवादों की तत्काल सुनवाई प्रारंभ करवाने के मामले राज्यपाल को दिया गया है अभ्यावेदन 
  • साथ ही सूचना आयुक्तों द्वारा प्रोटोकॉल उल्लंघन पर उनके लिए प्रोटोकॉल निर्धारण की भी मांग की गयी है 

टीम एबीएन, रांची। हमर अधिकार मंच द्वारा झारखंड राज्य सूचना आयोग के क्रियाशील नहीं होने पर और वहां लंबित हजारों द्वितीय अपीलवाद एवं शिकायतवाद पर तत्काल सुनवाई प्रारंभ करवाने और झारखंड में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति करवाते हुए पूर्व में नवनियुक्त सूचना आयुक्तों के लिए प्रोटोकॉल निर्धारण की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलकर उनको इस संबंध में अभ्यावेदन प्रस्तुत किया था। उक्त प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी, महासचिव उमाशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी और कार्यकारिणी सदस्य सुजीत कुमार पांडेय सम्मिलित थे।  

उक्त अभ्यावेदन पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को कार्रवाई हेतु एक पत्र प्रेषित किया है। साथ ही सुजीत कुमार पांडेय ने भी पूर्व दिनों रांची विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्धारित कुर्सी पर नवनियुक्त सूचना आयुक्त तनुज खत्री के बैठने की सूचना देते हुए जांच सहित कार्रवाई का अनुरोध किया था।

जिस पर भी राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव ने उक्त शिकायत के आलोक में झारखंड के मुख्य सचिव को पत्र प्रेषित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई हेतु लिखा है और भविष्य में सूचना आयुक्त के पदों की गरिमा एवं संस्थागत मयार्दा को ध्यान में रखते हुए प्रोटोकॉल के संबंध में सूचना आयुक्त को स्पष्ट दिशा निर्देश जारी करने के संबंध में अग्रेतर कार्रवाई करने का उल्लेख किया है।

Published / 2026-08-08 20:15:50
रांची : बीएयू में धूमधाम से मनेगा आदिवासी दिवस

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में विश्व आदिवासी दिवस समारोह 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं अवकाशप्राप्त आईएएस डॉ मेरी नीलिमा केरकेट्टा ने कहा है कि अपनी परंपरा, संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहकर भी आसमान की ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं। आधुनिकता, पैसे और भौतिक सुविधाओं की होड़ में आदिवासी समाज को अपनी जड़ों से कटना नहीं है। 

वह शनिवार को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित विश्व आदिवासी समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। बीएयू की पूर्ववर्ती छात्रा रही डॉ केरकेट्टा ने कहा कि यह दिवस पूरे विश्व के जनजातीय और देशज समाज की संघर्ष गाथा, संस्कृति और प्रकृति संरक्षण में उनके योगदान को पहचान एवं सम्मान देने का अवसर है।

आदिवासी समाज पेड़-पौधे, पहाड़, नदियों, जैव विविधता और वन्य जीवों के साथ संतुलन बनाकर सदियों से जीता रहा है। मोबाइल फोन के इस दौर में जब ज्यादातर लोग अलग-थलग पड़कर परिवार और समाज से कटते जा रहे हैं, जनजातीय समाज में सुख-दुख, तीज-त्योहार, रीति-रिवाज और कृषि कार्य में अब भी सामुदायिक भावना बलवती है। इस समाज में हर दिन मेल-मिलाप और शाम में मांदर और गीतों के साथ उत्सव का माहौल सहज द्रष्टव्य है। 

जनजातीय गीतों में प्रकृति के महत्त्व और सौंदर्य का जो वर्णन है, वह अद्भुत और अतुलनीय है। दुनिया के विकसित समाज में महिला सशक्तिकरण की बात पिछले कुछ दशकों से हो रही है, किन्तु आदिवासी समाज में महिलाएं सदियों से सशक्त और अधिकार संपन्न हैं। कार्यक्रम झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्य स्मृति को समर्पित था। 

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एससी दुबे ने कहा कि आदिवासी समाज ने पौधों, फलों, वृक्षों, औषधीय वनस्पतियों और पशु-पक्षियों की देशज प्रजातियों और नस्लों को सदियों से सुरक्षित एवं संरक्षित रखा है, जिनमें दुनिया को ज्यादा समृद्ध, स्वस्थ और शक्तिशाली बनाने की क्षमता है। 

वैज्ञानिक जब शोध और प्रसार कार्यों के सिलसिले में गावों में जायें तो वहां के बुजुर्गों से बात कर देशज तकनीकी ज्ञान प्राप्त करें तथा वैज्ञानिक आधार पर उनके प्रलेखन, विश्लेषण और सत्यापन का प्रयास करें। इससे वह पारंपरिक ज्ञान संपदा भावी पीढ़ी के लिए सुरक्षित रहेगी।

Published / 2026-08-08 17:03:44
लातेहार : आसमानी बिजली से एक की मौत

वज्रपात की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, पेड़ के नीचे मिला शव 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गारू (लातेहार)। गारू थाना क्षेत्र के मारोमार गांव निवासी मनमोहन सिंह (55) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गयी। घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है। 

मनमोहन सिंह घर से गाय-बैल चराने के लिए जंगल गये थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी-बारिश के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गयी। बताया जाता है कि देर शाम तक मनमोहन सिंह के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। 

शनिवार की सुबह मारोमार गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे उनका शव मिला। शव के ऊपर एक पेड़ गिरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने और वज्रपात की चपेट में आने से उनकी मौत हुई। घटना की सूचना गारू थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा को दी गयी। 

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पेड़ को हटवाकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

Published / 2026-08-08 17:02:40
युवाओं ने दिखा दी अपनी ताकत : सुखदेव भगत

  • प्रदर्शन को एंटी-नेशनल बताने वाले आरएसएस अब जेन जेड को सबसे ईमानदार बता रहे, यह छात्रों और युवाओं की शक्ति : सांसद सुखदेव भगत 
  • मोहन भागवत आरक्षण का मूल अर्थ नहीं समझ रहे, इसे गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम की तरह देख रहे 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत द्वारा जेन जेड को देश की सबसे ईमानदार पीढ़ी बताए जाने और आरक्षण व्यवस्था को जारी रखने संबंधी बयान पर लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले तक प्रदर्शनकारियों को एंटी-नेशनल बताने वाले आरएसएस के नेताओं के सुर अब बदल गये हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव किसी दबाव का परिणाम नहीं, बल्कि छात्रों, युवाओं, लोकतांत्रिक आंदोलन और सत्य की शक्ति का प्रमाण है। 

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मोहन भागवत ने एक ओर कहा है कि प्रदर्शन करना एंटी-नेशनल होना नहीं है, जबकि कुछ दिन पहले उन्हीं के संगठन के महासचिव की ओर से यह कहा जा रहा था कि प्रदर्शन में कुछ एंटी-नेशनल तत्व घुस गये हैं। उन्होंने कहा कि अब उसी आंदोलन से जुड़े युवाओं और जेन जेड को सबसे ईमानदार पीढ़ी बताया जा रहा है। सांसद ने कहा कि हिंदी में कहावत है- लौट के बुद्धू घर को आये। उनके शब्दों और वक्तव्य में जो यह परिवर्तन आया है, वह छात्रों और युवाओं की शक्ति का परिणाम है। 

भगत ने कहा कि जिस प्रकार प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं को एंटी-नेशनल बताया गया तथा उन पर बाहरी शक्तियों से समर्थन और फंडिंग लेने जैसे आरोप लगाए गए, उसके बाद अब उसी पीढ़ी के प्रति नजरिए में बदलाव महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया की ताकत है। छात्रों ने अपने अधिकार और सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाया और यही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है। 

उन्होंने कहा कि यह छात्रों की शक्ति है, युवाओं की शक्ति है, लोकतांत्रिक व्यवस्था की शक्ति है और सबसे बढ़कर सत्य की शक्ति है, जिसके कारण विचारों में बदलाव लाना पड़ा। आरक्षण के मुद्दे पर मोहन भागवत के बयान को लेकर भी सांसद ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आरक्षण को लेकर आज भी संविधान की मूल भावना को सही तरीके से नहीं समझा जा रहा है।

भागवत के इस कथन कि जो लोग सामाजिक और आर्थिक रूप से ऊपर उठ चुके हैं, उन्हें आरक्षण का लाभ छोड़ देना चाहिए, पर प्रतिक्रिया देते हुए भगत ने कहा कि आरक्षण को गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम के रूप में देखना ही इसकी मूल अवधारणा को गलत समझना है। उन्होंने कहा कि आरक्षण गरीबी उन्मूलन का कार्यक्रम नहीं है। आरक्षण का मूल उद्देश्य प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है। इसका गरीबी से सीधा संबंध नहीं है।

संविधान में आरक्षण की जो व्यवस्था की गई है, उसका उद्देश्य वंचित और प्रतिनिधित्व से दूर रहे वर्गों को संस्थाओं और व्यवस्थाओं में उचित प्रतिनिधित्व देना है। सांसद ने कहा कि आरक्षण की संवैधानिक भावना को सामाजिक प्रतिनिधित्व के संदर्भ में समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल आर्थिक स्थिति के आधार पर आरक्षण की अवधारणा को समझना संविधान की मूल भावना को सीमित कर देना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आरक्षण सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व का माध्यम है, न कि महज गरीबी दूर करने की योजना।

Published / 2026-08-08 17:01:29
सेवा भारती लोहरदगा का लगातार 217वां सेवा सप्ताह कल

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। सेवा भारती लोहरदगा के द्वारा अप्पर बाजार स्थित चुन्नीलाल उच्च विद्यालय परिसर में लगातार 217वां सप्ताह से चल रहे निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर कल दिनांक:- 09/08/2026 दिन रविवार को सुबह- 7:30 से 8:30 बजे तक स्वास्थ्य शिविर लगाये जायेंगे।

जिसमें हीमोग्लोबिन, यूरिक एसिड, ब्लड ग्रुप, शुगर, बीपी, वजन, आॅक्सीजन लेवल, हार्डबीट आदि जांच के अलावा, डॉ. कुमुद अग्रवाल ने चेकअप करते हुए स्वास्थ्य संबंधित परामर्श भी देंगे। 

आप समय पर शिविर में आकर अपना स्वास्थ चेकअप करा सकते हैं! कल शिविर में सेवा भारती के प्रांतीय प्रचार प्रबंधक जितेंद्र कुमार जी भी उपस्थित रहेंगे।

Page 3 of 1683

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse